अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस की स्थापना की रूपरेखा का समझौता आधिकारिक रूप से लागू

0
20

1 अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस की स्थापना की रूपरेखा का समझौता आधिकारिक रूप से लागू

पर्यावरण मंत्रालय ने घोषणा की है कि अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस-आई.बी.सी.ए. की स्थापना की रूपरेखा का समझौता आधिकारिक रूप से लागू हो गया है। 23 जनवरी से आई.बी.सी.ए. और इसका सचिवालय एक पूर्ण विकसित, संधि-आधारित, अंतर-सरकारी अंतर्राष्ट्रीय संगठन और कानूनी इकाई बन गए हैं। पांच देशों- निकारागुआ, एस्वातिनी, भारत, सोमालिया और लाइबेरिया ने समझौते के अनुमोदन के दस्‍तावेज जमा कर दिए हैं। अब तक भारत सहित 27 देशों ने आई.बी.सी.ए. में शामिल होने के लिए सहमति व्यक्त की है। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय संगठनों ने भी आई.बी.सी.ए. के साथ भागीदारी की है। आई.बी.सी.ए. को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नौ अप्रैल, 2023 को ‘प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में’ कार्यक्रम के दौरान शुरू किया था। पिछले साल, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत में मुख्यालय के साथ आई.बी.सी.ए. की स्थापना को मंजूरी दी थी। इसे सात बिग कैट जैसे – बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा के संरक्षण के उद्देश्य से शुरू किया गया था।

2 हरियाणा के फरीदाबाद में 38वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन 7 फरवरी से आयोजित होगा

हरियाणा के फरीदाबाद में 38वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन 7 फरवरी से आयोजित होगा। इस बार मेले में उड़ीसा और मध्य प्रदेश थीम स्टेट होंगे और बिम्सटेक-बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड जैसे देशों की कंपनियां अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगी। इसबार मेले में कला, हस्तशिल्प और भारतीय संस्कृति के साथ-साथ स्वेदशी उत्पादों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

3 ग्रैमी 2025 : भारतीय मूल की गायिका चंद्रिका टंडन ने एल्बम ‘त्रिवेणी’ के लिए जीता पुरस्कार

भारतीय-अमेरिकी गायिका चंद्रिका टंडन ने एल्बम ‘त्रिवेणी’ के लिए बेस्ट न्यू एज, एम्बिएंट या चैंट एल्बम श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार जीता है। उन्होंने रिकी केज और अनुष्का शंकर को पछाड़कर यह सम्मान जीता। रविवार को 67वें ग्रैमी पुरस्कार समारोह का आयोजन रिकॉर्डिंग अकादमी ने लॉस एंजिल्स के क्रिप्टो डॉट कॉम एरिना में किया। चंद्रिका ने अपने सहयोगियों, दक्षिण अफ्रीकी बांसुरी वादक वाउटर केलरमैन और जापानी सेलिस्ट इरु मात्सुमोतो के साथ यह पुरस्कार जीता। चंद्रिका के साथ बेस्ट न्यू एज, एम्बिएंट या चैंट एल्बम श्रेणी में रिकी केज का ब्रेक ऑफ डॉन, रयूची सकामोटो का ओपस, अनुष्का शंकर का चैप्टर सेकंड: हाउ डार्क इट इज बिफोर डॉन और राधिका वेकारिया का वॉरियर्स ऑफ लाइट शामिल थे।

4 कंट्री ग्रैमी जीतने वाली पहली ब्लैक वुमन बनीं बियॉन्से

बियॉन्से लॉरेंस कंट्री म्यूजिक कैटेगरी में ग्रैमी जीतने वाली पहली ब्लैक वुमन बन गई हैं। ‘II मोस्ट वांटेड’ सॉन्ग पर माइली साइरस के साथ उन्हें बेस्ट कंट्री डुओ/ ग्रुप परफॉर्मेंस के लिए ग्रैमी अवॉर्ड मिला है। बियॉन्से को 11 नॉमिनेशन के साथ 2025 ग्रैमी अवार्ड्स में एंट्री मिली थी। इसमें काउबॉय कार्टर के लिए एल्बम ऑफ द ईयर और बेस्ट कंट्री एल्बम भी शामिल हैं। बियॉन्से से पहले डुओ या ग्रुप परफॉर्मेंस कैटेगरी में पिछला रिकॉर्ड साल 1975 में द पॉइंटर सिस्टर्स के नाम है।

5 भारतीय सेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल के बीच 13वांँ संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘एकुवेरिन’ शुरू

भारतीय सेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल के बीच 13वां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘एकुवेरिन’ शुरू हो गया है। मालदीव में शुरू हुआ यह सैन्य अभ्यास एक द्विपक्षीय वार्षिक अभ्यास है जो भारत और मालदीव में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। वर्ष 2023 में उत्तराखंड के चौबटिया में यह अभ्‍यास आयोजित किया गया था।

6 चीनी फास्ट-फैशन ब्रांड शीन एप 5 साल बाद भारत में लॉन्च

चीनी फैशन एप भारतीय मार्केट में लॉन्च किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शीन को भारतीय कंपनी रिलायंस रिटेल के साथ समझौते के बाद ये परमिशन दी गई है। कुछ समय पहले ही शीन ने रिलायंस रिटेल (Reliance) के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अजियो (Ajio) पर अपने कलेक्शन की टेस्टिंग और कैटलॉगिंग शुरू की थी। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने भारत में निर्मित और सोर्स किए गए प्रोडक्ट्स को रिलायंस के प्लेटफॉर्म पर बेचने के लिए एक लॉन्ग टर्म लाइसेंसिंग डील की है। पिछले साल दिसंबर में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में बताया कि शीन का ऑपरेशन देश के एक स्वदेशी रिटेल प्लेटफॉर्म पर होगा। ई-कॉमर्स कंपनी शीन की 170 से अधिक देशों में मौजूदगी है। 5.3 करोड़ यूजर्स हैं।

7 वर्ल्ड पैरा-आर्म रेसलिंग कप 2025: भारत के नंबर वन पैरा-एथलीट श्रीमंत झा ने जीता रजत

भारत के नंबर वन पैरा-एथलीट श्रीमंत झा ने एक बार फिर भारत का तिरंगा लहराया है। उन्होंने उज्बेकिस्तान में आयोजित वर्ल्ड पैरा-आर्म रेसलिंग कप 2025 में +85 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर पदक अपने नाम किया। श्रीमंत झा ने अपना सिल्वर मेडल भारतीय शहीद जवानों को समर्पित किया। यह टूर्नामेंट 30 जनवरी से 6 फरवरी 2025 तक होना है। कजाकिस्तान के एलनूर को हराकर श्रीमंत झा ने रजत पदक जीता है। रजत पदक जीतने के बाद श्रीमंत झा ने नॉर्वे में यूरोपीय पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया।

8 अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय-टीम के चार खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट की टीम में जगह बनाई

अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय टीम के चार खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट की टीम में जगह बनाई है। इसमें प्‍लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जी तृषा, जी कमलिनी, आयुषी शुक्‍ला और वैष्णवी शर्मा शामिल हैं। भारत ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार विश्‍वकप जीता था। इस बीच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड -बीसीसीआई ने टीम को पांच करोड़ रुपये का नकद पुरस्‍कार देने की घोषणा की है।

9 पूर्व चीफ इलेक्शन कमिश्नर नवीन चावला का निधन

पूर्व चीफ इलेक्शन कमिश्नर नवीन चावला का शनिवार 1 फरवरी को 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे 2005 से 2009 तक चुनाव आयुक्त रहे थे। चावला को सर्जरी के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। जहां हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई। अरुणाचल प्रदेशगोवामिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के 1969 बैच से रिटायर्ड हुए थे। उन्होंने 16 मई 2005 को चुनाव आयुक्त के रूप में पदभार संभाला और 20 अप्रैल 2009 तक इस पद पर रहे। 29 जुलाई 2010 तक मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में भी काम किया।