अमित शाह ने बनास डेयरी के बायो-सीएनजी प्लांट का उद्घाटन किया

0
35

1 अमित शाह ने बनास डेयरी के बायो-सीएनजी प्लांट का उद्घाटन किया

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 6 दिसंबर 2025 को गुजरात के वाव-थराड़ ज़िले में बनास डेयरी द्वारा निर्मित नए बायो-सीएनजी और उर्वरक संयंत्र का उद्घाटन किया और 150 टन क्षमता वाले मिल्क पाउडर प्लांट की आधारशिला रखी। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पित श्वेत क्रांति 2.0 के तहत डेयरी क्षेत्र को अधिक टिकाऊ, आत्मनिर्भर और लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नया बायो-सीएनजी एवं उर्वरक संयंत्र बनास डेयरी के सर्कुलर इकॉनमी मॉडल का हिस्सा है। यह गाय के गोबर और अन्य जैविक अपशिष्ट को नवीकरणीय बायो-ईंधन और जैविक खाद में बदलकर पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आमदनी—दोनों में वृद्धि करेगा। श्री शाह ने मिल्क पाउडर प्लांट की आधारशिला रखने के साथ-साथ पनीर प्लांट, प्रोटीन यूनिट और अन्य कई सुविधाओं की भी घोषणा की। इन विस्तार परियोजनाओं के माध्यम से गुजरात को भारत के सहकारी डेयरी आंदोलन का सशक्त केंद्र बनाने का लक्ष्य है। आज बनास डेयरी एशिया की सबसे बड़ी दुग्ध सहकारी संस्था है और इसका वार्षिक टर्नओवर ₹24,000 करोड़ पहुँच चुका है।

2  सरकार ने ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय को भारत में कैंपस स्थापना के लिए एलओआई सौंपा

सरकार ने ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय को भारत में कैंपस स्‍थापित करने के लिए एक अभिरुचि पत्र- एलओआई सौंपा है। नई दिल्ली में तीसरी ऑस्ट्रेलिया-भारत शिक्षा और कौशल परिषद की बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा मंत्री जेसन क्लेयर के साथ विश्वविद्यालय को यह पत्र सौंपा। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री प्रधान ने बताया कि न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में विश्व स्तर पर शीर्ष 20 में से एक है।

3 बिजली वितरण में AI/ML से आएगा बड़ा बदलाव: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) आधारित तकनीकें भारत में एक बुद्धिमान, उपभोक्ता-केंद्रित और स्वयं अनुकूलित होने वाली बिजली वितरण व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने नई दिल्ली में विद्युत वितरण क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग तकनीकों के उपयोग पर पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। जिसका उद्देश्य बिजली वितरण क्षेत्र में AI/ML तकनीकों के उपयोग पर चर्चा करना था। कार्यक्रम में मंत्री ने CEA द्वारा विकसित STELLAR सिस्टम भी लॉन्च किया, जो डिस्कॉम को दीर्घकालिक बिजली आपूर्ति क्षमता से जुड़े अध्ययन और योजनाएं बनाने में सक्षम बनाएगा। साथ ही, इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम (ISGF) ने AI, ML, AR/VR और रोबोटिक्स पर तैयार की गई हैंडबुक भी पेश की, जिसमें 174 उपयोग मामलों का विवरण है। सम्मेलन में 195 इनोवेशन एंट्रीज़ प्राप्त हुईं, जिनमें से 51 को विस्तृत मूल्यांकन के लिए चुना गया। तमिलनाडु TNPDCL, एमपी ईस्ट, टाटा पावर, अप्रावा एनर्जी, प्रवाह और फ्लॉक एनर्जी को विभिन्न श्रेणियों में विजेता चुना गया।

4 सरकार का लक्ष्य: 2031 तक तिलहन उत्पादन 69.7 मिलियन टन, खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता की तैयारी

सरकार ने सोमवार को कहा कि वह देश में तिलहनों (Oilseeds) का उत्पादन बढ़ाकर 2030-31 तक 69.7 मिलियन टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखती है, ताकि खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता (Atmanirbharta) हासिल की जा सके। नीति आयोग की अगस्त 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत चावल भूसी तेल, अरंडी, कुसुम, तिल और नाइजर जैसे कई तिलहन उत्पादों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। इसके बावजूद, भारत अपनी घरेलू खाद्य तेल जरूरतों का सिर्फ 44 प्रतिशत ही देश के अंदर पूरा कर पाता है और बाकी के लिए आयात पर निर्भर रहना पड़ता है। हालांकि 2015-16 में 63.2 प्रतिशत रही आयात निर्भरता 2023-24 में घटकर 56.25 प्रतिशत हो गई है, लेकिन कुल उपभोग बढ़ने से चुनौतियाँ अभी भी बनी हुई हैं। इस निर्भरता को कम करने और कृषि आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (NMEO) शुरू किया है।

  • NMEO-Oil Palm (2021) का उद्देश्य तेल पाम की खेती बढ़ाना और घरेलू क्रूड पाम ऑयल उत्पादन बढ़ाना है।
  • NMEO-Oilseeds (2024) का फोकस पारंपरिक तिलहन फसलों में उत्पादकता, बेहतर बीज गुणवत्ता, प्रसंस्करण और बाजार लिंकिंग को मजबूत करना है।

5 आईएमएफ ने भारत के यूपीआई को दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम माना

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) को लेनदेन की मात्रा के आधार पर दुनिया के सबसे बड़े रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम के रूप में मान्यता दी है। यह जानकारी सरकार ने सोमवार को दी। इसके अलावा, एसीआई वर्ल्डवाइड की ‘प्राइम टाइम फॉर रियल-टाइम 2024’ रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक रियल-टाइम भुगतान प्रणाली में 49% हिस्सेदारी और 129.3 अरब लेनदेन के साथ यूपीआई वैश्विक सूची में शीर्ष पर है। ब्राजील 14% बाजार हिस्सेदारी और 37.4 अरब लेनदेन के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि थाईलैंड 8% हिस्सेदारी और 20.4 अरब लेनदेन के साथ तीसरे स्थान पर है। चीन 6% हिस्सेदारी और 17.2 अरब लेनदेन के साथ चौथे स्थान पर है।

6 लोकसभा में पेश हुआ राइट टू डिस्कनेक्ट बिल 2025

कर्मचारियों को डिजिटल थकान (Digital Burnout) से बचाने के उद्देश्य से NCP की सांसद सुप्रिया सुले ने 6 दिसंबर 2025 को लोकसभा में राइट टू डिसकनेक्ट बिल, 2025 पेश किया। यह विधेयक कर्मचारियों को कानूनी अधिकार देता है कि वे ऑफिस समय के बाद या छुट्टियों पर काम से जुड़े कॉल, ईमेल और संदेशों का जवाब देने से इंकार कर सकें — और इसके लिए उन पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई न की जाए। यह बिल ऐसे समय आया है जब वर्क-फ्रॉम-होम और डिजिटल संचार ने निजी और पेशेवर जीवन की सीमाएँ धुंधली कर दी हैं, जिससे टेलीप्रेशर, तनाव, और नींद से जुड़ी समस्याएँ बढ़ रही हैं। राइट टू डिसकनेक्ट बिल, 2025 का उद्देश्य कर्मचारियों को यह कानूनी अधिकार देना है कि वे आधिकारिक कार्य समय के बाहर ऑफिस की डिजिटल बातचीत से disconnect कर सकें।

7 NMDC ने साइबर सिक्योरिटी को मजबूत करने को आईआईटी कानपुर के साथ समझौता किया

अपने संचालन को आधुनिक बनाने और डिजिटल अवसंरचना को सुरक्षित करने की रणनीतिक पहल के तहत, भारत की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी NMDC (नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) ने IIT कानपुर के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह साझेदारी साइबर सुरक्षा को मजबूत करने और NMDC के कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसी डिजिटल तकनीकों के उपयोग को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। NMDC जैसे सार्वजनिक उपक्रम, जिनके पास विशाल डेटा नेटवर्क, उपकरण और लॉजिस्टिक्स संचालन हैं, साइबर हमलों और परिचालन चुनौतियों के प्रति अधिक संवेदनशील हो गए हैं।ऐसे में उन्नत शोध, AI और साइबर तकनीक के लिए प्रसिद्ध IIT कानपुर के साथ साझेदारी NMDC को एक सुरक्षित, डिजिटल रूप से सक्षम और भविष्य के लिए तैयार खनन उद्यम बनने में मदद करेगी।

8 आईआईटी जम्मू करेगा स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025- सॉफ्टवेयर संस्करण के ग्रैंड फिनाले की मेजबानी

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जम्मू में दो दिन का स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025 – सॉफ्टवेयर संस्करण के ग्रैंड फिनाले की दूसरी बार मेजबानी करेगा। इसमें देश के प्रतिभाशाली युवा नवप्रवर्तक रचनात्मकता, जुनून और उद्देश्य के साथ वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का सामना करने के लिए शामिल होंगे। फाइनल में पहुंचने वाली 20 टीम चार परिवर्तनकारी समस्याओं पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए हैकाथॉन प्रतिभा, प्रौद्योगिकी और साहसिक विचारों का केन्‍द्र बनेगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ग्रैंड फिनाले के प्रतिभागियों को संबोधित कर उनसे बातचीत करेंगे। हैकाथॉन विश्‍व का सबसे बड़ा खुला नवाचार मंच है, जिसका उद्देश्य देश भर के छात्रों की रचनात्मकता और समस्या-समाधान कौशल का उपयोग करना है।

9 IIT खड़गपुर करेगा स्मार्ट इंडिया हैकाथोन 2025 के हार्डवेयर ग्रैंड फिनाले की मेजबानी

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर स्मार्ट इंडिया हैकाथोन (एसआईएच) 2025 (हार्डवेयर संस्करण) के ग्रैंड फिनाले की मेजबानी करेगा। 8 से 12 दिसंबर के बीच होने जा रहा यह आयोजन संस्थान के प्लेटिनम जयंती वर्ष उत्सव के बीच सम्पन्न होगा। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट इंडिया हैथाकोन की शुरुआत 2017 में हुई थी, शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन प्रकोष्ठ और एआईसीटीई द्वारा संचालित विश्व का सबसे बड़ा खुला नवाचार मंच है। इस पहल के तहत देशभर के विद्यार्थी विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और उद्योगों द्वारा प्रस्तुत वास्तविक चुनौतियों के समाधान विकसित करते हैं। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के संरक्षण में लगातार आगे बढ़ रहा है।

10 पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में मेजबान भारत को 5-1 से हरा फाइनल में पहुंचा जर्मनी

जर्मनी ने पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में मेजबान भारत को 5-1 से हरा दिया है। यह मैच चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में खेला गया। जर्मनी की ओर से लुकास कोसेल, टाइटस वेक्स, जोनास जर्सम और बेन हैशबाक ने गोल किए। भारत की ओर से एकमात्र गोल अनमोल एक्का ने किया। क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को पेनल्टी शूटआउट में हराकर भारत सेमीफाइनल में पहुंचा था। भारत ने पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप का खिताब दो बार जीता है। अब भारत बुधवार को कांस्य पदक के लिए अर्जेंटीना से खेलेगा जबकि जर्मनी फाइनल में स्पेन से भिड़ेगा। स्पेन ने पहले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना को 2-1 से हराया था।

11 भारत लगातार तीसरी बार करेगा स्क्वैश विश्व कप की मेज़बानी

भारत लगातार तीसरी बार स्क्वैश विश्व कप की मेज़बानी करेगा, यह टूर्नामेंट 9 दिसम्‍बर से 14 दिसम्‍बर तक चेन्नई के एसडीएटी स्टेडियम में आयोजित होगा। 12 देश इसमें भाग लेंगे, जिनमें मेज़बान भारत, गत विजेता मिस्र और वर्ष 2023 का उपविजेता मलेशिया शामिल है। प्रत्येक टीम में दो पुरुष और दो महिलाएँ हैं, और मैच वर्ष 2023 के खेलों में अपनाए गए प्रारूप के अनुसार होंगे, जिसमें सडन-डेथ टाईब्रेक के साथ 6-6 का स्कोर होगा। भारत ने अनुभव और युवा प्रतिभा का मिश्रण करते हुए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। पुरुष वर्ग में, नंबर 1 अभय सिंह, वेलावन सेंथिलकुमार के साथ मिलकर खेलेंगे। पूर्व विश्व नंबर 10 जोशना चिनप्पा की वापसी हुई है, जिनका लक्ष्य वर्ष 2023 में भारत के तीसरे स्थान को बेहतर करना है। महिला वर्ग में, नंबर 1 अनाहत सिंह विश्व कप में पदार्पण करेंगी।

12 Rohit Sharma ने रचा इतिहास, इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे किए 20000 रन

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 06 दिसंबर 2025 को इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 20,000 रन पूरे कर लिए हैं। विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल करते ही, रोहित शर्मा यह कारनामा करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित से पहले भारत के लिए यह उपलब्धि केवल तीन महान खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ ने ही हासिल की थी। इस खास क्लब में शामिल होना हिटमैन के शानदार और लंबे करियर का एक और प्रमाण है। रोहित शर्मा ने 2007 में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था, उन्होंने 500 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय मैचों में इस मुकाम को छुआ। 20,000+ रन बनाने वाले शीर्ष भारतीय खिलाड़ी:

  • सचिन तेंदुलकर – 34,357 रन
  • विराट कोहली – 27,910 रन
  • राहुल द्रविड़ – 24,064 रन
  • रोहित शर्मा – 20,048 रन (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3rd ODI के बाद)

13 बोधि दिवस 2025

बोधि दिवस हर साल 8 दिसंबर को मनाया जाता है। यह वह पावन दिन है, जब राजकुमार सिद्धार्थ गौतम को बोधगया में बोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्ति हुई थी और वे गौतम बुद्ध बने थे। यह दिन हमें बुद्ध के उन विचारों की याद दिलाता है, जो न केवल जीवन जीने की सही राह दिखाते हैं, बल्कि व्यक्ति को कभी भी असफल न होने की प्रेरणा भी देते हैं।