1 अमेरिका और चीन के बाद ग्लोबल AI इंडेक्स में भारत तीसरे स्थान पर
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के क्षेत्र में भारत ने एक महत्वपूर्ण वैश्विक उपलब्धि हासिल की है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी Global AI Vibrancy Tool (2024) रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब संयुक्त राज्य अमेरिका और चीन के बाद दुनिया का तीसरा सर्वश्रेष्ठ AI देश बन गया है। यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है क्योंकि 2023 में भारत 7वें स्थान पर था, और मात्र एक वर्ष में वह 2024 में तीसरे स्थान पर पहुँच गया है। Global AI Vibrancy Index, स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किया गया एक सूचकांक है, जो यह मापता है कि विभिन्न देश AI के क्षेत्र में कितने प्रतिस्पर्धी हैं।
2 चिली के नए राष्ट्रपति चुने गए जोस एंटोनियो कास्ट

जोस एंटोनियो कास्ट चिली के नए राष्ट्रपति बन गए हैं। चुनाव अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार दक्षिणपंथी रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार कास्ट ने राष्ट्रपति पद के दूसरे चरण के चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। चिली चुनाव आयोग के अनुसार रन-ऑफ में 99.33 फीसदी वोटों की गिनती हुई। कास्ट को 99.33 में से 58.18 फीसदी वोट मिले। वहीं चिली के सत्ताधारी वामपंथी गठबंधन के उम्मीदवार जीनेट जारा को 41.82 फीसदी वोट मिले।
3 भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र का बड़ा कदम, 3,000 एकड़ में बनाएगा रिसर्च एंड डेवलपमेंट कैंपस

भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र यानी बार्क (बीएआरसी) आंध्र प्रदेश में एक बड़ा रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) कैंपस बनाने की योजना बना रहा है। यह परियोजना भारत के न्यूक्लियर साइंस और एडवांस रिएक्टर टेक्नोलॉजी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। यह प्रस्तावित कैंपस आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में बनेगा और इसका क्षेत्रफल तकरीबन 3,000 एकड़ होगा। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा समीक्षा किए गए दस्तावेजों के अनुसार, बार्क ने इस परियोजना के लिए आंध्र प्रदेश सरकार से 148.15 हेक्टेयर जंगल की जमीन को उपयोग में लाने की अनुमति मांगी है।यह नया कैंपस बार्क की न्यूक्लियर रिसर्च, रिएक्टर डेवलपमेंट और एडवांस एनर्जी टेक्नोलॉजीज में बढ़ती भूमिका को सपोर्ट करेगा। यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है, जब सरकार स्वदेशी न्यूक्लियर इनोवेशन और क्लीन एनर्जी समाधानों पर जोर दे रही है।

भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने और दीर्घकालिक सतत विकास सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रथम डी. वी. कपूर फाउंडेशन ऊर्जा नवाचार पुरस्कार प्रदान किए गए। इन पुरस्कारों के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण, ऊर्जा दक्षता तथा स्वदेशी अनुसंधान में उल्लेखनीय तकनीकी नवाचारों को सम्मानित किया गया। यह समारोह 12 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली के स्कोप कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया, जहाँ भारत के भविष्य के ऊर्जा परिदृश्य को आकार देने में नवाचार की अहम भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। डी. वी. कपूर फाउंडेशन द्वारा आयोजित ऊर्जा नवाचार पुरस्कार 2025 का उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में अनुसंधान, विकास और स्वदेशी तकनीकी समाधानों को प्रोत्साहित करना है। यह पहल विशेष रूप से युवा नवोन्मेषकों और शोधकर्ताओं को भारत की उभरती ऊर्जा चुनौतियों के समाधान हेतु प्रेरित करने पर केंद्रित है। पुरस्कार समारोह में भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद ने विजेताओं को सम्मानित किया।
5 वीरांगना टाइगर रिज़र्व मध्य प्रदेश का तीसरा चीता आवास

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सागर ज़िले के नौरादेही स्थित वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिज़र्व में अगले मानसून से पूर्व चीते (Cheetah) के लिये नया आवास स्थापित करने की घोषणा की है। राज्य मंत्रिमंडल ने मध्य प्रदेश के तीसरे टाइगर रिज़र्व के रूप में वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिज़र्व को विकसित करने के लिये सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। चीतों के लिये पहला आवास स्थल सितंबर 2022 में कुनो राष्ट्रीय उद्यान, श्योपुर में स्थापित किया गया, जबकि दूसरा अप्रैल 2025 में गांधी सागर अभयारण्य, मंदसौर में स्थापित किया गया था। कुनो राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में 28 चीते हैं, जबकि गांधी सागर अभयारण्य में दो चीते हैं तथा भविष्य में इनकी संख्या में और वृद्धि की संभावना है। जनवरी 2026 में बोत्सवाना से आठ और चीतों को कुनो राष्ट्रीय उद्यान में लाए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और विशेष रूप से मध्य प्रदेश, विश्व में एकमात्र ऐसा स्थान है जहाँ चीतों का पुनर्वास सफल रहा है।
6 MRF टायर्स ने 2025 FIA यूरोपियन रैली चैम्पियनशिप का खिताब जीता

वैश्विक मोटरस्पोर्ट तकनीक के क्षेत्र में भारत की मौजूदगी को बड़ी मजबूती मिली है, जब एमआरएफ टायर्स ने 2025 एफआईए यूरोपियन रैली चैम्पियनशिप (ERC) टीम्स खिताब अपने नाम किया। यह प्रतिष्ठित सम्मान एफआईए अवॉर्ड्स गाला में प्रदान किया गया, जो चेन्नई स्थित इस टायर निर्माता के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह जीत एमआरएफ की उस साख को और मजबूत करती है, जिसके तहत वह उन चुनिंदा भारतीय कंपनियों में शामिल है जो यूरोपीय और जापानी कंपनियों के वर्चस्व वाले वैश्विक मोटरस्पोर्ट मंच पर लगातार प्रतिस्पर्धा करते हुए सफलता हासिल कर रही हैं।

भारत के मीडिया जगत के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी उपलब्धि के रूप में, वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरुआ पिशरोटी को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) की पहली महिला अध्यक्ष चुना गया है। 14 दिसंबर 2025 को घोषित चुनाव परिणामों ने देश की सबसे प्रभावशाली पत्रकार संस्थाओं में से एक के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा और मीडिया नेतृत्व में कम महिला प्रतिनिधित्व की प्रवृत्ति को बदलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। संगीता बरुआ पिशरोटी प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की स्थापना के बाद पहली महिला अध्यक्ष बनीं।
8 मध्य प्रदेश का मियाना स्टेशन बना ऊर्जा दक्षता का मॉडल, राष्ट्रपति से मिला राष्ट्रीय सम्मान

भारतीय रेलवे ने ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल किया है। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मध्य प्रदेश के गुना जिले स्थित मियाना रेलवे स्टेशन को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया। यह पुरस्कार रेलवे स्टेशन की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने ग्रहण किया। मियाना रेलवे स्टेशन को परिवहन श्रेणी (रेलवे स्टेशन) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली इकाई के रूप में मान्यता दी गई है। ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) द्वारा प्रदान किया जाने वाला यह पुरस्कार ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों को मान्यता देता है।
9 भीम ने लॉन्च किया ‘गर्व से स्वदेशी’ अभियान, नए यूजर्स को मिलेगा 20 रुपए का कैशबैक

भारत के स्वदेशी डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म भीम ऐप (BHIM) ने सोमवार को ‘गर्व से स्वदेशी’ अभियान की शुरुआत की। इसके तहत नए यूजर्स को डिजिटल पेमेंट अपनाने पर 20 रुपए का कैशबैक दिया जाएगा। भीम इस महीने के अंत में अपनी 10वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में नए यूजर्स के लिए यह विशेष ऑफर पेश किया गया है। यह ऑफर उन यूजर्स के लिए मान्य होगा, जो 20 रुपए या उससे अधिक का लेनदेन करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य नए यूजर्स को डिजिटल पेमेंट्स से जोड़ना और उनकी सुविधा को बढ़ाना है। भीम का लक्ष्य पहली बार डिजिटल भुगतान करने वाले यूजर्स के लिए किसी भी तरह की बाधा को दूर करना है, ताकि देशभर में डिजिटल पेमेंट्स की बढ़ती स्वीकार्यता को और मजबूती मिल सके।

भारत ने खेल जगत में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए WSF स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 का खिताब पहली बार अपने नाम किया। चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शीर्ष वरीयता प्राप्त हांगकांग को 3–0 से पराजित कर घरेलू दर्शकों के सामने शानदार प्रदर्शन किया। यह जीत भारतीय स्क्वैश के लिए एक मील का पत्थर है, जो वैश्विक स्तर पर इस खेल में भारत की बढ़ती मजबूती और निरंतर प्रगति को दर्शाती है। WSF स्क्वैश वर्ल्ड कप एक प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय टीम टूर्नामेंट है जिसे वर्ल्ड स्क्वैश फेडरेशन (WSF) के तत्वावधान में आयोजित किया जाता है। जोशना चिनप्पा, अभय सिंह और अनाहत सिंह ने अपने-अपने मैच जीते। यह भारत का दूसरा वर्ल्ड कप मेडल था, जिसने ब्रॉन्ज (2023) को गोल्ड में बदल दिया।
11 जॉन सीना ने WWE से संन्यास लिया

डब्ल्यूडब्ल्यूई के सर्वकालिक महान सुपरस्टारों में शामिल जॉन सीना ने दिसंबर 2025 में आधिकारिक रूप से इन-रिंग प्रतियोगिता से संन्यास ले लिया। 13 दिसंबर को आयोजित ‘नाइट्स मेन इवेंट’ में अपना अंतिम मुकाबला खेलने के साथ ही उनके शानदार और ऐतिहासिक रेसलिंग करियर का समापन हुआ। यह क्षण पेशेवर कुश्ती जगत के लिए एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि जॉन सीना ने अपने असाधारण प्रदर्शन, अनुशासन और लोकप्रियता से डब्ल्यूडब्ल्यूई को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
12 ICC Women’s Player of the Month : शेफाली वर्मा ने जीता खिताब

भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को नवंबर 2025 के लिए ‘आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया है। शेफाली वर्मा ने बीते महीने संपन्न हुए महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ यादगार पारी खेली थी। शेफाली ने थाईलैंड की थिपत्चा पुथावोंग और यूएई की ईशा ओझा को पछाड़कर अपना पहला ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड जीता है। शेफाली वर्मा को महिला वनडे विश्व कप में चोटिल प्रतिका रावल के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था। शेफाली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में महज 10 रन की पारी खेली, जिसके बाद खिताबी मुकाबले में 78 गेंदों का सामना करते हुए 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 87 रन बनाए। यह वर्ल्ड कप फाइनल में किसी भारतीय महिला ओपनर का सबसे बड़ा स्कोर है। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी रविवार शाम वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर सीएम फडणवीस ने आधिकारिक तौर पर ‘प्रोजेक्ट महादेव’ लॉन्च किया। ‘प्रोजेक्ट महादेव’ का मकसद राज्य के स्कूल जाने वाले लड़के और लड़कियों को परिवर्तनकारी समर्थन देना और उनके फुटबॉल के सपनों को पूरा करने में मदद करना है। मिशन ओलंपिक 2026 के अंतर्गत महाराष्ट्र से अधिकाधिक स्वर्ण पदक प्राप्त करने तथा 2034 तक फुटबॉल विश्व कप की तैयारी के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ‘प्रोजेक्ट महादेव’ को लागू किया जा रहा है। ‘प्रोजेक्ट महादेव’ यह उपक्रम महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन, विलेज सोशल ट्रांसफॉर्मेशन फाउंडेशन, वेस्टर्न इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन, सिडको तथा महाराष्ट्र शासन के क्रीड़ा विभाग के माध्यम से संयुक्त रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट महादेव’ महाराष्ट्र शासन का एक महत्वपूर्ण उपक्रम है, जिसके माध्यम से पूरे राज्य में 13 वर्ष से कम आयु के युवाओं में फुटबॉल प्रतिभा की खोज कर उच्च दर्जे के खिलाड़ी तैयार किए जाएंगे। इस उपक्रम के अंतर्गत छात्रवृत्ति, विदेशी प्रशिक्षकों द्वारा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण तथा सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान किए जाएंगे। चयनित 60 खिलाड़ियों (30 लड़के, 30 लड़कियां) को 5 वर्षों के लिए पूर्ण आवासीय छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
14 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम ट्रिब्यून ग्रुप के संपादक और एमडी प्रफुल्ल गोविंद बरुआ के निधन पर शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम ट्रिब्यून ग्रुप के संपादक और प्रबंध निदेशक प्रफुल्ल गोविंद बरुआ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रफुल्ल गोविंद बरुआ को असमिया पत्रकारिता के स्तंभ के रूप में जाना जाता था। 26 जुलाई 1932 को डिब्रूगढ़ में जन्मे बरुआ ने पूर्वोत्तर भारत में प्रिंट पत्रकारिता को सशक्त बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। वे द असम ट्रिब्यून के संस्थापक राधा गोविंद बरुआ के पुत्र थे और अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अखबार को एक विश्वसनीय और निर्भीक जनस्वर के रूप में स्थापित रखा। पत्रकारिता, शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2018 में पद्मश्री से सम्मानित किया था, जिसे असम की मीडिया बिरादरी ने गर्व के क्षण के रूप में देखा। इसी वर्ष कृष्ण कांत हांडिके स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी ने भी उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान कर उनके आजीवन योगदान को सम्मानित किया था।