1 अमेलिया केर को आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी की विजेता घोषित किया गया
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने न्यूजीलैंड की अमेलिया केर को आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी की विजेता घोषित किया है। 24 वर्षीय अमेलिया केर यह सम्मान पाने वाली पहली कीवी खिलाडी बन गईं हैं। 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए, अमेलिया ने व्हाइट फर्न्स को उनके पहले आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का खिताब दिलाया। आईसीसी अवार्ड्स 2024 का समापन आईसीसी पुरुष क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी की घोषणा के साथ होगा।
2 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के देहरादून में एक भव्य समारोह में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल महज एक खेल आयोजन नहीं है। प्रधानमंत्री ने इसे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच बताया। 38वें राष्ट्रीय खेल रजत जयंती वर्ष के दौरान उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित किए जा रहे हैं। ये खेल 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्तराखंड के 8 जिलों के 11 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। इसमें 35 खेलों की कुल 47 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
3 कर्तव्य पथ पर बेस्ट झांकी का परिणाम आया सामने, 40 फीसदी वोट के साथ यूपी की ‘महाकुंभ’ झांकी टॉप पर
‘कर्तव्य पथ पर इस बार मंत्रालयों के साथ राज्यों की झांकी लोगों को खूब पसंद आई। लेकिन इन सब में किस झांकी ने लोगों का मन सबसे ज्यादा मोहा इसका भी परिणाम आ गया है। दरअसल, यूपी की ‘महाकुंभ’ झांकी लोगों की पहली पसंद रही। गणतंत्र दिवस पर निकली उत्तर प्रदेश की झांकी ने ‘पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड कैटेगरी’ में पहला स्थान प्राप्त किया। 40 फीसदी वोट के साथ उत्तर प्रदेश पहले और 35 फीसदी वोट के साथ गुजरात दूसरे स्थान पर रहा। गणतंत्र दिवस परेड पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर निकली यूपी की झांकी इस बार ‘महाकुंभ’ पर थी। यह झांकी प्रयागराज में पवित्र गंगा, अविरल यमुना और पौराणिक सरस्वती के संगम पर हो रहे महाकुंभ के दिव्य स्वरूप को दर्शा रही थी, जो पृथ्वी पर मानवता का सबसे बड़ा समागम है।
4 बिहार ग्रामीण क्रिकेट लीग शुरू करने वाला पहला राज्य बना
बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के अध्यक्ष राकेश तिवारी की अगुवाई में बिहार के सभी जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बिहार ग्रामीण लीग (बीआरएल) का आयोजन करने जा रहा है। इस लीग की खास बात है कि यह उन खिलाड़ियों के लिए है जिन्हें अभी तक जिला या राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में खेलने का मौका नहीं मिला है। इस कदम के साथ बिहार राज्य ग्रामीण क्रिकेट लीग आयोजित करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा। इस लीग में 13 से 23 वर्ष की आयु के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। चयनित खिलाड़ियों को बिहार का प्रतिनिधित्व करने के लिए बड़े मंच प्रदान किए जाएंगे।
5 जापान अकादमी फिल्म पुरस्कार के लिए नामित हुई किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’
आमिर खान प्रोडक्शंस और किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह फिल्म जापान अकादमी फिल्म पुरस्कार 2024 के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फिल्म श्रेणी में नामित हुई है। इस पुरस्कार के विजेता की घोषणा 14 मार्च 2024 को होने वाले समारोह में की जाएगी। साल 2024 में जापान में रिलीज हुई 204 अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में से ‘लापता लेडीज’ को टॉप 5 फिल्मों में जगह मिली है। यह फिल्म अब क्रिस्टोफर नोलन की ‘ओपेनहाइमर’, योर्गोस लैंथिमोस की ‘पुअर थिंग्स’, जोनाथन ग्लेजर की ‘द जोन ऑफ इंटरेस्ट’ और एलेक्स गारलैंड की ‘सिविल वॉर’ जैसी मशहूर फिल्मों के साथ मुकाबला करेगी।
6 हरियाणा में पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर बुधवार से अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा
हरियाणा में पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। 7 दिवसीय महोत्सव के दौरान 2 फरवरी तक मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा 4 फरवरी तक तीर्थ स्थल पर सरस मेला भी आयोजित किया जाएगा। हरियाणा सरस्वती हेरिटेज विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री धूमन सिंह ने बताया कि इस वर्ष बोर्ड आदि बद्री से लेकर रन ऑफ कच्छ तक सरस्वती नदी के मार्ग पर स्थित सभी ऐतिहासिक तीर्थों पर कार्यक्रम आयोजित करेगा।
7 सर्बिया में मिलोस वुसेविक ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने घोषणा की
सर्बिया में मिलोस वुसेविक ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने घोषणा की है। उन्होंने पिछले साल नवंबर में एक रेलवे स्टेशन की छत गिरने की घटना के बाद कई महीनों तक चले विरोध-प्रदर्शनों के बाद यह घोषणा की। इस दुर्घटना में उत्तरी शहर नोवी सैड में कम से कम 15 लोग मारे गए थे। बेलग्रेड में एक प्रमुख यातायात चौराहे पर विद्यार्थियों और किसानों के द्वारा दिन भर जाम लगाए जाने के एक दिन बाद वुसेविक ने इस्तीफा दिया है।
8 सिक्किम के सोरेंग जिले में शुरू किया गया जैविक मत्स्य पालन
सिक्किम के सोरेंग जिले में जैविक मत्स्य पालन शुरू किया गया है। यह देश का पहला जैविक मत्स्य केन्द्र बन गया है। केन्द्रीय पशु और मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह ने हाल ही में इसकी शुरुआत की। जैविक मत्स्य पालन केन्द्र में हानिकारक रसायनों, एंटी-बॉयोटिक और कीटनाशकों का इस्तेमाल नहीं किया जाता और स्वस्थ पारिस्थितिकी के अनुसार, मत्स्य पालन पर ध्यान दिया जाता है।
9 मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए सर्च कमेटी का गठन हुआ
केंद्र सरकार ने 27 जनवरी को अगले मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए नाम शॉर्टलिस्ट करने के लिए एक सर्च कमेटी का गठन किया है। कमेटी में दो अन्य सदस्य के तौर पर वित्त और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिवों को शामिल किया गया है। मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का कार्यकाल 18 फरवरी को खत्म हो रहा है। राजीव के बाद ज्ञानेश कुमार सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त हैं। नाम शॉर्टलिस्ट होने के बाद प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति इसमें से मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त के नाम तय करेगी। चयन समिति में पीएम के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शामिल हैं। नए कानून के लागू होने के बाद ये पहली बार होगा जब इसके तहत किसी मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन किया जाएगा।
10 हिमाचल के सक्षम को ‘यंगेस्ट मैप जीनियस’ खिताब
हिमाचल प्रदेश के 5 साल के सक्षम ठाकुर ने गूगल मैप पर असाधारण प्रतिभा दिखाते हुए ‘यंगेस्ट मैप जीनियस ऑफ इंडिया’ का खिताब जीता है। OMG ने 27 जनवरी की शाम को ही सक्षम के नाम की घोषणा कर कुल्लू के डीसी तोरुल एस रवीश को इसकी सूचना दी। सक्षम मात्र 5-10 सेकेंड में दुनिया के किसी भी देश को मैप पर ढूंढ लेता हैं। इस अवॉर्ड के लिए पहले OMG की टीम ने सक्षम का ऑनलाइन इंटरव्यू लिया, फिर कुल्लू के डीसी से भी सक्षम का इंटरव्यू करवाया गया। डीसी के इंटरव्यू के बाद सक्षम को ‘यंगेस्ट मैप जीनियस ऑफ इंडिया’ अवॉर्ड से नवाजा गया।
11 मैडिसन कीज़ ने 2025 ऑस्ट्रेलियन ओपन एकल खिताब जीता
संयुक्त राज्य अमेरिका की मैडिसन कीज़ ने 2025 ऑस्ट्रेलियन ओपन ग्रैंड स्लैम टेनिस प्रतियोगिता महिला एकल खिताब जीता। यह मैडिसन कीज़ का पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब था। संयुक्त राज्य अमेरिका की 29 वर्षीय मैडिसन कीज़ ने फाइनल में बेलारूस की विश्व की नंबर 1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को 6-3, 2-6, 7-5 से हराया। फाइनल 25 जनवरी 2025 को रॉड लेवर एरिना में खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ओपन कैलेंडर वर्ष का पहला ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता है।
12 मानुष और दीया चितले ने 2025 राष्ट्रीय टीटी चैम्पियनशिप एकल खिताब जीता
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मानुष शाह और दीया चितले ने गुजरात के सूरत के पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में आयोजित यूटीटी 86वीं सीनियर राष्ट्रीय और अंतर-राज्यीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2024 में क्रमशः पुरुष और महिला एकल खिताब जीता। यूटीटी 86वीं सीनियर राष्ट्रीय और अंतर-राज्यीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2024 का आयोजन टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 19-26 जनवरी 2025 तक सूरत में किया गया था।