1 अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट

27 जनवरी को गायक और संगीतकार अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर का ऐलान किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी। अरिजीत 2005 में पहली बार रियलिटी टीवी शो फेम गुरुकुल में नजर आए थे। प्लेबैक सिंगर के तौर पर अरिजीत ने पहली बार 2010 में तेलुगु फिल्म ‘केडी’ के लिए गाना गया। बॉलीवुड में अरिजीत ने साल 2011 में मर्डर 2 से शुरुआत की। 2013 में आशिकी-2 के गाने ‘तुम ही हो’ के लिए अरिजीत को पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। 2018 में फिल्म पद्मावत के ‘बिन्ते दिल’ और 2022 में ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन के ‘केसरिया’ के लिए उन्हें बेस्ट सिंगर का अवॉर्ड मिला। 2025 में पद्म श्री पुरुस्कार से सम्मानित किया गया। अरिजीत ने 300 से ज्यादा हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती, मलयालम, कन्नड़ और पंजाबी भाषा में गाने गाए हैं। अरिजीत सिंह का जन्म 25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के जीयागंज में हुआ।
2 भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के बाद ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूरोपीय संघ के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन के बीच नई दिल्ली में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के बाद ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। वार्ता के बाद व्यापार, सुरक्षा, रक्षा साझेदारी, गतिशीलता, आपदा जोखिम प्रबंधन और हरित हाइड्रोजन सहित कई क्षेत्रों में समझौते भी हुए। 27 जनवरी को भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच फ्री ट्रेड डील (FTA) हुई। 18 साल की लंबी बातचीत के बाद 16वें भारत-EU समिट के दौरान इसका ऐलान किया गया। भारत-EU फ्री ट्रेड डील के बाद यूरोपीय यूनियन के मार्केट में इंडियन क्लॉथ, लेदर, जूलरी, फार्मास्यूटिकल्स, फिशरी प्रोडक्ट कम टैरिफ या जीरो टैरिफ लगेगा। डील के बाद भारत में यूरोपीय सामान जैसे कि BMW, मर्सिडीज पर लगने वाले टैक्स को 110% से घटाकर 10% कर दिया जाएगा। यूरोपीय संघ भारत के सबसे बड़े व्यापारिक भागीदारों में से एक है जिसमें वस्तुओं और सेवाओं में द्विपक्षीय व्यापार पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ रहा है। 2024-25 में यूरोपीय संघ के साथ वस्तुओं में भारत का द्विपक्षीय व्यापार 11.5 लाख करोड़ रुपये (136.54 बिलियन अमेरिकी डॉलर) था जिसमें 6.4 लाख करोड़ रुपये (75.85 बिलियन अमेरिकी डॉलर) का निर्यात और 5.1 लाख करोड़ रुपये (60.68 बिलियन अमेरिकी डॉलर) का आयात किया जा रहा था। सेवा क्षेत्र में भारत-यूरोपीय संघ का व्यापार 2024 में 7.2 लाख करोड़ रुपये (83.10 बिलियन अमेरिकी डॉलर) तक पहुंच गया। भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जबकि EU दूसरी सबसे बड़ी। दोनों मिलकर वैश्विक GDP का करीब 25% और दुनिया के कुल व्यापार का लगभग एक-तिहाई हिस्सा रखते हैं। यूरोपीय संघ भारत का 22वां एफटीए भागीदार बना है। सरकार ने 2014 से मॉरीशस, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, ईएफटीए, ओमान और ऑस्ट्रेलिया के साथ व्यापार सौदों पर हस्ताक्षर किए हैं और न्यूजीलैंड के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की है। 2025 में भारत ने ओमान और यूके के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए और न्यूजीलैंड के साथ व्यापार समझौते के समापन की घोषणा की। सेकेंड वर्ल्ड वॉर के बाद 6 यूरोपीय देशों ने शांति स्थापित करने और आर्थिक मजबूती के लिए 1951 में यूरोपियन यूनियन की स्थापना की थी। बेल्जियम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, लक्जमबर्ग और नीदरलैंड ने यूरोपियन यूनियन की स्थापना की थी। वर्तमान में यूरोपीय यूनियन में 27 मेंबर देश हैं।
3 पीएम मोदी ने आईईडब्ल्यू 2026 का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंडिया एनर्जी वीक (आईईडब्ल्यू) 2026 कॉन्क्लेव के चौथे एडिशन का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को सभी डील्स की जननी और दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच तालमेल का एक बेहतरीन उदाहरण बताया। भारत के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री माननीय श्री हरदीप सिंह पुरी के आमंत्रण पर, कनाडा के ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन मंत्री माननीय टिमोथी हॉजसन ने गोआ में आयोजित भारत ऊर्जा सप्ताह 2026 (आईईडब्ल्यू’26) में भाग लिया, जो आईईडब्ल्यू में किसी कनाडाई कैबिनेट मंत्री की पहली उच्च-स्तरीय भागीदारी थी। इस कार्यक्रम के दौरान, दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय बैठक की और भारत-कनाडा मंत्रिस्तरीय ऊर्जा संवाद की नई शुरुआत की। आईईडब्ल्यू का मकसद एनर्जी सिक्योरिटी को बढ़ाना, इन्वेस्टमेंट को आकर्षित करना, और डीकार्बनाइजेशन के लिए असरदार, स्केलेबल तरीकों को बढ़ावा देना है, जिन्हें डेवलपमेंट के अलग-अलग स्टेज वाली इकॉनमी अपना सकती हैं। इस तीन-दिवसीय इवेंट में अमेरिका, यूरोप, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे, जो ग्लोबल एनर्जी डिप्लोमेसी में आईईडब्ल्यू के बढ़ते प्रभाव को दिखाता है। आईईडब्ल्यू को उम्मीद है कि 120 से ज्यादा देशों से 75,000 से ज़्यादा एनर्जी प्रोफेशनल्स इसमें शामिल होंगे।
4 IIT गुवाहाटी ने पूर्वी हिमालय में ग्लेशियर से होने वाले खतरों की निगरानी की नई तकनीक विकसित की

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने एक नई तकनीक विकसित की है, जिससे पूर्वी हिमालय क्षेत्र में ग्लेशियर से जुड़े खतरों की पहले से पहचान की जा सकेगी। इस तकनीक के जरिए वैज्ञानिकों ने ऐसे 492 स्थानों की पहचान की है, जहां भविष्य में ग्लेशियल झीलें बनने की संभावना है। यह शोध हाई-रिज़ॉल्यूशन गूगल अर्थ सैटेलाइट तस्वीरों और डिजिटल एलिवेशन मॉडल की मदद से किया गया है। इससे पहाड़ी इलाकों में जल संसाधन प्रबंधन और आपदा जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी। शोध में विकसित मॉडल ने इलाके की जटिल भौगोलिक संरचना को समझने और संभावित जोखिमों का सटीक अनुमान लगाने में मदद की है, जिससे भविष्यवाणियां अधिक भरोसेमंद बनी हैं। इस नई प्रणाली की मदद से उन क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहां ग्लेशियर पिघलने के कारण नई झीलें बन सकती हैं। ऐसे इलाकों में विशेष निगरानी और समय रहते रोकथाम के उपाय किए जा सकते हैं। IIT गुवाहाटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर प्रो. अजय डाशोरा ने कहा कि यह तकनीक ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) जैसी गंभीर आपदाओं के लिए अर्ली वॉर्निंग सिस्टम विकसित करने में मदद करेगी। इससे सड़कें, जलविद्युत परियोजनाएं और बस्तियां सुरक्षित स्थानों पर विकसित की जा सकेंगी।
5 उत्तराखंड में लागू हुआ समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश 2026

उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश 2026 को लागू कर दिया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह अध्यादेश तत्काल रूप से प्रभावी हो गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उत्तराखंड के राज्यपाल ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 213 के तहत इस अध्यादेश को जारी किया है। इसके जरिए यूसीसी अधिनियम 2024 के विभिन्न प्रावधानों में प्रक्रियात्मक, प्रशासनिक और दंडात्मक सुधार किए गए हैं ताकि इसके प्रभावी, पारदर्शी और सुचारू क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा सके। यूसीसी लागू होने से पहले, विवाहों का पंजीकरण उत्तराखंड अनिवार्य विवाह पंजीकरण अधिनियम 2010 के तहत किया जाता था। पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन थी। लेकिन यूसीसी के तहत अब लगभग 100 प्रतिशत विवाह पंजीकरण ऑनलाइन किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप, 19 जनवरी तक, यूसीसी लागू होने के एक वर्ष से भी कम समय में कुल 4 लाख 74 हजार चार सौ 47 विवाह पंजीकरण पूरे किए जा चुके हैं।
6 एम्ब्रेयर और अदानी ने विमानन विनिर्माण पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

ब्राजील की एयरोस्पेस निर्माता कंपनी एम्ब्रेयर ने विमान निर्माण की संभावनाओं का पता लगाने के लिए अदानी एयरोस्पेस एंड डिफेंस के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें संभावित अंतिम असेंबली लाइन के साथ-साथ एक विमानन पारिस्थितिकी तंत्र भी शामिल है जिसमें एमआरओ और पायलट प्रशिक्षण शामिल हैं। एक संयुक्त बयान के अनुसार, इस साझेदारी का उद्देश्य वाणिज्यिक विमान के लिए देश की पहली अंतिम असेंबली लाइन स्थापित करना है, जिसके बाद स्वदेशीकरण में चरणबद्ध वृद्धि की जाएगी। हालांकि, प्रस्तावित सुविधाओं के लिए कोई समयसीमा या स्थान का खुलासा नहीं किया गया है।
7 सरकार ने अंडमान के मायाबंदर में 200 करोड़ रुपये लागत वाला स्मार्ट मत्स्य बंदरगाह मंजूर किया

सरकार ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मायाबंदर में 200 करोड़ रुपये की लागत से एक स्मार्ट और एकीकृत मत्स्य बंदरगाह के विकास को मंजूरी दे दी है। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने बताया कि यह परियोजना प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत सत प्रतिशत केन्द्रीय सहायता से वित्त पोषित होगी। यह बंदरगाह 430 मछली पकड़ने वाले जहाजों के लिए सुरक्षित सुविधाएं प्रदान करेगा और प्रति वर्ष 9,900 टन मछली की लैंडिंग करेगा। इसमें सतत मत्स्य प्रबंधन, मछली संभालने की बढ़ी हुई क्षमता, बेहतर परिचालन सुरक्षा, ऊर्जा-कुशल प्रणालियां और डिजिटल ट्रेसबिलिटी को एकीकृत किया जाएगा। इससे रोजगार सृजन, हितधारकों की आय में वृद्धि, आजीविका में मजबूती और अवैध, तथा अनधिकृत मछली पकड़ने से निपटने में मदद मिलेगी।
8 संचार मंत्रालय ने पूंजी बाजार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एसएसएल से समझौता किया

संचार मंत्रालय ने देशभर के नागरिकों के लिए नियमित पूंजी बाजार सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टॉक होल्डिंग सर्विसेज लिमिटेड – एस एस एल के साथ समझौता किया। मंत्रालय ने कहा कि संगठित ओर नियमित पूंजी बाजारों में नागरिकों की भागीदारी बढाने के लिए ये साझेदारी इंडिया पोस्ट की पहुंच और विश्वसनीयता का लाभ उठाना चाहती है। इसके अंतर्गत चुनिंदा पोस्ट ऑफिस में आधिकारिक प्लेटफॉर्म द्वारा ऑन-बोर्डिंग लिंक और क्यू-आर कोड जैसी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनके द्वारा नागरिक एस एस एल की सेवाओं तक पहुंच पाएंगे। इन सेवाओं में डीमैट और ट्रेडिंग खातों को खोलना, म्युचुअल फंड में निवेश, आई पी ओ में भागीदारी और अन्य स्वीकृत निवेश उत्पाद शामिल हैं। इस समझौते के तहत एस एस एल वित्तीय बाजारों में सशक्त भागीदारी के लिए डाक विभाग के समर्थन से निवेशकों की शिक्षा और वित्तीय साक्षारता कार्यक्रम संचालित करेगा, जो खासतौर से ग्रामीण तथा अर्ध-शहरी इलाकों के नागरिकों और पहली बार निवेश कर रहे व्यक्तियों के लिए होंगे।
9 राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में रंग महोत्सव का उद्घाटन संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में किया

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में 25वें भारत रंग महोत्सव 2026 का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी ने महोत्सव में भाग लेने वाले नए कलाकारों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष रंग महोत्सव में नए कलाकार अपनी नाट्य कला, विचार और ज्ञान लोगों के सामने प्रस्तुत करते हैं। भारत रंग महोत्सव अगले महीने 20 फरवरी तक चलेगा। ब्राजील का थिएटर प्रोडक्शन ‘पासाडो प्रेजेंटे जेंतुरो‘ वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहली प्रस्तुति पेश करने के लिए तैयार है। यह प्रोडक्शन दो प्रमुख वैश्विक थिएटर समारोहों में ब्राजील का प्रतिनिधित्व करेगा- भारत में आयोजित होने वाला 25वां भारत रंग महोत्सव और रूस में होने वाला 5वां जीआईटीआईएस फेस्ट।
10 फ्रांस की संसद ने 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध विधेयक पास किया

फ्रांस की संसद ने 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है। यह विधेयक 21 के मुकाबले 130 मतों से पारित हुआ। यह प्रतिबद्ध सितंबर में अगले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से लागू होगा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने विधेयक शीघ्र पारित कराने का अनुरोध किया था। अब इस पर सीनेट में चर्चा होगी। यह विधेयक यूरोपीय संघ के डिजिटल सेवा अधिनियम के अनुरूप बनाया गया है, जो इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए कड़े नियम लागू करता है। इससे पहले, ब्रिटेन ने भी बच्चों के सोशल मीडिया के उपयोग पर संभावित प्रतिबंधों पर चर्चा की थी। पिछले वर्ष दिसंबर में, ऑस्ट्रेलिया 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने वाला पहला देश बन गया था।
11 OCA प्रेसिडेंट रणधीर सिंह ने रिटायरमेंट लिया

26 जनवरी को ओलिंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के प्रेसिडेंट रणधीर सिंह पद से रिटायर हुए। इंडियन स्पोर्ट्स एडमिनस्ट्रेटर रहे रणवीर स्वास्थ्य कारणों से समय से पहले रिटायर हुए हैं। रणधीर ने स्वास्थ्य कारणों के चलते टेन्योर से 2 साल से पहले ही रिटायरमेंट ले लिया। वो 2028 तक पद पर रहने वाले थे। रणधीर सितंबर 2024 में OCA अध्यक्ष बनने वाले पहले भारतीय थे। रणधीर 1987-2012 तक इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) के जनरल सेक्रेटरी रहे। 2001-2004 तक इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी के मेंबर रहे और 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स की ऑर्गेनाइजेशन टीम का हिस्सा रहे। रणधीर ने पांच बार ओलिंपिक खेला है, जिसमें मेक्सिको 1968, म्यूनिख 1972, मॉन्ट्रियल 1976, मॉस्को 1980 और लॉस एंजिल्स 1984 ओलिंपिक शामिल हैं। 1978 में एशियाई गेम्स में ट्रैप शूटिंग में रणधीर ने गोल्ड जीता था। उन्होंने 1982 में पर्सनल शूटिंग में ब्रॉन्ज और ग्रुप में सिल्वर जीता था। OCA ने 26 जनवरी 2026 को ताशकंद में जनरल एसेम्बली में शेख जोआन बिन हमद अल थानी को प्रेसिडेंट चुना है।
12 डॉन ब्रेडमैन की ‘बैगी ग्रीन कैप’ 2.92 करोड़ में नीलाम

27 जनवरी को दिवंगत ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सर डॉन ब्रेडमैन की ‘बैगी ग्रीन‘ कैप 2.9 करोड़ में नीलाम हुई। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुई नीलामी में एक अनाम खरीदार ने डॉन ब्रेडमैन की ‘बैगी ग्रीन’ कैप 4,60,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी करीब 2.92 करोड़ रुपए में खरीदी। ब्रैडमैन ने 1947-48 में आजाद भारत के खिलाफ खेली गई पहली टेस्ट सीरीज के दौरान बैगी ग्रीन कैप पहनी थी। ब्रेडमैन ने ये कैप सीरीज के बाद भारतीय टीम के ओपनिंग गेंदबाज श्रीरंगा सोहनी को गिफ्ट में दी थी। सोहनी परिवार ने ब्रेडमैन की कैप करीब 75 साल तक सुरक्षित रखी जिसे अब नीलाम किया है। भारतीय क्रिकेटर श्रीरंगा सोहनी ने 1947-48 की सीरीज के पहले टेस्ट मैच की पहली गेंद फेंकी थी। मैच के बाद ब्रैडमैन ने अपनी कैप सोहनी को यादगार के तौर पर दी थी। इसमें दोनों खिलाड़ियों के नाम लिखे हुए हैं। अब तक सबसे महंगी बैगी ग्रीन कैप का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न के नाम है। ये कैप 5.90 करोड़ रुपए में नीलाम हुई थी।
13 वेदांता कलिंगा लांसर्स ने रांची रॉयल्स को 3-2 से हराकर मेंस हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीता

वेदांता कलिंगा लांसर्स ने एक रोमांचक फाइनल में रांची रॉयल्स को 3-2 से मात देकर मेंस हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का खिताब अपने नाम कर लिया है। यह मुकाबला सोमवार को कलिंगा हॉकी स्टेडियम में खेला गया। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) ने चैंपियन वेदांता कलिंगा लांसर्स को 3 करोड़ रुपये, जबकि उपविजेता रांची रॉयल्स को 2 करोड़ रुपये और तीसरे स्थान पर रही हैदराबाद तूफान को 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने की घोषणा की है। एचआईएल जीसी को फेयरप्ले अवार्ड दिया गया। वहीं, तमिलनाडु ड्रैगन्स के गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह ने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार जीता। जीसी के तालेम प्रियोबर्ता ने टूर्नामेंट के उभरते हुए खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। इन दोनों खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये मिले। रांची रॉयल्स के कप्तान टॉम बून ने 19 गोल के साथ टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर का खिताब जीता और उन्हें 10 लाख रुपये दिए गए, जबकि हैदराबाद तूफान के अमनदीप लाकरा को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया, जिन्हें 20 लाख रुपये का पुरस्कार मिला।
14 अंतर्राष्ट्रीय डेटा गोपनीयता दिवस

डेटा गोपनीयता दिवस प्रतिवर्ष 28 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाता है। इसका उद्देश्य डिजिटल युग में व्यक्तिगत डेटा और गोपनीयता की सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इसे डेटा संरक्षण दिवस के रूप में भी जाना जाता है। इस दिवस की शुरूआत 2006 में यूरोप परिषद द्वारा कन्वेंशन 108 पर हस्ताक्षर की स्मृति में की गई थी जो डेटा संरक्षण पर दुनिया की पहली कानूनी रूप से बाध्यकारी अंतरराष्ट्रीय संधि है।
15 तमिल महाकाव्य कंबारमायनम को आवाज देने वाले डॉ. ज्ञानसुंदरम का निधन

26 जनवरी को सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट और तमिल विद्वान डॉ. ज्ञानसुंदरम का निधन हो गया। वे 84 साल के थे। डॉ. ज्ञानसुंदरम ने कंबर द्वारा रचित तमिल महाकाव्य ‘कंबारमायनम‘ को अपनी आवाज दी थी। तमिलनाडु सरकार ने 2025 में डॉ. ज्ञानसुंदरम को तमिल लेटर्स में उनके योगदान के लिए ‘इलक्किया ममानी पुरस्कार’ दिया था। डॉ. ज्ञानसुंदरम सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल स्टडीज के डिप्टी डायरेक्टर भी रहे।