अर्जेंटीना स्थित माउंट एकांकागुआ पर भारतीय पर्वतारोही कबाक यानो ने विजय प्राप्त की

0
13

1 अर्जेंटीना स्थित माउंट एकांकागुआ पर भारतीय पर्वतारोही कबाक यानो ने विजय प्राप्त की

भारतीय पर्वतारोही कबाक यानो ने सात-शिखर पर्वतारोहण यात्रा के अन्तर्गत अर्जेंटीना स्थित माउंट एकांकागुआ पर सफलतापूर्वक विजय प्राप्त कर ली है। यह दक्षिण अमरीका की सबसे ऊंची चोटी है। कबाक यानो अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली हैं। माउंट एकांकागुआ समुद्र तल से 22 हजार 831 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यानो की यह विशेष उपलब्धि सहनशक्ति, साहस और दृढ़ संकल्प की असाधारण यात्रा में एक और मील का पत्थर है। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्‍त) के.टी. परनाइक ने 27 वर्षीय कबाक यानो को उत्कृष्ट पर्वतारोहण उपलब्धि पर बधाई दी। पिछले साल 28 जुलाई को राज्यपाल परनाइक ने खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री केंटो जिनी की उपस्थिति में यानो के सात-शिखर पर्वतारोहण अभियान को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। साथ उनके चुनौतीपूर्ण वैश्विक मिशन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी थीं।

2 भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार की मुहर

भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते का विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई नेताओं ने स्वागत किया है। वैश्विक व्यापार के मोर्चे पर भारत ने अपने एशियाई प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए एक बड़ी रणनीतिक जीत हासिल की है। सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई उच्च स्तरीय बातचीत के बाद, अमेरिका ने भारतीय सामानों पर आयात शुल्क यानी टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया है। साथ ही, अमेरिकी प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया तो इस वजह से लगा 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ भी नहीं लगाया जाएगा। इस फैसले ने भारतीय निर्यातकों को चीन, वियतनाम और पाकिस्तान और बांग्लादेश के मुकाबले उत्पादों की कीमत के मामले में सीधे तौर पर लाभ दे दिया है।

3 विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर USA की यात्रा पर

2 फरवरी को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 3 दिन के लिए अमेरिका की यात्रा पर निकले। एस. जयशंकर क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्‍टीरियल बैठक में हिस्सा लेने अमेरिका पहुंचे हैं। इस बैठक का मुख्य विषय क्रिटिकल मिनरल्स की आपूर्ति को बनाए रखना और उसके लिए काम किया जाना है। अमेरिकी स्टेट सेक्रेटरी मार्को रुबियो के इनविटेशन पर एस. जयशंकर बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। डॉ. जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी एडमिनिस्ट्रेशन के सीनियर मेम्बर्स के साथ भी मुलाकत करेंगे। जुलाई 2023 में भारत सरकार ने 30 क्रिटिकल मिनरल्स की लिस्ट जारी की थी। इसमें एंटीमनी, बेरिलियम, बिस्मथ, कोबाल्ट और कॉपर शामिल हैं। क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्‍टीरियल बैठक में भारत, यूरोपीय संघ (EU), यूनाइटेड किंगडम (UK), जापान समेत 55 से ज्यादा देश शामिल होंगे। बैठक G7 देशों के साथ संयुक्त रूप से आपूर्ति बढ़ाने पर भी केन्द्रित होगी। ये इस तरह की पहली मंत्रिस्तरीय बैठक है जो वाशिंगटन डीसी में हुई। क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्ट्रियल बोर्ड में स्थाई मेंबर नहीं है। ये एक ग्लोबल मंच है, जहां महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए किसी भी देश के प्रोफेसर, कंज्यूमर चर्चा में साझेदारी और भाग लेने के लिए आमंत्रित किए जाते हैं।

4 अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने किया ‘प्रोजेक्ट वॉल्ट’ का शुभारंभ

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को ओवल ऑफिस कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट वॉल्ट के शुभारंभ की घोषणा की। इस पहल में यू.एस. एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट बैंक (EXIM बैंक) से $10 बिलियन की प्रारंभिक फंडिंग के साथ $2 बिलियन की निजी पूंजी को मिलाया जाएगा, जिससे कार्यक्रम का कुल आकार $12 बिलियन हो जाएगा। यह निवेश वाशिंगटन का लेटेस्ट प्रयास है ताकि उन चीज़ों की भरपाई की जा सके जिन्हें पॉलिसी बनाने वाले लिथियम, निकल, दुर्लभ पृथ्वी और अन्य महत्वपूर्ण खनिजों की कीमतों में चीनी हेरफेर के रूप में देखते हैं – जो इलेक्ट्रिक वाहनों से लेकर हाई-टेक हथियारों तक की चीज़ों के लिए ज़रूरी हैं – जिसने सालों से अमेरिकी खनन कंपनियों को रोक रखा है।

5 वर्ल्‍ड गवर्नमेंट समिट 2026 का दुबई में हुआ शुभारंभ

वर्ल्‍ड गवर्नमेंट समिट 2026 का दुबई में शुभारंभ हो गया है। जिसका विषय भविष्य की सरकारों को आकार देना है। इसमें वैश्विक नेता, नीति निर्माता और व्यावसायिक अधिकारी एक साथ मिलकर इस बात का विश्लेषण करेंगे कि नवाचार, स्थिरता और प्रौद्योगिकी किस प्रकार सार्वजनिक नीतियों को नया रूप दे रहे हैं। इस शिखर सम्मेलन में होने वाली चर्चाएं आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी नीतियों को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने पर केंद्रित हैं। कार्यक्रम में चार सौ 45 से अधिक सत्र होंगे। जिसमें चार सौ 50 से अधिक वैश्विक हस्तियां, राष्ट्रपति, मंत्री और विशेषज्ञ शामिल होंगे।

6 सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी 5 से 10 फरवरी तक भारत यात्रा पर

सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी 5 से 10 फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। पिछले वर्ष अक्टूबर में पदभार ग्रहण करने के बाद से यह उनका पहला भारत दौरा होगा। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। श्री पैट्रिक हर्मिनी नई दिल्‍ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा पारस्परिक हित के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वे चेन्नई और मुंबई भी जाएंगे, जहां पर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

7 CDS जनरल अनिल चौहान आर्मेनिया की यात्रा पर पहुंचे

1 फरवरी को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान की लीडरशिप में एक रक्षा प्रतिनिधिमंडल 4 दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए आर्मेनिया पहुंचा। आर्मेनिया में भारत की राजदूत निलाक्षी साहा सिन्हा और आर्मेनिया गणराज्य के सशस्त्र बलों के उप प्रमुख तेमुर शाहनजारियन मौजूद रहे। अनिल चौहान भारत-आर्मेनिया के बीच सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए आर्मेनिया पहुंचे हैं। CDS चौहान की यात्रा रणनीतिक फायदों को बढ़ाने और लंबे समय तक सिक्योरिटी के लिए है। 18 जनवरी को भारत ने पिनाका रॉकेट प्रणाली की पहली खेप आर्मेनिया को भेजी थी।

8 आईएनएएस के श्री दिवाकर जयंती ने नौसेना आयुध के महानिदेशक का कार्यभार ग्रहण किया

आईएनएएस के श्री दिवाकर जयंत ने 2 फरवरी 2026 को रक्षा मंत्रालय के नौसेना मुख्यालय में नौसेना आयुध महानिदेशक (डीजीओएनए) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है । वह श्री पी. उपाध्याय का स्थान लेंगे, जो 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हुए। श्री दिवाकर जयंत भारतीय नौसेना आयुध सेवा के 1991 बैच के हैं। उन्होंने 28 दिसंबर 1992 को भारतीय नौसेना के नौसेना आयुध संगठन में कार्यभार संभाला और 33 वर्षों की सेवा अवधि के दौरान मुंबई, विशाखापत्तनम और अलवाय स्थित नौसेना आयुध डिपो और राष्ट्रीय नौसेना कार्यालय/रक्षा मंत्रालय में मुख्य महाप्रबंधक और महाप्रबंधक/प्रधान निदेशक सहित विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्य किया है।

9 जैविक दवाओं के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बजट में 10 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया

सरकार ने बजट में जैव-फार्मा शक्ति (Strategy for Healthcare Advancement through Knowledge, Technology and Innovation) योजना का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए पांच वर्ष में दस हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य जैविक और जैव-समान दवाओं के उत्पादन के लिए भारत के इकोसिस्‍टम को मजबूत करना है। साथ ही उच्च मूल्य वाले जैव-औषधीय उत्पादों और दवाओं के घरेलू विकास और विनिर्माण को बढ़ावा देना भी है। इसके अलावा आयात पर निर्भरता को कम करना और वैश्विक जैविक आपूर्ति श्रृंखलाओं में देश की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाना है।

10 DRDO ने किया सॉलिड फ्यूल डक्टेड रैमजेट तकनीक का सफल प्रदर्शन

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डी.आर.डी.ओ) ने ओडिशा के तट से दूर चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज में सॉलिड फ्यूल डक्टेड रैमजेट (एस.एफ.डी.आर) तकनीक का सफल प्रदर्शन किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस प्रदर्शन से भारत इस तकनीक से लैस विशिष्ट देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है। मंत्रालय ने बताया कि इस प्रदर्शन से लंबी दूरी की वायु-से-वायु मिसाइलों के विकास में मदद मिलेगी, जिससे शत्रुओं पर सामरिक बढ़त हासिल होगी। मंत्रालय ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एस.एफ.डी.आर तकनीक के सफल प्रदर्शन के लिए डी.आर.डी.ओ और उद्योग जगत की सराहना की।

11 हाइड्रोजन लीक के कारण NASA ने Artemis II मिशन मार्च तक टाला

नासा ने चंद्रमा के लिए प्रस्तावित Artemis II मिशन को मार्च तक के लिए टाल दिया है। यह फैसला ईंधन भरने के दौरान किए गए एक अहम परीक्षण में हाइड्रोजन लीक पाए जाने के बाद लिया गया। यह मिशन चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से चंद्रमा की परिक्रमा पर भेजने वाला था। पहले इसका प्रक्षेपण 6 फरवरी को तय था, लेकिन फ्लोरिडा में ठंडे मौसम और तेज हवाओं के कारण इसे 8 फरवरी तक टाल दिया गया था। 31 जनवरी से शुरू हुआ यह दो दिवसीय परीक्षण कैनेडी स्पेस सेंटर में किया गया, जिसमें स्पेस लॉन्च सिस्टम (SLS) रॉकेट के टैंकों में क्रायोजेनिक ईंधन सफलतापूर्वक भरा गया। हालांकि, मंगलवार को यह परीक्षण उस समय रोकना पड़ा जब टेल सर्विस मास्ट अंबिलिकल के इंटरफेस पर तरल हाइड्रोजन का रिसाव पाया गया। अब लॉन्च से पहले मार्च में दूसरी वेट ड्रेस रिहर्सल किए जाने की संभावना है। इस बीच, Artemis II के अंतरिक्ष यात्रियों को क्वारंटीन से बाहर कर दिया जाएगा, जिसमें वे 21 जनवरी से ह्यूस्टन में थे। अगले संभावित लॉन्च से लगभग दो सप्ताह पहले वे दोबारा क्वारंटीन में जाएंगे। यह 10 दिन का मिशन भविष्य के Artemis III मिशन की तैयारी करेगा, जिसे 2027 में लॉन्च किया जाना है। इसी मिशन के तहत इंसान पहली बार चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेंगे और वहां दीर्घकालिक मौजूदगी की शुरुआत करेंगे। Artemis II के चालक दल में NASA के कमांडर Reid Wiseman, पायलट Victor Glover, मिशन स्पेशलिस्ट Christina Koch और Canadian Space Agency के अंतरिक्ष यात्री Jeremy Hansen शामिल हैं।

12 Asian Rifle/Pistol Championship: भारत 2027 में करेगा मेजबानी, 1 से 10 दिसंबर 2027 तक नई दिल्ली होगा आयोजन

एशियन शूटिंग कॉन्फेडरेशन ने बताया है कि भारत साल 2027 में एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इस प्रतियोगिता के जरिए लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए कुल आठ कोटा स्थान मिलेंगे। यह प्रतियोगिता 1 से 10 दिसंबर तक यहां डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की जाएगी। एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप 2027 का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा 1 से 10 दिसंबर 2027 तक नई दिल्ली में स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में किया जाएगा। एशियन शूटिंग कॉन्फेडरेशन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इस चैंपियनशिप का महत्व इसलिए और बढ़ जाता है, क्योंकि इस प्रतियोगिता के दौरान लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए एशिया के आठ कोटा स्थान दिए जाएंगे।

13 चीन के किंगदाओ में शुरू हो रही है 6वीं बैडमिंटन टीम एशिया चैंपियनशिप

छठवीं बैडमिंटन टीम एशिया चैंपियनशिप चीन के किंगदाओ में शुरू हो रही है। एशियाई देशों की पुरूष और महिला राष्‍ट्रीय टीमें इस टूर्नामेंट में शामिल होंगी। भारतीय महिलाएं अपना खिताब बरकरार रखने का प्रयास करेंगी। इस बार भारतीय टीम में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधु इस प्रतियोगिता में भाग नहीं ले रही हैं। भारत को थाईलैंड और म्‍यांमा के साथ ग्रुप-वाई में रखा गया है। तन्वी शर्मा, उन्‍नति हुड्डा, मालविका बंसोड और त्रिशा जॉली तथा गायत्री गोपीचंद की जोडी भारतीय महिला टीम का हिस्‍सा हैं। पुरूष वर्ग में भारतीय टीम को जापान और सिंगापुर के साथ ग्रुप-सी में जगह दी गई है। लक्ष्‍य सेन, एच एस प्रणय, किदांबी श्रीकांत तथा सात्विकसाईंराज रंडी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी भाारतीय टीम की अगुवाई करेगी। भारतीय पुरूष और महिला टीमें कल से अपना अभियान शुरू करेंगी।