आईपीएस पराग जैन बने रॉ के नए प्रमुख, 1 जुलाई से संभालेंगे पदभार

0
16

1 आईपीएस पराग जैन बने रॉ के नए प्रमुख, 1 जुलाई से संभालेंगे पदभार

केंद्र सरकार ने पंजाब कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी पराग जैन को भारत की विदेशी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वह मौजूदा प्रमुख रवि सिन्हा की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून 2025 को समाप्त हो रहा है। पराग जैन 1 जुलाई से दो साल के लिए यह जिम्मेदारी संभालेंगे। पराग जैन को आतंकवाद निरोधक विशेषज्ञ माना जाता है, विशेषकर अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और पकड़ है।

2 भारत ने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में वैश्विक स्तर पर 61 प्रतिशत की तुलना में 78 प्रतिशत की कमी दर्ज की

भारत ने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में वैश्विक स्तर पर 61 प्रतिशत की तुलना में 78 प्रतिशत की कमी दर्ज की है। संयुक्त राष्ट्र बाल मृत्यु दर अनुमान रिपोर्ट के अनुसार, नवजात मृत्यु दर में भी वैश्विक स्तर पर 54 प्रतिशत की तुलना में, 70 प्रतिशत की कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि टीकाकरण में सुधार पर निरंतर ध्यान देने के साथ, भारत ने वंचित आबादी तक पहुँचने के लिए एक सक्रिय और समावेशी दृष्टिकोण अपनाया है। टीकाकरण अभियान के निरंतर कार्यान्वयन के कारण भारत की कुल जनसंख्या में ‘जीरो डोज’ वाले बच्चों का प्रतिशत भी 2023 में शून्‍य दशमलव एक-एक प्रतिशत से घटकर 2024 में शून्‍य दशमलव शून्‍य छह प्रतिशत हो गया है।

3 नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्रख्‍यात जैन संत आचार्य विद्यानन्‍द जी महाराज की 100वीं जंयती समारोह का किया शुभारंभ

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में प्रख्‍यात जैन संत आचार्य विद्यानन्‍द जी महाराज की 100वीं जंयती समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशेष स्‍मारक सिक्‍का और डाक टिकट भी जारी किया गया। इसके साथ ही एक वर्ष तक चलने वाले राष्‍ट्रीय श्रद्धांजलि समारोह की औपचारिक शुरूआत हो गई है। इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्र सरकार द्वारा भगवान महावीर अहिंसा भारती ट्रस्‍ट के सहयोग से किया जा रहा है। आचार्य विद्यानन्‍द जी महाराज प्रतिष्ठित जैन आध्यात्मिक गुरू और समाज सुधारक थे। इस दौरान देशभर में सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजकों ने प्रधानमंत्री को ‘धर्म चक्रवर्ती’ की उपाधि प्रदान की। आचार्य विद्यानंद महाराज जैन धर्म के संत, विद्वान और समाज-सुधारक थे। उनका जन्म 22 अप्रैल 1925 को शेदबल गांव, बेलगावी (अब कर्नाटक) में हुआ था। 28 जून 1987 को आचार्य विद्यानंद मुनिराज को ‘आचार्य‘ की उपाधि मिली थी। आचार्य विद्यानंद जी महाराज ने जैन दर्शन और नैतिकता विषय पर 50 से अधिक पुस्तकों की रचना की है। उन्होंने विशेष रूप से प्राकृत, जैन दर्शन और शास्त्रीय भाषाओं में शिक्षा के लिए काम किया और देश भर में प्राचीन जैन मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनरुद्धार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

4 सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-5 के तहत साइबर धोखाधड़ी में म्यूल बैंक खातों का भंडाफोड़ किया

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने साइबर अपराध और डिजिटल गिरफ्तारी घोटाले से जुड़े म्यूल बैंक खातों का भंडाफोड़ करने के लिए ऑपरेशन चक्र V के तहत पांच राज्यों में तलाशी शुरू की है। सीबीआई अधिकारियों ने ऑपरेशन चक्र V के तहत पांच राज्यों- राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में तलाशी ली। सीबीआई के अनुसार, साइबर अपराध और डिजिटल गिरफ्तारी के जरिए अपराधियों द्वारा उगाही गई रकम को धन शोधन ( मनी लॉन्ड्रिंग) कर सफेद करने के लिए देश भर के विभिन्न बैंकों में करीब 8.5 लाख म्यूल खाते खोले गए हैं। म्यूल बैंक खाते से तात्पर्य धन शोधन के उद्देश्य से मनी म्यूल द्वारा खोले गए बैंक खातों से है। मनी म्यूल ऐसे व्यक्ति होते हैं जिनके पास बैंक खाते होते हैं और जो जानबूझकर या अनजाने में अपराधियों की ओर से अवैध रूप से अर्जित धन को अन्य लोगों के खातों में स्थानांतरित करने में मदद करते हैं। अपराधियों का पैसा म्यूल के बैंक खातों में जमा किया जाता है, और उन्हें एक निश्चित कमीशन के वादे के साथ इसे किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में स्थानांतरित करने के लिए कहा जाता है।

5 अंडमान एवं निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल डीएस राणा ने गढ़वाल राइफल्स के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट का पदभार संभाला

भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं और भावना को दर्शाते हुए एक समारोह में, अंडमान और निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने गढ़वाल राइफल्स के 23वें कर्नल ऑफ द रेजिमेंट के रूप में पदभार संभाला है। वह उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि का स्थान लेंगे। उत्तराखंड के लैंसडाउन में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ बैटन को औपचारिक रूप से सौंपा गया।

6 मेघालय: दो दिवसीय रासोंग राष्ट्रीय आदिवासी संगीत महोत्सव सोसो थाम ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ

मेघालय में दो दिन का रासोंग राष्ट्रीय आदिवासी संगीत महोत्सव सोसो थाम ऑडिटोरियम में संपन्न हो गया। इस महोत्सव में 12 राज्यों के जनजातीय समुदाय के लोगों ने पारंपरिक संगीत और नृत्य का प्रदर्शन किया। इनमें पूर्वोत्तर के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, केरल और मध्यप्रदेश के जनजातीय समुदाय के कलाकार शामिल थे।

7 श्रीलंका के कोलंबो डॉकयार्ड का अधिग्रहण करेगी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड

 

युद्धपोत और पनडुब्बी बनाने वाली देश की सबसे बड़ी सरकारी कंपनी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड श्रीलंका के कोलंबो डॉकयार्ड का अधिग्रहण करेगी। श्रीलंकाई कंपनी में 51 प्रतिशत की निर्णायक हिस्सेदारी के लिए यह सौदा 442 करोड़ रुपये में हुआ है। इसमें जापान के ओनोमिशी डॉकयार्ड के शेयरों की खरीद शामिल है। ओनिमिशी डॉकयार्ड ने कोलंबो डॉकयार्ड से बाहर निकलने का फैसला किया है। इसके अलावा, मझगांव डॉक लिमिटेड श्रीलंकाई कंपनी द्वारा जारी नई प्रतिभूति खरीदेगी। कुल निवेश में से लगभग 2 करोड़ 30 लाख डॉलर का निवेश श्रीलंकाई कंपनी में किया जाएगा।

8 ऑस्ट्रेलियाई शोधकर्ताओं ने प्रयोगशाला में हृदय ऊतक विकसित किए

ऑस्ट्रेलियाई शोधकर्ताओं ने प्रयोगशाला में वयस्क हृदय की मांसपेशियों की तरह विकसित हृदय ऊतक विकसित किए हैं। जो बच्चों में आनुवंशिक हृदय रोगों के उपचार के लिए एक बड़ी सफलता है। मानव स्टेम कोशिकाओं से निर्मित इन “कार्डियक ऑर्गेनोइड्स” को व्यायाम का अनुकरण करने वाले जैविक संकेतों का उपयोग करके परिपक्व किया गया था। मेलबर्न में हुए इस अध्ययन से पता चला है कि ऑर्गेनोइड्स डेस्मोप्लाकिन कार्डियोमायोपैथी जैसी स्थितियों की नकल कर सकते हैं। रोगग्रस्त ऊतक ने प्रयोगात्मक बीईटी अवरोधकों पर प्रतिक्रिया दी है। इसकी मदद से नए उपचारों की उम्मीद जागी है। नेचर कार्डियोवैस्कुलर रिसर्च में प्रकाशित यह कार्य दवाईओं के विकास को गति दे सकता है और युवा हृदय रोगियों के लिए परिणामों में सुधार कर सकता है।

9 हॉकी इंडिया मास्टर्स कप: पुरुषों का खिताब तमिलनाडु और महिलाओं का खिताब जीता ओडिशा की हॉकी एसोसिएशन ने जीता

हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 का फाइनल रोमांचक मुकाबले के साथ संपन्न हो गया। तमिलनाडु की हॉकी टीम ने पुरुषों का खिताब जीता, जबकि ओडिशा की हॉकी एसोसिएशन ने महिलाओं का खिताब जीता।पुरुषों के फाइनल में मेजबान तमिलनाडु ने महाराष्ट्र को 5-0 से हराया। वहीं, चंडीगढ़ ने ओडिशा को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं के फाइनल में ओडिशा ने पंजाब को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा, हरियाणा ने मेजबान तमिलनाडु पर जीत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।V