आईपीओ की संख्या में भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाज़ार: सेबी अध्यक्ष

3
17

1 आईपीओ की संख्या में भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाज़ार: सेबी अध्यक्ष

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के अध्‍यक्ष तुहिन कांत पांडे ने कहा है कि भारत आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) की संख्या के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा बाज़ार बनकर उभरा है और मूल्‍य की दृष्टि से तीसरा सबसे बड़ा बाज़ार है। उन्‍होंने कहा कि पूंजी बाजार आर्थिक विकास के वित्तपोषण में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं। मुंबई में आयोजित 14वें एआईबीआई वार्षिक सम्मेलन में श्री पांडे ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में 311 आईपीओ के माध्यम से 17 लाख करोड़़ रुपये जुटाए गए। उन्होंने कहा कि निवेशकों की बढ़ती भागीदारी से भारत का बाजार पूंजीकरण और जीडीपी अनुपात वित्त वर्ष 2016 के 69 प्रतिशत से बढ़कर 130 प्रतिशत से अधिक हो गया है। निवेशकों की संख्या वित्त वर्ष 2020 के चार करोड़ 30 लाख से बढ़कर 13 करोड़ 70 लाख हो गई है, जबकि म्यूचुअल फंड निवेशकों की संख्या अब पांच करोड़ 90 लाख से अधिक हो गई है। सेबी अध्यक्ष ने आईपीओ लिस्टिंग की समय सीमा को घटाकर टी+3 दिन करने, राइट्स इश्यू के लिए नियमों को आसान बनाने, एंकर निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने और डिस्‍कलोजर मानकों में सुधार करने जैसे उपायों की रूपरेखा प्रस्‍तुत की।

 

2 स्पेसएक्स ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पहली बार चिकित्सा सहायता के लिए चार नासा अंतरिक्ष यात्रियों की सफलतापूर्वक वापसी कराई

एलन मस्क की स्पेसएक्स ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पहली बार चिकित्सा सहायता के लिए चार नासा अंतरिक्ष यात्रियों की पृथ्वी पर सफलतापूर्वक वापसी कराई। नासा के अंतरिक्ष यात्री ज़ेना कार्डमैन और माइक फिंके, जापान की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी की अंतरिक्ष यात्री किमिया युई और रूस की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी के यात्री ओलेग प्लाटोनोव स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल में सवार होकर पृथ्वी पर लौट आए। स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्ष यान कैलिफोर्निया के सैन डिएगो तट के पास सफलतापूर्वक उतरा।

3 विश्व बैंक ने 2025-26 के लिए जीडीपी वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 7.2 फीसदी किया

आर्थिक मोर्चे पर भारत के लिए अच्‍छी खबर है। विश्व बैंक ने मजबूत घरेलू मांग और कर सुधारों के दम पर चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7.2 फीसदी कर दिया है। यह उसके जून के अनुमान से 0.9 फीसदी ज्यादा है। विश्व बैंक ने जारी अपनी प्रमुख रिपोर्ट ‘वैश्विक आर्थिक संभावनाएं’ में कहा है कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.2 फीसदी रहने का अनुमान है। इस रिपोर्ट में यह भी कहा कि आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर धीमी होकर 6.5 फीसदी रह सकती है। इसके अलावा रिपोर्ट में कहा गया, ”वित्त वर्ष 2027-28 में वृद्धि दर बढ़कर 6.6 फीसदी होने की उम्मीद है, जिसे मजबूत सेवा गतिविधियों के साथ ही निर्यात में सुधार और निवेश में तेजी से समर्थन मिलेगा।”

4 भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं के लिए तत्क्षण सुरक्षा चेतावनी प्रणाली का पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च किया

 

सड़क सुरक्षा माह 2026’ मनाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक पशुओं के आने से होने वाले हादसों को कम करने के लिए सड़क सुरक्षा पहल के तहत, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग इस्तेमाल करने वालों को आवारा पशुओं वाले इलाकों के पास आने पर तत्क्षण सुरक्षा चेतावनी के लिए एक पायलट पहल शुरू की है। इस पहल का मकसद राष्ट्रीय राजमार्ग पर, खासकर कोहरे और कम विजिबिलिटी की स्थिति में, जानवरों के अचानक आने से होने वाले हादसों को कम करना है। यह पायलट प्रोजेक्ट जयपुर-आगरा और जयपुर-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर पर लागू किया जा रहा है, जिन्हें आवारा जानवरों के आने वाले इलाकों के तौर पर पहचाना गया है। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत, राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने वालों के लिए लोकेशन-बेस्ड अलर्ट जारी किए जाएंगे, जो चिन्हित तौर पर अधिक जोखिम वाले हिस्सों से लगभग 10 किमी पहले चेतावनी देंगे। इससे यात्रियों को सावधानी बरतने के लिए कुछ समय मिल जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने वालों के साथ प्रभावी संचार सुनिश्चित करने के लिए, पायलट प्रोजेक्ट के दौरान सुरक्षा चेतावनी एक फ्लैश एसएमएस के जरिए दी जाएगी। इसके बाद एक वॉयस अलर्ट भी आएगा। फ्लैश एसएमएस अलर्ट हिन्दी में जारी किया जाएगा, जिसमें लिखा होगा: “आगे आवारा पशु ग्रस्त क्षेत्र है। कृपया धीरे और सावधानी से चलें।” इसके बाद एक वॉयस अलर्ट आएगा जिसमें वही सेफ्टी मैसेज दिया जाएगा। अलर्ट से परेशानी न हो, इसके लिए 30 मिनट के अंदर एक ही यूजर को बार-बार अलर्ट नहीं भेजा जाएगा।

5 ICC ने दिसंबर 2025 का पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ मिशेल स्टार्क और महिला वर्ग में लौरा वोल्वाड्ट को चुना

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद-आई.सी.सी. ने ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क को दिसंबर 2025 के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है। ऑस्ट्रेलिया के घरेलू मैदान पर खेली गई एशेज श्रृंखला में बेहतर गेंदबाजी के लिए उन्‍हें पहली बार यह पुरस्‍कार दिया गया। इससे पहले, दिसंबर 2023 में पैट कमिंस को यह पुरस्कार मिला था। महिला वर्ग में इस पुरस्‍कार के लिए दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वाड्ट को चुना गया है। उन्हें आयरलैंड के खिलाफ ट्वेंटी-ट्वेंटी और एक दिवसीय मुकाबलों में महत्‍वपूर्ण जीत के लिए यह पुरस्‍कार मिला है। वोल्वाड्ट का यह दूसरा प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार है। इससे पहले, उन्हें अक्टूबर 2025 में भी यह पुरस्कार मिल चुका है।

6 सीनियर IPS ऑफिसर शत्रुजीत कपूर ITBP के महानिदेशक बने

14 जनवरी को हरियाणा के पूर्व DGP और IPS ऑफिसर शत्रुजीत कपूर को ITBP यानी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का महानिदेशक नियुक्त किया गया। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) के प्रस्ताव को मंजूरी के बाद उन्हें यह नियुक्ति मिली है। वे 31 अक्टूबर या अगले आदेश तक ITBP के महानिदेशक के पद पर बने रहेंगे। उन्होंने प्रवीण कुमार की जगह ली। प्रवीण कुमार अब BSF के प्रमुख नियुक्त किये गए हैं और वे 30 सितंबर 2026 तक इस पद पर बने रहेंगे।

7 भारत और इज़राइल ने मत्स्य पालन और एक्वाकल्चर में सहयोग मज़बूत करने के लिए संयुक्त मंत्रिस्तरीय आशय घोषणा पर हस्ताक्षर किए

 

माननीय केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री और पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में उच्च-स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने 13-15 जनवरी 2026 के दौरान इज़राइल का सफल दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल इज़राइल के इलात में आयोजित “ब्लू फूड सिक्योरिटी: सी द फ्यूचर 2026” पर दूसरे ग्लोबल समिट में शामिल हुआ। यह दौरा मत्स्य पालन और एक्वाकल्चर क्षेत्र में भारत और इज़राइल के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था। इस दौरान एक्वाकल्चर और मत्स्य पालन, जल प्रबंधन में इज़राइल की उन्नत प्रौद्योगिकियों और नवाचारों और भारत के विशाल जलीय संसाधनों पर बल दिया गया। इन सब पर विचार करते हुए दोनों पक्षों ने पहली बार मत्स्य पालन और एक्वाकल्चर के क्षेत्र में सहयोग को मज़बूत करने के लिए संयुक्त मंत्रिस्तरीय आशय घोषणा पर हस्ताक्षर किए।

8 वित्तीय रिपोर्टिंग की गुणवत्ता जांचने के लिए सरकार ने लॉन्च की AI चुनौती

वित्तीय रिपोर्टों की गुणवत्ता पर नजर रखने और सरकारी कामकाज को तेज करने के लिए सरकार ने एक नई एआई पहल की है। इस पहल का नाम ‘इंडिया एआई फाइनेंशियल रिपोर्टिंग कंप्लायंस चैलेंज’ रखा गया है। इसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मदद से ऐसे डिजिटल समाधान तैयार करना है, जो वित्तीय रिपोर्टिंग की जांच आसान और तेज बना सकें। यह पहल नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी (एनएफआरए) और इंडिया एआई की साझेदारी से शुरू की गई है, जिसके तहत एआई आधारित नए विचार और तकनीक विकसित करने के लिए कंपनियों और स्टार्टअप्स को आमंत्रित किया गया है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए कुल 1.5 करोड़ रुपए का इनाम रखा गया है। वर्चुअल चरण में चुनी गई 10 टीमों को 5-5 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा, एक विजेता टीम को एनएफआरए के साथ दो साल का कॉन्ट्रैक्ट मिल सकता है, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए तक हो सकती है। इस तकनीक का उपयोग पूरे देश में किया जाएगा। इस चैलेंज में भारतीय कंपनियां और डीपीआईआईटी से मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स हिस्सा ले सकते हैं।