एनडीए समर्थित सी.पी. राधाकृष्णन बने देश के 15वें उपराष्ट्रपति

0
17

1 एनडीए समर्थित सी.पी. राधाकृष्णन बने देश के 15वें उपराष्ट्रपति

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को मंगलवार को भारत का 15वां उपराष्ट्रपति चुना गया। उन्होंने विपक्षी इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार, सेवानिवृत्त न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराया। उपराष्ट्रपति चुनाव में 98.20 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अनुसार, उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल वोटर संख्या 788 थी। इसमें 7 पद रिक्त रहने के कारण प्रभावी वोटर संख्या 781 रही। कुल 767 सांसदों ने वोट डाले। परिणामों में राधाकृष्णन को 452 प्रथम वरीयता वोट मिले, जबकि सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट प्राप्त हुए। कुल 15 वोट अमान्य घोषित किए गए। राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी ने जानकारी दी कि कुल 13 सांसदों ने मतदान से परहेज किया, जिनमें सात सांसद बीजेडी से, चार बीआरएस से, एक शिरोमणि अकाली दल से और एक निर्दलीय सांसद शामिल थे।

2 भारतीय सेना का एक दल बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ज़ापद 2025 में भाग लेने के लिए रूस रवाना

भारतीय सेना का एक दल रूस में शुरू हो रहे हुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ज़ापद 2025 में भाग लेने के लिए रवाना हो गया। यह दल बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘जापाद 2025’ में भाग लेगा, जो 10 से 16 सितंबर 2025 तक आयोजित होगा। सात दिन के इस अभ्यास का उद्देश्य सैन्य सहयोग बढ़ाना, अंतर-संचालन क्षमता में सुधार और पारंपरिक युद्ध तथा आतंकवाद-रोधी अभियानों में रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान का मंच प्रदान करना है।

3 स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 : इंदौर सबसे स्वच्छ वायु वाला शहर

 

दिल्ली के आईटीओ स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में “स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार एवं वेटलैंड शहर सम्मान समारोह” का आयोजन हुआ। इस मौके पर देशभर के उन शहरों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वायु गुणवत्ता सुधार, पर्यावरण संरक्षण और जल-संरक्षण में बेहतरीन काम किया है। इस पुरस्कार में शहरों को उनकी जनसंख्या के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहर, 3 से 10 लाख आबादी वाले शहर और 3 लाख से कम आबादी वाले शहर। 10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में मध्यप्रदेश का इंदौर शहर लगातार एक बार फिर नंबर-1 रहा। इंदौर को इसके लिए 1.5 करोड़ रुपये नकद इनाम, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिया गया। जबलपुर दूसरे स्थान पर रहा जिसे 200 में से 199 अंक मिले और उसे 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। तीसरे स्था पर संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश का आगरा और गुजरात का सूरत रहा, दोनों को 200 में से 196 अंक मिले। इन दोनों शहरों को संयुक्त 50 लाख रुपये की राशि में से 25-25 लाख रुपये दिए गए। वहीं 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में महाराष्ट्र का अमरावती पहले स्थान पर रहा और उसे 75 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी और मुरादाबाद को 50 लाख रुपये की राशि मिली, जबकि राजस्थान का अलवर तीसरे स्थान पर रहा। 3 लाख से कम आबादी वाले शहरों में मध्यप्रदेश का देवास पहले स्थान पर रहा और उसे 35 लाख रुपये का इनाम दिया गया। दूसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश का परवाणू रहा जिसे 25 लाख रुपये मिले, जबकि ओडिशा का अम्दुल शहर तीसरे स्थान पर रहा और उसे 12.5 लाख रुपये की राशि दी गई।

4 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का किया सर्वेक्षण, 1500 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बाढ़, भूस्खलन और भारी वर्षा से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक आपदा से हुए कसान की समीक्षा और आकलन के लिए राज्य सरकार के साथ बैठक भी की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के बाढ़ और बारिश प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की।

5 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित पंजाब को 1600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित पंजाब को 1600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि राज्‍य को पहले दिए गए 12000 करोड़ के अतिरिक्‍त है। वहीं, राज्‍य आपदा राहत निधि और प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान‍ निधि की किस्‍तों को भी अग्रिम तौर पर जारी कर दिया जाएगा। बाढ़ के कारण मारे गए प्रत्‍येक व्‍यक्ति के निकट परिजन को दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की गई है। प्रधानमंत्री ने पंजाब के गुरदासपुर में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के बाद वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और नुकसान का आकलन किया। उन्‍होंने इस क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

6 नेपाल: प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने दिया इस्तीफ़ा

नेपाल के प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने युवाओं के देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान 19 लोगों की मौत और 300 से अधिक लोगों के घायल होने के बाद अपने पद से त्‍यागपत्र दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को अपना इस्तीफ़ा सौंपा। तकनीकी रूप से नेपाल में इस समय राष्ट्रपति शासन लग गया है। ओली 1 साल और 2 महीने ही पद पर रह सके।