1 एफआईएच महिला हॉकी: विश्व क्वालीफायर के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की जीत

हैदराबाद में खेले गए एफआईएच महिला हॉकी विश्व क्वालीफायर के फाइनल मुकाबले में भारत को इंग्लैंड से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इस हार के बावजूद भारत ने इस साल होने वाले महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस टूर्नामेंट से चैंपियन इंग्लैंड, उपविजेता भारत, साथ ही साथ स्कॉटलैंड ने विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है। महिला हॉकी विश्व कप का आयोजन इस साल 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में पुरुष टूर्नामेंट के साथ संयुक्त रूप से किया जाएगा।
2 गुजरात ने धोलेरा से पहले साउंडिंग रॉकेट का सफल प्रक्षेपण किया

गुजरात ने धोलेरा से राज्य के पहले साउंडिंग रॉकेट के सफल प्रक्षेपण के साथ अंतरिक्ष अनुसंधान क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अहमदाबाद स्थित स्टार्टअप ‘ओमस्पेस रॉकेट एंड एक्सप्लोरेशन प्राइवेट लिमिटेड‘ (OSRE) द्वारा संचालित यह एकल-चरण उप-कक्षीय रॉकेट दोपहर एक बजे एक अस्थायी प्रक्षेपण परिसर से रवाना हुआ और लगभग तीन किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंचा। रॉकेट में मौसम संबंधी महत्वपूर्ण डेटा एकत्र करने के लिए डिज़ाइन किया गया एक मिनी-उपग्रह भी था। ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत रॉकेट के एयरफ्रेम को अहमदाबाद स्थित स्टार्टअप की प्रयोगशाला में कार्बन फाइबर और उन्नत कंपोजिट का उपयोग करके विकसित किया गया था। इस प्रक्षेपण का संचालन इन-स्पेस के प्राधिकरण के तहत और गुजरात स्पेसटेक पॉलिसी 2025-2030 के समर्थन से किया गया। प्रक्षेपण के साक्षी बनने के लिए बावल्यारी में उपस्थित गुजरात के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि यह उपलब्धि गुजरात को निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में एक विशेष पहचान दिलाती है। साउंडिंग रॉकेट एक या दो चरणों वाला ठोस प्रणोदक रॉकेट है। जिसका उपयोग मुख्य रूप से पृथ्वी के ऊपरी वायुमंडल (50 से 1500 किमी) में वैज्ञानिक प्रयोग, अनुसंधान, मौसम विज्ञान और नई अंतरिक्ष तकनीकों का परीक्षण करने के लिए किया जाता है। ये किफायती और तेज गति से वैज्ञानिक डेटा एकत्र करने के लिए एक विश्वसनीय माध्यम हैं। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने 1965 से स्वदेशी रूप से किए गए साउंडिंग रॉकेट लॉन्च शुरू किया।
3 भारतीय नौसेना के जहाज त्रिकंद ने मॉरीशस के पोर्ट लुइस में अपना प्रवास समाप्त किया

आईएनएस त्रिकंद ने 13 मार्च 2026 को मॉरीशस के पोर्ट लुइस में अपना प्रवास समाप्त किया। जहाज ने 12 मार्च 2026 को पोर्ट लुइस के चैंप डी मार्स में आयोजित 58वें मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस परेड में एक मार्चिंग टुकड़ी, नौसेना बैंड और फ्लाई-पास्ट के लिए एक एकीकृत हेलीकॉप्टर के साथ भाग लिया। यह मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय युद्धपोतों और विमानों की भागीदारी की परंपरा के अनुरूप है। यह जहाज 12 मार्च 2026 को आगंतुकों के लिए खोला गया और इसमें 500 से अधिक आगंतुक आए। पोर्ट लुइस से प्रस्थान करने पर, आईएनएस त्रिकंद ने सीजीएस वेलिएंट के साथ एक पैसेज एक्सरसाइज (पाससेक्स) और संयुक्त विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) निगरानी की, और उसके बाद अपनी नियोजित परिचालन तैनाती के अगले चरण के लिए आगे बढ़ा।
4 ग्रेट इंडियन बस्टर्ड कैप्टिव ब्रीडिंग प्रोग्राम परियोजना का दो नए चूजों के साथ चौथे वर्ष में प्रवेश

5 गुजरात ने AQI और झील के स्वास्थ्य पर नज़र रखने हेतु ‘लेक एंड एयर वॉच’ पहल शुरू की

भारत में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इसी दिशा में गुजरात सरकार ने सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए ‘लेक एंड एयर वॉच’ पहल की शुरुआत की है। यह कार्यक्रम गुजरात अर्बन डेवलपमेंट मिशन के अंतर्गत लागू किया गया है और इसका मुख्य उद्देश्य शहरों में झीलों की स्थिति तथा वायु गुणवत्ता की रीयल-टाइम निगरानी करना है। राज्य के शहरी विकास एवं शहरी आवास विभाग द्वारा शुरू की गई यह पहल भारत के ‘विकसित भारत’ मिशन के व्यापक लक्ष्य के अनुरूप पर्यावरण के अनुकूल और भविष्य के लिए तैयार शहरों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

नई दिल्ली में प्योरएयर टॉवर (PureAir Tower) नामक भारत का पहला माइक्रोएल्गी आधारित एयर प्यूरीफिकेशन टॉवर तैनात किया गया है। इसे एरोसिटी राजमार्ग कॉरिडोर (Aerocity Highway Corridor) के सड़क डिवाइडर पर लगाया गया है। यह एक नवीन बायोटेक्नोलॉजी आधारित समाधान है जिसका उद्देश्य शहरी वायु प्रदूषण को कम करना है। इस परियोजना के तहत पारंपरिक सड़क ढांचे को एक सक्रिय वायु शुद्धिकरण प्रणाली में बदल दिया गया है। यह पायलट परियोजना राजधानी के व्यस्त ट्रैफिक कॉरिडोर में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने के लिए शुरू की गई है। पारंपरिक स्मॉग टावरों की तरह यांत्रिक फिल्टर का उपयोग करने के बजाय यह तकनीक फोटोसिंथेटिक माइक्रोएल्गी (सूक्ष्म शैवाल) का उपयोग करती है, जो आसपास की हवा से प्रदूषकों को सीधे अवशोषित करती है। यह प्रणाली कार्बन डाइऑक्साइड, पार्टिकुलेट मैटर और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसे प्रदूषकों को सड़क स्तर पर पकड़ती है। इसके बाद प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया के माध्यम से ये प्रदूषक ऑक्सीजन और एल्गल बायोमास में परिवर्तित हो जाते हैं। माइक्रोएल्गी एयर टॉवर बहुत कम ऊर्जा का उपयोग करता है और इसमें कोई द्वितीयक फिल्टर कचरा भी उत्पन्न नहीं होता, जिससे यह एक पर्यावरण-अनुकूल वायु शुद्धिकरण समाधान बन जाता है।
7 OBC क्रीमी लेयर पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: सिर्फ आय से तय नहीं होगी आरक्षण पात्रता

सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षण में क्रीमी लेयर के निर्धारण में माता-पिता के पद और उनके सामाजिक-प्रशासनिक दर्जे को भी ध्यान में रखना आवश्यक है। अदालत ने केंद्र सरकार की अपीलों को खारिज करते हुए कई UPSC उम्मीदवारों को राहत दी, जिन्हें गलत तरीके से OBC क्रीमी लेयर मानकर नियुक्ति से रोक दिया गया था।अदालत ने स्पष्ट किया कि माता-पिता की आय मात्र को क्रीमी लेयर निर्धारित करने का एकमात्र आधार नहीं बनाया जा सकता। क्रीमी लेयर का निर्धारण करते समय संबंधित प्राधिकरणों को माता-पिता की नौकरी का प्रकार, सामाजिक स्थिति और उनके पद जैसे अन्य कारकों को भी ध्यान में रखना होगा। इस निर्णय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि OBC समुदाय के भीतर वास्तव में वंचित और पिछड़े वर्गों तक ही आरक्षण का लाभ पहुँचे।

अंतरराष्ट्रीय रेल कोच एक्सपो 2026 (International Rail Coach Expo 2026) का उद्घाटन 12 मार्च 2026 को इंटीग्रल कोच फैक्ट्री के परिसर में, चेन्नई में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन ICF के महाप्रबंधक यू. सुब्बा राव ने किया। यह एक्सपो इंटीग्रल कोच फैक्ट्री द्वारा भारतीय उद्योग परिसंघ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 12 से 14 मार्च 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें भारत और विदेशों से रेलवे निर्माता, प्रौद्योगिकी प्रदाता तथा उद्योग विशेषज्ञ भाग लेकर रेलवे क्षेत्र में नवीन तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
9 एनएमडीसी ने रचा इतिहास, 50 मिलियन टन लौह अयस्क उत्पादन करने वाली भारत की पहली खनन कंपनी बनी

इस्पात मंत्रालय के अधीन भारत की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक और नवरत्न सीपीएसई एनएमडीसी लिमिटेड ने एक वित्तीय वर्ष में 50 मिलियन टन (एमटी) लौह अयस्क का उत्पादन करने वाली देश की पहली खनन कंपनी बनकर इतिहास रच दिया है । यह महत्वपूर्ण उपलब्धि वित्त वर्ष 2025-26 के समापन से कुछ दिन पहले प्राप्त हुई है। एनएमडीसी की स्थापना भारत के लौह अयस्क संसाधनों को विकसित करने के लिए 1958 में की गई थी और इसने वर्ष 1978 में लगभग 10 एमटी का उत्पादन किया था । पिछले दशकों में उत्पादन में लगातार वृद्धि हुई और अब वित्त वर्ष 2025-26 में उत्पादन पांच गुना बढ़कर 50 एमटी के ऐतिहासिक स्तर तक पहुंच गया है । यह भारत की लौह अयस्क आपूर्ति श्रृंखला की आधारशिला के रूप में कंपनी के सुदृढ़ परिवर्तन का परिचायक है ।
10 अमरीका ने ईरान के खर्ग द्वीप पर भीषण बमबारी की

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान की महत्वाकांक्षा पूरे पश्चिम एशियाई क्षेत्र पर प्रभुत्व स्थापित करने और इज़राइल को नष्ट करने की थी, लेकिन अब उनकी ये योजनाएँ खत्म हो चुकी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रंप ने कहा कि अमरीकी केंद्रीय कमान ने ईरान के खर्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों पर एक बड़ा बमबारी अभियान चलाया। उन्होंने इस अभियान में द्वीप पर मौजूद हर सैन्य ठिकाने को पूरी तरह से नष्ट करने का भी दावा किया। यह द्वीप ईरान के तेल नेटवर्क में एक अहम भूमिका निभाता है, क्योंकि यहां वह मुख्य टर्मिनल मौजूद है जो देश के तेल निर्यात का प्रबंधन करता है। इस हमले में खर्ग द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, लेकिन वहां मौजूद ऊर्जा संयंत्रों को छोड़ दिया गया।
11 इंडिया हैबिटेट सेंटर में हैबिटेट अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव शुरू, 22 मार्च तक आयोजन

राजधानी के इंडिया हैबिटेट सेंटर में शुरू हुए हैबिटेट अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन 22 मार्च तक किया जाएगा। इस फिल्म महोत्सव में दिखाई जाने वाली फिल्में हंगेरियन सिनेमा पर आधारित होंगी। इस वर्ष के महोत्सव में 18 देशों की 67 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जो लगभग 20 भाषाओं में होंगी। इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हंगरी को केंद्र में रखा गया है। यह फिल्म हंगरी और भारत के बीच एक प्रतीकात्मक सांस्कृतिक सेतु का काम करेगी।
12 नई दिल्ली में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2026 में भारत का दबदबा

नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2026 में भारत का दबदबा रहा। तीन दिन तक चले इस प्रतियोगिता का समापन भारत ने कल 208 पदकों के साथ किया। प्रतियोगिता में आठ देशों, भारत, रूस, नेपाल, भूटान, हांगकांग चीन, सर्बिया, बोस्निया और मिस्र के लगभग 257 एथलीटों ने हिस्सा लिया। भारत 75 स्वर्ण, 69 रजत और 64 कांस्य पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा। रूस ने दूसरा, जबकि बोस्निया और हर्ज़ेगोविना ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के आखिरी दिन मुख्य आकर्षण दो बार की पेरिस पैरालंपिक पदक विजेता प्रीति पाल रहीं, जिन्होंने महिलाओं की 200 मीटर टी35-टी37 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
13 पाई दिवस : 14 मार्च

पाई दिवस (Pi Day) हर वर्ष 14 मार्च को मनाया जाता है। यह दिन गणितीय स्थिरांक Pi (π) के सम्मान में मनाया जाता है। 14 मार्च की तारीख (3/14) पाई के पहले तीन अंकों 3.14 का प्रतिनिधित्व करती है, इसलिए इस दिन को विशेष रूप से चुना गया है। Pi (π) एक गणितीय स्थिरांक है, जो किसी वृत्त की परिधि (Circumference) और उसके व्यास (Diameter) के अनुपात को दर्शाता है। पाई का मान लगभग 3.14159 होता है और यह एक अपरिमेय संख्या (Irrational Number) है, अर्थात इसके दशमलव अंक अनंत तक चलते हैं और दोहराए नहीं जाते।

शरीर की क्रियाओं का नींद सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके बगैर बेहतर स्वास्थ्य नहीं चल सकता। इसका प्रभाव बचपन से बुजुर्ग होने तक पड़ता है। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग काम, मोबाइल और तनाव के कारण अपनी नींद से समझौता करने लगे हैं। देर रात तक जागना और सुबह जल्दी उठना अब आम आदत बन गई है। इसी समस्या के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 13 मार्च को हर साल विश्व नींद दिवस मनाया जाता है।