1 एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत ने हासिल किया तीसरा स्थान

भारत ने एशियन सीनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में महिलाओं की टीम रैंकिंग में तीसरा और पुरुषों की टीम रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया। यह चैंपियनशिप रविवार को गुजरात के गांधीनगर के महात्मा मंदिर में खत्म हुई। भारतीय वेटलिफ्टिंग फेडरेशन द्वारा आयोजित यह चैंपियनशिप 11 से 17 मई तक चली और इसमें 30 देशों के 172 एथलीटों ने हिस्सा लिया, जिनमें 97 पुरुष और 75 महिलाएं थीं। चीन महिलाओं और पुरुषों दोनों की टीम रैंकिंग में टॉप पर रही। महिलाओं की कैटेगरी में, चीन 578 पॉइंट्स के साथ पहले, चीनी ताइपे 491 पॉइंट्स के साथ दूसरे और भारत 487 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहा। श्रीलंका, बांग्लादेश और कोरिया टॉप छह में रहे। पुरुषों की टीम स्टैंडिंग में, चीन 593 पॉइंट्स के साथ सबसे आगे रहा, उसके बाद डीपीआर कोरिया 478 और उज्बेकिस्तान 409 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चीनी ताइपे 392 पॉइंट्स के साथ चौथे, भारत 379 पॉइंट्स के साथ पांचवें और तुर्कमेनिस्तान 344 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर रहा। ओवरऑल मेडल टैली में, चीन ने 21 गोल्ड, 12 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल के साथ दबदबा बनाया, उसके बाद डीपीआर कोरिया 18 गोल्ड, 11 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चीनी ताइपे ने 3 गोल्ड, 7 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते। बहरीन, ईरान, उज्बेकिस्तान, मलेशिया, वियतनाम, कतर, साउथ कोरिया, भारत, तुर्कमेनिस्तान, जापान, कजाकिस्तान और फिलीपींस भी मेडल स्टैंडिंग में शामिल रहे। भारत ने कुल 10 मेडल जीते, जिसमें एक सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे।
2 अंतर्राष्ट्रीय महिला समुद्री दिवस

समुद्री क्षेत्र में महिलाओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय मैरिटाइम संगठन (आईएमओ) का दिवस हर साल 18 मई को मनाया जाता है। यह दिन समुद्री उद्योग में महिलाओं का सम्मान करता है और इसका उद्देश्य समुद्री क्षेत्र में महिलाओं की भर्ती, उन्हें बनाए रखने और उनके सतत रोजगार को बढ़ावा देना, समुद्री क्षेत्र में महिलाओं की प्रतिष्ठा बढ़ाना, संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य 5 (लैंगिक समानता) के प्रति अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन (आईएमओ) की प्रतिबद्धता को मजबूत करना और समुद्री क्षेत्र में मौजूदा लैंगिक असंतुलन को दूर करने के लिए किए जा रहे कार्यों का समर्थन करना है।
3 अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस

अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस (IMD) हर साल 18 मई को दुनिया भर में मनाया जाता है। इसका आयोजन अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय परिषद (ICOM) द्वारा किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और संग्रहालयों की सामाजिक भूमिका के प्रति जागरूकता पैदा करना है। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस की शुरुआत वर्ष 1977 में International Council of Museums (ICOM) द्वारा की गई थी। ICOM की स्थापना वर्ष 1946 में संग्रहालयों के संरक्षण, विकास और वैश्विक सहयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई थी।
4 स्क्वाड्रन लीडर सान्या बनीं ‘कैट-ए क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर’ बनने वाली पहली महिला अधिकारी

स्क्वाड्रन लीडर सान्या प्रतिष्ठित ‘कैट-ए क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर’ योग्यता हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, भारतीय वायु सेना ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर सान्या की यह उपलब्धि उनके समर्पण और उत्कृष्टता की निरंतर खोज का प्रतीक है। कैट-ए क्यूएफआइ की योग्यता भारतीय वायुसेना में अत्यंत कठिन और प्रतिष्ठित मानी जाती है। इसे प्राप्त करने के लिए असाधारण उड़ान कौशल, तकनीकी दक्षता, मानसिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता की आवश्यकता होती है।
5 भारत और स्वीडन ने वीनस ऑर्बिटर मिशन पर MoU साइन किया

17 मई को पीएम नरेंद्र मोदी और स्वीडन के पीएम उल्फ क्रिस्टरसन ने द्विपक्षीय संबंधों को लेकर बैठक की। दोनों देशों की स्पेस एजेंसीज ने ‘वीनस ऑर्बिटर मिशन’ को लेकर एक समझौता ज्ञापन, यानी MoU पर साइन किए। भारत की अंतरिक्ष एजेंसी ISRO और स्वीडन की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी SNSA के बीच ये MoU हुआ है। मिशन का उद्देश्य पृथ्वी के पड़ोसी ग्रह शुक्र (वीनस) के वातावरण, सतह और जियोलॉजिकल गतिविधियों का अध्ययन करना है। स्वीडन इस मिशन के लिए वीनसियन न्यूट्रल्स एनालाइजर (VNA) नामक वैज्ञानिक उपकरण तैयार करके ISRO को देगा। भारत मार्च 2028 में ‘वीनस ऑर्बिटर मिशन‘ लॉन्च करेगा। पीएम मोदी ने स्वीडिश कंपनियों को ‘मेक इन इंडिया’, ‘नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन’ और ‘नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन’ में शामिल होने का न्योता दिया। भारत और स्वीडन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्वांटम कंप्यूटिंग के सेक्टर्स में भी पार्टनरशिप की। मोदी 8 साल बाद स्वीडन पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने 2018 में स्वीडन का दौरा किया था।
6 कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

केरलम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. डी. सतीशन के नेतृत्व वाली नई यूडीएफ सरकार ने तिरुवनंतपुरम में शपथ ली। वीडी सतीशन ने केरलम के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। वी डी सतीशन का पूरा नाम वडास्सेरी दामोदरन सतीशन है और वे एर्नाकुलम जिले की पारावूर सीट से विधायक हैं। नई सरकार में शामिल वरिष्ठ नेताओं में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और के.पी.सी.सी. के पूर्व अध्यक्ष रमेश चेन्निथला, के.पी.सी.सी. के वर्तमान अध्यक्ष सन्नी जोसेफ, के.पी.सी.सी. के पूर्व अध्यक्ष के. मुरलीधरन और आईयूएमएल नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी शामिल हैं। बता दें कि हाल ही में संपन्न चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने जबरदस्त वापसी करते हुए 140 सदस्यों वाली विधानसभा में 102 सीटें जीतीं, जबकि अकेले कांग्रेस ने रिकॉर्ड 63 सीटें हासिल की, जो राज्य में उसका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
7 WHO ने इबोला वायरस को महामारी घोषित किया

17 मई को विश्व स्वास्थ्य संगठन, यानी WHO ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) और युगांडा में इबोला वायरस के तेजी से फैलते प्रकोप को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है। कांगो के पूर्वी इटुरी प्रांत में इबोला से अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है। 246 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इबोला वायरस संक्रमित व्यक्ति या जानवर के शारीरिक तरल पदार्थों जैसे खून, लार, पसीने या उल्टी के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। WHO ने सभी देशों को अलर्ट रहने और बॉर्डर पर स्क्रीनिंग करने की एडवाइजरी जारी की है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस बार इबोला का ‘बुंडीबुग्यो स्ट्रेन‘ मिला है, जबकि कांगो में पहले ज्यादातर मामले ‘जायरे स्ट्रेन’ के रहे हैं। इबोला वायरस का अभी तक कोई इलाज नहीं है। हालांकि, WHO ने कहा है कि ये वायरस कोविड-19 जितना खतरनाक नहीं है। भारत में 2014 के बाद इबोला का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। दुनिया में इबोला वायरस का पहला मामला 1976 में कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) में ही सामने आया था।
8 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सौरभ विजय ने यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का कार्यभार संभाला

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सौरभ विजय ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण- यू.आई.डी.ए.आई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। श्री विजय महाराष्ट्र कैडर के 1998 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि श्री विजय महाराष्ट्र सरकार और केंद्र सरकार में कई पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं, जिनमें नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में निदेशक और अमरीका में विश्व बैंक में बांग्लादेश, भूटान, भारत और श्रीलंका के कार्यकारी निदेशक के सलाहकार के पद शामिल हैं।
9 केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने “कॉफीज़ ऑफ़ नागालैंड” मिशन का शुभारंभ किया

केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास और संचार मंत्री, श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नागालैंड के लिए क्लस्टर-आधारित ‘कॉफी मूल्य श्रृंखला विकास मिशन’ का शुभारंभ किया। 175 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ, “कॉफीज़ ऑफ़ नागालैंड” मिशन को ‘संपूर्ण-सरकार दृष्टिकोण’ के माध्यम से तैयार किया गया है। यह मिशन, क्लस्टर-आधारित दृष्टिकोण के अनुसार तैयार किया गया है, जिसके तहत दो प्रायोगिक कॉफी क्लस्टरों की पहचान की गई है, कोहिमा ज़िले के तुओफेमा गाँव को ‘अरेबिका’ कॉफी के लिए और न्यूलैंड ज़िले के घोटोवी गाँव को ‘रोबस्टा’ कॉफी के लिए। इस पहल का उद्देश्य कॉफी मूल्य श्रृंखला में मौजूद महत्वपूर्ण कमियों को दूर करना है, जिसके लिए इसमें वृक्षारोपण विकास, कटाई के बाद का प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, मार्केटिंग, ट्रैसेबिलिटी (उत्पत्ति का पता लगाना), निर्यात, पर्यटन और क्षमता निर्माण को एकीकृत करके कॉफी मूल्य श्रृंखला की कमियों को दूर करना है।
10 भारत का लक्ष्य इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर और अगले पांच वर्षों में 2 ट्रिलियन डॉलर का निर्यात करना : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर और अगले पांच वर्षों में 2 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा है। यही आत्मनिर्भर भारत की सच्ची पहचान होगी। नई दिल्ली में भारतीय व्यापार महोत्सव की वेबसाइट लॉन्च समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, इस वर्ष निर्यात 863 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि वस्तुओं और सेवाओं दोनों के निर्यात में वृद्धि हुई है, जो वर्तमान वैश्विक परिवेश में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारतीय व्यापार महोत्सव 12 अगस्त – 15 अगस्त 2026 तक चलेगा।
11 ब्रिटेन की प्रूडेंशियल कंपनी खरीदेगी भारती लाइफ में 75% हिस्सेदारी

18 मई को ब्रिटिश बीमा कंपनी प्रूडेंशियल (Prudential plc) ने भारत की एक प्रमुख प्राइवेट जीवन बीमा कंपनी ‘भारती लाइफ’ में 75% हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया। प्रूडेंशियल ये हिस्सेदारी भारती लाइफ वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और 360 ONE Asset Management से खरीदेगी। ये डील 3,500 करोड़ से 4,200 करोड़ रुपए तक में हो सकती है। सुनील भारती मित्तल भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हैं। डील के बाद, प्रूडेंशियल भारत में अपनी सर्विस का विस्तार करेगी और नई बीमा स्कीम्स लाएगी। प्रूडेंशियल (Prudential plc) एक प्रमुख ब्रिटिश मल्टीनेशनल फाइनेंस कंपनी है, जो मुख्य रूप से लाइफ इन्शोयोरेंस करती है। भारत में ये ब्रांड ‘ICICI प्रूडेंशियल’ के जरिए अपनी सेवाएं प्रदान करता है।
12 कोटा डोरिया को मिलेगी नई पहचान, एरी सिल्क के साथ तैयार होगा प्रीमियम फैब्रिक

राजस्थान की पारंपरिक कोटा डोरिया और पूर्वोत्तर भारत की प्रसिद्ध एरी सिल्क को मिलाकर एक नया प्रीमियम फैब्रिक विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू की गई है। इस पहल से देश की दो समृद्ध हथकरघा परंपराओं को नई पहचान मिलने के साथ ही बुनकरों और कारीगरों के लिए नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इस संबंध में केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (DoNER) के सचिव संजय जाजू ने फैशन डिजाइनरों और बुनकरों के प्रतिनिधिमंडल के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए NEHHDC और राजस्थान सरकार के जिला उद्योग केंद्र (DIC) के बीच जल्द ही एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाने की तैयारी चल रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रस्तावित योजना के तहत ऐसा अनूठा फैब्रिक विकसित किया जाएगा, जिसमें एरी सिल्क की मुलायम बनावट और कोटा डोरिया की हल्की एवं पारदर्शी बुनाई का संगम होगा। उन्होंने कहा कि इस फैब्रिक को देश और विदेश के प्रीमियम बाजारों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। एरी रेशम एक प्रकार का पीस सिल्क है जो घरेलू रेशमकीट सामिया रिसिनी द्वारा उत्पादित होता है। इसका उत्पादन मुख्य रूप से पूर्वोत्तर भारतीय राज्यों असम , नागालैंड और मेघालय में होता है।
13 महिलाओं के नेतृत्व वाले ग्रामीण मार्केटिंग नेटवर्क के लिए SHE-MARTs मॉडल तैयार करेगा ग्रामीण विकास मंत्रालय

ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) ने महिलाओं के नेतृत्व वाले ग्रामीण मार्केटिंग नेटवर्क विकसित करने के लिए SHE-MARTs (सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर्स-मार्केटिंग एवेन्यूज फॉर रूरल ट्रांसफॉर्मेशन) की राष्ट्रीय रूपरेखा तैयार करने की पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों को मजबूत करना, ग्रामीण आय बढ़ाना और देशभर के स्वयं सहायता समूहों के लिए बाजार तक पहुंच का विस्तार करना है। इस रोडमैप पर चर्चा 14 और 15 मई को भुवनेश्वर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श बैठक के दौरान की गई। इस बैठक का आयोजन दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) द्वारा किया गया। बैठक की मेजबानी ओडिशा सरकार के मिशन शक्ति विभाग के तहत ओडिशा लाइवलीहुड्स मिशन ने की, जबकि PRADAN ने राष्ट्रीय सहयोगी संगठन के रूप में भूमिका निभाई। बैठक में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों (SRLMs), राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), वित्तीय संस्थानों, विकास विशेषज्ञों और विभिन्न सहयोगी संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। चर्चा का मुख्य फोकस केंद्रीय बजट 2026 में घोषित SHE-MART पहल को जमीनी स्तर पर लागू करने की रणनीति तैयार करना रहा।
14 जैनिक सिनर ने रचा इतिहास, जीता इटैलियन ओपन

जैनिक सिनर ने रविवार को इटैलियन ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह 1976 में एड्रियानो पनाटा के बाद इस खिताब को जीतने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बने हैं। फाइनल मुकाबले में सिनर ने कैस्पर रूड को 6-4, 6-4 से हराकर लगातार छठा एटीपी मास्टर्स 1000 टाइटल जीता। 1 घंटे 44 मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करके नोवाक जोकोविच के बाद सिनर एटीपी इतिहास में करियर गोल्डन मास्टर्स पूरा करने वाला सिर्फ दूसरा खिलाड़ी बन गए हैं। सिनर ने अब सभी एटीपी मास्टर्स 1000 टाइटल जीत लिए हैं। जोकोविच ने 2018 में सिनसिनाटी जीतने के बाद यह कामयाबी हासिल की थी।