1 केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टर के लिए भारतीय मानक जारी किया

श्री प्रल्हाद जोशी, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री ने राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 2025 के अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में आईएस 19262: 2025 ‘इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टर – परीक्षण संहिता’ जारी की। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टरों की सुरक्षा, विश्वसनीयता और कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए एकसमान और मानकीकृत परीक्षण प्रोटोकॉल के माध्यम से भारतीय मानक बनाता है। आईएस 19262:2025 ‘इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टर – परीक्षण संहिता’ सभी हितधारकों के बीच एकसमान शब्दावली, सामान्य दिशानिर्देशों और इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टरों पर किए जाने वाले परीक्षणों – पीटीओ पावर, ड्रॉबार पावर और बेल्ट और पुली आदि के प्रदर्शन के संबंध में एक सामान्य समझ बनाती है। इसमें कंपन मापन, विनिर्देश सत्यापन और इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टरों के विभिन्न घटकों और असेंबली के निरीक्षण को भी शामिल किया गया है।
2 एनटीएच और डीएमएसआरडीई के बीच समझौता, अनुसंधान व परीक्षण सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

राष्ट्रीय परीक्षण शाला- एनटीएच तथा रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान – डीएमएसआरडीई ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते से दोनों संस्थानों के बीच अनुसंधान, परीक्षण और प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा। इसके अंतर्गत ऐसे मामलों पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा जहां प्रशिक्षण शालाओं में विशेष सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस सहयोग से वैज्ञानिक और तकनीकी कर्मियों के बीच ज्ञान साझा करने और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। समझौते का उद्देश्य सहयोगात्मक अनुसंधान और परीक्षण गतिविधियों, प्रयोगशाला और उपकरण सुविधाओं को साझा करना तथा पारस्परिक हित और राष्ट्रीय महत्व के क्षेत्रों को सुविधाजनक बनाना है। एनटीएच, उपभोक्ता मामले विभाग का एक ऐसा संस्थान है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार औद्योगिक और उपभोक्ता उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला के लिए परीक्षण, निरीक्षण और गुणवत्ता आश्वासन सेवाएं प्रदान करता है। डीएमएसआरडीई रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन की एक प्रयोगशाला है जो रक्षा कार्यो के लिए महत्वपूर्ण विशेष सामग्रियों के अनुसंधान और विकास संबंधी कार्य कर रही है।
3 नागर विमानन मंत्रालय ने 24×7 पीएसीआर कंट्रोल रूम का किया शुभारंभ

नागर विमानन मंत्रालय ने यात्रियों की सहायता और आपात स्थिति से निपटने के लिए एक एकीकृत और भविष्य की व्यवस्था को संस्थागत रूप देने से संबंधित एक स्थायी और 24×7 यात्री सहायता नियंत्रण कक्ष- पीएसीआर का संचालन शुरू कर दिया है। नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने बताया कि पीएसीआर एक एकीकृत केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है, जिसके माध्यम से उड़ान भवन में नागर विमानन मंत्रालय, नागर विमानन महानिदेशालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, एयरलाइन संचालक और अन्य प्रमुख हितधारकों के अधिकारी एक ही मंच पर एक साथ आते हैं। श्री सिन्हा ने बताया कि 3 दिसम्बस से अब तक पीएसीआर में केंद्रित निगरानी और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से 13 हजार से अधिक यात्रियों की शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि उड़ान में देरी, रद्द होने, धनवापसी और सामान संबंधी समस्याओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता दी गई और यात्री चार्टर के प्रावधानों के अनुसार उनका समाधान किया गया।
4 उत्तर प्रदेश सरकार ने पार्वती-अरगा पक्षी अभ्यारण्य को पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया

उत्तर प्रदेश सरकार ने पार्वती-अरगा पक्षी अभ्यारण्य को पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस पहल का उद्देश्य पक्षी अभ्यारण्य को पर्यावरण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार इसकी जैव विविधता को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि एक सौ 84 हेक्टेयर में फैले इस अभ्यारण्य में मध्य एशिया और तिब्बत से प्रवासी पक्षी आते हैं।
5 IIT पटना ने रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए सुपरकंप्यूटर लॉन्च किया

IIT पटना ने बिहार के पहले ‘परम रुद्र’ सुपरकंप्यूटर का उद्घाटन किया है। यह राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन (NSM) के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे क्षेत्र में अनुसंधान क्षमताएँ सुदृढ़ होंगी और छात्र, शिक्षक तथा शोधकर्ता जटिल वैज्ञानिक एवं तकनीकी चुनौतियों से निपट सकेंगे। इस मिशन के तहत अब तक 37 सुपरकंप्यूटर लगाए जा चुके हैं, जिनकी कुल क्षमता 40 पेटाफ्लॉप्स है। आगामी चरण में 10 और प्रणालियाँ स्थापित की जाएंगी जिससे भारत की कुल क्षमता 100 पेटाफ्लॉप्स से अधिक हो जाएगी। परम रुद्र बिहार में किसी भी शैक्षणिक संस्थान या सरकारी कार्यालय में स्थापित पहला सुपरकंप्यूटर है। इसका औपचारिक उद्घाटन अमितेश कुमार सिन्हा, अतिरिक्त सचिव, MeitY (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय) द्वारा किया गया। यह प्रणाली विशाल डेटा प्रोसेसिंग, जटिल सिमुलेशन और उन्नत मॉडलिंग की सुविधा देती है, जो सीमित कंप्यूटिंग संसाधनों के कारण पहले कठिन थी।

जोहो समर्थित भारतीय स्टार्टअप VoxelGrids ने भारत का पहला स्वदेशी एमआरआई (मैग्नेटिक रेज़ोनेंस इमेजिंग) स्कैनर विकसित किया है। यह उपलब्धि भारत की आयातित डायग्नोस्टिक उपकरणों पर निर्भरता को कम करती है और देश के स्वास्थ्य अवसंरचना को सशक्त बनाती है। VoxelGrids ने सफलतापूर्वक 1.5 टेस्ला एमआरआई स्कैनर डिज़ाइन और निर्मित किया है। यह स्कैनर नागपुर के पास चंद्रपुर कैंसर केयर फाउंडेशन में स्थापित किया गया है। यह परियोजना VoxelGrids के संस्थापक अर्जुन अरुणाचलम के नेतृत्व में 12 वर्षों के सतत प्रयास का परिणाम है। अब तक भारत एमआरआई मशीनों के लिए लगभग पूरी तरह Siemens और GE Healthcare जैसी विदेशी कंपनियों पर निर्भर था।
7 प्रल्हाद जोशी उपभोक्ता मामलों के माननीय मंत्री ने राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 2025 के अवसर पर बम निरोधक प्रणालियों पर भारतीय मानक जारी किया

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 2025 के अवसर पर, उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री माननीय श्री प्रल्हाद जोशी ने आईएस 19445:2025 – बम निरोधक प्रणाली – प्रदर्शन मूल्यांकन और आवश्यकताएं जारी की। यह बम निरोधक अभियानों में सुरक्षा और मानकीकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से बनाया गया एक भारतीय मानक है। बम निरोधक प्रणालियां जैसे बम ब्लैंकेट, बम बास्केट और बम निरोधक विस्फोटक खतरों को कम करने के लिए आमतौर पर उपयोग की जाती हैं। हालांकि भारत में कई सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की संस्थाएं इन प्रणालियों का निर्माण करती हैं, लेकिन इनके क्षेत्र में सुरक्षित और प्रभावी उपयोग के लिए कठोर और मानकीकृत प्रदर्शन मूल्यांकन की आवश्यकता होती है।
8 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नौसैनिक पनडुब्बी पर की ऐतिहासिक यात्रा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार को भारतीय नौसेना की स्वदेशी रूप से निर्मित कलवरी श्रेणी की पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर पर सवार हुईं। भारत की सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार को कर्नाटक के कारवार नौसैनिक अड्डे पर पहुंची थीं। राष्ट्रपति मुर्मु की यह यात्रा भारतीय नौसेना की क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के रक्षा निर्माण कार्यक्रम का सशक्त प्रतीक मानी जा रही है। इस विशेष अभियान में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भी मौजूद रहे। यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का कलवरी क्लास की पनडुब्बी पर यह पहला दौरा था। भारतीय इतिहास में ऐसा करने वाली वह दूसरी राष्ट्रपति हैं। उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने एक पनडुब्बी पर सॉर्टी की थी। आईएनएस वाघशीर, प्रोजेक्ट 75 के तहत निर्मित, अत्याधुनिक सेंसर, हथियारों और ध्वनि-रहित संचालन क्षमता से लैस है, जो इसे हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री शक्ति का एक महत्वपूर्ण साधन बनाता है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बीते दिनों भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान ‘राफेल’ में उड़ान भरी थी। राष्ट्रपति मुर्मु 29 अक्टूबर को हरियाणा के अंबाला स्थित वायु सेना स्टेशन पर पहुंची थी। यहां उन्होंने वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान ‘राफेल’ में सॉर्टी यानी उड़ान भरी। इससे पहले नवंबर 2024 में, राष्ट्रपति ने स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर भारतीय नौसेना द्वारा किए गए एक परिचालन प्रदर्शन को देखा था।
9 बीसीसीआई ने अंडर-19 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आगामी आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह विश्व कप जिम्बाब्वे और नामीबिया में अगले साल 15 जनवरी से 6 फरवरी तक खेला जाएगा। टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे करेंगे जबकि विहान मल्होत्रा उप-कप्तान होंगे। वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज और अभिज्ञान कुंडू भी टीम का हिस्सा हैं। पांच बार की चैंपियन भारत को ग्रुप बी में बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और अमरीका के साथ रखा गया है। भारत 15 जनवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में अमरीका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
10 सूर्या करिश्मा तामिरी ने विजयवाड़ा में 87वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला सिंगल्स का खिताब जीता

विजयवाड़ा में 87वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में सूर्या करिश्मा तामिरी ने महिला सिंग्ल्स का खिताब जीत लिया। सूर्या करिश्मा ने फाइनल में तन्वी पात्री को हराया। महिला डब्ल्स में शिखा गौतम और अश्विनी भट के ने प्रिया देवी कोंजेंगबन और श्रुति मिश्रा को खिताबी मुकाबले में हराया। उधर, पुरुष सिंग्ल्स में, ऋत्विक संजीव एस ने भरत राघव को हराकर खिताब जीता। हरिहरन और रुबन कुमार की जोड़ी ने मिथिलेश कृष्णन और प्रेजन को हराकर पुरुष डब्ल्स का खिताब अपने नाम किया। वहीं, मिक्स्ड डब्ल्स के फाइनल में सत्विक रेड्डी के और राधिका शर्मा ने आशीष सूर्या और अमृता पी को हराकर खिताब जीता।
11 न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी डग ब्रैसवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हर प्रारूप से सन्यास की घोषणा की

न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी डग ब्रैसवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हर प्रारूप से सन्यास की घोषणा की है। 35 वर्षीय ऑलराउंडर डग ने न्यूजीलैंड के लिए 28 टेस्ट मैच, 21 वनडे और 20 टी-20 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 120 विकेट लिए और 915 रन बनाए। 12 साल के अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान, ब्रैसवेल ने वर्ष 2011 में होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड की टेस्ट जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड को 7 रन से ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभायी।
12 इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ह्यू मॉरिस का 62 वर्ष की उम्र में निधन

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ह्यू मॉरिस का 62 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे जनवरी 2022 से आंतों के कैंसर हो गया था। मॉरिस एक कुशल सलामी बल्लेबाज थे, जिन्होंने 1991 में तीन टेस्ट मैच जीते और दक्षिण अफ्रीका, वेस्ट इंडीज और श्रीलंका के दौरों पर इंग्लैंड ए. टीम की कप्तानी भी की। मॉरिस ने इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में भी कार्य किया। पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी रवि शास्त्री ने मॉरिस के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

फ्रांस की अभिनेत्री और गायिका ब्रिगिट बार्डोट का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बार्डोट को 1956 में फिल्म एंड गॉड क्रिएटेड वुमन से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हुई थी। 1970 के दशक के शुरू में उन्होंने अभिनय से संन्यास ले लिया और राजनीति में सक्रिय हो गईं तथा पशु अधिकारों की मुखर समर्थक बन गईं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने बार्डोट को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्र और सर्वव्यापी प्रतिभा से परिपूर्ण जीवन व्यतीत किया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि फ्रांस सदी की एक महान हस्ती के निधन पर शोक मना रहा है।