1 केरलम ने देश का पहला AI पोर्टफोलियो बनाने की घोषणा की

20 मई को केरलम सरकार ने ‘AI फॉर गवर्नेंस‘ के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI पोर्टफोलियो बनाने की घोषणा की है। ये भारत का पहला AI गवर्नेंस इनिशिएटिव होगा। सरकार ने ‘इंडिया AI मिशन‘ और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MEITy) के तहत राज्य में दो AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (AI-CoEs) बनाने की घोषणा की। राज्य के उद्योग मंत्री पी. के. कुन्हालीकुट्टी को भारत के पहले AI इनिशिएटिव का कार्यभार सौंपा गया है। पहला AI सेंटर ‘बायो-AI’ पर फोकस करेगा। केरल स्टार्टअप मिशन इसे कोच्चि के डिजिटल हब में स्थापित करेगा। दूसरा AI सेंटर जनरल-पर्पज AI सेंटर डिजिटल यूनिवर्सिटी तिरुवनंतपुरम में काम करेगा। दोनों प्रोजेक्ट्स को इंडिया AI मिशन के ‘स्टार्टअप फाइनेंसिंग पिलर’ के तहत मंजूरी मिली है। हर सेंटर के लिए 20 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। बायो-AI सेंटर ‘नेचर मीट्स कंप्यूट’ थीम पर काम करेगा। इसमें केरल की जैव विविधता, आयुर्वेदिक ज्ञान और जीनोमिक्स रिसर्च को AI टेक्नोलॉजी से जोड़ा जाएगा। AI टूल्स के जरिए 40 हजार से ज्यादा मसाला किसानों की मदद करने और उनकी आय 20% तक बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच दिवसीय यात्रा से भारत को करीब 40 अरब डॉलर के नए निवेश की प्रतिबद्धताएं हासिल हुई हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर, लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और एआई जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली 50 से अधिक बहुराष्ट्रीय कंपनियों के CEOs और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इन कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्य 2.7 से 3 ट्रिलियन डॉलर के बीच है। यात्रा की उपलब्धियां
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा में UAE, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली शामिल थे।
– संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भारत में 5 अरब डॉलर के नए निवेश की घोषणा की।
– नीदरलैंड के साथ व्यापार, रक्षा, सेमीकंडक्टर, AI और ग्रीन हाइड्रोजन पर रणनीतिक साझेदारी रोडमैप जारी किया गया।
– स्वीडन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति।
– नॉर्वे में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भागीदारी।
– इटली के साथ संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उठाया गया।
3 नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्र को समर्पित किया उम्मीद नेटवर्क

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में उम्मीद (Unique Methods of Management of Inherited Disorders – UMMID) नेटवर्क राष्ट्र को समर्पित किया। ये आनुवंशिक विकारों के प्रबंधन की अनूठी विधियां है। उम्मीद आनुवंशिक विकारों से निपटने के लिए जैव प्रौद्योगिकी विभाग के नेतृत्व में शुरू की गई एक राष्ट्रीय पहल है। यह पहल निदान, परामर्श, रोकथाम, प्रशिक्षण और जन स्वास्थ्य जागरूकता को समाहित करते हुए एकीकृत दृष्टिकोण के माध्यम से आनुवंशिक विकारों से निपटने का भारत का पहला व्यापक राष्ट्रीय प्रयास है।
4 भारत और UAE का द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर पहुंचा

20 मई को भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया। UAE अब भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बन गया है। भारत और UAE ने 2032 तक 200 अरब डॉलर का व्यापार लक्ष्य रखा है। भारत में UAE के राजदूत अब्दुलनासेर अल्सहाली ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी। दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (CEPA) भी लागू हुआ। भारत और UAE के बीच नॉन ऑइल ट्रेड यानी तेल के अलावा भी व्यापार में भारी बढ़त आई है। भारत UAE से पेट्रोलियम, सोना और कीमती रत्न आयात करता है।
5 लद्दाख ने पर्यटन क्षेत्र को इंडस्ट्री का दर्जा दिया

21 मई को लद्दाख सरकार ने लद्दाख हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को इंडस्ट्री का दर्जा देने का ऐलान किया। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पर्यटन विभाग के साथ रजिस्टर्ड होटलों और गेस्ट हाउसों को ‘उद्योग’ का दर्जा देने की मंजूरी दी। ये आदेश 1 जून, 2026 से पूरे केंद्र शासित प्रदेश में आधिकारिक रूप से प्रभावी होगा। इस फैसले से लद्दाख के 1,257 रजिस्टर्ड होटल और गेस्ट हाउस को सीधा फायदा मिलेगा। इसमें से लेह में 1,078 और कारगिल में 179 होटल और गेस्ट हाउस हैं। इंडस्ट्रियल सेक्टर होने के बाद होटल और गेस्ट हाउस मालिकों को इंडस्ट्रियल रेट्स पर बिजली और पानी की सुविधा मिल सकेगी। इंडस्ट्रियल सेक्टर में आने से इस सेक्टर से जुड़े बिजनेस को अब इंडस्ट्रियल सब्सिडी और टैक्स में फायदा मिलेगा। लद्दाख के टूरिज्म एंड कल्चर डिपार्टमेंट को इस योजना के कार्यान्वयन के लिए नोडल विभाग नॉमिनेट किया गया है। लद्दाख 31 अक्टूबर 2019 को भारत का केंद्र शासित प्रदेश बना। शुरुआत में इसमें केवल 2 जिले, लेह और कारगिल थे। 27 अप्रैल को 5 नए जिले जंस्कार, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग बनाए गए। लद्दाख के इंडस्ट्रियल सेक्टर में आने से होमस्टे और छोटे पर्यटन का विस्तार करना आसान होगा। बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए अब बैंकों से लोन लेना आसान होगा।
6 विदेशी धरती पर पहुंचा भारत के सुगंधित और हेल्दी अनाजों की सुगंध

पीएम मोदी गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात, इटली, नीदरलैंड, स्वीडन, और नॉर्वे की पांच देशों की यात्रा कर स्वदेश लौट आए है। पीएम मोदी ने अपनी पांच देशों की यात्रा के दौरान कई रणनीतिक और द्विपक्षीय मसलों पर वार्ता की। पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के खाद्य व कृषि संगठन (एफएओ) के महानिदेशक क्यू डोंग्यू को भारत के प्रसिद्ध चावल की विभिन्न किस्मों के सैंपल भी भेंट किए। इनमें केरल का पलक्कड़ रेड राइस, पश्चिम बंगाल का गोविंदभोग चावल, इंडो-गंगेटिक क्षेत्र का बासमती चावल, असम का जोहा राइस और उत्तर प्रदेश का कालानमक चावल शामिल है। इन सभी किस्मों की अपनी विशेष सुगंध, स्वाद और पोषण संबंधी खूबियां हैं। कालानमक चावल को “बुद्धा राइस” भी कहा जाता है, जबकि बासमती को “क्वीन ऑफ फ्रेगरेंस” के नाम से जाना जाता है। इसके अलावा पीएम मोदी ने एफएओ महानिदेशक को हेल्दी मिलेट बार्स भी भेंट किए। भारत में उगाए जाने वाले ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज पोषण, फाइबर और प्रोटीन से भरपूर माने जाते हैं।
वहीं, पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को विशेष गिफ्ट भी दिए। पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री को मूगा सिल्क स्टोल और शिरुई लिली सिल्क स्टोल भेंट की है। मूगा सिल्क असम के ‘गोल्डन सिल्क’ के नाम से प्रसिद्ध है, जो पूर्वोत्तर भारत की ब्रह्मपुत्र घाटी का एक दुर्लभ और प्रतिष्ठित वस्त्र है। शिरुई लिली सिल्क स्टोल मणिपुर में स्थित शिरुई काशोंग पर्वत की धुंध भरी पहाड़ियों से प्रेरित है। शिरुई लिली एक घंटी के आकार का फूल है जिसकी पंखुड़ियां हल्के गुलाबी-सफेद रंग की होती हैं और जो दुनिया में कहीं और नहीं खिलता। वहीं पीएम मोदी ने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला को आगरा की प्रसिद्ध पच्चीकारी कला से बना मार्बल इनले वर्क बॉक्स के साथ-साथ पंडित भीमसेन जोशी एवं एमएस सुब्बुलक्ष्मी की सीडी भेंट की।
पीएम मोदी ने स्वीडन के पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की रचनाओं का संसार ‘वर्ड्स ऑफ मास्टर’ भेंट किया। गुरुदेव 20वीं सदी के सबसे प्रभावशाली साहित्यिक और दार्शनिक व्यक्तित्वों में से एक थे। वर्ष 1913 में उन्हें उनकी कृति ‘गीतांजलि’ के लिए साहित्य का नोबेल पुरस्कार मिला और वे यह सम्मान पाने वाले पहले गैर-यूरोपीय थे। इसके साथ ही भारत के प्रधानमंत्री ने अपने स्वीडिश समकक्ष को पश्चिम बंगाल की माटी में रचा बसा हैंडमेड शांतिनिकेतन मैसेंजर बैग भी गिफ्ट किया। शांतिनिकेतन का लेदर आर्ट आज भी कला पारखियों के नजरों में खास जगह रखता है। यह एक ज्योग्रिफिकल इंडिकेशन (जीआई) संरक्षित शिल्प है, जो बीरभूम जिले के सैकड़ों कारीगरों को आजीविका प्रदान करता है।
7 रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दक्षिण कोरिया में भारतीय समर स्मारक का उद्घाटन किया

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और दक्षिण कोरिया के देशभक्त और वयोवृद्ध मामलों के मंत्री क्वोन ओह-यूल ने सियोल के इमुनगक पार्क में भारतीय समर स्मारक का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। कोरिया युद्ध के 75 वर्ष को दर्शाने के लिए निर्मित स्मारक युद्ध के दौरान भारतीय सेना की 60 पैरा फील्ड एम्बुलेंस और कस्टोडियन फोर्स ऑफ इंडिया द्वारा प्रदर्शित किए गए साहस, बलिदान और मानवीय सेवा के प्रति एक श्रद्धांजलि है। यह स्मारक कोरियाई युद्ध के दौरान भारतीय सेना की 60 पैरा फील्ड एम्बुलेंस और कस्टोडियन फोर्स ऑफ इंडिया (सीएफआई) की वीरता और मानवीय योगदान की याद में बनाया गया है। कोरियाई युद्ध के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) ए.जी. रंगराज के नेतृत्व में 60 पैरा फील्ड एम्बुलेंस ने भीषण संघर्ष के बीच हजारों घायल सैनिकों और नागरिकों का उपचार किया था। उनकी असाधारण सेवा और मानवीय दृष्टिकोण के कारण उन्हें ‘मरून एंजल्स’ कहा गया। भारतीय युद्ध स्मारक उसी क्षेत्र में स्थापित किया गया है जहां 1954 में सीएफआई ने ‘हिंद नगर’ की स्थापना की थी। यहां लगभग 22 हजार युद्धबंदियों को शांतिपूर्ण प्रत्यावर्तन तक रखा गया था। इस परियोजना को भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के वित्तीय सहयोग से विकसित किया गया है।

चौथा भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन अफ्रीका के कुछ हिस्सों में बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए स्थगित कर दिया गया है। यह सम्मेलन 28 से 31 मई तक नई दिल्ली में होना था। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत, अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के बीच परामर्श के बाद यह फैसला लिया गया। शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों की नई तारीखें आपसी परामर्श से तय की जाएंगी और उचित समय पर सूचित की जाएंगी। भारत ने अफ्रीका के लोगों और सरकारों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की है, और अफ्रीका-सीडीसी के नेतृत्व में बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के प्रयासों में योगदान देने की अपनी तत्परता भी दोहराई है।
9 भारतीय नौसेना के नेक्स्ट जेनरेशन युद्धपोत ‘संघमित्रा’ का लॉन्च

भारतीय नौसेना के लिए तैयार किए जा रहे नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल ‘संघमित्रा’ का बुधवार को Garden Reach Shipbuilders & Engineers (जीआरएसई), कोलकाता में भव्य समारोह के दौरान लॉन्च किया गया। यार्ड 3039 नामक इस युद्धपोत का लॉन्च सरिता वात्सायन ने किया। इस अवसर पर नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वात्सायन समेत रक्षा मंत्रालय, भारतीय नौसेना और जीआरएसई के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भारतीय नौसेना के लिए कुल 11 नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल का निर्माण किया जा रहा है। इन जहाजों का निर्माण दो शिपयार्ड, गोवा शिपयार्ड लिमिटेड, गोवा और जीआरएसई, कोलकाता में एक साथ किया जा रहा है। स्वदेशी तकनीक से डिजाइन और निर्मित ये युद्धपोत समुद्री निगरानी, खोज एवं बचाव अभियान, अपतटीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा, मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियान और समुद्री डकैती रोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस पोत का नाम ‘संघमित्रा’ सम्राट अशोक की पुत्री के नाम पर रखा गया है। जहाज के प्रतीक चिन्ह में सप्तऋषि तारामंडल और लाल-सफेद रंग के प्रकाश स्तंभ को दर्शाया गया है।

तीन भारतीयों सहित 274 पर्वतारोहियों ने नेपाल की ओर से माउंट एवरेस्ट पर एक दिन में सबसे अधिक चढ़ाई करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। कीर्तिमान बनाने वाली टीम में शामिल तीन भारतीय पर्वतारोही तुलसी रेड्डी पालपुनूरी, संदीप अरे और अजय पाल सिंह धालीवाल हैं। सभी 274 पर्वतारोही बुधवार को 8,848.86 मीटर की चोटी पर पहुंच गए। नेपाल में अभियान संचालक संघ के महासचिव ऋषि राम भंडारी ने बताया कि 150 नेपाली शेरपाओं सहित ये पर्वतारोही एक ही दिन में शिखर पर पहुंच गए। नेपाल के कामी रीता शेरपा ने भी एक नया कीर्तिमान बनाया हैं, उन्होंने 32वीं बार माउंट एवरेस्ट के शिखर पर चढ़कर अपना ही कीर्तिमान तोड़ दिया है। वहीं, नेपाल की ल्हाकपा शेरपा रिकॉर्ड 11वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली पहली महिला बनीं। इससे पहले, मई 2019 में, नेपाल की तरफ से एक ही दिन में 223 पर्वतारोही शिखर पर पहुंचे थे।
11 साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने मुंबई में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का दौरा किया

साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने मुंबई में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का दौरा किया और पारंपरिक घंटी बजाने की रस्म में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साइप्रस भारत, यूरोप और पूर्वी भूमध्य सागर के बड़े हिस्से तथा मध्य पूर्व के बीच एक स्वाभाविक प्रवेश द्वार है। इस अवसर पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के अध्यक्ष श्रीनिवास इंजेती, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीषकुमार चौहान तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इसके बाद साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स दिल्ली के लिए रवाना हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स से वार्ता करेंगे।

हॉकी इंडिया ने गुरुवार को जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून तक होने वाले आगामी पुरुष अंडर-18 एशिया कप के लिए 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। केतन कुशवाहा को इस टूर्नामेंट के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) भोपाल के उद्धव दास मेहता सेंट्रल सेंटर में सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा की कोचिंग स्टाफ की देखरेख में एक कड़े नेशनल कोचिंग कैंप के बाद किया गया। टूर्नामेंट के फॉर्मेट में भारत को पूल ए में दक्षिण कोरिया, मेजबान जापान, चीनी ताइपे और कजाकिस्तान के साथ रखा गया है।
13 अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस

हर साल 21 मई को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस (International Tea Day) दुनिया भर में चाय की संस्कृति, किसानों की मेहनत और इस ड्रिंक के सामाजिक-आर्थिक महत्व को सम्मान देने का दिन है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम है – चाय की उपयोगिता को बनाए रखना, समुदायों का समर्थन करना।
14 अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस

जैव विविधता के महत्व को रेखांकित करने तथा इसके संरक्षण के प्रति वैश्विक जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 22 मई को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया जाता है। इस दिवस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी। प्रारंभ में इसे 29 दिसंबर को मनाया जाता था, पर बाद में वर्ष 2000 में जैव विविधता अभिसमय (Convention on Biological Diversity) को अपनाए जाने की ऐतिहासिक तिथि 22 मई 1992 के सम्मान में इसकी तिथि परिवर्तित कर दी गई।

20 मई को केरलम के सीनियर जर्नलिस्ट के.जी. परमेश्वरन नायर का निधन हो गया। वे 94 साल के थे। नायर 35 सालों तक ‘केरल कौमुदी‘ दैनिक समाचार पत्र से जुड़े रहे। केरल कौमुदी में शामिल होने से पहले नायर ने कौमुदी वीकली के साथ करियर शुरू किया था। नायर को केरलम विधानसभा की बेहतरीन रिपोर्टिंग और राजनीतिक पत्रकारिता के लिए जाना जाता था। नायर तिरुवनंतपुरम प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी रहे और पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए 13 प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित हुए। नायर को स्वदेशाभिमानी रामकृष्ण पिल्लई अवार्ड और सर्वश्रेष्ठ विधायी रिपोर्टिंग के लिए जी. कार्तिकेयन मेमोरियल अवार्ड से सम्मानित किया गया था। नायर को ये दो प्रमुख पुरस्कार भारत के पूर्व राष्ट्रपतियों डॉ. के.आर. नारायणन और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने व्यक्तिगत रूप से दिए थे।