1 खेलो इंडिया गेम्स के शीतकालीन सत्र का पहला चरण लद्दाख के लेह में शुरू

खेलो इंडिया गेम्स के शीतकालीन सत्र का पहला चरण 20 जनवरी से लद्दाख के लेह में शुरू हो रहा है। इस संस्करण में कोच और तकनीकी सहायकों समेत 1000 से अधिक पुरुष और महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। फिगर स्केटिंग जैसी ओलिंपिक स्पर्धा को शामिल करना इस वर्ष का मुख्य आकर्षण है। इस बार आइस स्केटिंग और हॉकी में 472 एथलीट हिस्सा लेंगे। खेलों इंडिया गेम्स के बारे में खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि खेलो इंडिया शीतकालीन खेल, खिलाड़ियों को इस शीतकालीन सत्र में प्रतिस्पर्धा करने करने का अवसर प्रदान करेंगे।
2 अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गज़ा में स्थायी शांति के लिए शांति बोर्ड में शामिल होने का निमंत्रण दिया

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को “शांति बोर्ड” का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है। यह बोर्ड ग़ज़ा में स्थायी शांति लाने की दिशा में काम करेगा। डॉनल्ड ट्रंप ने इस संबंध में प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र भेजा है, जिसे भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर साझा किया। प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में लिखा गया है कि 29 सितंबर 2025 को गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक योजना की घोषणा की गई थी। यह 20-सूत्रीय रोडमैप है, जिसे अरब दुनिया, इजराइल और यूरोप सहित कई देशों के प्रमुख नेताओं ने तत्काल स्वीकार किया। पत्र में कहा गया है कि इस योजना को आगे बढ़ाते हुए 17 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भारी बहुमत से प्रस्ताव 2803 पारित किया, जिसमें इस दृष्टि का स्वागत और समर्थन किया गया।
3 INS सुदर्शनी 10 महीने के समुद्री अभियान ‘लोकायन-26’ पर रवाना होगा, “एस्केल आ सेट” और ‘सेल 250’ में लेगा भाग

भारतीय नौसेना का जहाज, आईएनएस सुदर्शनी, 10 महीने के समुद्री अभियान ‘लोकायन-26’ पर रवाना होगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह जहाज 22 हजार समुद्री मील से अधिक की दूरी तय करेगा और इस दौरान 13 देशों के 18 विदेशी बंदरगाहों का दौरा करेगा। यह फ्रांस में आयोजित होने वाले “एस्केल आ सेट” और अमरीका के न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले ‘सेल 250’ में भाग लेगा। भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के दो सौ से अधिक प्रशिक्षु गहन नौकायन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। जिससे उन्हें लंबी दूरी के समुद्री नेविगेशन और पारंपरिक समुद्री कौशल का अनुभव प्राप्त होगा। यह नौसेना जहाज आगंतुक देशों की नौसेनाओं के साथ प्रशिक्षण संबंधी बातचीत और समुद्री साझेदारी कार्यक्रमों में भी भाग लेगा। इससे समुद्री सहयोग मजबूत होगा और महासागर के अनुसार, क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति को बढ़ावा मिलेगा।
4 अजंता-एलोरा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का प्रतिष्ठित पद्मपानी पुरस्कार संगीतकार इलैयाराजा को दिया जाएगा

अजंता-एलोरा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का प्रतिष्ठित पद्मपानी पुरस्कार इस वर्ष दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा को भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए दिया जाएगा। पुरस्कार में पद्मपानी स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और 2 लाख रुपये की नकद राशि शामिल है। 11वां अजंता-एलोरा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 28 जनवरी से 1 फरवरी तक महात्मा गांधी मिशन, छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित किया जाएगा। अजंता-एलोरा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज और सांस्कृतिक विकास निगम द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया जा रहा है।
5 सी-डॉट को सेल ब्रॉडकास्ट सॉल्यूशन के लिए स्कोच पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया

टेलीमैटिक्स विकास केंद्र-सी-डॉट को उसके सेल ब्रॉडकास्ट सॉल्यूशन के लिए स्कोच पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया है। संचार मंत्रालय ने बताया कि यह पुरस्कार 104वें स्कोच शिखर सम्मेलन में प्रदान किया गया। सम्मेलन का विषय संसाधन विकसित भारत था। सी-डॉट का सेल ब्रॉडकास्ट सॉल्यूशन एक आपदा और आपातकालीन मंच है। यह आपदा चेतावनी जारी करने वाली एजेंसियों को एक एकीकृत मंच पर लाता है, जिनमें मौसम के लिए मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शामिल हैं। स्कोच पुरस्कार शासन और विकास में सुधार के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, परियोजनाओं और संस्थानों को दिया जाता है। सी-डॉट दूरसंचार प्रौद्योगिकी के लिए दूरसंचार विभाग के अंतर्गत में एक अनुसंधान और विकास केंद्र है।
6 जेम और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

सरकारी ई-मार्केटप्लेस-जेम और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य सार्वजनिक खरीद में सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम की भागीदारी बढ़ाने और व्यापक पहुंच सुनिश्चित करना है। यह साझेदारी स्टार्टअप, महिला उद्यमियों और लघु उद्यमों के लिए समावेशी पहुंच को बढ़ावा देगी। इसके साथ ही जेम की वैश्विक उपस्थिति भी बढ़ाएगी। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्थिरता और हरित खरीद जैसे क्षेत्रों में क्षमता निर्माण, आपूर्तिकर्ता संपर्क और जानकारी साझा करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। जेम के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मुख्य वित्तीय अधिकारी, सत्य नारायण मीना ने कहा कि यह सहयोग जेम को वैश्विक स्तर पर मानकीकृत डिजिटल खरीद मंच बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जेम पोर्टल पर एक करोड़ से अधिक पंजीकृत उपयोगकर्ताओं के साथ, व्यापक पहुंच और बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
7 नैरोबी में ‘ब्रांड इंडिया’ की गूंज, भारतीय रक्षा कंपनियों का भव्य शक्ति प्रदर्शन

‘ब्रांड इंडिया’ योजना के तहत भारतीय डिफेंस कंपनियां केन्या में हथियार व रक्षा उपकरण प्रदर्शित कर रही हैं। रक्षा क्षेत्र से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की 20 भारतीय रक्षा कंपनियां शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय के उत्पादन सचिव के नेतृत्व में ये कंपनियां केन्या पहुंची हैं। यहां भारतीय रक्षा उत्पादों और सेवाओं की व्यापक श्रृंखला का प्रदर्शन किया जा रहा है। दरअसल ‘ब्रांड इंडिया’ योजना के तहत रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार के नेतृत्व में एक चार सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार, 19 जनवरी से केन्या की आधिकारिक यात्रा शुरू की है। यह प्रतिनिधिमंडल 21 जनवरी तक केन्या में रहेगा। केन्या में भारत के उच्चायुक्त डॉ. आदर्श स्वैका भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार भारतीय घरेलू रक्षा उत्पाद, जो 2014 में मात्र 46,425 करोड़ रुपए था, वहीं आज यह बढ़कर रिकॉर्ड 1.5 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। बड़ी बात यह है कि इसमें से 33,000 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान प्राइवेट सेक्टर से आया है।
8 100 से अधिक भारतीय मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सरकारी प्रतिनिधिमंडल दावोस में शुरू होने वाले विश्व आर्थिक मंच में भाग लेंगे

विश्व आर्थिक मंच का 56वां वार्षिक सम्मेलन स्विट्जरलैंड के दावोस में शुरु होगा। इसमें 3 हजार से अधिक वैश्विक नेता शामिल होंगे। पांच दिन के इस सम्मेलन में 100 से अधिक भारतीय सीईओ और सरकारी प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे। इसमें अश्विनी वैष्णव, प्रल्हाद जोशी और के राममोहन नायडू सहित वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम और झारखंड के मुख्यमंत्री निवेशकों के लिए अपने-अपने राज्यों में व्यवसाय की संभावनाओं का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्य सरकारों के पवेलियन भी वहां मौजूद हैं।
9 पहला मानवयुक्त चंद्र फ्लाईबाई मिशन आर्टेमिस-II केप कैनावेरल पहुँचा, प्रक्षेपण 6 फरवरी को

नासा का विशाल रॉकेट ‘आर्टेमिस II’ मिशन के लिए फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्थित लॉन्च पैड पर पहुंच गया है। आर्टेमिस मिशन नासा का चंद्रमा पर मानव वापसी का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इस मिशन का 6 फरवरी को प्रक्षेपण होगा। इसके बाद फरवरी, मार्च और अप्रैल में भी इसके प्रक्षेपण के अवसर होंगे। आर्टेमिस द्वितीय पहला मानवयुक्त चंद्र फ्लाईबाई मिशन है। इसे नासा के ओरियन अंतरिक्ष यान और एसएलएस रॉकेट का परीक्षण करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। नासा के रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच तथा कनाडा की अंतरिक्ष एजेंसी के अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन सहित चालक दल चंद्रमा के चारों ओर 10 दिन की यात्रा पर निकलेगा। यह दिसंबर 1972 में अपोलो-17 के चंद्रमा पर उतरने के बाद पहला मानवयुक्त चंद्र फ्लाईबाई होगा। आर्टेमिस-3 का भी प्रक्षेपण अगले वर्ष के लिए निर्धारित है।
10 एसबीआई की रिपोर्ट के अनुसार 2030 तक भारत उच्च-मध्यम आय वाला देश होगा

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार 2030 तक भारत में प्रति व्यक्ति आय 4 हजार डॉलर हो जाएगी, जिससे भारत उच्च-मध्यम आय वाला देश बन जाएगा। जारी रिपोर्ट के अनुसार विश्व बैंक के मौजूदा वर्गीकरण में भारत को चीन और इंडोनेशिया के साथ रखा जाएगा। स्वतंत्रता के बाद भारत को दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने में 60 साल लगे, लेकिन 2014 तक भारतीय अर्थव्यवस्था मात्र सात वर्षों में 20 खरब डॉलर और अगले सात वर्षों में 2021 तक 30 खरब डॉलर तक पहुंच गई। 2025 में भारत की अर्थव्यवस्था मात्र चार वर्षों में 40 खरब डॉलर का आंकड़ा पार कर गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत अगले दो वर्षों के भीतर 50 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल कर लेगा। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि स्वतंत्रता के 62 वर्ष बाद 2009 में प्रति व्यक्ति आय एक हजार डॉलर थी, जो 2019 में दोगुनी होकर दो हजार डॉलर हो गई। 2026 तक इसके तीन हजार डॉलर को पार करने की उम्मीद है।
11 IMF ने भारत की 2025 की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 0.7 अंक से बढ़ाकर 7.3 प्रतिशत किया

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ ने वर्ष 2025 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 0.7 अंक बढ़ाकर 7.3% कर दिया है। विश्व आर्थिक आउटलुक अपडेट में आईएमएफ ने कहा कि यह वृद्धि इस वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में मजबूत गति को दर्शाती है। आईएमएफ ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि 6.4% का अनुमान व्यक्त किया है। आईएमएफ ने कहा है कि अपेक्षित मंदी के बावजूद, भारत उभरते बाजारों और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में वृद्धि का एक प्रमुख चालक बना हुआ है। खाद्य पदार्थों की कीमतों में नरमी के कारण भारत में मुद्रास्फीति 2025 में उल्लेखनीय गिरावट के बाद लक्ष्य स्तर के करीब वापस आने की उम्मीद है। इससे घरेलू मांग को अतिरिक्त समर्थन मिलेगा।
12 विदर्भ बनी विजय हजारे ट्रॉफी की नई चैंपियन, पहली बार जीता खिताब

विदर्भ विजय हजारे ट्रॉफी की नई चैंपियन बन गई है। विदर्भ ने पहली बार ये टूर्नामेंट जीता है। रविवार को बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में खेले गए फाइनल मुकाबले में विदर्भ ने सौराष्ट्र को 38 रन से हराया। जीत के लिए सौराष्ट्र को 318 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम 48.5 ओवर में 279 पर सिमट गई। सौराष्ट्र तीसरी बार खिताब जीतने का मौका चूक गई। पूर्व में टीम 2007-2008 और 2022-23 में खिताब जीत चुकी है।
13 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा की स्वतंत्रता सेनानी पारबती गिरि को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिसा की स्वतंत्रता सेनानी पारबती गिरि को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने औपनिवेशिक शासन को समाप्त करने के आंदोलन में सराहनीय भूमिका निभाई। “पश्चिमी ओडिशा की मदर टेरेसा” के नाम से प्रसिद्ध, पार्वती गिरी का जन्म 19 जनवरी 1926 को ओडिशा के बरगढ़ ज़िले के समलाईपदार गाँव में हुआ था। उस समय ओडिशा में राष्ट्रवादी भावनाओं की लहर चल रही थी और समलाईपदार गाँव राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र था। हालाँकि पार्वती उच्च शिक्षा ग्रहण करना चाहती थीं, लेकिन उन्होंने 11 साल की उम्र में ही स्कूल छोड़ दिया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की स्थानीय सभा के साथ काम करना शुरू कर दिया। 1938 में, उन्होंने घर छोड़ दिया और स्वतंत्रता संग्राम के लिए काम करना शुरू कर दिया। उन्होंने बुनाई और हस्तशिल्प बनाने की कला और सामाजिक कार्यों के महत्व को सीखा। उन्होंने गांधीवाद को जीवन शैली के रूप में अपनाया और उनके कार्यों में यह हर जगह प्रतिबिंबित भी हुआ। 1940 में, जब सत्याग्रह शुरू हुआ, तो उन्होंने सभाओं का आयोजन करना शुरू कर दिया और गांधीजी के खादी आंदोलन में भाग लेने के लिए गाँवों में लोगों को प्रेरित किया। इसके बाद, जब भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ, तो पार्वती गिरी जो उस समय बहुत छोटी थीं, आंदोलन में अन्य नेताओं के साथ शामिल हो गईं। 1951 में जब ओडिशा में अकाल पड़ा तो उन्होंने राहत कार्य की ज़िम्मेदारी उठाई और गंभीर रूप से पीड़ित लोगों की मदद की। उन्होंने जेलों की स्थितियों में सुधार और कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए भी अथक प्रयास किए।
14 एनडीआरएफ स्थापना दिवस

हर साल 19 जनवरी को एनडीआरएफ का स्थापना दिवस मनाया जाता है। एनडीआरएफ सोमवार को अपना 21वां स्थापना दिवस मना रहा है। भारत में एनडीआरएफ की स्थापना साल 2006 में आपदा प्रबंधन अधिनियम 2006 के तहत की गई थी। इसमें कुल 16 बटालियन हैं। एक बटालियन में करीब 1200 जवान होते हैं, जो कि देश के अलग-अलग कोनों में तैनात हैं। वर्तमान में एनडीआरएफ की कमान IPS पीयूष आनंद संभाल रहे हैं, जो कि महानिदेशक के पद पर तैनात हैं।
मुख्यालय: नई दिल्ली
मोटो: आपदा सेवा सदैव सर्वत्र