गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार

0
26

1 गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वह यह दायित्व अपने वर्तमान पद के साथ निभाएंगे। यह निर्णय महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे सी. पी. राधाकृष्णन के उपराष्ट्रपति चुने जाने के कारण पद छोड़ने के पश्चात लिया गया है। गुजरात के राज्यपाल के रूप में कार्य करने से पहले आचार्य देवव्रत अगस्त 2015 से जुलाई 2019 तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे हैं। उन्होंने जुलाई 2019 से गुजरात के राज्यपाल के रूप में कार्य करना शुरू किया।

2  भारत-मॉरीशस के बीच 5660 करोड़ का समझौता

भारत और मॉरीशस के बीच रणनीतिक रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाते हुए गुरुवार को दोनों देशों ने 5660 करोड़ रुपये से अधिक के एक बड़े विकास पैकेज (Rs 5660 Crore Development Package) की घोषणा की है। ये समझौते मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम की भारत यात्रा के दौरान किए गए। यह यात्रा 9 से 16 सितंबर तक चलेगी और इसे भारत-मॉरीशस के रिश्तों में मील का पत्थर माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( PM Modi) और प्रधानमंत्री रामगुलाम (Modi Ramgoolam Agreement)के बीच वाराणसी में हुई संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय (India-Mauritius Strategic Partnership), क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। इसके बाद विज्ञान और तकनीक, समुद्र विज्ञान, ऊर्जा, अंतरिक्ष, शिक्षा, प्रशासन और जल संसाधन जैसे क्षेत्रों में कुल 7 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें सबसे अहम समझौता (India-Mauritius Economic Agreement) अंतरिक्ष सहयोग से जुड़ा रहा, जिसके तहत मॉरीशस में टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कम्युनिकेशन स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा समुद्री अनुसंधान और हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण को लेकर भी भारत ने प्रतिबद्धता जताई है।

3 राजनाथ सिंह ने मुंबई से ‘समुद्र प्रदक्षिणा’ अभियान का किया शुभारंभ

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से ‘समुद्र प्रदक्षिणा’ अभियान को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रवाना किया। यह दुनिया की पहली ऐसी नौकायन परिक्रमा है, जिसमें थलसेना, नौसेना और वायुसेना की केवल महिला अधिकारी शामिल हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह अभियान नारी शक्ति, तीनों सेनाओं की एकता, आत्मनिर्भर भारत और भारत की वैश्विक सोच का प्रतीक है। यह अभियान 9 महीने का होगा, जिसमें 10 महिला अधिकारी भारतीय सेना द्वारा निर्मित 50 फीट लंबे इंडियन आर्मी सेलिंग वेसल (IASV) त्रिवेणी पर करीब 26,000 नाॅटिकल मील की दूरी तय करेंगी। यह दल पूर्वी मार्ग से निकलेगा और भूमध्य रेखा को दो बार पार करेगा। वहीं दुनिया के तीन बड़े केप लीउविन, हॉर्न और गुड होप से गुजरेगा। साथ ही दक्षिणी महासागर तथा ड्रेक पैसेज जैसी कठिन जलधाराओं को पार करेगा। इस दौरान टीम चार अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों फ्रेमेंटल (ऑस्ट्रेलिया), लिटिलटन (न्यूजीलैंड), पोर्ट स्टैनली (कनाडा) और केपटाउन (दक्षिण अफ्रीका) पर भी रुकेगी। अभियान मई 2026 में मुंबई लौटेगा। इस 10 सदस्यीय दल का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल अनुजा वरुदकर कर रही हैं और स्क्वाड्रन लीडर श्रद्धा पी राजू मुख्य सहयोगी भूमिका में हैं। अन्य सदस्य- मेजर करमजीत कौर, मेजर ओमिता दलवी, कैप्टन प्राजक्ता पी निकम, कैप्टन दौली बुटोला, लेफ्टिनेंट कमांडर प्रियांका गुसांई, विंग कमांडर विभा सिंह, स्क्वाड्रन लीडर अरुवि जयराम और स्क्वाड्रन लीडर वैशाली भंडारी भी शामिल हैं।

4 समावेश, गरिमा और सशक्तिकरण का उत्सव- पर्पल फेस्ट 2025

भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र (आईएसएलआरटीसी), नई दिल्ली ने एमिटी विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश (नोएडा) के सहयोग से 10-11 सितंबर 2025 को पर्पल फेस्ट 2025 का आयोजन किया। पर्पल फेस्ट 2025 दिव्यांगजनों की रचनात्मकता, प्रतिभा और सशक्तिकरण के एक जीवंत उत्सव का प्रतीक है। इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण इस प्रकार हैं:

  • कला एवं शिल्प प्रदर्शनी- दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन।
  • उद्यमिता स्टॉल (22 स्टॉल)- दिव्यांगजन उद्यमियों के लिए अवसर प्रदान करना।
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल आयोजन – विविधता, रचनात्मकता और सहभागिता का प्रदर्शन।
  • सतत पुनर्वास शिक्षा (सीआरई) कार्यक्रम – भारतीय सांकेतिक भाषा (आईएसएल) पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यावसायिक ज्ञान को सुदृढ़ बनाना।

5 स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण की 132वीं वर्षगांठ

स्वामी विवेकानंद के 1893 में शिकागो में विश्व धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की 132वीं वर्षगांठ है, जिसे ‘दिग्विजय दिवस’ और ‘विश्व बंधुत्व दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद की ओर से 11 सितंबर 1893 में शिकागो में दिया गया यह भाषण एक ऐतिहासिक क्षण माना जाता है। सद्भाव और विश्व बंधुत्व पर जोर देते हुए उन्होंने विश्व मंच पर भारतीय संस्कृति के आदर्शों का भावपूर्ण ढंग से बखान किया। इस अवसर पर भारत के शीर्ष नेताओं ने सोशल मीडिया पर स्वामी विवेकानंद के योगदान को याद करते हुए उनके संदेश को प्रेरणादायी बताया।

6 भारत की पांडुलिपि विरासत के संरक्षण, डिजिटलीकरण और प्रचार के लिए समर्पित ‘ज्ञान भारतम सम्मेलन 2025’

संस्कृति मंत्रालय 11 से 13 सितंबर 2025 तक विज्ञान भवन, नई दिल्ली में “पांडुलिपि विरासत के माध्यम से भारत की ज्ञान विरासत की पुनर्प्राप्ति” विषय पर पहले ज्ञान भारतम अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। सम्मेलन में देश और विदेश के विद्वानों, विशेषज्ञों, संस्थानों और सांस्कृतिक चिकित्सकों सहित 1,100 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। “पांडुलिपि विरासत के माध्यम से भारत की ज्ञान विरासत की पुनर्प्राप्ति” विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के हिस्से के रूप में, संस्कृति मंत्रालय ने ज्ञान भारतम मिशन के तहत एक राष्ट्रीय एआई इनोवेशन चैलेंज ज्ञान-सेतु शुरू किया है। यह पहल विरासत की सुरक्षा के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करने के लिए युवाओं और नवप्रवर्तकों को सशक्त बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन को दर्शाती है। दर्शन और चिकित्सा से लेकर शासन और कला तक के विषयों में फैली 10 मिलियन से अधिक पांडुलिपियों के साथ, इस चैलेंज का उद्देश्य इस विरासत को दुनिया के लिए अधिक सुलभ और सार्थक बनाने के लिए एआई का इस्तेमाल करना है।

7 गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हवाई अड्डों पर फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम का उद्घाटन किया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, त्रिची, कोझिकोड और अमृतसर हवाई अड्डों पर फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन–ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI–TTP) की शुरुआत की। इस सुविधा से यात्रियों को सिर्फ 30 सेकंड में इमिग्रेशन क्लियरेंस मिलेगा, जिससे लंबी कतारों और मैनुअल चेक से राहत मिलेगी। यह प्रोग्राम भारतीय नागरिकों और OCI कार्डधारकों दोनों के लिए है। यात्री [https://ftittp.mha.gov.in](https://ftittp.mha.gov.in) पोर्टल पर जाकर जरूरी दस्तावेज अपलोड कर बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन करा सकते हैं। एयरपोर्ट पर e-Gates पर पासपोर्ट और बोर्डिंग पास स्कैन करने पर सिस्टम तुरंत बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करता है और आसानी से इमिग्रेशन क्लियरेंस मिल जाता है। बता दें कि FTI-TTP की शुरुआत 2024 में दिल्ली एयरपोर्ट से हुई थी और बाद में मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, कोच्चि और अहमदाबाद में लागू किया गया। अब पांच और हवाई अड्डों के जुड़ने के बाद यह सुविधा 13 एयरपोर्ट पर उपलब्ध है।

8 आईएनएस अरावली: समुद्री सुरक्षा और सूचना-प्रौद्योगिकी सहयोग का नया केंद्र

नौसेना गुरुग्राम में आई.एन.एस. अरावली को अपने बेडे में शामिल करेगी। देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा की दिशा में यह एक महत्‍वपूर्ण कदम है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला के नाम पर रखा गया आई.एन.एस. अरावली, नौसेना के सूचना और संचार तंत्र को मज़बूत करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इससे नियंत्रण और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सूचना और संचार केंद्रों को सहायता मिलेगी। समारोह की अध्यक्षता नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी करेंगे।

9 दुबई में IIM अहमदाबाद का पहला अंतरराष्ट्रीय कैंपस

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्‍मद बिन राशिद अल मख्‍तूम ने भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान के साथ दुबई अंतरराष्‍ट्रीय शैक्षणिक शहर में भारतीय प्रबंधन संस्‍थान अहमदाबाद के पहले अंतरराष्‍ट्रीय कैंपस का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में संयुक्‍त अरब अमीरात में भारत के राजदूत संजय सुधीर और दुबई में भारत के महावाणिज्‍य दूत सतीश कुमार सीवन आईआईएमए के अधिकारियों के साथ शामिल हुए। शेख हमदान ने आईआईएमए का दुबई में स्‍वागत किया। उन्‍होंने कहा कि आईआईएमए का दुबई में आगमन संयुक्‍त अरब अमीरात-भारत के प्रगाढ होते सहयोग का प्रतीक है। यह कदम शिक्षा और प्रतिभा के एक अग्रणी वैश्विक केन्‍द्र बनने संबंधी दुबई की महत्‍वकांक्षा के अनुरूप है। दुबई कैंपस को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। 2029 तक इस संस्‍थान के लिए आवंटित जमीन पर एक स्‍थायी कैंपस स्‍थापित किये जायेंगे।

10 ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को 27 वर्ष से अधिक के कारावास की सज़ा

ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को सैन्य तख्तापलट की साजिश और देश में लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश के आरोप में 27 वर्ष से अधिक के कारावास की सज़ा सुनाई गई है। ब्राज़ील के सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि 2018 में राष्ट्रपति चुने गए बोल्सोनारो, 2022 का चुनाव हारने के बाद जबरन सत्ता पर काबिज़ रहने की कोशिश करने के दोषी हैं। सज़ा के अनुसार बोल्सोनारो के अपराधों में तख्तापलट और ब्राज़ील के लोकतंत्र को खत्म करने के प्रयास शामिल हैं।

11 पहली बार होने जा रहे दृष्टिबाधित महिला टी-20 विश्व कप के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित

भारत ने पहली बार आयोजित होने जा रहे दृष्टिबाधित महिला टी-20 विश्व कप के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम का चयन देशभर से 56 खिलाड़ियों की प्रतिभा खोज, कठोर प्रशिक्षण और चयन शिविरों के बाद किया गया है। यह ऐतिहासिक टूर्नामेंट 11 से 25 नवंबर तक होगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और अमेरिका की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में कुल 21 लीग मैच, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल खेला जाएगा। विश्व कप भारत की मेजबानी में नई दिल्ली और बेंगलुरु खेला जाएगा। पहले काठमांडू को भी तीसरे मेजबान शहर के रूप में चुना गया था और यहां पाकिस्तान के मैच होने थे, लेकिन नेपाल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आयोजक अब वैकल्पिक स्थल पर विचार कर रहे हैं। इस आयोजन की जिम्मेदारी समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड्स की क्रिकेट शाखा, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने ली है। संस्था का यह प्रयास दिव्यांग खिलाड़ियों, खासकर महिलाओं को समान अवसर और मंच उपलब्ध कराने में भारत की अगुवाई को दर्शाता है।