ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल: भारत 39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर

0
13

1 ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल: भारत 39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदकों सहित कुल 39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय मुक्केबाज जैस्मीन लैंबोरिया (57 किलोग्राम), प्रीति पवार (54 किलोग्राम), साक्षी चौधरी (48 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किलोग्राम), अरुंधति चौधरी (70 किलोग्राम)सचिन सिवाच (60 किलोग्राम) और अंकुश पंघाल (80 किलोग्राम) ने अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में शानदार जीत हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीते। हालांकि भारत की लवलीना बोरगोहेन (75 किलोग्राम) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच ने भी पुरुष 60 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में नामीबिया के ट्रायगेन मॉर्निंग न्डेवेलो को हराकर स्‍वर्ण पदक जीता। एथलेटिक्स में पांच हजार मीटर में भारतीय धावक गुलवीर ने कांस्य पदक जीता। नरेंद्र बेरवाल पुरुष 90 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के दमार थॉमस से मुकाबला करेंगे। भारत ने पैरा एथलेटिक्स में भी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और पुरुषों के शॉट पुट F57 वर्ग में सोमन राणा ने स्वर्ण पदक जीता और हां‍लाकि शुभम जुयाल को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

2 राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया

 

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को पुणे में आयोजित एक समारोह में लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट की ओर से स्थापित यह पुरस्कार, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की 106वीं पुण्यतिथि के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदान किया। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि अजीत डोभाल ने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसउपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, नागरिक उड्डयन और सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहन, लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रोहित तिलक तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

3 एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने वायुसेना के उप प्रमुख का पदभार ग्रहण किया

 

एयर मार्शल तेजपाल सिंह एवीएसएम वीएम ने 1 अगस्त 2026 को उप वायु सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण किया। 16 जून 1990 को लड़ाकू पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त करने वाले एयर मार्शल के पास 3500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। वे श्रेणी ए के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और प्रायोगिक टेस्ट पायलट हैं। एयर मार्शल ने भारतीय वायु सेना में कई महत्वपूर्ण परिचालन, कमान और स्टाफ पदों पर कार्य किया है। एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती एसवाईएसएम एवीएसएम वीएम से उप वायु सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण किया, जो 39 वर्षों की गौरवशाली और विशिष्ट राष्ट्र सेवा के बाद 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए।

4 वाइस एडमिरल ए एन प्रमोद, एवीएसएम, वाईएसएम, ने नौसेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण किया

 

वाइस एडमिरल ए एन प्रमोद, एवीएसएम, वाईएसएम ने 1 अगस्त, 2026 को नौसेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। गोवा स्थित नौसेना अकादमी के 38वें एकीकृत कैडेट पाठ्यक्रम के पूर्व छात्र, वाइस एडमिरल ए एन प्रमोद 1 जुलाई 1990 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए। फ्लैग ऑफिसर श्रेणी ‘ए’ के ​​सी किंग एयर ऑपरेशंस ऑफिसर और संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ हैं । वह वाइस एडमिरल तरुण सोबती, यूवाईएसएम, एवीएसएम, वीएसएम का स्थान लेंगे, जो 38 वर्षों से अधिक की विशिष्ट सेवा के बाद 31 जुलाई 2026 को सेवा से सेवानिवृत्त हुए।

5 श्रीमती अलका नांगिया अरोड़ा ने रक्षा लेखा महानियंत्रक का पदभार संभाला

 

इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस (आईडीएएस) की 1991 बैच की अधिकारी अलका नांगिया अरोड़ा ने 1 अगस्त 2026 को रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) का पदभार संभाल लिया है। गढ़वाल विश्वविद्यालय, देहरादून और आईआईटी रुड़की की पूर्व छात्रा श्रीमती अरोड़ा ने भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इनमें कृषि मंत्रालय के कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डीएआरई) में अपर सचिव व वित्तीय सलाहकार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में संयुक्त सचिव, सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की प्रबंध निदेशक तथा कपड़ा मंत्रालय में हस्तशिल्प के लिए अपर विकास आयुक्त जैसे प्रमुख पद शामिल हैं।

6 एनएचएआई ने एनएच-48 के दिल्ली-जयपुर खंड पर शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया

यात्रियों को तेज़, सुगम और बाधा-मुक्त यात्रा का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएई) ने राजस्थान में एनएच-48 के दिल्ली-जयपुर खंड पर शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग प्रणाली को सफलतापूर्वक शुरू कर दिया है। इससे पहले, एनएचएआई ने इसी कॉरिडोर पर दौलतपुरा और मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर भी मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली शुरू की थी। एनएच-48 के व्यस्त दिल्ली-जयपुर खंड को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए, शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर एमएलएफएफ के शुभारंभ से मानेसर से जयपुर तक की यात्रा पूरी तरह से बाधा-मुक्त और सुगम हो गई है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए ‘यात्रा की सुगमता’ में वृद्धि हुई है। यह प्रणाली स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) तकनीक को फास्टैग आधारित इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह के साथ एकीकृत करती है ताकि स्वचालित उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह को सुगम बनाया जा सके। राष्ट्रीय राजमार्ग (एमएलएफएफ) के सुचारू उपयोग के लिए, उपयोगकर्ताओं को अपने एफएएसटैग खाते में पर्याप्त शेष राशि बनाए रखना आवश्यक है। एफएएसटैग में अपर्याप्त शेष राशि, अमान्य या खराब एफएएसटैग जैसी स्थितियों में, उपयोगकर्ताओं को उपयोगकर्ता शुल्क का भुगतान न करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक नोटिस (ई-नोटिस) जारी किया जाता है।

7 भारत और चीन के बीच सीमा पार व्यापार करीब छह वर्ष बाद शिपकी-ला दर्रे के माध्यम से फिर शुरू

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शिपकी-ला दर्रे के माध्यम से भारत और चीन के बीच सीमा पार व्यापार करीब छह वर्ष बाद फिर शुरू हो गया है। किन्नौर जिले के पूह उपमंडल की सीमावर्ती पंचायत नमज्ञा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने छुपन ट्रेड मार्ट का उद्घाटन किया और 17 व्यापारियों के दल को सीमा पार व्यापार के लिए रवाना किया। कोविड-19 महामारी के बाद वर्ष 2020 से यह व्यापार बंद था। अब इसके दोबारा शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

8 पतंजलि मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में हिस्सेदारी खरीदेगी

30 जुलाई को पतंजलि आयुर्वेद और धर्मपाल सत्यपाल (DS) ग्रुप को मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में हिस्सेदारी खरीदने के लिए बीमा नियामक IRDAI से मंजूरी मिली। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। ये डील 4,500 करोड़ रुपए में हुई। IRDAI ने 28 जुलाई 2026 के पत्र के जरिए इस अधिग्रहण को हरी झंडी दी है। यह मंजूरी पत्र जारी होने की तारीख से अगले 3 महीने तक मान्य रहेगी इस बीच साइन करना जरूरी होगा। इस डील के तहत पतंजलि आयुर्वेद 73.6% हिस्सेदारी खरीदेगी, जबकि धर्मपाल सत्यपाल ग्रुप 24.5% हिस्सेदारी खरीदेगा। IRDAI की मंजूरी मिलने के बाद अब पतंजलि मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की प्रमोटर कंपनी बन जाएगी। वहीं DS ग्रुप इस कंपनी में को-इन्वेस्टर की भूमिका निभाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की ग्रोथ और सॉल्वेंसी को मजबूत करने के लिए पतंजलि आगे भी इंवेस्ट कर सकती है। IRDAI की मंजूरी जारी होने की तारीख से अगले तीन महीने तक वैलिड रहेगी। इस दौरान खरीदार समूह को शेयर ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और नियामक की सभी शर्तों को पूरा करना होगा। मैग्मा जनरल इंश्योरेंस (पूर्व में मैग्मा एचडीआई) एक प्रमुख भारतीय सामान्य बीमा कंपनी है जो मोटर, स्वास्थ्य, और गृह बीमा जैसे उत्पाद प्रदान करती है। IRDAI का पूरा नाम इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया है।

9 अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने ‘Skiez ट्रेवल्स’ को बैन किया

31 जुलाई को अमेरिकी ट्रेजरी विभाग (OFAC) ने भारत की संस्था ‘Skiez ट्रेवल्स’ को अमेरिका में प्रतिबंधित कर दिया है। इसके साथ ही अमेरिका ने चीन, रूस और ईरान की 6 कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाया है। इन कंपनियों पर ये बैन ईरान की एविएशन कंपनी ‘महान एयर’ और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को सपोर्ट करने के आरोप में लगाया गया है। ये सभी कंपनियां महान एयर के लिए सेल्स एजेंट या लॉजिस्टिक पार्टनर के रूप में काम कर रही थीं। इन संस्थाओं की अमेरिका में आने वाली सभी संपत्तियां ब्लॉक कर दी गई हैं। इस प्रतिबंध के तहत अमेरिकी नागरिक और कंपनियां इन संस्थानों के साथ कारोबार नहीं कर सकतीं। OFAC अमेरिका की वह एजेंसी है जो आर्थिक प्रतिबंध (Sanctions) लागू करती है। OFAC ने Skiez ट्रेवल्स को अपनी प्रतिबंधित लिस्ट में शामिल किया है। आरोप है कि कंपनी ने ईरान से संबंधित प्रतिबंधित गतिविधियों या लेन-देन में सहायता की, जो अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन माना गया।

10 आंध्र प्रदेश: प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रीनफील्ड अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में विजयनगरम जिले के भोगपुरम में ग्रीनफील्ड अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। श्री मोदी ने यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री ने 13 हजार 500 से अधिक आदिवासी महिलाओं की पारंपरिक थिम्सा नृत्य प्रस्तुति देखी, जो उत्तरी आंध्र की जीवंत आदिवासी संस्कृति को दर्शाता है।

11 टेनिस: भारत के रामकुमार रामनाथन और विजय सुंदर प्रशांत ने बॉन ओपन 2026 में डबल्स का खिताब जीता

टेनिस में भारत के रामकुमार रामनाथन और विजय सुंदर प्रशांत ने बॉन ओपन 2026 में डबल्स का खिताब जीता। भारतीय जोड़ी ने फ़ाइनल में इंग्लैंड के स्कॉट डंकन और स्वीडन के एडम हेइनोनन की जोड़ी को हराया। रामकुमार के लिए इस साल का यह दूसरा एटीपी चैलेंजर खिताब है, इससे पहले उन्होंने जून में ऋत्विक बोलिपल्ली के साथ टेक्सास स्पाइन एंड जॉइंट चैलेंजर प्रतियोगिता जीती थी। 31 साल के रामकुमार अब तक अपने करियर में 13 एटीपी चैलेंजर खिताब जीत चुके हैं।

12 135वें ‘डूरंड कप’ फुटबॉल टूर्नामेंट का शिलांग में शुभारंभ

31 जुलाई को मेघालय की राजधानी शिलांग में एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। ये डूरंड कप का 135वां संस्करण है और शिलांग के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (पोलो ग्राउंड) में ग्रुप-ई के मुकाबलों की शुरू हुए। इस ग्रुप में मेघालय के तीन फुटबॉल क्लब शिलांग लाजोंग, नोंगक्सेह स्पोर्ट्स, सोशल एंड कल्चरल क्लब और लैंग्सनिंग फुटबॉल क्लब शामिल हैं। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। ये कप 23 अगस्त तक खेला जाएगा और इसमें 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन सभी टीमों को छह अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। सेमीफाइनल 19 और 20 अगस्त को खेले जाएंगे। जबकि फाइनल 23 अगस्त को कोलकाता में होगा।