
21 मई को अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ एरोनॉटिक्स एंड एस्ट्रोनॉटिक्स, यानी AIAA ने भारत के चंद्रयान-3 मिशन को गोडार्ड एस्ट्रोनॉटिक्स अवार्ड से सम्मानित किया। अमेरिका में भारत के राजदूत, विनय क्वात्रा ने वाशिंगटन डी.सी. में आयोजित AIAA ASCEND 2026 सम्मेलन में ISRO की ओर से ये अवार्ड लिया। 23 अगस्त 2023 को, चंद्रयान -3 ने पहली बार चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सॉफ्ट लैंडिंग की थी। भारत ऐसा करने वाला पहला देश है। चंद्रयान -3 मिशन का कुल बजट 1,062 करोड़ रुपए था। भारत अभी चंद्रयान-4 लूनर लॉन्च और गगनयान मिशन पर काम कर रहा है। गोडार्ड एस्ट्रोनॉटिक्स अवार्ड, अंतरिक्ष विज्ञान में सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है। ये अवार्ड रॉकेट साइंटिस्ट रॉबर्ट एच. गोडार्ड की याद में उनकी पत्नी ने शुरू किया था।
2 भारतीय सेना अधिकारी मेजर अभिलाषा बराक को 2025 के संयुक्त राष्ट्र सैन्य लैंगिक समानता समर्थक पुरस्कार के लिए चुना गया
लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा मिशन में कार्यरत भारतीय सेना की अधिकारी मेजर अभिलाषा बराक को 2025 के संयुक्त राष्ट्र सैन्य लैंगिक समानता समर्थक पुरस्कार के लिए चुना गया है। मेजर बराक वर्तमान में लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल में महिला सहभागिता दल की कमांडर के रूप में भारतीय बटालियन में कार्यरत हैं। मेजर बराक भारतीय सेना की पहली महिला लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं। मेजर बराक यह पुरस्कार प्राप्त करने वाली तीसरी भारतीय शांतिरक्षक बन गई हैं। इससे पहले, मेजर सुमन गवानी को 2019 में और मेजर राधिका सेन को 2023 में यह पुरस्कार मिला था। वर्ष 2016 में स्थापित यह पुरस्कार, प्रतिवर्ष संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में तैनात बलों के कमांडरों और मिशन प्रमुखों के नामांकनों में से चुना जाता है। भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सैनिकों और पुलिस कर्मियों का सबसे बड़ा योगदान देने वाले देशों में से एक है।
22 मई को चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होगा। राज्यसभा एक स्थाई सदन है और हर दो साल में इसके एक-तिहाई सदस्य रिटायर होते हैं। इनकी जगह नए सदस्यों के चुनाव के लिए हर 2 साल में राज्यसभा के चुनाव होते हैं। 21 जून से 19 जुलाई के बीच 24 राज्यसभा सांसद रिटायर हो रहे हैं। इनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सीनियर लीडर दिग्विजय सिंह, पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा शामिल हैं। राज्यसभा की 2 खाली सीटों पर भी चुनाव होगा। ये सीटें महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और AIADMK के नेता सीवी शनमुगम के राज्यसभा से इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। राज्यसभा के चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से होते हैं। राज्यसभा सदस्य सदन में राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। राज्यों की आबादी के हिसाब से राज्यसभा में उनकी सीटों का कोटा होता है। राज्सभा सदस्य चुनने के लिए उसी राज्य के केवल चुने हुए विधायक वोट देते हैं। राज्यसभा सीटों की कुल संख्या 245 है। इनमें से 233 सीटों पर चुनाव होते हैं और बाकी 12 सदस्यों को राष्ट्रपति मनोनीत करते हैं।
4 प्रिसाइज गाइडेड ड्रोन ‘वायु अस्त्र-1’ की सफल टेस्टिंग
22 मई को प्रिसाइज गाइडेड ड्रोन ‘वायु अस्त्र -1’ की सफल टेस्टिंग हुई। ड्रोन अस्त्र-1 को पुणे की कंपनी ‘निबे लिमिटेड’ ने डेवलप किया है और ये एक स्वदेशी ड्रोन है। ट्रायल के दौरान इस ड्रोन में 10 किलोग्राम का वॉरहेड लगाया गया था, जिसने 100 किमी दूर के टारगेट को नष्ट किया। अस्त्र-1 ड्रोन का सर्कुलर एरर प्रोबेबल (CEP) 1 मीटर से भी कम है, यानी ये अपने निशाने से 1 मीटर से अधिक नहीं चूकती। मिशन के दौरान टारगेट बदलना हो या हमला रोकना पड़े, तो ऑपरेटर इसे वापस मोड़ सकता है और बाद में दोबारा अटैक के लिए लॉन्च कर सकता है। वायु अस्त्र-1 में नाइट एंटी-आर्मर स्ट्राइक इन्फ्रारेड (रात में उपयोग होने वाला कैमरा) लगा है, जिससे ये ड्रोन रात में भी हमला कर सकता है। टेस्टिंग के दौरान, ड्रोन का नियंत्रण लॉन्च साइट से 70 किमी दूर फॉर्वर्ड कंट्रोल स्टेशन के हवाले करने का भी सफल परीक्षण किया गया। ये टेस्टिंग राजस्थान के पोखरण फायरिंग रेंज और उत्तराखंड के जोशीमठ (मलारी) में की गई।
5 सरकार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की 8% हिस्सेदारी बेचेगी
22 मई को सरकार ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में अपनी 8% हिस्सेदारी बोली के जरिए बेचने का फैसला किया। इसके लिए ऑफर फॉर सेल (OFS) जारी किए गए, जिसके लिए फ्लोर प्राइस ₹31 प्रति शेयर तय किया है। रिटेल निवेशक और बैंक के कर्मचारी इस इश्यू के लिए 25 मई 2026 को अपनी बोली लगा सकते हैं। सरकार के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की 89.27% हिस्सेदारी है। ऑफर के तहत सरकार पहले 4%, यानी 36,20,56,051 इक्विटी शेयर बेचेगी। सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया भारत में सार्वजनिक क्षेत्र का प्रमुख बैंक है, जिसकी स्थापना स्वदेशी आन्दोलन से प्रभावित होकर एक पारसी बैंकर सर सोराबजी पोचखानवाला ने 1911 में की थी। यदि सरकार किसी बैंक को पूरी तरह किसी निजी खरीदार को सौंपना चाहती है, तो इसके लिए संसद में संबंधित बैंक के कानून में संशोधन या नया कानून जरूरी होता है।
6 BSF की महिला टीम ने माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया
21 मई को सीमा सुरक्षा बल, यानी BSF की महिला टीम ने माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया और वंदे मातरम् गाया। माउंट एवरेस्ट दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है, इसकी ऊंचाई 8,848.86 मीटर है। BSF की टीम ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम की डायमंड जुबली के मौके पर 6 अप्रैल को नई दिल्ली से सफर शुरू किया था। ये BSF के इतिहास में पहला 100% महिला एवरेस्ट मिशन था। इस अभियान को ‘मिशन वंदे मातरम्’ नाम दिया गया। इस मिशन में लद्दाख की कौसर फातिमा, पश्चिम बंगाल की मुनमुन घोष, उत्तराखंड की रबेका सिंह और लद्दाख की त्सेरिंग चोरोल शामिल थीं।
7 CDSCO ने कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स के इंजेक्शन पर रोक लगाई
21 मई को सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (CDSCO) ने कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स को इंजेक्शन के रूप में इस्तेमाल पर रोक लगा दी। CDSCO के मुताबिक, इंजेक्शन में आने वाले प्रोडक्ट ‘कॉस्मेटिक’ की कानूनी परिभाषा में नहीं आते। अब ब्यूटी क्लीनिक या प्रोफेशनल्स, किसी ब्यूटी प्रोडक्ट्स को इंजेक्शन के जरिए इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। किसी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल इलाज के नाम पर भी नहीं किया जा सकेगा। यह रोक ‘ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट’ और ‘कॉस्मेटिक नियम 2020’ के तहत लगाई गई है। यह चेतावनी खासतौर पर ब्यूटी और वेलनेस क्लीनिकों के लिए है, जहां स्किन ग्लो, एंटी-एजिंग या ब्यूटी ट्रीटमेंट के नाम पर इंजेक्शन दिए जाते हैं।
8 सुरंग अभियांत्रिकी और ढलान संतुलन में सहयोग के लिए एनएचएआई और नॉर्वे संस्थान के बीच समझौता
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सुरंग अभियांत्रिकी, ढलान संतुलन और क्षमता निर्माण में सहयोग के लिए नॉर्वे के जियोटेक्निकल इंस्टीट्यूट के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। यह समझौता पांच वर्षों के लिए वैध रहेगा। इसके अंतर्गत, दोनों संगठन प्राकृतिक आपदा कम करने से संबंधित अनुसंधान और विकास में सहयोग करेंगे। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह सहयोग देश के राष्ट्रीय राजमार्गों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने की प्राधिकरण की प्रतिबद्धता दर्शाता है।
देश में वरिष्ठ नागरिकों के लिये जीवन मोबाइल एप्लिकेशन शुरू किया गया। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के लिये सहायता प्रणालियों को मजबूत करना है। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने नई दिल्ली में इस ऐप का शुभारंभ किया। जीवन ऐप सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, आपातकालीन सहायता और वरिष्ठ नागरिक आवास की जानकारी उपलब्ध कराता है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के लिये देखभाल सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिये शतायु डैशबोर्ड का भी शुभारंभ किया।
10 भारतीय सेना ने एकीकृत लॉजिस्टिक एप्लिकेशन ‘क्यू-फोर्स’ का किया शुभारंभ
भारतीय सेना ने रसद और आपूर्ति प्रबंधन सुव्यवस्थित करने के लिए एकीकृत एप्लिकेशन ‘क्यू-फोर्स’ का शुभारंभ किया है। सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यह एप्लिकेशन कई लॉजिस्टिक और इन्वेंट्री प्लेटफॉर्म को एकीकृत कर आपूर्ति श्रृंखला और परिवहन प्रबंधन को मजबूत करेगा। इससे विभिन्न प्रचालन क्षेत्रों में काम में तेजी आयेगी।
11 सरकार बांग्लादेश और पाकिस्तान के साथ सभी सीमाओं को अभेद्य बनाने के लिए स्मार्ट बॉर्डर परियोजना शुरू करेगी
सरकार स्मार्ट बॉर्डर परियोजना लागू करेगी तथा बांग्लादेश और पाकिस्तान से लगी पूरी सीमा को अभेद्य बनाएगी। गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में सीमा सुरक्षा बल के प्रतिष्ठापन समारोह और रुस्तमजी स्मारक व्याख्यान माला को संबोधित करते हुए कहा कि स्मार्ट बॉर्डर अवधारणा के अंतर्गत विभिन्न प्रौद्योगिकी के एकीकरण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय जल्द ही ड्रोन, रडार, आधुनिक कैमरे और अन्य उन्नत प्रौद्योगिकी से लैस स्मार्ट बॉर्डर परियोजना लागू करेगी। यह पहल शुरू होते ही सीमा सुरक्षा बल का काम बहुत ही आसान और सशक्त हो जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि भारत को साइबर खतरों, हाइब्रिड युद्ध और ड्रोन संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए नई रणनीतियां अपनानी होंगी।
12 कान्स फिल्म महोत्सव में हुआ एआई से बनी पहली फिल्म “हेल ग्राइंड” का प्रीमियर
कान्स फिल्म महोत्सव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई से बनी एक नई फिल्म का प्रीमियर हुआ। “हेल ग्राइंड” नामक इस 95 मिनट की फिल्म को 15 लोगों की टीम ने केवल 14 दिन में तैयार की है। इस पर लगभग 5 लाख डॉलर की लागत आई है। सैन फ्रांसिस्को के स्टार्टअप हिग्सफील्ड एआई ने इस फिल्म का बुधवार को ट्रेलर भी जारी किया। फिल्म की कहानी देवी-देवताओं और राक्षसों पर आधारित है। हिग्सफील्ड के संस्थापक एलेक्स मशराबोव ने कहा कि यह पहली एआई फिल्म है। यह फिल्म दर्शाती है कि एआई अब एक पूरी फिल्म में पात्रों की निरंतरता, दुनिया की सुसंगति और कथानक को बनाए रख सकती है।
पहला अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस शिखर सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। इसका आयोजन पहली जून को नई दिल्ली में होना था। यह सम्मेलन बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा सहित सात बिग कैट प्रजातियों और उनके संरक्षण पर केंद्रित है।