चुनाव आयोग ने तेजी से डेटा तक पहुंच हेतु इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्टों का डिजिटलीकरण किया

0
19

1 चुनाव आयोग ने तेजी से डेटा तक पहुंच हेतु इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्टों का डिजिटलीकरण किया

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने चुनावों के बाद इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट तैयार करने हेतु एक डिजिटल और सुव्यवस्थित प्रणाली लागू करने की घोषणा की है। यह निर्णय मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में लिया गया है, जिनके साथ डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी आयोग में शामिल हैं। यह कदम मैनुअल और बहु-चरणीय प्रक्रियाओं की जगह तेज, सटीक और पारदर्शी डेटा प्रबंधन प्रणाली को अपनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

2 भारत में 11 साल में 269 मिलियन लोग अत्यधिक गरीबी से निकले बाहर : विश्व बैंक

विश्व बैंक की नई रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने 11 वर्षों में अत्यधिक गरीबी को कम करने में जबरदस्त प्रगति की है। 2011-12 में देश की अत्यधिक गरीबी दर 27.1% थी, जो 2022-23 में घटकर सिर्फ 5.3% रह गई है। इसका मतलब है कि इस दौरान लगभग 269 मिलियन (26.9 करोड़) भारतीय गरीबी से बाहर निकल पाएं हैं। 2011-12 में देश में 344.47 मिलियन (34.4 करोड़) लोग अत्यधिक गरीबी में रह रहे थे, जबकि 2022-23 तक यह संख्या घटकर 75.24 मिलियन (7.5 करोड़) हो गई। गौरतलब है कि गरीबी रेखा का आकलन 3.00 डॉलर प्रतिदिन (2021 की कीमतों पर) के अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुसार किया गया है। इस बदलाव में उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की बड़ी भूमिका रही है। 2011-12 में इन पांच राज्यों में देश के 65% अत्यधिक गरीब रहते थे। अब इन राज्यों ने गरीबी में कमी के दो-तिहाई हिस्से में योगदान दिया है। अगर पुराने मानक, यानी 2.15 डॉलर प्रतिदिन (2017 की कीमतों पर) की गरीबी रेखा से तुलना करें, तो 2011-12 में भारत की अत्यधिक गरीबी दर 16.2% थी, जो 2022 में घटकर सिर्फ 2.3% रह गई। इस आधार पर 2011 में 205.93 मिलियन (20.5 करोड़) लोग इस सीमा से नीचे थे, जबकि 2022 में यह संख्या घटकर 33.66 मिलियन (3.36 करोड़) हो गई।

 

3 TCL India ने रोहित शर्मा को दूसरे साल के लिए ब्रांड एंबेसडर के रूप में नवीनीकृत किया

 

TCL इंडिया, एक अग्रणी उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड, ने आधिकारिक रूप से भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा के साथ अपनी ब्रांड एंबेसडर साझेदारी को दूसरे वर्ष के लिए नवीनीकृत करने की घोषणा की है। यह साझेदारी ब्रांड के “Master the Moment” अभियान के तहत भावनात्मक जुड़ाव, तकनीकी नवाचार, और समुदाय-आधारित पहलों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

4 एमएस धोनी बने डेटॉल की नई ‘आइसी कूल’ पर्सनल केयर रेंज का चेहरा

डेटॉल ने गर्मियों के लिए कीटाणु सुरक्षा के साथ ठंडक देने वाले उत्पादों की एक नई श्रृंखला — Icy Cool Range — लॉन्च की है। इसके प्रचार और प्रसार के लिए एमएस धोनी को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। यह अभियान गर्मी और पसीने से संबंधित त्वचा समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ताओं से जुड़ने का प्रयास है।

5 भारत के स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्‍यास लिया

भारत के स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्‍यास ले लिया है। 36 वर्षीय पीयूष ने 20 वर्षों के अपने कैरियर में घरेलू मैचों के अलावा अन्‍तर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर तीन टेस्‍ट, 25 एकदिवसीय और सात ट्वंटी-ट्वंटी मैच खेले हैं। उन्‍होंने 2012 ट्वंटी-ट्वंटी विश्‍व कप में श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला था। वे 2007 ट्वंटी-ट्वंटी विश्‍व कप और 2011 विश्‍व कप की विजेता भारतीय टीम का हिस्‍सा रहे।

 

6 नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर मैग्नस कार्लसन ने स्‍टारवेंजर में नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का अपना सातवां खिताब जीता

 

नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर मैग्नस कार्लसन ने स्‍टारवेंजर में नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का अपना सातवां खिताब जीत लिया है। पांच बार के विश्व चैंपियन कार्लसन ने रोमांचक अंतिम दौर में भारत के अर्जुन एरिगैसी के साथ ड्रा खेलने के बाद 16 अंक प्राप्‍त करके यह जीत हासिल की। अमरीका के फैबियानो कारूआना ने 15.5 अंक हासिल करते हुए दूसरा और मौजूदा विश्‍व चैंपियन डी. गुकेश ने 14.5 अंक के साथ तीसरा स्थान स्‍थान प्राप्‍त किया। अमरीका के हिकारू नाकामुरा चौथे और अर्जुन एरिगैसी पांचवें स्थान पर रहे। महिलाओं की स्पर्धा में यूक्रेन की अन्ना मुज़ीचुक ने खिताब जीता। चीन की लेई टिंगजी दूसरे और भारत की कोनेरू हम्पी तीसरे स्थान पर रहीं।

7 भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम ने छठें स्टेपन अवग्यान मेमोरियल शतरंज टूर्नामेंट में जीत हासिल की

 

भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम ने आर्मेनिया के जर्मुक में आयोजित छठें स्टेपन अवग्यान मेमोरियल शतरंज टूर्नामेंट में जीत हासिल की। ​​अरविंद ने 9 दौर में 6 दशमलव 5 अंक हासिल किए, जो हमवतन ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद के बराबर था, लेकिन उन्‍हें टाई ब्रेक में जीत हासिल हुई। ​वे टाईब्रेक की प्रणाली-सोनबोर्न-बर्गर के कारण जीते। इस प्रणाली में प्रत्येक खिलाड़ी द्वारा पराजित प्रतिद्वंद्वि‍यों आधार पर निर्णय किया जाता है।

 

8 भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का नाम बदलकर तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी रखा गया

टेस्ट क्रिकेट के दो महानतम खिलाड़ियों के सम्मान में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने संयुक्त रूप से घोषणा की है कि भारत और इंग्लैंड के बीच ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज को अब एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के नाम से जाना जाएगा। नाम बदलने का उद्देश्य इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज जेम्स एंडरसन और भारत के महान बल्लेबाज और इतिहास में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले सचिन तेंदुलकर को सम्मानित करना है।

9 विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस 2025

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस प्रतिवर्ष 7 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य सुरक्षित और पोषणयुक्त भोजन के महत्व के प्रति वैश्विक जागरूकता फैलाना है, ताकि लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हो और अर्थव्यवस्थाएँ अधिक मजबूत बन सकें। 2025 में इस दिवस की थीम है — “Food Safety: Science in Action” (खाद्य सुरक्षा: क्रियाशील विज्ञान)। यह विषय इस बात पर केंद्रित है कि विज्ञान, नवाचार और डेटा किस प्रकार से खाद्य जनित रोगों के खतरों को कम कर सकते हैं।

10 भारतीय महाकाव्यों के ज्ञाता, मराठी साहित्य के प्रख्यात विद्वान और लेखक दाजी पणशीकर का निधन

भारतीय महाकाव्यों के ज्ञाता और मराठी साहित्य के प्रख्यात विद्वान और लेखक दाजी पणशीकर का महाराष्ट्र के ठाणे में निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे। महाभारत, एकनाथी भागवत और भावार्थ रामायण जैसे ग्रंथों की विद्वतापूर्ण व्याख्या के लिए पणशीकर का सम्मान किया जाता है।