तेलंगाना के बजट 2026 में इंदिराम्मा पारिवारिक जीवन बीमा योजना की घोषणा

0
11

1 तेलंगाना के बजट 2026 में इंदिराम्मा पारिवारिक जीवन बीमा योजना की घोषणा

तेलंगाना सरकार ने शुक्रवार को इंदिराम्मा परिवार जीवन बीमा योजना की घोषणा की, जिससे राज्य के 1.15 करोड़ परिवारों को 5 लाख रुपये के बीमा कवरेज का लाभ मिलेगा। उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री मल्लु भट्टी विक्रमार्क ने शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को अपने 2026-27 के बजट भाषण में बीमा योजना शुरू करने की घोषणा की। परिवार के कमाने वाले सदस्य की अचानक मृत्यु हो जाने से परिवार को मानसिक पीड़ा के साथ-साथ आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ता है, जिससे उनका दुख और बढ़ जाता है। ऐसी एक घटना भी परिवार को बेघर कर सकती है।

2 NPC और MoEFCC के बीच समझौता: पर्यावरणीय शासन को कैसे मजबूत करेगा

राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद (NPC) ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) के साथ पर्यावरण ऑडिट नामित एजेंसी (EADA) के रूप में कार्य करने के लिए एक समझौता किया है। इस समझौते पर पर्यावरण ऑडिट नियम, 2025 के तहत हस्ताक्षर किए गए। 20 मार्च, 2026 को की गई इस घोषणा के तहत NPC को भारत की पर्यावरण ऑडिट प्रणाली के प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस समझौते के अंतर्गत NPC पूरे पर्यावरण ऑडिट सिस्टम का प्रबंधन करेगा और पर्यावरण लेखा-परीक्षा नियम 2025 (Environment Audit Rules 2025) के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगा। इसके तहत ऑडिटरों के लिए पात्रता मानदंड तय करना, प्रमाणन परीक्षाएँ आयोजित करना तथा एक पारदर्शी पंजीकरण प्रणाली बनाए रखना जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ शामिल हैं।

3 अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अमरीका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जारी होने वाले स्वर्ण के सिक्के पर दिखाई देंगे

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अमरीका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जारी होने वाले स्वर्ण के सिक्के पर दिखाई देंगे। लेकिन इसकी वैधता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रस्तावित डिज़ाइन में राष्ट्रपति ट्रम्प को मुट्ठी बांधे हुए रेसोल्यूट डेस्क पर झुके हुए दिखाया गया है, जिससे वे सिक्के पर चित्रित होने वाले दूसरे राष्ट्रपति बन जाएंगे। पहले राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज थे, जिन्हें 1926 में जॉर्ज वाशिंगटन के साथ अमरीकी स्वतंत्रता के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जारी सिक्के पर चित्रित किया गया था।

4 पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद सूचकांक में शीर्ष स्थान पर

पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद सूचकांक में पहली बार शीर्ष स्थान पर आ गया है। पाकिस्तान में पिछले वर्ष आतंकवाद से जुड़ी मौतों में 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस द्वारा प्रकाशित वैश्विक आतंकवाद सूचकांक 2026 के अनुसार, पाकिस्तान में आतंकवाद से होने वाली मौतें 2013 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर हैं। वर्ष 2025 में देश में एक हजार एक सौ 39 आतंकवादी मौतें और एक हजार 45 घटनाएं दर्ज की गईं, जो बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को दर्शाती हैं। 163 देशों में आतंकवाद के प्रभाव का आकलन करने वाली इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान के अपने पड़ोसी देशों, विशेष रूप से अफगानिस्तान के साथ तनावपूर्ण संबंधों और देश में बढ़ती हिंसा ने महत्वपूर्ण सुरक्षा जोखिम पैदा किए हैं। वर्ष 2025 में पाकिस्तान लगातार छठें वर्ष ऐसा देश बना था जब आतंकवाद से होने वाली मौतों में वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, देश में बंधक बनाने की घटनाएं भी बढ़ी हैं और पीड़ितों की संख्या 2024 में 101 से बढ़कर 2025 में 655 हो गई। पाकिस्तान में आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांत बने हुए हैं। पिछले वर्ष देश में हुए कुल आतंकी हमलों में से 74 प्रतिशत से अधिक और कुल मौतों में से 67 प्रतिशत मौतें इन्हीं दो प्रांतों में दर्ज की गईं।

5 भारतीय अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता को यूके में अंतरराष्ट्रीय सम्मान

भारतीय अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता को ‘महिला सशक्तिकरण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें वर्ष 2026 में ब्रिटेन के प्रतिष्ठित ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। महिला सशक्तिकरण पुरस्कार एक प्रतिष्ठित सम्मान है, जो महिलाओं की उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए लंदन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। यह पुरस्कार कला और संस्कृति के क्षेत्र में वर्षों से किए गए प्रभावशाली योगदान के लिए ऋतुपर्णा सेनगुप्ता को दिया गया। यह सम्मान सीमा मल्होत्रा ​​और वीरेंद्र शर्मा द्वारा प्रदान किया गया, जबकि इस कार्यक्रम का आयोजन GloWomen CiC ने किया, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व को बढ़ावा देना तथा वैश्विक स्तर पर जागरूकता फैलाना है।

6 आंध्र प्रदेश: केंद्रीय मंत्री के. राम मोहन नायडू ने प्रसाद योजना के तहत की अरसावल्ली सूर्य मंदिर विकास योजना की घोषणा

 

नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने प्रसाद योजना के अंतर्गत श्रीकाकुलम जिले के अरसावल्ली श्री सूर्य नारायण स्वामी मंदिर के विकास के लिए व्यापक योजना की घोषणा की है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में सुधार करना है। श्री नायडू ने इंद्रपुष्करिणी मंदिर के सरोवर के आधुनिकीकरण की आधारशिला रखी। इस अवसर पर श्री नायडू ने कहा कि तालाब के निर्माण कार्य के लिए चार करोड़ रुपये पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 58 करोड़ रुपये की राशि प्रस्‍तावित है। इसके बाद श्री नायडू ने एपीएचबी कॉलोनी में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित करगिल विजय पार्क का उद्घाटन किया। यह पार्क करगिल युद्ध के शहीद चिंतदा मोहन राव और श्रीकाकुलम जिले के 58 सैनिकों के सम्मान में बनाया गया है।

7 महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रवांडा की फैनी उतागुशिमानिंदे सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली खिलाड़ी बनी

महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में रवांडा की फैनी उतागुशिमानिंदे सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। सलामी बल्लेबाज, उतागुशिमानिंदे ने नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ मात्र 65 गेंद में नाबाद 111 रन की पारी खेली। उन्होंने युगांडा की प्रोस्कोविया अलाको का रिकॉर्ड तोड़ा। उतागुशिमानिंदे के नाबाद 111 रन, टी-20 अंतर्राष्‍ट्रीय मैच में पदार्पण करते हुए किसी महिला खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी रहा। इससे पहले, वर्ष 2005 में ऑस्ट्रेलिया की करेन रोल्टन ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 96 रन बनाए थे। उतागुशिमानिंदे की रिकॉर्ड तोड़ पारी की बदौलत रवांडा ने 122 रन से मैच अपने नाम कर लिया।

8 बिहार का 114वां स्थापना दिवस

बिहार 22 मार्च 2026 को अपना 114वां स्थापना दिवस मना रहा है, जो 22 मार्च 1912 को बंगाल से अलग होकर एक स्वतंत्र राज्य बनने की याद दिलाता है। बिहार दिवस के उपलक्ष्य में पटना के गांधी मैदान में तीन दिन तक चलने वाला राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्घाटन, मुख्‍यमंत्री नीतिश कुमार करेंगे। राज्यपाल, सैयद अता हसनैन 24 मार्च को समापन समारोह में भाग लेंगे। समारोह के दौरान देश भर के कई प्रख्यात कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस वर्ष बिहार दिवस का विषय है- उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार

9 विश्व जल दिवस

जल ही जीवन है” यह केवल एक सूक्ति नहीं, बल्कि सृष्टि के अस्तित्व का शाश्वत आधार है। नीले ग्रह के रूप में विख्यात हमारी पृथ्वी आज ऐसे संवेदनशील दोराहे पर खड़ी है, जहां उसकी नीलिमा पर संकट के गहरे बादल घिरते जा रहे हैं। हर वर्ष 22 मार्च को मनाया जाने वाला World Water Day अब मात्र औपचारिक आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह आत्ममंथन, चेतावनी और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बन चुका है।

10 विश्व हिमनद दिवस 2026

विश्व हिमनद दिवस 2026 हर वर्ष 21 मार्च को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पृथ्वी पर जीवन को बनाए रखने में हिमनदों (Glaciers) की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। ये विशाल बर्फीले भंडार विश्व के लगभग 70% मीठे पानी को संग्रहीत करते हैं, जिससे ये पारिस्थितिकी तंत्र और मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक बन जाते हैं। यह दिवस United Nations द्वारा मान्यता प्राप्त है और तेजी से पिघलते हिमनदों के कारण उनकी सुरक्षा की आवश्यकता को उजागर करता है।

11 अंतर्राष्ट्रीय नवरोज़ दिवस 2026

अंतर्राष्ट्रीय नवरोज़ दिवस (International Nowruz Day) हर वर्ष 21 मार्च को मनाया जाता है। यह दिन फारसी नववर्ष और वसंत ऋतु के आगमन का उत्सव है। इसे United Nations द्वारा मान्यता दी गई है। नवरोज़ वसंत विषुव (Vernal Equinox) के साथ मनाया जाता है, जो नवजीवन, आशा और नई शुरुआत का प्रतीक है। यह उत्सव 3,000 वर्षों से अधिक समय से मनाया जा रहा है और ईरान, मध्य एशिया तथा काकेशस क्षेत्रों में व्यापक रूप से प्रचलित है। यह विविध संस्कृतियों को एकजुट करता है और शांति व एकता का संदेश देता है।