दुबई: पैराशूटिंग विश्‍व कप में दस मीटर एयरराइफल स्‍पर्धा में भारत की अवनी लेखाडा ने जीता स्‍वर्ण

0
32

1 दुबई: पैराशूटिंग विश्‍व कप में दस मीटर एयरराइफल स्‍पर्धा में भारत की अवनी लेखाडा ने जीता स्‍वर्ण

दुबई के अल-एन में पैराशूटिंग विश्‍व कप में महिलाओं के दस मीटर एयरराइफल एसएच-1 स्‍पर्धा में भारत की अवनी लेखाडा ने स्‍वर्ण पदक जीता है। उन्‍होंने स्‍वीडन की अना बेशनॉन को पीछे छोड़ते हुए खिताब हासिल किया। थाईलैंड की वानिपा लियोंग विलाई को कांस्‍य पदक मिला। भारत ने मिक्‍स्‍ड पचास मीटर राइफल एसएच-1 की व्‍यक्तिगत स्‍पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्‍वर्ण और रजत पदक तथा टीम स्‍पर्धा में रजत पदक हासिल किया। व्‍यक्तिगत मुकाबले के फाइनल में आकाश ने 223.1 अंक के साथ स्‍वर्ण पदक और संदीप कुमार ने रजत पदक अपने-अपने नाम किए। इन दोनों के साथ रूद्रांश खंडेलवाल ने टीम स्‍पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया। ईरान दूसरे स्‍थान पर रहा।

2 प्रख्यात वैज्ञानिक अंकथी राजू बने रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला के निदेशक

प्रख्यात वैज्ञानिक अंकथी राजू को रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला हैदराबाद का निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्होंने भारतीय प्रक्षेपास्‍त्र विकास प्रयोगशाला के निदेशक का भी पदभार ग्रहण किया है। श्री अंकथी राजू ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, हैदराबाद से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई और आई.आई.टी. बंबई से वैमानिकी इंजीनियरिंग में एम.टेक किया है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले तीन दशक में, श्री राजू ने ठोस ईंधन डक्टेड रैमजेट प्रोपल्‍जन प्रणाली के सफल प्रदर्शन, मिसाइलों के लिए लिक्विड प्रोपल्‍जन प्रणालियों के डिजाइन और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है जिसमें पृथ्वी, अग्नि, पी.ए.डी., पी.डी.वी., मिशन शक्ति, प्रतिक्रिया नियंत्रण प्रणाली, वायु रक्षा के इंटरसेप्टर और एक्सियल फ्लो कंप्रेसर का डिजाइन और विकास शामिल है।

3 लखनऊ को यूनेस्को मौलिक पाककला शहर का दर्जा

लखनऊ को यूनेस्को मौलिक पाककला शहर का दर्जा दिया गया है। यह दर्जा लखनऊ की विशिष्ट पाक कला विरासत और भारत की समृद्ध पाककला परंपराओं में इसके अमूल्य योगदान के सम्मान में दिया गया है। उज्बेकिस्तान के समरकंद में शुक्रवार को यूनेस्को की 43वीं जनरल कॉन्फ्रेंस में वर्ल्ड सिटीज डे पर इसकी घोषणा की गई। क्रिएटिव सिटी ऑफ़ गैस्ट्रोनॉमी का खिताब उन शहरों को दिया जाता है, जो अपनी प्राचीन कला, खाद्य संस्कृति और विरासत के लिए जाने जाते हैं।

4 दुनिया के सबसे बड़े पुरातात्विक संग्रहालय ग्रैंड इजिप्शियन म्यूज़ियम का उद्घाटन

मिस्र ने गीज़ा के महान पिरामिड के पास ग्रैंड इजिप्शियन म्यूज़ियम का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया है। यह दुनिया का सबसे बड़ा पुरातात्विक संग्रहालय है। इसमें सात हजार वर्षों की एक लाख कलाकृतियाँ प्रदर्शित की जा रही हैं। पहली बार तूतनखामुन मकबरे की सभी साढ़े पांच हजार वस्तुएं एक साथ प्रदर्शित की गई हैं। इनमें उनका सोने का मुखौटा, सिंहासन और रथ भी शामिल हैं। एक अरब 20 करोड़ डॉलर की लागत से निर्मित और 5 लाख वर्ग मीटर में फैले इस विशाल परिसर में प्रति वर्ष 80 लाख पर्यटकों के आने की उम्मीद है। इससे मिस्र के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलेगी। इसके मुख्य आकर्षणों में रामेसेस द्वितीय की एक विशाल प्रतिमा, 3 हजार 200 साल पुराना लटकता ओबिलिस्क और खुफू की 4 हजार 500 साल पुरानी अंत्येष्टि नौका शामिल हैं।

5 केन विलियमसन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

न्यूज़ीलैंड के क्रिकेटर केन विलियमसन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए 93 टी-20 मैच खेले हैं। जिसमें उन्‍होंने ढाई हजार से अधिक रन बनाए हैं। हालांकि विलियमसन टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट खेलते रहेंगे। विलियमसन ने 2011 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया था। उन्‍होंने 75 मैच में न्यूजीलैंड का नेतृत्व किया था। उनके नेतृत्‍व में टीम दो बार टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल और एक बार फाइनल तक पहुँची थी।

6 इंडियन ऑयल मुंबई ने जीता 42वां इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट

इंडियन ऑयल मुंबई ने 42वां इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी ट्रॉफी लगातार तीसरी बार जीत ली है। जालंधर में फाइनल में इंडियन ऑयल मुंबई ने इंडियन रेलवे दिल्‍ली को 2-1 से हराया। विजेता टीम के दोनों गोल पेनल्‍टी कार्नर से हुए, जबकि इंडियन रेलवे ने एकमात्र फील्‍ड गोल किया। प्रतियोगिता जीतने पर इंडियन ऑयल, मुंबई को पांच लाख 51 हजार रूपये का नकद पुरस्‍कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। इंडियन रेलवे को ढाई लाख रूपए नकद पुरस्‍कार सहित उपविजेता की ट्रॉफी दी गई।

7 विश्व शाकाहारी दिवस 2025

विश्व शाकाहारी दिवस (World Vegan Day) हर साल 1 नवंबर को मनाया जाता है ताकि शाकाहारी जीवनशैली (Vegan Lifestyle) के महत्व को बढ़ावा दिया जा सके — यानी ऐसा जीवन जो पशु शोषण के सभी रूपों से मुक्त हो, चाहे वह भोजन, वस्त्र, सौंदर्य प्रसाधन या दैनिक उपयोग की वस्तुएँ ही क्यों न हों। विश्व शाकाहारी दिवस 2025 की संभावित थीम है —“वेगनिज़्म और इसका ग्रह, पशुओं और मानव स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव

8 हरियाणा, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस

हर साल 1 नवंबर को भारत के पाँच राज्य — कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, हरियाणा और मध्य प्रदेश — अपना राज्य स्थापना दिवस मनाते हैं। कर्नाटक में हर साल 1 नवंबर को कन्नड़ राज्योत्सव (Kannada Rajyotsava) मनाया जाता है, जो राज्य के 1956 में गठन की याद दिलाता है। भारत के 1950 में गणराज्य बनने के बाद राज्यों का पुनर्गठन भाषाई आधार पर किया गया। कन्नड़ भाषा बोलने वाले क्षेत्रों को मिलाकर पहले मैसूर राज्य बनाया गया। बाद में, राज्य के लोगों की इच्छा पर, इसे 1973 में “कर्नाटक” नाम दिया गया ताकि यह सभी कन्नडिगों की पहचान को दर्शा सके। केरल में 1 नवंबर को केरल पिरवी दिनम (Kerala Piravi) यानी “केरल का जन्मदिन” मनाया जाता है। स्वतंत्रता से पहले यह क्षेत्र तीन हिस्सों — मालाबार, कोचीन और त्रावणकोर — में बँटा हुआ था। इन्हें मिलाकर 1956 में केरल राज्य का गठन हुआ। छत्तीसगढ़ भारत के सबसे संपन्न और सांस्कृतिक रूप से विविध राज्यों में से एक है। यह 1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग होकर एक स्वतंत्र राज्य बना। हरियाणा राज्य का गठन 1 नवंबर 1966 को पंजाब से अलग होकर हुआ था, जो मुख्यतः भाषाई आधार पर किया गया था। मध्य प्रदेश (एमपी) का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ। इसे “भारत का हृदय” कहा जाता है क्योंकि यह देश के भौगोलिक केंद्र में स्थित है।

9 जनजातीय कार्य मंत्रालय 1 से 15 नवंबर 2025 तक ‘जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा’ मनाएगा

जनजातीय कार्य मंत्रालय ने 1 से 15 नवंबर 2025 तक ‘जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा’ शुरू करने का ऐलान किया है। यह ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ के भव्य समापन और 15 नवंबर 2025 को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के मौके पर मनाया जाएगा। जनजातीय अनुसंधान संस्थानों (टीआरआई), एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस), ट्राइफेड और एनएसटीएफडीसी के संयुक्त प्रयास से देश में दो सप्ताह तक चलने वाले इस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के जनजातीय समुदायों और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की समृद्ध विरासत, संस्कृति और योगदान पर बात होगी।

10 विश्व शहर दिवस 2025

हर वर्ष 31 अक्टूबर को विश्व शहर दिवस (World Cities Day) मनाया जाता है, ताकि दुनिया भर में तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण से जुड़ी चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और सतत शहरी विकास (sustainable urban development) को प्रोत्साहित किया जा सके। यह दिन ‘अर्बन अक्टूबर (Urban October)’ नामक महीने-भर चलने वाले वैश्विक अभियान का समापन भी होता है, जिसे यूएन-हैबिटैट (UN-Habitat) द्वारा संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य वैश्विक समुदाय को शहरी मुद्दों के समाधान और नई शहरी कार्यसूची (New Urban Agenda) को लागू करने में सक्रिय रूप से शामिल करना है। विश्व शहर दिवस 2025 की थीम है — “जन-केन्द्रित स्मार्ट शहर”।

11 हिन्‍दी के महान साहित्‍यकार पद्मश्री रामदरश मिश्र का निधन

हिन्‍दी के महान साहित्‍यकार पद्मश्री रामदरश मिश्र का दिल्‍ली में निधन हो गया। वे 102 वर्ष के थे। श्री मिश्र को इसी वर्ष पद्मश्री से अलकृंत किया गया था। उन्हें वर्ष 2015 में साहित्‍य अकादमी और और वर्ष 2021 में व्‍यास सम्‍मान सहित अनेक पुरस्‍कारों से सम्‍मानित किया जा चुका है। श्री रामदरश मिश्र ने एक सौ से अधिक कविता, कहानी, उपन्‍यास, संस्मरण और आलोचना पुस्‍तकों की रचना की। उनकी कृतियों में स्वप्न भंग, बबूल और कैक्टस, पानी के प्राचीर, सूखता हुआ तालाब, बारिश में भींगते बच्‍चे और सपनों भरे दिन प्रमुख हैं। श्री मिश्र ने दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय सहित कई विश्‍वविद्यालयों में अध्‍यापन कार्य भी किया।

12 भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर मैनुअल फ्रेडरिक का 78 वर्ष की आयु में निधन

म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर मैनुअल फ्रेडरिक का 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। केरल के कन्नूर के रहने वाले फ्रेडरिक ओलंपिक पदक जीतने वाले राज्य के पहले खिलाड़ी थे। उनका यह रिकॉर्ड 2021 में पीआर श्रीजेश ने तोड़ा था। अपनी निडर गोलकीपिंग के लिए जाने जाने वाले फ्रेडरिक ने 1971 से 1978 तक भारत का प्रतिनिधित्व किया और दो विश्व कप में खेले। उनकी टीम ने 1973 में एम्सटलवीन में रजत पदक हासिल किया था। 2019 में ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित मैनुअल फ्रेडरिक को देश के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपरों में से एक माना जाता है।