राष्टीय न्यूज़:-
1. देशभर में आज मनाया जा रहा है नौंवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस:-

आज देशभर में नौंवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर निर्वाचन आयोग देशभर में छह लाख से अधिक जगहों पर मतदाता दिवस मनाएगा, जहां करीब दस लाख मतदान केंद्र हैं। आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस का शीर्षक रखा गया है- मतदान से न छूटे कोई मतदाता। इस अवसर पर नए मतदाताओं को हर प्रकार की जानकारी और मतदाता पहचान पत्र दिए जाएंगे। इस अवसर पर चुनाव आयोग नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि होंगे। चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान करने वाले अधिकारियों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
2.राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 70वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज शाम राष्ट्र को संबोधित करेंगे:-
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 70वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति का भाषण पहले हिंदी में और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित होगा। दूरदर्शन पर भाषण के हिंदी और अंग्रेजी प्रसारण के बाद क्षेत्रीय चैनलों पर भी इसे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा। राष्ट्रपति का संबोधन आकाशवाणी पर रात साढ़े नौ बजे से संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित होगा।
सूचना प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रपति के भाषण को मूक-बधिर लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। मंत्रालय ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड का आंखों देखा हाल प्रसारित करने के लिए भी ऐसी ही व्यवस्था की है ताकि ऐसे लोग इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समारोह का आनंद ले सकें। एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आज शाम सात बजे से साढ़े सात बजे तक डी.डी. भारती अपने चैनल पर राष्ट्रपति के भाषण को सांकेतिक भाषा में प्रसारित करेगा, जबकि कल 26 जनवरी को डी.डी. न्यूज़ सुबह नौ बजे से परेड का सांकेतिक भाषा में प्रसारण करेगा।
3.इसरो ने लॉन्च किया दुनिया का सबसे हल्का उपग्रह कलामसैट, जानिए खासियत:-

इसरो ने गुरुवार को दुनिया के सबसे छोटा सैटेलाइट कलामसैट वी-2 को लॉन्च किया। इसकी लॉन्चिंग श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से हुई। कलामसैट सैटेलाइट का नामकरण पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइलमैन एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर किया गया है। खास बात यह कि इस उपग्रह को भारतीय छात्रों के एक समूह ने तैयार किया है। कलामसैट वी-2 को पीएसएलवी-सी44 मिशन के तहत किया गया।
दुनिया का सबसे हल्का सैटेलाइट:-
इससे पहले आजतक दुनिया में ऐसा कभी नहीं हुआ, जब सिर्फ 1.2 किलोग्राम का कोई सैटेलाइट लॉन्च किया गया हो। लेकिन इसरो और भारतीय छात्रों ने यह कारनामा कर दिखाया है। इसरो ने इस सैटेलाइट के बारे में बताया है कि इस उपग्रह से शौकिया तौर पर रेडियो सेवा चलाने वालों को अपने कार्यक्रमों के लिए तरंगों के आदान-प्रदान में मदद मिलेगी। इसरो ने बताया कि इस सैटेलाइट का प्रक्षेपण स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को वैज्ञानिक और भविष्य के इंजीनियर बनने के लिए प्रेरित करेगा। कलामसैट को चैन्नई स्थित स्पेस एजुकेशन फर्म स्पेस किड्ज़ इंडिया नाम की स्टार्ट-अप कंपनी ने बनाया है।
इसरो चीफ के ‘स्पेस किड्स‘:-
कलामसैट सैटेलाइट का नामकरण पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइलमैन एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर किया गया है। इसे चेन्नई के छात्रों के समूह ‘स्पेस किड्स’ ने तैयार किया है। इन छात्रों को स्पेस किड्स नाम इसरो के चेयरमैन डॉ. के सिवन ने दिया है। यह पीएसएलवी के नए संस्करण पीएसएलवी-डीएल का पहला सैटेलाइट है। के सिवन से अवसर पर छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए कहा कि इसरो भारतीयों की अपनी संपत्ति है। भारत से सभी छात्रों का इस पर अधिकार है। इसलिए सभी छात्रों से निवेदन है कि वे अपने विज्ञान के नए आविष्कारों को लेकर हमारे पास आएं। हम उनके उपग्रह लॉन्च करेंगे और हम चाहते हैं कि वो देश को विज्ञान की दिशा में आगे बढ़ाएं।
खेल न्यूज़:-
4.क्रिकेटर हार्दिक पांड्या व लोकेश राहुल का बैन हुआ खत्म, सीओए ने लिया फैसला:-

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हार्दिक पांड्या और केएल राहुल पर टेलीविजन कार्यक्रम में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में प्रशासकों की समिति (सीओए) ने निलंबन खत्म कर दिया। हालांकि दोनों के खिलाफ जांच चलती रहेगी।इससे पहले सीओए प्रमुख विनोद राय ने कहा था कि बीसीसीआइ को दोनों खिलाडि़यों के करियर को खतरे में डालने की जगह उनमें सुधार करने पर ध्यान देना चाहिए। बीसीसीआइ के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने भी इससे पहले कहा था कि दोनों पर से निलंबन हट जाना चाहिए और जांच चलती रहनी चाहिए। हालांकि दोनों खिलाडि़यों के बिना शर्त माफी मांगने के बावजूद भी बीसीसीआइ की 10 इकाइयों ने इस मामले की जांच के लिए लोकपाल नियुक्त करने के लिए विशेष आम बैठक बुलाने की मांग की थी।
5.न्यूजीलैंड के साथ जारी श्रृंखला के चौथे और पांचवें मैच में विराट कोहली को आराम:-

बीसीसीआई ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को न्यूजीलैंड के साथ चल रही एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला के चौथे और पांचवें मैच के लिए आराम देने की घोषणा की है। वे ट्वेंटी-ट्वेंटी श्रृंखला में भी नहीं खेलेंगे। कोहली की जगह रोहित शर्मा टीम की कप्तानी करेंगे।
बाज़ार न्यूज़:-
6.सुप्रीम कोर्ट ने दीवालिया कानून की वैधता को रखा बरकरार, खारिज हुई सभी याचिकाएं:-

सुप्रीम कोर्ट ने दीवालिया कानून (इंसॉल्वेंसी एंड बैकरप्सी कोड) की वैधता को पूरी तरह से बरकरार रखते हुए इसके खिलाफ दायर याचिकाओं को खारिज कर दिया है। 16 जनवरी को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस कानून के तहत दिवालिया हो चुकी कंपनियों की नीलामी में कंपनी के प्रोमोटर के शामिल होने पर रोक लगाई गई है।
कोर्ट ने कहा कि कानून में एकमात्र बदलाव संबंधित व्यक्ति की परिभाषा में होगा और नई परिभाषा के मुताबिक वहीं व्यक्ति संबंधित व्यक्ति माना जाएगा, जो कर्जदाता या डिफॉल्ट कर चुकी कंपनी से संबंधित होगा।
7.इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर शुरू की नई फ्लाइट, 1299 रुपये में है शुरुआती किराया:-

विमानन सेवा देने वाली कंपनी इंडिगो ने गुरुवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट पर नई फ्लाइट की घोषणा की। कंपनी ने अपने ऑफर के तहत शुरुआती किराया 1299 रुपये रखा है। एयरलाइन से मिली जानकारी के मुताबिक डेली डोमेस्टिक फ्लाइट में कन्नूर (केरल) गोआ, कन्नूर-बेंगलुरु, कन्नूर-हैदराबाद, कन्नूर-चेन्नई और कन्नूर-हुबली रूट्स पर संचालित की जाएंगी, यह सेवा 25 जनवरी 2019 से शुरू होगी। नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 15 मार्च, 2019 से कन्नूर-दोहा और कन्नूर-कुवैत रूट्स पर संचालित की जाएंगी।
मिली जानकारी के मुताबिक कन्नूर और गोवा के बीच इंडिगो की फ्लाइट टिकट 1,299 रुपये के शुरुआती किराए पर उपलब्ध है। कन्नूर-बेंगलुरु का किराया 1,799 रुपये है। कन्नूर-हुबली 1,999 रुपये, कन्नूर-चेन्नई 2,500 रुपये, कन्नूर-हैदराबाद रूट्स पर 2,599 रुपये है। वहीं अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर कन्नूर-कुवैत का किराया 7,999 रुपये और कन्नूर-दोहा रूट्स पर किराया 8,499 रुपये है।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान के मुताबिक फ्लाइट बुकिंग के लिए ग्राहक एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, goindigo.in के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं।