नई दिल्ली में शुरू हुआ 53वां विश्व पुस्तक मेला 2026

0
24

1 नई दिल्ली में शुरू हुआ 53वां विश्व पुस्तक मेला 2026

53वां नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 राष्ट्रीय राजधानी में शुरू हो गया। नौ दिनों तक चलने वाले इस मेले में 35 से अधिक देशों के एक हजार से अधिक प्रकाशक भाग ले रहे हैं। इस आयोजन का उद्घाटन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया। इस वर्ष पुस्तक मेले का विषय है भारतीय सैन्य इतिहास: शौर्य और ज्ञान @75 । थीम मंडप मुख्य आकर्षण है। इस मंडप में सैन्य इतिहास पर पांच सौ से अधिक पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं और सौ से अधिक थीम-आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुस्तक मेला 18 जनवरी तक चलेगा। विश्व का सबसे बड़ा बी2सी पुस्तक मेला, नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला (एनडीडब्ल्यूबीएफ), शिक्षा मंत्रालय के अधीन भारत के राष्ट्रीय पुस्तक न्‍यास (एनबीटी) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 10 से 18 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है और पहली बार इसमें प्रवेश निःशुल्क किया गया है। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 का सह-आयोजक है। नौ दिवसीय इस पुस्तक मेले में 35 से अधिक देशों के 1000 से अधिक प्रकाशक एक साथ आएंगे।

2 ऑक्सफोर्ड केस स्टडी में PRAGATI की सराहना, अटकी परियोजनाओं को मिली रफ्तार

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के सईद बिजनेस स्कूल द्वारा दिसंबर 2024 में जारी एक केस स्टडी में भारत के PRAGATI (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन) प्लेटफॉर्म को एक प्रभावशाली और परिवर्तनकारी प्रशासनिक तंत्र बताया गया है। यह प्लेटफॉर्म लंबे समय से अटकी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति देने और सरकारी तंत्र के भीतर समन्वय बेहतर बनाने में सफल रहा है। “From Gridlock to Growth: How Leadership Enables India’s PRAGATI Ecosystem to Power Progress” शीर्षक वाली इस स्टडी को गेट्स फाउंडेशन का समर्थन प्राप्त है। इसमें PRAGATI को भारत के डिजिटल गवर्नेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर डिलीवरी सिस्टम के केंद्र में रखा गया है, जिसने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में निर्णायक भूमिका निभाई है। केस स्टडी में राष्ट्रीय राजमार्ग-8 (अब NH-48) के दहिसर–सूरत खंड का विशेष उल्लेख किया गया है। गुजरात के सूरत और महाराष्ट्र के दहिसर के बीच 239 किलोमीटर लंबे इस राजमार्ग को फरवरी 2008 में शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य चार लेन की सड़क को छह लेन में बदलना और वंचित समुदायों के लिए सर्विस रोड बनाना था। परियोजना को अगस्त 2011 तक पूरा किया जाना था, लेकिन यह वर्षों तक अधर में लटकी रही।ऑक्सफोर्ड केस स्टडी के अनुसार, वर्ष 2017 में जब इस परियोजना को PRAGATI प्लेटफॉर्म के तहत सीधे समीक्षा के लिए लाया गया, तब स्थिति में बदलाव आया। PRAGATI ने विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद को दोबारा शुरू कराया और राज्य-केंद्र विवाद समाधान का रास्ता खोला।

3 तालिबान के नूर अहमद नूर होंगे भारत में अफगानिस्तान दूतावास के प्रमुख

 

तालिबान के वरिष्ठ सदस्य मुफ्ती नूर अहमद नूर भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचे हैं। अधिकारियों की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, नूर अफगानिस्तान दूतावास में चार्ज डी’अफेयर्स (सीडीए) का पद संभालेंगे। इससे पहले नूर अहमद अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय में फर्स्ट पॉलिटिकल डिपार्टमेंट के महानिदेशक के तौर पर काम कर चुके हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच के रिश्तों में पिछले कुछ महीनों में काफी सुधार आए हैं। अक्टूबर 2025 में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने सात दिनों का भारत दौरा किया था, जिसके बाद दोनों देशों के आपसी संबंधों में लगातार गर्मजोशी देखी जा रही है।

4 विशाखापत्तनम में उन्नत जहाज प्रौद्योगिकी केंद्र की घोषणा

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने विशाखापत्तनम बंदरगाह प्राधिकरण की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी और भारत के समुद्री क्षेत्र को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत की। सभा को संबोधित करते हुए पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने जहाज निर्माण और मरम्मत के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की ‘मैरीटाइम इंडिया विजन 2030’ और ‘मैरीटाइम अमृत काल विजन 2047’ पहलों का उल्‍लेख करते हुए पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सोनोवाल ने कहा कि भारत का लक्ष्य 2030 तक शीर्ष 10 जहाज निर्माण करने वाले देशों में और 2047 तक शीर्ष पांच देशों में शामिल होना है। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सोनोवाल ने घोषणा की कि विशाखापत्तनम में 305 करोड़ रुपये की लागत से एक उन्नत जहाज प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र अनुसंधान और विकास, जहाज डिजाइन और विशिष्ट शिक्षा पर केंद्रित होगा। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सोनोवाल ने कहा कि आंध्र प्रदेश के दुग्गीराजपटनम में एक बंदरगाह-सह-जहाज निर्माण तथा जहाज मरम्मत क्लस्टर स्थापित करने का प्रस्ताव विचाराधीन है।

5 खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ब्राजील के पूर्व फुटबॉलर गिल्बर्टो डिसिल्वा के साथ फीफा विश्व कप 2026 ट्रॉफी का अनावरण किया

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ब्राजील के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी गिल्बर्टो डिसिल्वा के साथ नई दिल्‍ली में फीफा विश्व कप 2026 ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके साथ ही इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी की भारत में तीन दिन की यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान देशभर के फुटबॉल प्रेमियों को नजदीक से यह ट्रॉफी देखने का अवसर मिलेगा। फीफा विश्व कप ट्रॉफी दो दिन तक दिल्ली में रहेगी। इसके बाद इसे एक दिन के लिए गुवाहाटी ले जाया जाएगा। फीफा विश्‍व कप 2026 की मेजबानी संयुक्त रूप से अमरीका, कनाडा और मैक्सिको कर रहे हैं। विश्व कप 11 जून से शुरू हो रहा है। प्रतियोगिता में पहली बार 48 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें चार-चार टीमों के 12 समूहों में बांटा जाएगा।

6 हॉकी: एसजी पाइपर्स ने श्राची बंगाल टाइगर्स को 3-2 से हराकर महिला हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीता

 

हॉकी में, एसजी पाइपर्स ने शूट आउट में श्राची बंगाल टाइगर्स को 3-2 से हराकर महिला हॉकी इंडिया लीग 2025-26 का खिताब जीत लिया। निर्धारित समय में मैच 1-1 से ड्रॉ रहने के बाद शूटआउट से फैसला हुआ। निर्धारित समय में प्रीति दुबे ने एसजी पाइपर्स के लिये और लालरेम्सियामी ने श्राची बंगाल टाइगर्स के लिए गोल किए थे। हॉकी इंडिया लीग ने एसजी पाइपर्स को 1.5 करोड़ रुपये, दूसरे स्‍थान पर रही श्राची बंगाल टाइगर्स को 1 करोड़ रुपये और तीसरे स्थान पर रही रांची रॉयल्स को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।

7 विश्व हिंदी दिवस

विदेशों में हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के विश्व हिंदी दिवस की शुरुआत हुई थी। इसका उद्देश्य कूटनीति, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। वर्ष 2006 में 10 जनवरी के दिन नागपुर में पहला विश्व हिंदी सम्मेलन आयोजित किया गया था। तब से हर वर्ष 10 जनवरी, विश्व हिंदी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। विदेश मंत्रालय और विदेशों में भारतीय मिशन भी प्रतिवर्ष इस दिवस को मनाते हैं।