1 नासा ने आर्टेमिस तृतीय मिशन के लिए अंतरिक्ष यात्रियों के नाम घोषित किए

नासा ने अगले साल के अंत में होने वाले अपने अगले आर्टेमिस तृतीय मिशन के लिए तीन अमरीकी अंतरिक्ष यात्रियों और एक इतालवी अंतरिक्ष यात्री के नाम घोषित किए हैं। यह मिशन स्पेसएक्स और ब्लू ओरिजिन के चंद्रयानों का पहली बार कक्षा में परीक्षण करेगा। अमरीकी अंतरिक्ष यात्री आंद्रे डगलस, फ्रैंक रुबियो और रैंडी ब्रेसनिक तथा यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के इतालवी अंतरिक्ष यात्री लुका परमिटानो आर्टेमिस तृतीय के चालक दल में शामिल होंगे। चार सदस्यीय यह मिशन एलन मस्क की स्पेसएक्स और जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजिन के चंद्रयानों का पहली बार अंतरिक्ष में परीक्षण करेगा, जिसमें एक-एक करके नाजुक डॉकिंग का प्रदर्शन किया जाएगा। ह्यूस्टन में आयोजित एक समारोह में, नासा के प्रशासक जेरेड आइज़ैकमान ने घोषणा की कि अनुभवी अंतरिक्ष यात्री रैंडी ब्रेसनिक कमांडर के रूप में, आंद्रे डगलस और फ्रैंक रुबियो मिशन विशेषज्ञ के रूप में तथा यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के लुका परमिटानो पायलट के रूप में कार्य करेंगे। नासा के अंतरिक्ष यात्री बॉब हाइन्स को बैकअप चालक दल के सदस्य के रूप में नामित किया गया है और वे मुख्य चालक दल के साथ प्रशिक्षण लेंगे। आर्टेमिस III मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्री चांद पर उतरेंगे नहीं, बल्कि उसकी कक्षा का चक्कर लगाएंगे। आर्टेमिस III को 2027 के लिए निर्धारित किया गया है और इसे अब तक के सबसे जटिल मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों में से एक माना जा रहा है। इससे पहले 1 अप्रैल को नासा ने आर्टेमिस II मिशन लॉन्च किया था। आर्टेमिस-II ने हाल ही में चंद्रमा का चक्कर लगाकर अपोलो 13 का सबसे लंबी दूरी का रिकॉर्ड तोड़ा था।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने घोषणा की है कि वाराणसी से अब अंतरराष्ट्रीय यात्री दिल्ली पहुंचने से पहले आव्रजन और सामान संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं और दुनिया भर के गंतव्यों के लिए निर्बाध रूप से आगे की यात्रा कर सकते हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नायडू ने कहा कि भारत की हब-एंड-स्पोक विमानन योजना की शुरुआत वाराणसी से होती है। उन्होंने बताया कि वाराणसी आसानी से कनेक्ट उड़ानों के मॉडल में शामिल होने वाला पहला शहर है। हब-एंड-स्पोक (Hub-and-Spoke) विमानन योजना एक नेटवर्क मॉडल है, जहाँ कई छोटे हवाई अड्डे (स्पोक) एक केंद्रीय बड़े हवाई अड्डे (हब) से जुड़ते हैं। यात्री अपने छोटे शहर से हब तक आते हैं और फिर वहाँ से बड़े विमानों द्वारा अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय या घरेलू गंतव्य के लिए उड़ान भरते हैं।

10 जून को रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मेटा (Meta) के साथ AI डेटा सेंटर के लिए पार्टनरशिप की है। ये मेटा का पहला डेटा सेंटर है। इसे गुजरात के जामनगर में स्थापित किया जाएगा। इस डेटा सेंटर की कैपिसिटी 168 मेगावाट (MW) होगी। इस डेटा सेंटर को अगले 2 साल में तैयार कर लिया जाएगा। मेटा के अनुसार, यह डेटा सेंटर रिन्यूएबल एनर्जी से चलेगा और कूलिंग के लिए खारे पानी को मीठा बनाकर (डीसैलिनेटेड सी-वॉटर) इस्तेमाल करेगा। ये भारत में अपनी तरह का पहला ‘बिल्ट-टू-सूट’ (खास जरूरत के हिसाब से बनाया गया) डेटा सेंटर होगा। मेटा ने 2020 में जियो प्लेटफॉर्म्स में 5.7 अरब डॉलर का निवेश किया था। 2025 में दोनों कंपनियों ने Llama AI मॉडल बेस्ड एंटरप्राइज AI सोल्यूशन डेवलप करने के लिए भी पार्टनरशिप की थी। भारत मेटा के सबसे बड़े मार्केट में से एक है, जहां Facebook, Instagram और WhatsApp पर करोड़ों यूजर्स हैं।
4 भारत की सृष्टि किरण बनी अंडर-13 टेनिस खिलाड़ियों में विश्व की नंबर 1 खिलाड़ी

बेंगलुरु की सृष्टि किरण ने अंडर-13 टेनिस खिलाड़ियों में विश्व की नंबर 1 खिलाड़ी का स्थान हासिल कर लिया है। सृष्टि ने लगातार पांच आईटीएफ जूनियर खिताब जीतकर और आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर्स जे-100 ग्वाटेमाला में उपविजेता रहकर यह स्थान हासिल किया। 13 वर्षीय सृष्टि किरण ने आईटीएफ जूनियर रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 357वीं रैंक प्राप्त की है जो विश्व स्तर पर अंडर-13 खिलाड़ियों में सर्वोच्च रैंकिंग है। उन्होंने यह उपलब्धि केवल आठ रैंकिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर हासिल की है, जो रैंकिंग के लिए निर्धारित अधिकतम 10 टूर्नामेंटों से दो कम हैं।
5 जो रूट को पछाड़कर टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे हैरी ब्रूक

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा बुधवार को जारी पुरुष टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पहला स्थान हासिल किया है। ब्रूक ने साथी खिलाड़ी और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया है। भारतीय कप्तान गिल को 2 स्थान का फायदा हुआ है। गिल आठवें स्थान पर चले गए हैं। लॉर्ड्स में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की 115 रनों की जीत के दौरान पहली पारी में अर्धशतक लगाने के बाद ब्रूक नंबर एक स्थान पर आ गए। ब्रूक पहली बार दिसंबर 2024 में शीर्ष स्थान पर पहुंचे थे। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ चौथे स्थान पर है। श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस एक स्थान उपर चढ़कर पांचवें स्थान पर चले गए हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन छठे स्थान पर हैं। उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बवुमा सातवें स्थान पर हैं। भारत के यशस्वी जायसवाल नौवें स्थान हैं। उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। श्रीलंका के दिनेश चांदीमल एक पायदान उपर चढ़कर दसवें स्थान पर चले गए हैं।
6 विश्व नेत्रदान दिवस

विश्व नेत्रदान दिवस (World Eye Donation Day) प्रतिवर्ष 10 जून को मनाया जाता है। यह दिवस मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार के उस महान संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है, जो किसी व्यक्ति के जीवन के बाद भी दूसरों के जीवन में उजाला भर सकता है। इस दिवस का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के महत्व, इसकी आवश्यकता और सामाजिक उपयोगिता के प्रति जागरूक करना है। सामान्य धारणा यह है कि नेत्रदान का अर्थ पूरी आंख का प्रत्यारोपण करना है, जबकि वास्तविकता इससे भिन्न है। नेत्रदान में मृत्यु के पश्चात व्यक्ति की आंखों के पारदर्शी भाग, अर्थात् कॉर्निया (नेत्रपटल), को सुरक्षित रूप से निकालकर किसी जरूरतमंद रोगी में प्रत्यारोपित किया जाता है। वर्ष 1905 में ऑस्ट्रिया के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. एडुआर्ड ज़िर्म ने विश्व का पहला सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण किया। इस उपलब्धि ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले।
7 फिल्म निर्माता, अभिनेता और निर्देशक, भारती राजा का चेन्नई में निधन

लोकप्रिय फिल्म निर्माता, अभिनेता और निर्देशक, भारती राजा का चेन्नई में निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। उन्हें छह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार फिल्मफेयर और छह तमिलनाडु फिल्म पुरस्कार मिले। उनकी अधिकांश फिल्मों का संगीत निर्देशन संगीतकार इलैयाराजा ने किया था। वे तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ फिल्मों में भी लोकप्रिय रहे। भारतीराजा ने 1977 में फिल्म ’16 वयाथिनिले’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। भारतीराजा की प्रमुख फिल्मों में ‘किझाके पोगुम रेल’, ‘सिगप्पु रोजक्कल’, ‘अलैगल ओइवथिल्लई’, ‘काधल ओवियम’ और ‘मुधल मरियाथाई’ शामिल हैं। भारतीराजा ने ‘सोलवां सावन’ (1979), ‘रेड रोज’ (1980) और ‘सवेरे वाली गाड़ी’ (1986) जैसी कुछ हिंदी फिल्में भी डायरेक्ट की हैं। 2004 में भारतीराजा को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। भारतीराजा को 6 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार साउथ फिल्मफेयर पुरस्कार समेत कई पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने चेन्नई स्थित उनके आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।