1 पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में 7 मई को मॉक ड्रिल, केंद्र सरकार का सख्त का निर्देश

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। गृह मंत्रालय ने देश के कई राज्यों को निर्देश दिया है कि वे 7 मई को एक व्यापक नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) मॉक ड्रिल आयोजित करें। यह मॉक ड्रिल देशभर में एक साथ होगी और इसका उद्देश्य किसी संभावित आतंकी हमले या युद्ध जैसी स्थिति में नागरिकों को तैयार करना है। इस मॉक ड्रिल में कई महत्वपूर्ण गतिविधियां शामिल होंगी, जैसे कि एयर रेड वार्निंग सायरन बजाना ताकि लोगों को हमले की चेतावनी दी जा सके। नागरिकों और छात्रों को सिखाया जाएगा कि हमले की स्थिति में कैसे खुद को सुरक्षित रखा जाए। इसके साथ ही ‘क्रैश ब्लैकआउट’ की भी व्यवस्था की जाएगी, जिसमें शहरों और इमारतों की लाइटें बंद कर दी जाएंगी ताकि दुश्मन की निगरानी या हवाई हमले से बचा जा सके।
2 मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का 72वां संस्करण दस से 31 मई तक तेलंगाना में आयोजित होगा

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का 72वां संस्करण दस से 31 मई तक तेलंगाना में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दुनिया भर से प्रतिभागी हैदराबाद पहुंचने लगे हैं। कनाडा से एम्मा डीनना कैथरीन मॉरिसन और ब्राजील से जेसिका स्कैंडिउज़ी पेड्रोसो का हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पारंपरिक स्वागत किया गया। तेलंगाना सरकार ने इस प्रतियोगिता से राज्य की वैश्विक ब्रांड छवि को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए कार्य योजना तैयार की है। मिस वर्ल्ड प्रतिभागी राज्य भर के प्रमुख पर्यटक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस कार्यक्रम में 120 प्रतिभागी देशों के प्रतियोगी और अतिथि भाग लेंगे।
3 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने पूरे किए 9 साल, 10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को मिला लाभ : हरदीप सिंह पुरी

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) ने 9 वर्षों में देशभर में नारी सशक्तिकरण और स्वच्छ ईंधन पहुंचाने के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को बताया कि इस योजना से अब तक 10.33 करोड़ से अधिक परिवारों को फायदा मिला है और 238 करोड़ से ज्यादा बार एलपीजी सिलेंडर रिफिल किए गए हैं। गौरतलब है कि यह योजना 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य गरीब और वंचित परिवारों की महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन देना था, जिससे वे परंपरागत प्रदूषणकारी ईंधनों जैसे लकड़ी, कोयला, गोबर आदि से मुक्ति पा सकें।
4 आईएनएस शारदा (एचएडीआर) अभ्यास के लिए मालदीव के माफीलाफुशी पहुंचा

क्षेत्रीय सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता के अनुरूप, आईएनएस शारदा मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास के लिए मालदीव के माफीलाफुशी एटोल पहुंची, जिसकी योजना 4 से 10 मई, 2025 तक बनाई गई है। यह तैनाती भारत और मालदीव के बीच मजबूत रक्षा और समुद्री सहयोग का प्रमाण है। यह भारत के “महासागर” (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) दृष्टिकोण के अनुरूप है, जो कि हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सहयोगी प्रयासों पर जोर देता है। इस एचएडीआर अभ्यास का उद्देश्य भारतीय नौसेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल (एमएनडीएफ) के बीच अंतर-संचालन को बढ़ाना है।
5 तीरंदाजी विश्व कप 2025 चीन के शंघाई में शुरू

तीरंदाजी विश्व कप 2025 चीन के शंघाई में शुरू हो रहा है। ज्योति सुरेखा वेन्नम और दीपिका कुमारी इस प्रतियोगिता में भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेगी। इस महीने की 11 तारीख तक चलने वाली प्रतियोगिता में 8 पुरूष और 8 महिला तीरंदाजों का भारतीय दल कंपाउंड और रिकर्व स्पर्धाओं में भाग लेगा।
6 टेबल टेनिस: अंकुर भट्टाचार्य और अभिनंद प्रधावधी ने डब्ल्यूटीटी यूथ स्टार कंटेंडर में अंडर-19 पुरूषों का डबल्स खिताब जीता

टेबल टेनिस में, भारतीय खिलाड़ी अंकुर भट्टाचार्य और अभिनंद प्रधावधी ने बैंकॉक में डब्ल्यूटीटी यूथ स्टार कंटेंडर में अंडर-19 पुरूषों का डबल्स खिताब जीत लिया। उन्होंने फाइनल में कोरिया के ली जुंगमोक और चोई जिवुक को 3-1 से हराया। वहीं, अंडर-19 महिला डबल्स में, भारत की सिंड्रेला दास और दिव्यांशी भौमिक फाइनल में पहुँच गईं है। उन्होंने चीन और कोरिया की मजबूत जोड़ियों को हराया।
7 चीन ने सुदीरमन कप 2025 जीता

बैडमिंटन की महाशक्ति चीन ने सुदीरमन कप 2025 के 19वें संस्करण के फाइनल में दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी बार बीडब्ल्यूएफ सुदीरमन कप जीत लिया। सुदीरमन कप के इतिहास में यह चीनी टीम की 14वीं खिताबी जीत थी। अभी तक केवल तीन देश, चीन, इंडोनेशिया और दक्षिण कोरिया ने सुदीरमन कप जीता है। भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रही और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 16 टीमों में 9वें स्थान पर रही। सुदीरमन कप बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडबल्यूएफ़) द्वारा आयोजित द्विवार्षिक मिश्रित टीम बैडमिंटन प्रतियोगिता है। चीन ने 27 अप्रैल से 4 मई 2025 तक ज़ियामेन में सुदीरमन कप फ़ाइनल के 19वें संस्करण की मेजबानी की।
8 गोवा ने कलिंगा सुपर कप जीत कर एएफसी चैंपियंस लीग 2 के लिए क्वालीफाई किया

एफसी गोवा ने फाइनल में जमशेदपुर एफसी को 3-0 से हराकर 2025 कलिंगा सुपर कप फुटबॉल प्रतियोगिता का 5वां संस्करण जीत लिया। एफसी गोवा ने इस विजय के साथ ही अगले सत्र के एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) चैंपियंस लीग 2 के प्लेऑफ चरणों के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। यदि एफसी गोवा उस प्लेऑफ गेम को जीतने में विफल रहता है, तो वो एएफसी चैलेंज लीग में खेलेगा। कलिंगा सुपर कप 2025 का फाइनल 3 मई 2025 को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेला गया था। प्रतियोगिता का नाम सुपर कप है, लेकिन चूंकि ओडिशा सरकार इसे प्रायोजित करती है, इसलिए इसे 2024 संस्करण से कलिंगा सुपर कप के रूप में जाना जाता है। यह ओडिशा के भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित किया जाता है।