1 पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने प्रम्बानन मंदिर पुनरुद्धार परियोजना का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने बुधवार को योग्याकार्ता स्थित विश्व प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण एवं पुनरुद्धार परियोजना का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल यह मंदिर परिसर इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है। भगवान शिव को समर्पित यह ऐतिहासिक स्थल भारत और इंडोनेशिया के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक माना जाता है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि पुनरुद्धार परियोजना 2029 से पहले पूरी हो जाएगी और इसके बाद बड़ी संख्या में भारतीय श्रद्धालु और पर्यटक यहां आएंगे। उन्होंने भगवान शिव से भारत-इंडोनेशिया की मित्रता को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के कल्याण की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे। हवाई अड्डे पर ऑस्ट्रेलिया की मंत्री क्लेयर ओ’नील ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। वे भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में दोनों देशों के प्रमुख उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने मध्य प्रदेश के श्योपुर में गगनयान मिशन के लिए एकीकृत मुख्य पैराशूट एयरड्रॉप परीक्षण-आईएमएटी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह परीक्षण एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट के ड्रॉप ज़ोन में आयोजित किया गया था। इस परीक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी पहले मानवरहित गगनयान जी-1 मिशन के लिए पैराशूट प्रणाली को परखना था। परीक्षण के दौरान मुख्य पैराशूट पर अधिकतम संभावित भार डाला गया, ताकि उसकी संरचनात्मक अखंडता और डिज़ाइन क्षमता की सटीकता को जांचा जा सके। गगनयान मिशन के दौरान जब अंतरिक्ष यात्री धरती पर वापस लौटेंगे, तब क्रू मॉड्यूल को सुरक्षित रूप से समुद्र या जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी इन्हीं मुख्य पैराशूट्स की होगी। इस सफल परीक्षण से इसरो ने अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है।

संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नई दिल्ली के संसद भवन में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 का पुरस्कार वितरित किया। कश्मीर विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता देश भर के 51 विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की भागीदारी के साथ आयोजित की गई थी। पुरस्कार विजेता छात्रों ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में पुरस्कार हासिल करने पर खुशी व्यक्त की। मंत्रालय पिछले 29 वर्षों से छात्रों में संसदीय प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है।

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने 19 सीटों वाले सारस एमके-II के डिजाइन चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने पर राष्ट्रीय एयरोस्पेस प्रयोगशालाओं (एनएस्पेस लेबोरेटरीज) को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री नायडू ने कहा कि सारस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाता है और देश का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन किया गया हल्का परिवहन विमान है। मंत्री ने कहा कि घरेलू एयरोस्पेस विनिर्माण में यह सफलता, दूरस्थ और उच्च ऊंचाई वाले हवाई अड्डों को भारत में निर्मित विमानों से जोड़ने के लिए उड़ान (यूडीएन) के विजन को सशक्त बनाएगी।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) मंडी के वैज्ञानिकों ने भारतीय हिमालयी क्षेत्र के लिए पूरी तरह से काम करने वाला ‘लैंडस्लाइड अर्ली वार्निंग सिस्टम’ विकसित किया है। इसका मकसद मॉनसून के दौरान एक वेब-बेस्ड प्लेटफॉर्म के जरिए भूस्खलन के जोखिमों की रोजाना भविष्यवाणी करके आपदा की तैयारी को बेहतर बनाना है। भारतीय हिमालयी क्षेत्र देश के सबसे ज्यादा लैंडस्लाइड वाले इलाकों में से एक है, जहां बदलते क्लाइमेट पैटर्न की वजह से ढलानों के टूटने की दर बढ़ रही है, जिससे जानमाल का भारी नुकसान होता है। इस रिसर्च को आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ सिविल एंड एनवायर्नमेंटल इंजीनियरिंग के प्रोफेसर डेरिक्स प्रेज शुक्ला ने रिसर्च स्कॉलर अंकित सिंह और नितेश धीमान के साथ मिलकर लीड किया। लैंडस्लाइड अर्ली वार्निंग सिस्टम, इलाके की संवेदनशीलता की जानकारी को रियल-टाइम बारिश के डेटा के साथ मिलाकर लैंडस्लाइड की संभावना का अनुमान लगाता है और उस पर नजर रखता है। यह अधिकारियों और डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसियों को समय पर बचाव के उपाय करने में मदद करने के लिए जगह के हिसाब से चेतावनी जारी करता है।

भारत के वैज्ञानिकों ने पहली बार भारतीय क्षेत्र के ऊपरी आयनमंडल का सटीक मानचित्र तैयार करने की नई तकनीक विकसित की है। यह तकनीक ज़मीन और अंतरिक्ष से प्राप्त आंकड़ों को जोड़कर विकसित की गई है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि इससे उपग्रह संचालन, संचार प्रणाली और नेविगेशन सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। आयनमंडल, पृथ्वी के ऊपरी वायुमंडल का आयनित भाग है। जो संचार और उपग्रह आधारित नेविगेशन प्रणालियों के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें इलेक्ट्रॉन घनत्व में होने वाले दैनिक बदलाव जीपीएस और भारत की नाविक जैसी प्रणालियों के संकेतों को प्रभावित करते हैं। मंत्रालय के अनुसार, इस तकनीक से ऊपरी आयनमंडल की संरचना और व्यवहार को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा तथा भारतीय क्षेत्र के लिए अधिक सटीक आकलन उपलब्ध होगा। यह तकनीक विशेष रूप से भू-चुंबकीय भूमध्य रेखा वाले क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र के कारण आयनमंडल की गतिविधियां अत्यधिक जटिल होती हैं।

8 जुलाई को वन नेशन वन यूनिफॉर्म के तहत देशभर की पुलिस के लिए एक जैसी खाकी वर्दी तय की गई है। गृह मंत्रालय और ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (BPR&D) के प्रोसेस के बाद खाकी वर्दी पर ये फैसला हुआ है। इस फैसले के बाद सभी राज्यों में पुलिस की वर्दी खाकी रंग की और एक ही डिजाइन की होगी। वन नेशन वन यूनिफॉर्म का विचार पीएम नरेंद्र मोदी ने 28 अक्टूबर 2022 को पेश किया था। इसका उद्देश्य देशभर की पुलिस के लिए एक समान पहचान स्थापित करना है। वर्तमान में भारत के हर राज्य की पुलिस की वर्दी का रंग, डिजाइन और बैज अलग-अलग हैं। BPR&D के मुताबिक, खाकी में आने वाले कई तरह के रंगों को न रखते हुए इसमें एक खास रंग और डिजाइन तय किया जाएगा। इससे सभी तरह के पुलिसकर्मी उसी तरह के रंग और डिजाइन वाली खाकी वर्दी में नजर आएंगे। ये नियम सभी राज्यों के लिए होगा लेकिन ये प्रस्ताव राज्यों पर थोपा नहीं जाएगा, बल्कि इसे सर्वसम्मति के आधार पर लागू किया जाएगा। भारत में ‘पुलिस’ स्टेट लिस्ट का हिस्सा है, इसलिए अंतिम निर्णय राज्यों की सहमति से ही लिया जाएगा। इसके साथ ही कोलकाता में पुलिस की वर्दी सफेद हुआ करती थी। वहां भी इसमें बदलाव हो रहा है। 1847 में ब्रिटिश भारतीय सेना के अधिकारी सर हैरी बर्नेट लम्सडेन ने तत्कालीन पंजाब क्षेत्र (वर्तमान पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पेशावर) में पहली बार खाकी रंग की आधिकारिक वर्दी लागू की थी। 1857 के विद्रोह के बाद ब्रिटिश सरकार ने पूरे भारत में पुलिस व्यवस्था को पुनर्गठित किया। 1861 में पुलिस अधिनियम लागू किया गया। इसी अधिनियम के बाद भारत के अधिकांश प्रांतों में संगठित पुलिस बल का गठन हुआ था। पुलिस अधिनियम के बाद खाकी वर्दी को पुलिस की मानक पहचान के रूप में व्यापक रूप से अपनाया गया।
9 भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था, IMF ने 2026 में लगाया 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ का अनुमान

वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है, और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने अपने वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक (डब्ल्यूईओ) अपडेट में चालू कैलेंडर वर्ष 2026 के दौरान इसके 7 प्रतिशत की वृद्धि दर का अनुमान लगाया है। आईएमएफ ने यह भी अनुमान जताया है कि अगले कैलेंडर वर्ष में भारत की जीडीपी वृद्धि दर कुछ घटकर 6.4 प्रतिशत रह सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि के पीछे निजी खपत (प्राइवेट कंजम्प्शन) और सेवा क्षेत्र (सर्विस सेक्टर) की लगातार मजबूत गतिविधियां प्रमुख वजह हैं। आईएमएफ की रिपोर्ट में भारत के लिए दो अलग-अलग आधारों पर अनुमान दिए गए हैं। पहला भारत के वित्त वर्ष (अप्रैल से मार्च) के आधार पर और दूसरा कैलेंडर वर्ष के आधार पर।
10 नर्मदा अवॉर्ड भुगतान विवाद पर ऐतिहासिक समझौता, चार राज्यों के बीच दशकों पुराना मामला सुलझा : अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नर्मदा अवॉर्ड के तहत लंबित भुगतान को लेकर महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच ऐतिहासिक समझौता हुआ। नई दिल्ली में मंगलवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की उपस्थिति में चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के साथ सरदार सरोवर परियोजना की लागत साझेदारी और लंबित देयों से जुड़े दशकों पुराने विवाद का वन-टाइम सेटलमेंट (एकमुश्त समाधान) के जरिए निपटारा हो गया। समझौते पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हस्ताक्षर किए। बैठक में केंद्र सरकार और चारों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस समझौते को सरदार सरोवर परियोजना से जुड़े अंतर-राज्यीय वित्तीय विवादों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
11 इंडो-पैसिफिक सुरक्षा को नई मजबूती: अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने एसएमआर समझौते पर किए हस्ताक्षर

अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने मंगलवार को तीसरे देशों में छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर (एसएमआर) की तैनाती को तेज करने के लिए एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। शुरुआत में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र पर ध्यान होगा। यह कदम ऊर्जा सुरक्षा और सिविल न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उनके बढ़ते रणनीतिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। तुर्की की राजधानी अंकारा में नाटो समिट के दौरान अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जापान के विदेश मंत्री मोटेगी तोशिमित्सु और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून ने सहयोग के लिए एक मेमोरेंडम (एमओसी) पर साइन किए। बता दें कि स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर (एसएमआर) ऐसे एडवांस्ड न्यूक्लियर रिएक्टर हैं, जिन्हें पारंपरिक न्यूक्लियर प्लांट की तुलना में कम जगह और कम शुरुआती लागत के साथ भरोसेमंद, कम कार्बन वाली बिजली पैदा करने के लिए डिजाइन किया गया है। कई देश इस टेक्नोलॉजी में भारी निवेश कर रहे हैं। इससे वे ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करते हुए सुरक्षित, साफ और भरोसेमंद ऊर्जा स्रोत चाहते हैं।
12 नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दवाओं के आयात को मंजूरी

8 जुलाई को केंद्र सरकार ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जरिए दवाइयों (Drugs) के आयात की मंजूरी दी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने नोटिफिकेशन जारी कर ये मंजूरी दी है। एयरपोर्ट के जरिए दवाइयों के आयात के लिए ड्रग्स रूल्स, 1945 के नियम 43A में संशोधन किया गया। इस फैसले के बाद भारत में दवाओं के आयात के लिए स्वीकृत बंदरगाहों/हवाई अड्डों की संख्या 42 हो गई। इस फैसले का उद्देश्य फार्मास्युटिकल सप्लाई चैन को मजबूत करना और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाना है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मंजूरी बिजनेस को बढ़ावा देने और दवाओं की तेज एवं सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। सरकार के इस कदम से फार्मा कंपनियों की परिवहन लागत भी कम होगी। इसमें दवाओं की गुणवत्ता की जांच के लिए एयरपोर्ट पर विशेष कस्टम और स्वास्थ्य कार्यालय भी स्थापित किए जाएंगे। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्धघाटन 5 जुलाई 2026 को ही हुआ है। इसकी घरेलू उड़ानों के बाद 15 जुलाई 2026 से अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवाएं शुरू होंगी।
13 RBI फंड जुटाने के लिए 32 हजार करोड़ की गवर्नमेंट सिक्योरिटीज बेचेगा

8 जुलाई को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भारत सरकार के लिए फंड जुटाने को 32,000 करोड़ रुपए की सरकारी प्रतिभूतियों (गवर्नमेंट सिक्योरिटीज) की नीलामी करेगी। ये नीलामी 10 जुलाई को की जाएगी और इनका सेटलमेंट 13 जुलाई को होगा। बता दें कि सरकार अपनी उधारी के लिए सरकारी प्रतिभूतियां, ट्रेजरी बिल जारी करती है। जिनकी नीलामी RBI सरकार के बैंकर और ऋण प्रबंधक के तौर में कराता है। RBI के अनुसार, नीलामी मुंबई ऑफिस से ‘मल्टीपल प्राइस मेथड’ (कई कीमतों वाली विधि) का इस्तेमाल करके की जाएगी। कॉम्पिटिटिव (प्रतिस्पर्धी) और नॉन-कॉम्पिटिटिव (गैर-प्रतिस्पर्धी) दोनों तरह की बोलियां 10 जुलाई को RBI के ई-कुबेर प्लेटफॉर्म के जरिए इलेक्ट्रॉनिक रूप से जमा की जाएंगी। पर्सनल इन्वेस्टर RBI के रिटेल डायरेक्ट पोर्टल के जरिए इसमें हिस्सा ले सकते हैं। ये नीलामी सॉवरेन डेट इंस्ट्रूमेंट्स (सरकारी कर्ज के साधन) जारी करके अपने खर्चों को पूरा करने के लिए सरकार के मार्केट बॉरोइंग प्रोग्राम का हिस्सा है।
14 टेनिस प्लेयर नोवाक जोकोविच ने विंबलडन का सबसे लंबा मैच खेला

8 जुलाई को नोवाक जोकोविच विंबलडन इतिहास का सबसे लंबा पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल जीतने वाले खिलाड़ी बने। जोकोविच ने ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर अपने से 14 साल छोटे कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को 5 घंटे 15 मिनट में से हराया। इससे पहले 2008 में रेनर शुटलर और अरनो क्लेमेंट के बीच का क्वार्टर फाइनल 5 घंटे 12 मिनट तक चला था। इसके साथ ही जोकोविच ओपन एरा में सबसे ज्यादा 5 सेट के ग्रैंड स्लैम मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। जोकोविच ने ग्रैंड स्लैम करियर का 50वां 5 सेट सिंगल्स मैच खेलकर स्विट्जरलैंड के स्टेन वावरिंका (49 बार) का भी रिकॉर्ड तोड़ा। जोकोविच ओपन एरा में किसी एक ग्रैंड स्लैम में 15 मेंस सिंगल्स सेमीफाइनल खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बने। रोजर फेडरर ने ऑस्ट्रेलिया ओपन और राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन में यह उपलब्धि हासिल की है।
15 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेज़बानी करेगा तेलंगाना

तेलंगाना, 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेज़बानी करेगा। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस बात की घोषणा की। बहु-खेल प्रतियोगिता का आयोजन नवंबर महीने में होने की संभावना है। यह आयोजन देशभर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगा।