1 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई। ट्रस्ट की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार राम मंदिर के शिखर पर फहराया जाने वाला ध्वज 10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा, समकोण त्रिभुजाकार है। इसके साथ कोविदारा वृक्ष की छवि के साथ इस पर ‘ओम’ अंकित है। यह मंदिर निर्माण के पूर्ण होने तथा सांस्कृतिक उत्सव और राष्ट्रीय एकता के एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने सप्तमंदिर का दौरा किया और शेषावतार मंदिर में दर्शन किए। शेषावतार मंदिर देश में भगवान राम के दुर्लभ मंदिरों में से एक है। प्रधानमंत्री ने माता अन्नपूर्णा मंदिर में भी दर्शन किए और रामलला के गर्भगृह में दर्शन और पूजा-अर्चना की।
2 गुरु तेग बहादुर के 350वें शहादत दिवस पर पीएम मोदी ने सिक्का और डाक टिकट जारी किया

पीएम मोदी कुरुक्षेत्र में आयोजित गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के समागम कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत की सालगिरह पर खास सिक्का और यादगार डाक टिकट जारी किया। पीएम मोदी ने कहा कि मुगल आक्रांताओं के उस काल में कश्मीरी हिंदुओं का जबरन धर्मांतरण किया जा रहा था। इस संकट के बीच पीड़ितों के एक दल ने गुरु साहिब से सहयोग मांगा। तब श्री गुरु साहिब ने उन पीड़ितों को जवाब दिया था कि आप सब औरंगजेब को साफ-साफ कह दें कि यदि श्री गुरु तेग बहादुर इस्लाम स्वीकार कर लें, तो हम सब इस्लाम अपना लेंगे। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने ज्योतिसर में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख की स्मृति में निर्मित पंचजन्य स्मारक का उद्घाटन किया। उन्होंने ज्योतिसर स्थित अनुभूति केन्द्र का भी दौरा किया, जहां गीता का ज्ञान विश्व को प्राप्त हुआ था।
3 पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गुरु तेग बहादुर के नाम पर विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री आनंदपुर साहिब में नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। श्री आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय गुरु को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय श्री गुरु तेग बहादुर जी के सर्वोच्च बलिदान जीवन और दर्शन पर व्यापक शोध के लिए एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा, जो संपूर्ण मानवता के लिए एक प्रकाश स्तंभ है।
4 केंद्र ने सीएसआईसी 1.0 किया लॉन्च, भारत के साइबर सिक्योरिटी इकोसिस्टम को बनाएगा मजबूत

इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, भारत के साइबर सिक्योरिटी इकोसिस्टम को मजबूत करने की एक ऐतिहासिक पहल के रूप में इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी एजुकेशन एंड अवेयरनेस (आईएसईए) प्रोजेक्ट के तहत साइबर सिक्योरिटी इनोवेशन चैलेंज (सीएसआईसी) 1.0 लॉन्च किया गया है। एमईआईटीवाई के सचिव एस कृष्णन ने कॉन्सेप्ट वीडियो, वेबसाइट और रजिस्ट्रेशन पोर्टल और सीएसआईसी 1.0 की रूल बुक को पेश किया। एस कृष्णन ने दो-आयामी राष्ट्रीय साइबर सिक्योरिटी रणनीति की आवश्यकता पर बल देते हुए उभरते खतरों के बारे में जागरूकता और टेक्नोलॉजिकल क्षमताओं को मजबूत करने की बात की। सूचना सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता (आईएसईए) परियोजना, भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) की एक पहल है जिसका उद्देश्य सूचना सुरक्षा के क्षेत्र में मानव संसाधन तैयार करना और आम जनता में साइबर स्वच्छता/साइबर सुरक्षा के बारे में सामान्य जागरूकता पैदा करना है। इस परियोजना का उद्देश्य सुरक्षित, विश्वसनीय और संरक्षित साइबर स्पेस के लिए मानव संसाधन विकास करना है। यह परियोजना 50 प्रमुख शैक्षणिक एवं स्वायत्त संस्थानों (आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी, सी-डैक और एनआईईएलआईटी केंद्र) और तकनीकी विश्वविद्यालयों द्वारा कार्यान्वित की जा रही है और नोडल एजेंसियों के रूप में सी- सी-डैक, हैदराबाद और डीएससीआई द्वारा समर्थित है।
5 नई चेतना 4.0 – जेंडर समानता और महिला सशक्तिकरण पर राष्ट्रीय अभियान का केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और अन्नपूर्णा देवी ने किया शुभारंभ

केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने “नई चेतना – पहल बदलाव की” अभियान के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया। यह राष्ट्रीय अभियान जेंडर समानता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य समुदाय आधारित कार्रवाई के माध्यम से जेंडर आधारित हिंसा के प्रति जागरूकता फैलाना, महिलाओं की सुरक्षित गतिशीलता, आर्थिक योगदान की पहचान और घरेलू कार्यों में साझा जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है। साथ ही, महिलाओं को सशक्त बनाना भी इसका हिस्सा है। यह देशव्यापी अभियान, ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो 23 दिसंबर 2025 तक देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलेगा। इस अभियान की अगुवाई देशभर के स्व-सहायता समूहों के विशाल नेटवर्क द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान 11 मंत्रालयों/विभागों – महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, गृह मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा न्याय विभाग के संयुक्त हस्ताक्षर से अंतर-मंत्रालयी संयुक्त परामर्श (Joint Advisory) भी जारी किया गया। यह पहल “Whole of Government” दृष्टिकोण का उदाहरण है, जो जेंडर आधारित भेदभाव और हिंसा के उन्मूलन के लिए सभी मंत्रालयों की सामूहिक शक्ति को जोड़ती है।
6 केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने देश की पहली लिक्विड हीलियम क्रायोजेनिक सुविधा का उद्घाटन किया

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन, परमाणु ऊर्जा विभाग तथा अंतरिक्ष विभाग के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आईआईटी बॉम्बे में क्वांटम अनुसंधान प्रयोगशालाओं का दौरा किया और संस्थान की नई लिक्विड हीलियम सुविधा का उद्घाटन किया तथा अग्रणी प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाने में भारत सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की, जो क्वांटम विज्ञान, क्रायोजेनिक्स, उन्नत सामग्री एवं अगली पीढ़ी के कंप्यूटिंग के भारत के बढ़ते पारिस्थितिकी तंत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि द्रव हीलियम एमआरआई प्रणालियों, उन्नत सामग्री और क्रायोजेनिक इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी (क्रायो-ईएम) के लिए अपरिहार्य है और कहा कि यह नई सुविधा अब राष्ट्र को समर्पित है और उद्योगों, विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान संस्थानों द्वारा उपयोग के लिए खुली है जो एक कुशल हीलियम पुनर्प्राप्ति प्रणाली से सुसज्जित है, जिससे क्रायोजेनिक प्रयोगों की लागत में वर्तमान व्यय का लगभग 10वें हिस्से तक कमी आने की उम्मीद है, जबकि ससे दुनिया के सबसे दुर्लभ संसाधनों में से एक को संरक्षित किया जा सकेगा।
7 प्रहलाद जोशी ने हरियाणा में पेलेट प्लांट का उद्घाटन किया

भारत में सतत ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने हरियाणा के रेवाड़ी ज़िले में एक बायोमास पेलेट प्लांट का उद्घाटन किया और एक बायो-एथेनॉल प्लांट की आधारशिला रखी। ये दोनों परियोजनाएँ भारत के नेट ज़ीरो 2070 लक्ष्य और E20 मिशन को पूरा करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएँगी। इनका उद्देश्य कृषि अवशेष (फसल का बरड़ा), जिसे पहले कचरा माना जाता था, को स्वच्छ ऊर्जा के उपयोगी स्रोत में बदलना है—जिससे पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय, दोनों को लाभ मिलेगा। रेवाड़ी में स्थापित यह नया पेलेट प्लांट प्रतिदिन 240 टन बायोमास पेलेट का उत्पादन करेगा। ये पेलेट थर्मल पावर प्लांट में को-फायरिंग (कोयले के साथ जलाने) के लिए उपयोग किए जाएँगे, जिससे कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी आएगी। यह भारत सरकार की उस अनिवार्य नीति के अनुरूप है, जिसमें थर्मल प्लांट्स को बायोमास और कचरे का एक हिस्सा ईंधन के रूप में उपयोग करना जरूरी किया गया है।
8 डिजिटल सुरक्षा पहल संचार साथी ने 50 हज़ार से ज़्यादा खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए

दूरसंचार विभाग ने कहा कि उसकी डिजिटल सुरक्षा पहल संचार साथी ने अक्टूबर में 50 हज़ार से ज़्यादा खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। संचार मंत्रालय ने बताया कि इस पहल ने देश भर में 7 लाख से ज़्यादा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मंत्रालय ने बताया कि इस साल जून से अक्टूबर के बीच फोन बरामदगी में 47 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
9 अजेय वारियर: भारत-यूके युद्धाभ्यास

भारत और यूनाइटेड किंगडम की सेनाएं संयुक्त युद्धाभ्यास ‘अजेय वारियर’ को अंजाम दे रही हैं। इस दौरान दोनों सेनाओं ने आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का अभ्यास किया है। इस अभियान में भारत और यूके के जवान हेलीकॉप्टर की सहायता से आतंकवादियों के ठिकानों पर पहुंचे, उन पर हमला किया और आतंकी ठिकाने नष्ट करके सुरक्षित वापस निकल आए। भारतीय सेना के मुताबिक, राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में ‘अजेय वॉरियर’ भारत-यूके संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है। यहां यह युद्धाभ्यास लगातार उच्च पेशेवर तीव्रता के साथ आगे बढ़ रहा है।
10 इथियोपिया का हैली गुब्बी ज्वालामुखी 12 हजार साल बाद अचानक 23 नवंबर 2025 को फट गया

इथियोपिया में हेली गुब्बी ज्वालामुखी के फटने के कारण चेन्नई से मुंबई और मुंबई से होकर जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हैली गुब्बी एक शील्ड-टाइप ज्वालामुखी है और इथियोपिया के दूर-दराज अफार क्षेत्र में आता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस ज्वालामुखी के होलोसीन काल (कई हजार साल) में विस्फोट का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है। माना जाता है कि यह 10,000-12,000 साल बाद फिर से सक्रिय हुआ है। यह पूरा इलाका अफार रिफ्ट कहलाता है, जहां अफ्रीकी प्लेट धीरे-धीरे अलग हो रही है। यहां कई ज्वालामुखी हैं, जिनमें एरटा एले लगातार सक्रिय रहता है। हैली गुब्बी का अचानक फटना वैज्ञानिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इतने लंबे समय शांत रहने वाले ज्वालामुखी का फिर से सक्रिय होना रिफ्ट जोन की गहराई में होने वाली गतिविधियों पर नई जानकारी दे सकता है।
11 भारत ने टोक्यो में बधिर ओलंपिक में 7 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदक जीतें

भारत ने टोक्यो में बधिर ओलंपिक में अपने निशानेबाजी अभियान का समापन सात स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक समेत कुल 16 पदकों के साथ किया। भारतीय निशानेबाजों ने 10 दिन की प्रतियोगिता में कुल 39 में से 16 पदक जीते। भारत के लिए सबसे सफल निशानेबाज माहित संधू रहीं। जिन्होंने दो स्वर्ण और दो रजत सहित चार पदक जीते। उनके बाद अभिनव देशवाल और प्रांजलि प्रशांत धूमल ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीते। धनुष श्रीकांत ने भी 10 मीटर एयर राइफल सिंगल्स और मिक्स्ड टीम स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं, मोहम्मद मुर्तजा वानिया ने एक रजत और कांस्य पदक और कोमल मिलिंद वाघमारे ने दो कांस्य पदक अपने नाम किए। अनुया प्रसाद ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। जबकि शौर्य सैनी ने 50 मीटर थ्री पोज़िशन में रजत और कुशाग्र सिंह राजावत ने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
12 भारत ने 23 सदस्यों वाले दल के साथ वर्ल्डस्किल्स एशिया 2025 में पदार्पण किया

भारत ने पहली बार आधिकारिक रूप से वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है — यह एशिया का प्रतिष्ठित कौशल चैम्पियनशिप कार्यक्रम है, जिसमें पूरे महाद्वीप के सर्वश्रेष्ठ युवा पेशेवर भाग लेते हैं। 24 नवंबर 2025 को कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने 23-सदस्यीय भारतीय दल (21 कौशल श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे) को औपचारिक रूप से रवाना किया, जो 27 नवंबर 2025 से चीनी ताइपे में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। यह पदार्पण भारत के “स्किल कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड” बनने के मिशन में एक ऐतिहासिक कदम है। यह सरकार के उस व्यापक दृष्टिकोण से जुड़ा है, जिसमें व्यावसायिक उत्कृष्टता, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, और कौशल आधारित विकास को केंद्र में रखा गया है। इन प्रतिभागियों को उद्योग विशेषज्ञों और सेक्टर स्किल काउन्सिल्स के मार्गदर्शन में आयोजित राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुना गया है।इस कार्यक्रम का संचालन नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) द्वारा किया जा रहा है, जो भारतीय दल का नेतृत्व कर रहा है, जबकि वर्ल्डस्किल्स इंडिया इसके क्रियान्वयन और ज्ञान साझेदार के रूप में कार्य कर रहा है।
13 25 नवंबर- महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस

हर वर्ष 25 नवंबर को महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन का अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है, जो लैंगिक आधारित हिंसा के खिलाफ 16 दिनों के वैश्विक सक्रियता अभियान की शुरुआत भी है। वर्ष 2025 का विषय “UNiTE to End Digital Violence Against All Women and Girls” महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ बढ़ती डिजिटल हिंसा—जैसे साइबर स्टॉकिंग, डॉक्सिंग, डीपफेक, और समन्वित ऑनलाइन उत्पीड़न—पर वैश्विक चिंताओं को उजागर करता है।