प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया, संशोधित उड़ान योजना का भी किया शुभारंभ

0
13

1 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया, संशोधित उड़ान योजना का भी किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर में उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के अगले चरण ‘विकसित उड़ान’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन भी किया। 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह नया टर्मिनल भवन प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों की आवाजाही के लिए डिज़ाइन किया गया है। राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित इस टर्मिनल की वास्तुकला में मेहराब और झरोखों जैसे पारंपरिक तत्वों को आधुनिक डिजाइन के साथ समाहित किया गया है। ऊर्जा-कुशल प्रणालियां, जल संरक्षण उपाय और हरित भवन निर्माण पद्धतियां इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। टर्मिनल को 5-स्टार जीआरआईएचए रेटिंग के अनुरूप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। अक्टूबर 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना के तहत अब तक 669 मार्गों का संचालन शुरू किया जा चुका है। इस योजना के माध्यम से 95 हवाई अड्डों, हेलीपोर्ट और जल एयरोड्रोम को जोड़ा गया है, जिससे 1.66 करोड़ से अधिक यात्रियों को लाभ मिला है। इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 25 मार्च 2026 को संशोधित उड़ान योजना को मंजूरी दी थी। अगले 10 वर्षों के लिए इस योजना पर लगभग 29,000 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे नागरिक उड्डयन क्षेत्र को गति मिलने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

2 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत का पहला ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल्‍स परिसर देश को समर्पित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा में लगभग एक लाख 6 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं पेट्रोकेमिकल्स, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत पारेषण सहित कई क्षेत्रों में हैं। प्रधानमंत्री ने बालोतरा के पचपदरा में भारत का पहला ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर राष्ट्र को समर्पित किया। यह देश के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। ग्रीनफील्ड रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और राजस्थान सरकार का संयुक्त उद्यम है। 90 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाले इस परिसर की स्‍थापना 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत वाली जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का भी शिलान्यास किया। दूसरे चरण में प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं और राष्ट्रीय राजमार्ग 125 -ए, जोधपुर रिंग रोड खंड-दो के चार लेन निर्माण को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड की एक हजार मेगावाट बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना भी राष्ट्र को समर्पित की। श्री मोदी ने राजस्थान नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र-आरईजेड से बिजली निकासी के लिए 1,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित पारेषण लाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने राजस्थान आर.ई.जेड. के लिए 530 किलोमीटर लंबी बिजली पारेषण प्रणाली की आधारशिला भी रखी।

3 प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात में सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट सुविधा का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में अत्याधुनिक सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर संयोजन और जांच केंद्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित थे। इसी के साथ अहमदाबाद उपनगर साणंद ने सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाते हुए हैट्रिक जड़ दी। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा के लिए यह एक ऐतिहासिक दिवस है। साणंद में सीजी सेमी ओएसएटी सुविधा चिप उत्पादन इकोसिस्टम को मजबूत करेगी, तकनीकी आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देगी और वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में भारत का स्थान मजबूत करेगी। प्लांट में क्यूएफएन तथा क्यूएफबी जैसी लीगेसी चिप्स एवं अत्याधुनिक एफसी-बीजीए और एफसी-सीएसपी चिप्स का निर्माण होगा, जो ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंडस्ट्रियल संसाधनों, 5जी कम्युनिकेशन तथा पावर एप्लिकेशन क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करेगी। प्रधानमंत्री ने प्रथम चिप शिपमेंट ग्लोबल जायंट रेनेसास को सौंपा। सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की सहायक कंपनी सीजी सेमी प्राइवेट लिमिटेड ने 7600 करोड़ रुपए के निवेश से साणंद में यह ओएसएटी सुविधा स्थापित की है। इस परियोजना में जापान की रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स और थाइलैंड की स्टार्स माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स की भी भागीदारी है।

4 भारत और इस्राएल के बीच लागू हुआ द्विपक्षीय निवेश समझौता

भारत और इस्राएल के बीच द्विपक्षीय निवेश समझौता (बीआईए) लागू हो गया है। इस समझौते पर पिछले वर्ष सितंबर में नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए गए थे। वित्त मंत्रालय ने बताया कि यह समझौता द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और एक सुरक्षित तथा निवेश का अनुमानित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्रालय ने कहा कि यह समझौता निवेशकों के निवेश की सुरक्षा के मामले में मजबूत होने के साथ-साथ वैध सार्वजनिक नीतिगत उद्देश्यों के अनुरूप संप्रभु नीतिगत स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए पर्याप्त लचीला भी है।

5 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पेरू के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर केइको फुजिमोरी को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पेरू के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर केइको फुजिमोरी को बधाई दी है। पेरू में केइको फुजिमोरी को राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर का विजेता घोषित किया गया है। 51 वर्षीय फुजिमोरी, पूर्व राष्ट्रपति अल्बर्टो फुजिमोरी की बेटी हैं और चौथी बार राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रही थीं। इस महीने के अंत में पदभार ग्रहण करने पर वह पिछले 10 वर्षों में पेरू की नौवीं राष्ट्रपति बनेंगी।

6 डीआरसी में संयुक्त राष्ट्र के अधीन सेवारत 651 भारतीय सैनिकों को संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया

वैश्विक शांति अभियानों में भारत के दीर्घकालिक योगदान को एक महत्वपूर्ण मान्यता मिली है। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो (डीआरसी) के स्थायी परिचालन ठिकाने साके में आयोजित एक औपचारिक पदक परेड के दौरान संयुक्त राष्ट्र के अधीन सेवारत 651 भारतीय सेना के कर्मियों को प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया। ये पदक एक समारोह में प्रदान किए गए, जिसमें संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के तहत भारतीय दल की व्यावसायिकता, परिचालन उत्कृष्टता और समर्पित सेवा को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में कांगो में संयुक्त राष्ट्र संगठन स्थिरीकरण मिशन – मोनुस्को के वरिष्ठ अधिकारी, बल मुख्यालय के प्रतिनिधि, सैन्य कमांडर और अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

7 ईरान के पूर्व सर्वोच्‍च नेता आयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल हुए बिहार के राज्यपाल और विदेश राज्य मंत्री

बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ईरान के पूर्व सर्वोच्‍च नेता आयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मार्गेरिटा ने कहा कि उन्होंने सरकार और भारतीयों की ओर से उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हाल के संघर्ष में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।

8 लोकओएस बना ग्रामीण आजीविका का डिजिटल आधार, एसएचजी नेटवर्क में बढ़ी पारदर्शिता और वित्तीय समावेशन

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) के अंतर्गत विकसित लोक ऑपरेटिंग सिस्टम (लोकओएस) एक वेब और मोबाइल आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और उनके महासंघों का आद्यांत डिजिटलीकरण करना है। डीएवाई-एनआरएलएम केंद्र सरकार का प्रमुख गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम है, जो निर्धन ग्रामीण परिवारों के लिए स्वरोजगार, कौशल आधारित रोजगार और संवहनीय आजीविका को बढ़ावा देता है। लोकओएस सदस्यों के रिकॉर्ड, बचत, ऋण, पुनर्भुगतान, वित्तीय लेनदेन, आजीविका और विभिन्न अभिसरण पहलों का डिजिटल प्रबंधन कर एसएचजी और समुदाय आधारित संगठनों के लिए व्यापक डिजिटल समाधान उपलब्ध कराता है। लोकओएस के माध्यम से कागजी रिकॉर्ड पर निर्भरता कम हुई है और स्वयं सहायता समूहों के वित्तीय लेनदेन की वास्तविक समय में निगरानी संभव हुई है। इससे पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार आया है। यह प्लेटफॉर्म एसएचजी नेटवर्क के भीतर हर वर्ष लगभग 2,00,000 करोड़ रुपए के वित्तीय लेनदेन का रिकॉर्ड दर्ज करता है। इसका वेब एप्लीकेशन प्रशासकों, ई-लेखाकारों और स्वीकृति अधिकारियों के लिए तैयार किया गया है, जबकि मोबाइल एप्लीकेशन जमीनी स्तर पर समुदाय आधारित संगठनों की गतिविधियों के रिकॉर्ड और प्रबंधन को आसान बनाता है।

9 टेनिस: विंबलडन में नोवाक जोकोविच ने पुरुष सिंग्‍ल्‍स वर्ग में सर्वाधिक मैच जीतने के रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी की

विंबलडन टेनिस प्रतियोगिता में नोवाक जोकोविच ने पुरुष सिंग्‍ल्‍स वर्ग में सर्वाधिक मैच जीतने में रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। उन्होंने अपने करियर की 105वीं जीत दर्ज की। सात बार के चैंपियन जोकोविच ने फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

10 अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस

अंतर्राष्ट्रीय सहकारी दिवसअंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन द्वारा 1923 से जुलाई के पहले शनिवार को मनाया जाने वाला सहकारी आंदोलन का एक वार्षिक उत्सव है। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस 2026, 4 जुलाई को मनाया गया। संयुक्त राष्ट्र के ‘सहकारी समितियों के अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ का 2026 का विषय – “शांतिपूर्ण दुनिया के लिए सहकारी समितियां” – सामाजिक न्याय, समावेश और एकजुटता में सहकारी उद्यमों के योगदान को रेखांकित करता है।

11 संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपना 250वां स्वतंत्रता दिवस मनाया

अमेरिका ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल किया आज़ादी की घोषणा की 250वीं सालगिरह, जिसे 4 जुलाई, 2026 को पूरे देश में मनाया गया। ‘सेमीक्विन्सेंटेनियल‘ या “अमेरिका 250” के नाम से जाने जाने वाले इस मौके पर पूरे देश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें वॉशिंगटन डीसी, फिलाडेल्फिया और देश भर के कई शहर और छोटे कस्बे शामिल हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस दिन के कार्यक्रमों के केंद्र में हैं; उन्होंने इस मौके पर कई लोगों को राष्ट्रपति के तौर पर माफ़ी देने की घोषणा करके पहले ही सुर्खियां बटोर ली हैं। 4 जुलाई, 1776 वह तारीख है जब अमेरिका के संस्थापकों ने औपचारिक रूप से ‘आज़ादी की घोषणा’ (Declaration of Independence) पर हस्ताक्षर किए थे। इसके ज़रिए उन्होंने ब्रिटिश शासन से नाता तोड़ा और 13 अमेरिकी उपनिवेशों को एक आज़ाद देश के तौर पर स्थापित किया। फिलाडेल्फिया में अपनाए गए उस दस्तावेज़ ने अमेरिकी लोकतंत्र की नींव रखी और यही वजह है कि तब से 4 जुलाई को एक राष्ट्रीय अवकाश के तौर पर मनाया जाता है। इस साल मनाई जा रही 250वीं वर्षगांठ लोगों की याद में अब तक की सबसे बड़ी वर्षगांठ है।