1 प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय जापान यात्रा पर टोक्यो पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टोक्यो में 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। श्री मोदी जापान की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर टोक्यो पहुँचे। यह यात्रा जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर हो रही है। शिखर सम्मेलन के दौरान, दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा करेंगे और पिछले 11 वर्षों में लगातार विकसित हुई विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के अगले चरण को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

भारत ने स्पेन में वर्तमान राजदूत दिनेश के. पटनायक को कनाडा में अगले उच्चायुक्त के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 1990 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी श्री पटनायक शीघ्र ही अपना कार्यभार संभालेंगे। कनाडा ने अनुभवी राजनयिक क्रिस्टोफर कूटर को नई दिल्ली में अपना नया उच्चायुक्त नियुक्त करने की भी घोषणा की है। अपने कार्यकाल के आरंभ में, वे भारत और नेपाल में कनाडा के उच्चायोग में प्रथम सचिव रह चुके हैं।
3 हरियाणा की महिलाओं को बड़ी सौगात : हर महीने मिलेंगे 2100 रुपए, 25 सितंबर से शुरू होगी योजना

हरियाणा सरकार ने महिलाओं के लिए एक बड़ा एलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को कैबिनेट बैठक के बाद घोषणा की कि राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस योजना का नाम ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ रखा गया है और इसकी शुरुआत 25 सितंबर 2025 को दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर होगी। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सैनी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि योजना के पहले चरण में उन परिवारों की महिलाएं शामिल होंगी जिनकी सालाना आय 1 लाख रुपए से कम है। बाद में धीरे-धीरे अन्य परिवारों की महिलाओं को भी इसमें जोड़ा जाएगा। योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी उम्र 23 साल या उससे अधिक है। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों शामिल होंगी, लेकिन शर्त यह है कि महिला पिछले 15 साल से हरियाणा की स्थायी निवासी हो।

सशस्त्र बलों और मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ के 700 से अधिक सशस्त्र बल मिस्र में 28 अगस्त से 10 सितंबर, 2025 तक बहुपक्षीय अभ्यास ‘ब्राइट स्टार 2025‘ में भाग लेने के लिए तैयार हैं। ब्राइट स्टार अभ्यास, मिस्र द्वारा अमेरिका के साथ मिलकर वर्ष 1980 से आयोजित एक बहुपक्षीय अभ्यास है और इस क्षेत्र में सबसे बड़े त्रि-सेवा बहुपक्षीय अभ्यासों में से एक है। यह अभ्यास प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित किया जाता है जिसका पिछला अभ्यास वर्ष 2023 में हुआ था, जिसमें भारत सहित कई देशों ने अपने सैनिकों के साथ भाग लिया था।
5 दिल्ली छावनी बोर्ड ने शिक्षण एवं सहायता केंद्र पहल ‘आरंभ’ की शुरुआत की

रक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में, दिल्ली छावनी बोर्ड द्वारा 26 अगस्त, 2025 को सिल्वर ओक स्कूल, दिल्ली छावनी में एक शिक्षण और सहायता केंद्र पहल “आरंभ” शुरू की गई है। यह पहल बाल कल्याण के समावेशी विकास पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य छावनी क्षेत्र में काम करने वाले निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना है। प्रवासी मज़दूरों के बच्चे अक्सर अपने माता-पिता की अस्थायी जीवनशैली और स्थिर आवास या शिक्षा तक पहुंच के अभाव के कारण बुनियादी शिक्षा के अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। इस गंभीर कमी को दूर करने के लिए, ‘आरंभ’ इन बच्चों को बुनियादी शिक्षा, जीवन कौशल और सुरक्षित स्थान प्रदान करके उनकी कक्षाओं के क्रम को स्थिर करने में मददगार साबित होगा।
6 रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने मिलमेडिकॉन-2025 का शुभारंभ किया

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 28 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में मिलमेडिकॉन-2025: “सैन्य परिचालन परिस्थितियों में शारीरिक एवं मानसिक आघात पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन” का उद्घाटन किया। इसका आयोजन चिकित्सा सेवा महानिदेशालय (सेना) द्वारा किया गया है। श्री संजय सेठ ने अपने उद्घाटन भाषण में वैश्विक साझेदारी, अत्याधुनिक अनुसंधान एवं सेवा की विरासत के प्रति गहन सम्मान के माध्यम से सैन्य चिकित्सा को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता पर बल दिया। इस सम्मेलन में 15 से अधिक देशों के प्रतिनिधि पैनल चर्चा, पोस्टर प्रस्तुतियों और वैज्ञानिक गैलरी प्रदर्शनी में भाग ले रहे हैं, जिससे मिलमेडिकॉन-2025 रणनीतिक संवाद एवं चिकित्सा नवाचार के लिए वास्तव में एक अंतरराष्ट्रीय मंच बन गया है। भारतीय सशस्त्र बलों के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति, अंतर्राष्ट्रीय सैन्य चिकित्सा प्रतिनिधिमंडल, असैन्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ और शिक्षाविद भी विचार-विमर्श में भाग ले रहे हैं।