प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्णिया में 40 हजार से करोड़ से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

0
25

1 प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्णिया में 40 हजार से करोड़ से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया जिले से बिहार के लिए चालीस हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने नवनिर्मित पूर्णिया हवाई अड्डे का उद्घाटन किया और हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू की। उन्होंने कहा कि अब पूर्णिया देश के विमानन मानचित्र पर आ गया है। इस हवाई अड्डे के साथ पूर्णिया से देश के अन्य हिस्सों के लिए घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का भी शुभारंभ किया। बिहार देश के कुल मखाना उत्पादन में लगभग 90 प्रतिशत का योगदान देता है। इसमें मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, सहरसा, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, किशनगंज और अररिया प्राथमिक केंद्र हैं। बोर्ड की स्थापना से मखाना उत्पादन को काफी बढ़ावा मिलेगा और इस क्षेत्र में बिहार की वैश्विक उपस्थिति मजबूत होगी। ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने भागलपुर के पीरपैंती में 2,400 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना की आधारशिला रखी। अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल, कम उत्सर्जन वाली तकनीक पर डिजाइन किया गया पीरपैंती पावर प्लांट बिहार का सबसे बड़ा निजी क्षेत्र का निवेश है। रेल क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और नई ट्रेनों को रवाना किया। प्रधानमंत्री ने बिक्रमशिला और कटारिया के बीच 2,170 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेल लाइन की आधारशिला रखी। यह गंगा नदी के उस पार सीधा रेल संपर्क प्रदान करेगी।

2 पहली बार भारत में होगा विश्व सागौन सम्मेलन, कोच्चि बनेगा मेज़बान

केरल पहली बार विश्व सागौन सम्मेलन (World Teak Conference – WTC) की मेज़बानी करने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 17 से 20 सितम्बर तक कोच्चि में आयोजित होगा। भारत में पहली बार हो रहा यह आयोजन वैश्विक सागौन व्यापार और टिकाऊ वानिकी पर अहम चर्चा का मंच बनेगा। सम्मेलन का विषय है – “वैश्विक सागौन क्षेत्र का सतत विकास – भविष्य के बाज़ार और पर्यावरण के अनुरूप”। इसमें सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, जेनेटिक्स, साइल्वीकल्चर (वन प्रबंधन), तकनीक, पर्यावरण और अंतरराष्ट्रीय व्यापार जैसे पहलुओं पर चर्चा होगी। इस आयोजन में 40 देशों से 350 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन का आयोजन केरल फ़ॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (KFRI), पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC), TEAKNET और इंटरनेशनल ट्रॉपिकल टिम्बर ऑर्गनाइजेशन (ITTO), जापान मिलकर कर रहे हैं। तकनीकी सहयोग FAO, IUFRO और MAFF जापान द्वारा दिया जा रहा है।

3 भारत फरवरी 2026 में करेगा एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी, 2035 तक 8.3 ट्रिलियन डॉलर जीडीपी का लक्ष्य

भारत फरवरी 2026 में अगला एआई इम्पैक्ट समिट आयोजित करेगा। यह घोषणा सोमवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। इस शिखर सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सुरक्षा और इसके प्रभाव पर चर्चा होगी। पिछला संस्करण पेरिस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सह-अध्यक्षता में हुआ था। इस तैयारी के तहत नीति आयोग ने देशभर के जिलों में एआई एप्लिकेशंस की बेहतरीन प्रथाओं को दिखाने के लिए एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एआई आधारित पहल से शिक्षा में सीखने के नतीजे बेहतर हुए हैं, कृषि को मजबूती मिली है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ी है। इस मौके पर नीति आयोग और नीति फ्रंटियर टेक हब ने “एआई फॉर विकसित भारत : द अपॉर्च्युनिटी फॉर एक्सेलेरेटेड इकोनॉमिक ग्रोथ” रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट में बताया गया है कि एआई का इस्तेमाल भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी लाने का अहम साधन हो सकता है। अनुमान है कि एआई को अपनाने और शोध में नवाचार से 2035 तक भारत की अनुमानित जीडीपी 6.6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 8.3 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकती है।

4 रेल मंत्रालय ने 1 अक्टूबर से आईआरसीटीसी उपयोगकर्ता के लिए टिकट बुकिंग में आधार प्रमाणन को किया अनिवार्य

रेल मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि अगले महीने की पहली तारीख से सामान्य आरक्षण खुलने के पहले 15 मिनट के दौरानआरक्षित सामान्य टिकट केवल आधार प्रमाणित उपयोगकर्ता ही आई आर सी टी सी-IRCTC की वेबसाइट और उसके ऐप के माध्यम से बुक कर सकेंगे। वर्तमान में, यह प्रतिबंध केवल तत्काल बुकिंग पर लागू है। मंत्रालय ने कहा कि यह निर्णय यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि आरक्षण प्रणाली का लाभ आम उपयोगकर्ता तक पहुँचे और बेईमान तत्वों द्वारा इसका दुरुपयोग न हो। हालाँकि, मंत्रालय ने कहा कि वर्तमान में भारतीय रेलवे के कम्प्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली काउंटरों के माध्यम से सामान्य आरक्षित टिकटों की बुकिंग के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। यह भी कहा कि सामान्य आरक्षण खुलने के दस मिनट के प्रतिबंध के समय में भी कोई बदलाव नहीं होगा। इस दौरान रेलवे के अधिकृत टिकट एजेंटों को पहले दिन आरक्षित टिकट बुक करने की अनुमति नहीं होगी।

5 यूपीआई यूजर्स को बड़ी राहत, अब रोजाना 10 लाख रुपये तक कर सकेंगे लेनदेन

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) की लिमिट बढ़ा दी है, जिससे अब यूजर्स रोजाना 10 लाख रुपये तक के बड़े लेनदेन कर सकेंगे। यह नई सुविधा सोमवार से लागू हो गई है और फिलहाल यह केवल चुनिंदा श्रेणियों और वेरिफाइड मर्चेंट्स पर उपलब्ध होगी। NPCI के पिछले महीने जारी सर्कुलर के मुताबिक, पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) ट्रांजैक्शन की सीमा अब प्रति लेनदेन 5 लाख रुपये कर दी गई है, जबकि कुल दैनिक सीमा को 10 लाख रुपये तक बढ़ा दिया गया है। यह बदलाव बीमा प्रीमियम, कैपिटल मार्केट, यात्रा, कलेक्शंस और गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) जैसे क्षेत्रों पर लागू होगा। वहीं, पर्सन-टू-पर्सन (P2P) ट्रांसफर की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह अभी भी 1 लाख रुपये प्रतिदिन बनी हुई है।

6 सरकार ने की 2 अक्टूबर से स्वच्छता में सुधार के लिए एक विशेष अभियान “पांच” की घोषणा

सरकार ने अगले महीने की 2 तारीख से स्वच्छता में सुधार और लंबित मामलों के निपटान पर केंद्रित एक विशेष अभियान पांच की घोषणा की है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान में विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निपटारा, बेहतर अभिलेख प्रबंधन, स्थान प्रबंधन, ई-कचरा और कार्यालय परिसर की समग्र स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण जैसी विभिन्न गतिविधियाँ शामिल हैं। मंत्रालय ने इस बात पर प्रकाश डाला कि चार सफल अभियानों के पूरा होने के बाद, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग एक स्वच्छ और अधिक कुशल कार्य वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता रहेगा।

7 हांगकांग ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन ने जीता रजत पदक

हांगकांग ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन ने रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में सेन को चीन के ली शिफेंग से हार का सामना करना पड़ा। प्रतियोगिता के पुरुष डबल्स फाइनल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भी उपविजेता रही। इस भारतीय जोड़ी को चीन के ओलंपिक रजत पदक विजेता लियांग वेई केंग और वैंग चैंग से हार का सामना करना पड़ा।

8 मेघना सज्जनार ने जीता 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक

मेघना सज्जनार ने चीन के निंगबो में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2025 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक के साथ विश्व कप में अपना पहला पदक जीता। इसके साथ ही भारत ने सत्र के अंतिम आई.एस.एस.एफ विश्व कप स्पर्धाओं में पांचवें स्थान पर रहकर अपने अभियान का अंत किया। ईशा सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था।

9 एशिया कप: भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता रजत पदक

भारत ने महिला एशिया कप का रजत पदक जीत लिया है। हांग्चोओ में फाइनल में भारत को चीन से 1-4 से हार का सामना करना पडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रजत पदक जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई दी।

10 भारत के आनंदकुमार वेलकुमार ने स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता

भारत के आनंदकुमार वेलकुमार ने चीन के बेइदाइहे में चल रही स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। 22 वर्षीय आनंदकुमार ने सीनियर पुरुषों की 1000 मीटर स्प्रिंट रेस में 1:24.924 मिनट का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया और भारत को इस प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। बता दें कि इससे पहले उन्होंने इसी चैंपियनशिप में 500 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को उसका पहला सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक दिलाया था। उन्होंने इस रेस को 43.072 सेकंड में पूरा किया था। जूनियर वर्ग में कृष शर्मा ने भी गोल्ड जीत भारत का परचम लहराया। वेलकुमार ने पहली बार 2021 में जूनियर विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। एक महीने में दो कांस्य पदक जीतकर उन्‍होंने बता दिया है कि देश में इस खेल में अपार संभावनाएं हैं।

11 भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अगस्त 2025 के लिए चुने गए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आईसीसी ने पुरुष वर्ग में अगस्त 2025 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है। यह सम्मान उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में खेले गए आखिरी टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करने के लिए मिला, जहां उनकी गेंदबाजी ने भारत को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी सीरीज 2-2 से बराबर करने में अहम भूमिका निभाई।

12 ऑरला प्रेंडरगास्ट बनीं आईसीसी वुमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ

आयरलैंड की स्टार ऑलराउंडर ऑरला प्रेंडरगास्ट को अगस्त 2025 के लिए आईसीसी वुमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। 23 साल की प्रेंडरगास्ट ने इस सम्मान के लिए नीदरलैंड्स की ऑलराउंडर आइरिस ज़्विलिंग और पाकिस्तान की विकेटकीपर मुनीबा अली को पीछे छोड़ा। प्रेंडरगास्ट ने पाकिस्तान के खिलाफ अगस्त में खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था।

13 इंजीनियर्स डे

भारत में 15 सितम्बर 2025 को इंजीनियर्स डे मनाया गया, जो देश के महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 164वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है। यह दिन उन अभियंताओं की अहम भूमिका को भी रेखांकित करता है जिन्होंने भारत के बुनियादी ढाँचे, तकनीकी प्रगति और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह दिन सर एम. विश्वेश्वरैया (जन्म: 15 सितम्बर 1861, मुद्देनहल्ली, कर्नाटक) की जयंती को दर्शाता है। वे भारत के विख्यात सिविल इंजीनियर थे जिन्होंने बांध निर्माण, बाढ़ प्रबंधन और औद्योगिक विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया। 1955 में उन्हें भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” प्रदान किया गया। भारत ने पहली बार 1967 में इंजीनियर्स डे मनाना शुरू किया।