1 बैंकॉक में तीरंदाजी पैरा सीरीज में पायल नाग ने शीतल देवी को हराकर स्वर्ण पदक जीता

विश्व पैरा तीरंदाजी श्रृंखला में, किशोर आयु वर्ग की 18 वर्षीय तीरंदाज पायल नाग ने बैंकॉक में आयोजित महिला कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में विश्व नंबर 1 शीतल देवी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही भारत ने सात स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते। वुमेन कंपाउंड डबल्स में पायल ने शीतल के साथ भी गोल्ड मेडल जीता। कंपाउंड पुरुष स्पर्धा में तोमन कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भावना ने रिकर्व महिला स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। तोमन ने ऑस्ट्रेलिया के जोनाथन मिल्ने को से हराया, जबकि भावना ने थाईलैंड की पथराफोन पट्टावेओ को मात दी। दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता हरविंदर सिंह को रिकर्व फाइनल में इंडोनेशिया के खोलिदीन से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं स्वाति चौधरी ने भी महिला वर्ग के स्वर्ण पदक मुकाबले में दक्षिण कोरिया की ओक ग्यूम किम से हारकर रजत पदक जीता। इससे पहले, श्याम सुंदर स्वामी ने कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में अपने अपने ही देश के पेरिस पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता राकेश कुमार को कड़े मुकाबले में हराकर कांस्य पदक हासिल किया। राकेश को इस हार के बाद चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा।
2 नई दिल्ली में भव्य समारोह के साथ भारत जनजातीय महोत्सव 2026 संपन्न

नई दिल्ली में एक भव्य समारोह के साथ भारत जनजातीय महोत्सव 2026 संपन्न हो गया। 19 दिन के इस महोत्सव के दौरान जनजातीय संस्कृति, शिल्प कौशल और उद्यमशीलता का प्रदर्शन किया गया। समापन समारोह में दस श्रेणियों में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जनजातीय शिल्पकारों और विक्रेताओं को सम्मानित किया गया। इन श्रेणियों में मिट्टी के बर्तन, बेंत और बांस, आभूषण, व्यंजन, उपहार और अन्य सामान, धातु, प्राकृतिक वस्तुएं, चित्रकला, वस्त्र और वन धन विकास केंद्र शामिल थे।
3 प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण: 2.99 करोड़ घर पूरे

मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण (PMAY-G)) ने लगभग 3 करोड़ मकानों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जो ग्रामीण परिवर्तन में एक प्रमुख उपलब्धि है। वर्ष 2029 तक 4.95 करोड़ मकानों के महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य के साथ, यह योजना समावेशी विकास को बढ़ावा देना, सामाजिक कल्याण को मज़बूत करना और ग्रामीण भारत में “हाउसिंग फॉर ऑल” के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना जारी रखती है। PMAY-G का उद्देश्य सभी बेघर ग्रामीण परिवारों और कच्चे या जीर्ण-शीर्ण आवासों में रहने वालों को बुनियादी सुविधाओं के साथ एक स्थायी (पक्का) घर प्रदान करना है, जिससे जीवन स्तर में सुधार हो और ग्रामीण गरीबों के लिये गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हो। इसे ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) द्वारा कार्यान्वित किया जाता है और 2016 में लॉन्च किया गया था, जिसने “हाउसिंग फॉर ऑल” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये पहले की इंदिरा आवास योजना का पुनर्गठन किया। केंद्र और राज्य मैदानी क्षेत्रों के मामले में 60:40 के अनुपात में और पूर्वोत्तर राज्यों, दो हिमालयी राज्यों (हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) एवं केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिये 90:10 के अनुपात में व्यय साझा करते हैं। केंद्र लद्दाख सहित अन्य केंद्रशासित प्रदेशों के मामले में 100% लागत वहन करता है।
4 डेंगू के लिये क्यूडेंगा वैक्सीन को स्वीकृति

भारत ने टेकडा के TAK-003 (Qdenga) को स्वीकृति प्रदान की है, जो इसका पहला डेंगू वैक्सीन है, जिसे भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) के अधीन विषय विशेषज्ञ समिति (SEC) द्वारा 4 से 60 वर्ष के व्यक्तियों के लिये स्वीकृति प्रदान की गई है, जो प्रतिक्रियाशील वेक्टर कंट्रोल से निवारक सार्वजनिक स्वास्थ्य रणनीति की ओर एक ऐतिहासिक बदलाव का प्रतीक है। क्यूडेंगा एक टेट्रावैलेंट डेंगू वैक्सीन है जिसका 28,000+ प्रतिभागियों पर परीक्षण किया गया है, इसको 40+ देशों में अनुमोदित किया गया है। TAK-003 एक डिज़ीज़-मॉडिफाइंग वैक्सीन है, न कि संचरण-अवरोधक। यह नैदानिक गंभीरता को कम करता है लेकिन संक्रमण को नहीं रोकता है या प्रकोप को समाप्त नहीं करता है। पिछले वैक्सीन के विपरीत, इसके लिये पूर्व डेंगू संक्रमण परीक्षण की आवश्यकता नहीं होती है, जिससे रोलआउट आसान हो जाता है।SEC ने भारत में वास्तविक विश्व की प्रभावशीलता का आकलन करने के लिये क्षेत्रों और सेरोटाइप पैटर्न में बाज़ार-पश्चात अध्ययन अनिवार्य किया है। डेंगू चार सेरोटाइप (DENV-1 से DENV-4) के कारण होता है। जबकि TAK-003 DENV-2 (इसका आनुवंशिक आधार) के खिलाफ अत्यधिक प्रभावी है, DENV-3 और DENV-4 के खिलाफ इसकी प्रभावकारिता काफी कम है, विशेष रूप से “सेरोनिगेटिव” व्यक्तियों (जो पहले कभी संक्रमित नहीं हुए हैं) में। भारत की डेंगू एपिडेमोलॉजी बदल रही है, जबकि DENV-3 कई क्षेत्रों में बढ़ रही है (मामलों का 20-30% योगदान), जो संभावित रूप से जनसंख्या पर वैक्सीन के प्रभाव को कम कर सकता है।
5 बोडलेयन लाइब्रेरी श्रृंखला ने शिक्षापत्री की 200वीं वर्षगांठ पर ब्रिटेन में प्रदर्शनी यात्रा शुरू की

ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के बोडलेयन पुस्तकालय श्रृंखला ने शिक्षापत्री की 200 वीं वर्षगांठ पर पूरे ब्रिटेन में एक प्रदर्शनी यात्रा की शुरूआत की है। शिक्षापत्री बहुत महत्वपूर्ण और हिंदू धर्म की दुर्लभ पांडुलिपि है। शिक्षापत्री का तात्पर्य शिक्षाओं से है, जिसे 1826 में गुजरात के वाडताल में सहजानंद स्वामी ने तैयार किया था। इस प्रदर्शनी यात्रा का आयोजन विश्वविद्यालय ने स्वामीनारायण पंथ के प्रमुखों के सहयोग से किया है और इसके अंतर्गत मुख्य मंदिरों में पांडुलिपि का प्रदर्शन किया जाएगा। इस शिक्षापत्री में नैतिक जीवनयापन और अध्यात्मिक दिशा-निर्देशों पर जोर दिया गया है। कहा जाता है कि शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को यह पत्री लिखी गई थी। इसमें दो सौ 12 संस्कृत श्लोक है। इनमें हिन्दू धर्मग्रन्थों से प्रमुख शिक्षाओं को समाहित किया गया है।
6 नेपाल में आरएसपी के डोल प्रसाद अरयाल संसद अध्यक्ष निर्वाचित

नेपाल में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी-(आरएसपी )के डोल प्रसाद अरयाल को देश की संसद का अध्यक्ष चुना गया। राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने उन्हें राष्ट्रपति कार्यालय में दोपहर बाद एक विशेष समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
7 Microsoft का MAI-Transcribe-1

AI के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता के तौर पर, Microsoft ने ‘MAI-Transcribe-1’ नाम का एक नया ट्रांसक्रिप्शन मॉडल पेश किया है। इस मॉडल को आज उपलब्ध सबसे सटीक और किफ़ायती ‘स्पीच-टू-टेक्स्ट’ (आवाज़ को टेक्स्ट में बदलने वाला) समाधानों में से एक बताया जा रहा है। Microsoft के MAI-Transcribe-1 ने सिर्फ़ 3.9% का शानदार Word Error Rate (WER) हासिल किया है। और इसके साथ ही, यह अभी AI इंडस्ट्री में सबसे सटीक ट्रांसक्रिप्शन मॉडल्स में से एक बन गया है। यह 25 ग्लोबल भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिनमें हिंदी, अंग्रेज़ी, फ़्रेंच और चीनी शामिल हैं। यह कई भाषाओं में FLUERS बेंचमार्क पर भी पहले नंबर पर रहा। साथ ही, इसने टेस्ट की गई 14 में से 11 भाषाओं में Google Gemini 3.1 Flash से भी बेहतर प्रदर्शन किया।
8 टाटा ग्रुप के ट्रस्टी वेणु श्रीनिवासन ने इस्तीफा दिया

4 अप्रैल को वेणु श्रीनिवासन ने टाटा ग्रुप के ‘हीराबाई चैरिटेबल ट्रस्ट’ के ट्रस्टी पद से इस्तीफा दे दिया। वेणु श्रीनिवासन टाटा ग्रुप के सात ट्रस्टों के वाइस चेयरमैन और TVS मोटर के चेयरमैन हैं। श्रीनिवासन ने इस्तीफे की वजह व्यक्तिगत बताई और कहा कि समय की कमी की वजह से उन्होंने ये फैसला लिया है। श्रीनिवासन ने 1975 में TVS जॉइन की थी। वे TVS के संस्थापक टी वी सुंदरम के पोते हैं। श्रीनिवासन को 2010 में भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री मिला। 2020 में श्रीनिवासन को भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण दिया गया।
9 राष्ट्रीय समुद्र दिवस

राष्ट्रीय समुद्री दिवस हर साल 5 अप्रैल को मनाया जाता है। 5 अप्रैल, 1919 को मुंबई से लंदन की यात्रा करने वाले प्रथम भारतीय फ्लैग मर्चेंट पोत (एम/एस सिंधिया स्टीम नेविगेशन कंपनी के स्वामित्व वाली) ‘एस. एस. लॉयल्टी’ (S.S LOYALTY) की पहली यात्रा की स्मृति में मनाया जाता है। राष्ट्रीय समुद्री दिवस पहली बार 5 अप्रैल, 1964 को मनाया गया था।
10 फुटबॉलर गिल्बर्टसन संगमा का निधन

4 अप्रैल को असम के मशहूर फुटबॉलर गिल्बर्टसन संगमा का निधन हो गया। वे 71 साल के थे। संगमा ‘मैन विद द गोल्डन बूट’ के नाम से जाने जाते थे। उन्होंने 1970 और 80 के दशक के दौरान असम फुटबॉल को पहचान दिलाई। संगमा 1975 में इंडियन नेशनल फुटबॉल टीम में चुने गए और इंडोनेशिया और थाईलैंड में अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। खेल में उनके योगदान के लिए 2022 में संगमा को असम सौरभ पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो राज्य का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। संगमा ने 1974-75 सीजन में असम की संतोष ट्रॉफी अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।