भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने लिया अंतर्राष्ट्रीय कैरियर से संन्यास

0
15

1 भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने लिया अंतर्राष्ट्रीय कैरियर से संन्यास

भारत की स्टार शटलर साइना नेहवाल ने प्रतिस्पर्धी बैडमिंटन से संन्यास की पुष्टि कर दी है, उन्होंने 19 जनवरी, 2026 को खुलासा किया कि घुटने की पुरानी समस्या के कारण वह इस एलीट खेल की शारीरिक मांगों को पूरा करने में असमर्थ थीं। रियो 2016 ओलंपिक में लगी घुटने की चोट से उनके करियर पर काफी असर पड़ा था। हालांकि उन्होंने 2017 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक और 2018 में कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार वापसी की, लेकिन बार-बार होने वाली समस्याएँ बनी रहीं। 2024 में, उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें आर्थराइटिस है और उनके घुटनों की कार्टिलेज घिस गई है। हरियाणा के हिसार में जन्मी इस शटलर ने वर्ष 2008 में जूनियर वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और ओलंपिक (बीजिंग 2008) में सिंगल्स बैडमिंटन में क्वार्टर-फाइनल में पहुँचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

2 सरकार ने की जारी जनगणना के पहले चरण के दौरान नागरिकों से पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों की सूची

सरकार ने जनगणना के पहले चरण के दौरान नागरिकों से पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों की सूची जारी कर दी है। यह चरण एक अप्रैल से शुरू हो रहा है। पहले चरण में घरों की सूची तैयार की जाएगी, जिसके लिए प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की ओर से निर्धारित 30 दिनों की अवधि में अभियान चलाया जाएगा। यह चरण 30 सितंबर तक जारी रहेगा। सर्वेक्षण के दौरान जनगणना अधिकारी घर के स्वामित्व की स्थिति, घर के उपयोग, फर्श और छत में प्रयुक्त सामग्री का प्रकार, कमरों की संख्या तथा परिवार के मुखिया के लिंग के बारे में जानकारी मांगेंगे। इसके बाद अधिकारी घर के उपयोग, उसकी स्थिति और सदस्‍यों की संख्या के बारे में जानकारी प्राप्‍त करेंगे। नागरिकों से उनके घरों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं के बारे में भी पूछा जाएगा। इनमें लोगों से पीने के पानी का मुख्य स्रोत, रोशनी का मुख्य स्रोत, शौचालय की उपलब्धता तथा प्रकार, अपशिष्ट जल निकासी, स्नान सुविधा और रसोई की उपलब्धता, एलपीजी और पीएनजी कनेक्शन तथा खाना पकाने के लिए उपयोग किया जाने वाला मुख्य ईंधन के बारे में भी जानकारी एकत्र की जाएगी।

3 गुजरात में देश के पहले एकीकृत निजी उपग्रह संयंत्र की आधारशिला रखी गई

गुजरात के साणंद जिले के खोराज में देश के पहले एकीकृत निजी उपग्रह संयंत्र की आधारशिला रखी गई। यह भारत के अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अज़ीस्ता स्पेस के इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल पेलोड कारखाने का शिलान्यास समारोह में गुजरात के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया उपस्थि‍त थे। श्री मोढवाडिया ने कहा कि गुजरात अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के एक नए राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित होकर डॉ. विक्रम साराभाई की विरासत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संयंत्र की स्थापना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। इस उच्च-तकनीकी संयंत्र से भारत के एयरोस्पेस विनिर्माण व्‍यवस्‍था को महत्वपूर्ण प्रोत्‍साहन मिलने और क्षेत्र में उच्च-कुशल तकनीकी रोजगार सृजित होने की संभावना है।

4 25वां भारत रंग महोत्सव 2026: भारत के 40 स्थानों और सातों महाद्वीपों में अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) विश्व के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय रंगमंच उत्सव भारत रंग महोत्सव (बीआरएम) के 25वें संस्करण का आयोजन 27 जनवरी से 20 फरवरी 2026 तक करेगा। यह संस्करण अब तक का सबसे व्यापक, समावेशी और भव्य संस्करण होगा। इस ऐतिहासिक संस्करण के तहत भारत रंग महोत्सव देशभर के 40 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सातों महाद्वीपों के कम-से-कम एक-एक देश की नाट्य प्रस्तुतियां भी इसमें शामिल होंगी, जिससे इस महोत्सव की वैश्विक पहुंच और सांस्कृतिक प्रभाव और मजबूत होगा। महोत्सव के दौरान कुल 277 भारतीय प्रस्तुतियां (जिनमें 136 चयनित नाटक और आमंत्रित प्रस्तुतियां शामिल हैं) और 12 अंतर्राष्ट्रीय प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी। ये प्रस्तुतियां 228 भारतीय और विदेशी भाषाओं एवं बोलियों में होंगी, जो भाषाई विविधता के मामले में भारत रंग महोत्सव को दुनिया का सबसे बड़ा थिएटर फेस्टिवल बनाती हैं।

5 नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129 वीं जयंती मनाने के लिए संस्कृति मंत्रालय आयोजित करेगा ‘पराक्रम दिवस– 2026’

भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय, भारत के सबसे सम्मानित स्वतंत्रता सेनानियों में से एक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और विरासत से जुड़े देश भर के 13 अन्य प्रतिष्ठित स्थानों के साथ-साथ, 23 से 25 जनवरी 2026 तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के श्री विजय पुरम में ‘पराक्रम दिवस–2026’ का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान और साहस, बलिदान एवं देशभक्ति की उनकी स्थायी विरासत को सम्मान देना है। 23 जनवरी 2026 को मुख्य समारोह श्री विजय पुरम के नेताजी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहाँ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल, एडमिरल डी.के. जोशी, पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम, एनएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त), मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

6 ईसीआईएनईटी डिजिटल प्लेटफॉर्म को आईआईसीडीईएम-2026 में लॉन्च किया गया

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (आईआईसीडीईएम) 2026 में चुनाव संबंधी सभी सूचनाओं और सेवाओं के लिए अपने एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआईएनईटी को लॉन्च किया । यह तीन दिवसीय सम्मेलन (21-23 जनवरी, 2026) नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। ईसीआईएनईटी की परिकल्पना भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) श्री ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त (ईसी) डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर की थी और इसके विकास की घोषणा मई 2025 में की गई थी। इस अवसर पर बोलते हुए, मुख्य आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि ECINET को कानून के पूर्ण अनुपालन में विकसित किया गया है और यह 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी में उपलब्ध है। ECINET दुनिया का सबसे बड़ा चुनावी सेवा मंच है, जो भारत के सबसे बड़े लोकतंत्र की सभी चुनावी सेवाओं को एक सहज अनुभव में एकीकृत करता है। यह भारत निर्वाचन आयोग के 40 से अधिक ऐप्स और पोर्टल्स को शामिल करता है। यह मंच भारत के संविधान, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और 1951, मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 और चुनाव संचालन नियम, 1961 के पूर्ण अनुपालन में विकसित किया गया है। ईसीआईएनईटी नागरिकों, उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों और चुनाव अधिकारियों को जोड़ता है और मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची खोज, अपने आवेदन को ट्रैक करना, अपने उम्मीदवार को जानना, चुनाव अधिकारियों से जुड़ना, बीएलओ के साथ कॉल बुक करना, ई-ईपीआईसी डाउनलोड, मतदान रुझान, शिकायत निवारण आदि जैसी प्रमुख सेवाओं को एक सुरक्षित मंच पर लाता है।

7 डिजिटल इंडिया के भाषिणी प्रभाग और भारतीय सर्वेक्षण विभाग ने स्थलाकृतिक डेटा के डिजिटलीकरण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग-डीआईबीडी ने 20 जनवरी 2026 को भारतीय सर्वेक्षण विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इं‍टेलिजेंस आधारित वाक् और भाषा प्रौद्योगिकी के उपयोग से भौगोलिक स्थानों के नामों के डिजिटलीकरण, लिप्यांतरण और मानकीकरण में सहयोग करना है। यह सहयोग राष्ट्रीय भू-स्थानिक नीति, 2022 के अनुरूप सटीक, बहुभाषी और मानकीकृत स्थान नामिकी डेटा संग्रह निर्माण में सहायक होगा। भौगोलिक नामों के मानकीकरण और रखरखाव के लिए राष्ट्रीय नोडल एजेंसी के तौर पर भारतीय सर्वेक्षण विभाग , राष्ट्रीय मानचित्रण प्रणाली में शामिल करने के लिए स्थानीय बोलचाल की भाषाओं में स्थानों के नाम की जानकारी हेतु व्‍यापक जमीनी सर्वेक्षण करता है। सहयोग के तहत, भाषिणी की वाक्-से-पाठ और भाषा प्रसंस्करण क्षमताओं के उपयोग से स्थानों के नाम ऑडियो रिकॉर्डिंग को संरचित डिजिटल पाठ में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे 16 लाख से अधिक स्थानों को कवर करने वाले व्यापक और प्रमाणित स्थलाकृतिक डेटाबेस तैयार करने में सहायता मिलेगी।

8 नवी मुंबई के पास बनेगी ‘इनोवेशन सिटी’, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया ऐलान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को नवी मुंबई के पास एक ‘इनोवेशन सिटी’ बनाने का ऐलान किया। इसके जरिए सरकार की कोशिश अर्थव्यवस्था की रफ्तार को तेज करने के लिए इनोवेशन को बढ़ावा देना है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) में बातचीत करते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने दुनियाभर के अलग-अलग जगहों से आए 450 निवेशकों के सामने नवी मुंबई के पास इनोवेशन सिटी बनाने का ऐलान किया है। इसमें बड़ी संख्या में निवेशकों ने रुचि दिखाई है। साथ ही कहा कि इस इनोवेशन सिटी में टाटा ग्रुप करीब एक लाख करोड़ रुपए (11 अरब डॉलर) का निवेश करने की योजना बना रहा है।

9 SPECA इकोनॉमिक फोरम में शामिल हुए सिबी जॉर्ज

विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज 21 जनवरी को भारत-तुर्कमेनिस्तान विदेश ऑफिस कंसल्टेशन के 5वें राउंड और एसपीईसीए (सेंट्रल एशिया की अर्थव्यवस्थाओं के लिए संयुक्त राष्ट्र का विशेष कार्यक्रम) इकोनॉमिक फोरम के लिए तुर्कमेनिस्तान पहुंचे। इस कार्यक्रम का आयोजन तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात में हुआ, जहां सिबी अपने डेलीगेशन के साथ पहुंचे। तुर्कमेनिस्तान के वित्त मंत्री मैमेटगुली अस्तानागुलोव की अध्यक्षता में एसपीईसीए इकोनॉमिक फोरम में अतिथि देश के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए, सेक्रेटरी (वेस्ट) ने भारत और सेंट्रल एशियाई देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश और कनेक्टिविटी लिंकेज को बढ़ाने के लिए भारत का विजन पेश किया। सिबी जॉर्ज का यह दौरा तुर्कमेनिस्तान और दूसरे सेंट्रल एशियाई देशों के साथ रिश्तों को मजबूत करने के लिए भारत की ‘एक्सटेंडेड नेबरहुड’ पॉलिसी के मुताबिक है, जिनके साथ भारत के दोस्ती और सहयोग के पुराने रिश्ते हैं।

10 ऑस्कर पुरस्कार समारोह के 98वें संस्करण के लिए नामांकन घोषित

ऑस्कर पुरस्कार समारोह के 98वें संस्करण के लिए नामांकन घोषित कर दिए गए हैं। रयान कूगलर की ‘सिनर्स’ ने 16 नामांकनों के साथ ऑस्कर में नया रिकॉर्ड बनाते हुए सबसे अधिक नामांकन प्राप्त किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑल अबाउट ईव-1950टाइटैनिक-1997 और ला ला लैंड-2016 के नाम था। वन बैटल आफ्टर एनअदर-13 नामांकनों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि मार्टी सुप्रीम, फ्रैंकस्टीन और सेंटिमेंटल वैल्यू नौ-नौ नामांकनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हैमनेट को आठ नामांकन मिले हैं। एम्मा स्टोन को बुगोनिया के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का नामांकन मिला है। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता श्रेणी में कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें वन बैटल आफ्टर एनअदर के लिए लियोनार्डो डिकैप्रियो, ब्लू मून के लिए इथन हॉक और सिनर्स के लिए माइकल बी. जॉर्डन शामिल हैं।

11 प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10,000 किलोमीटर सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के लिए 10 हजार किलोमीटर से अधिक की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से पहले से अलग-थलग पड़े तीन हजार दो सौ 70 इलाकों को कनेक्टिविटी और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच मिलेगी। योजना का उद्देश्य बिना कनेक्टिविटी वाले इलाकों को 62 हजार पांच सौ किलोमीटर की बारहमासी सड़कें उपलब्ध कराना है। मंत्रालय ने बताया कि दूरदराज के पहाड़ों से ग्रामीण समुदायों के बीच फैली ये सड़कें ना केवल बुनियादी ढांचे में सुधार है बल्कि प्रगति के लिए महत्वपूर्ण मार्ग भी हैं। ये सड़कें अवसरों के द्वार खोलेंगी और समावेशी विकास को बढ़ावा देंगी।