1 भारत की GDP वृद्धि का अनुमान बढ़ा, S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने 2026-27 के लिए 7% किया

कई सकारात्मक कारकों के चलते S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की GDP वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया है। पहले यह अनुमान 6.6 प्रतिशत था। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि भारत के GDP परिदृश्य में यह सुधार मजबूत औद्योगिक गतिविधियों, बेहतर खपत, मजबूत वस्तु निर्यात और सरकारी निवेश में तेजी के कारण हुआ है। S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा, “जून तिमाही में कई कारकों की वजह से आर्थिक वृद्धि हमारी उम्मीदों से अधिक रही। इसके परिणामस्वरूप हमने 31 मार्च 2027 को समाप्त होने वाले मौजूदा वित्त वर्ष के लिए GDP वृद्धि का अनुमान पहले के 6.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.0 प्रतिशत कर दिया है।”
2 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के वडोदरा में ब्रह्माकुमारियों के ‘ग्लोबल स्पिरिचुअल पैलेस रिट्रीट सेंटर’ का किया उद्घाटन

3 फिच रेटिंग्स ने भारत की जीडीपी वृद्धि का पूर्वानुमान 6.4% से बढ़ाकर 6.9% किया

फिच रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि का अपना पूर्वानुमान 6.4% से बढ़ाकर 6.9% कर दिया है। जून माह में जारी अपने वैश्विक आर्थिक आउटलुक में एजेंसी ने इस वृद्धि का कारण पहली तिमाही की मजबूत वृद्धि और भारतीय अर्थव्यवस्था की सुदृढ़ता को बताया है। हालांकि, फिच को उम्मीद है कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आर्थिक गति धीमी हो जाएगी। फिच का यह भी अनुमान है कि भारतीय रिजर्व बैंक अक्टूबर में होने वाली मौद्रिक नीति बैठक में घरेलू मांग में मजबूती, बढ़ती कीमतों और आपूर्ति पक्ष की प्रतिकूल परिस्थितियों का हवाला देते हुए ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की वृद्धि कर सकता है। उपभोक्ता खर्च में वृद्धि वित्त वर्ष 2027 में धीमी होकर 5.7% रहने की उम्मीद है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 7.2% थी। फिच का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2028 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर और घटकर 6.5% रह जाएगी, जबकि दिसंबर 2026 तक मुद्रास्फीति बढ़कर 5.5% हो सकती है।
4 भारत की आर्थिक वृद्धि को लेकर ADB का अनुमान बढ़ा, 2026 में 7% GDP ग्रोथ का अनुमान

एशियाई विकास बैंक (ADB) ने बुधवार को भारत की 2026 (वित्त वर्ष 2026-27) की GDP वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 7.0 प्रतिशत कर दिया है। यह जुलाई में लगाए गए 6.6 प्रतिशत के पिछले अनुमान से 40 बेसिस पॉइंट अधिक है। ADB ने एक बयान में कहा कि दक्षिण एशिया के लिए इस वर्ष की वृद्धि का अनुमान जुलाई के 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.4 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके पीछे “भारत में मजबूत सार्वजनिक निवेश और निर्यात में मजबूती” प्रमुख कारण हैं। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक विकासशील एशिया और प्रशांत क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि 2025 के 5.5 प्रतिशत से घटकर इस वर्ष 5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसके बाद 2027 (वित्त वर्ष 2027-28) में वृद्धि मामूली बढ़कर 5.1 प्रतिशत हो सकती है। 2026 के लिए यह अनुमान जुलाई में जारी पिछले परिदृश्य से 0.1 प्रतिशत अंक अधिक है। ADB के अध्यक्ष मासातो कांडा ने कहा, “यह क्षेत्र अब तक लचीला बना हुआ है, लेकिन जोखिम बढ़ रहे हैं।”
5 सविता सबसे ज्यादा इंटरनेशनल खेलने वाली पहली भारतीय प्लेयर बनीं

22 सितंबर को सविता पूनिया भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनीं। सविता के इस योगदान को सम्मान देने के लिए हॉकी इंडिया ने उन्हें 10 लाख रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की। सविता ने भारत की पूर्व स्ट्राइकर वंदना कटारिया के 320 सीनियर इंटरनेशनल मैच खेलने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। सविता ने जापान में चल रहे एशियन गेम्स में इंडोनेशिया के खिलाफ भारत के पूल बी मैच के दौरान यह रिकॉर्ड बनाया है। ओपन प्ले में शॉट रोकने की अपनी काबिलियत और पेनल्टी शूटआउट में बिना घबराए खेलने के रिकॉर्ड के कारण हॉकी की दुनिया में ‘द वॉल ऑफ इंडिया‘ के नाम से भी जाना है। सविता तीन ओलंपिक, दो एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और एफआईएच प्रो लीग जैसे कई अहम टूर्नामेंटों का हिस्सा रही हैं।
6 एशियाई खेल: भारोत्तोलन में मीराबाई चानू ने जीता रजत पदक

एशियाई खेलों में अपना पहला पदक हासिल करते हुए ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू ने जापान में आयोजित एशियाई खेलों में महिलाओं के 49 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीता है। इससे भारत के पदकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। चानू ने कुल 198 किलोग्राम भार उठाया, जिसमें स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम शामिल है। उनके रजत पदक ने भारोत्तोलन में एशियाई खेलों के लिए भारत के 28 साल के इंतजार को समाप्त कर दिया है। उत्तर कोरिया की री सोंग-गम ने 215 किलोग्राम भार के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंडोनेशिया की लुलुक डायना त्रि विजयाना ने 191 किलोग्राम भार के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
7 Asian Games: सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा ने पुरुषों के सिंगल्स इवेंट में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीता

भारत के जय मीणा ने बुधवार को एशियाई खेलों में सॉफ्ट टेनिस में देश का पहला पदक जीतकर इतिहास रच दिया। पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में जापान के ताकुया कुरोसाका से हारने के बाद मीणा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। मीणा 2018 और 2022 एशियाई खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इससे पहले वह 2024 विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
8 एशियाई खेलों में भारतीय महिला स्कीट टीम ने कांस्य पदक जीता

रायज़ा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान और परिनाज़ धालीवाल की महिला स्कीट टीम ने बुधवार को नागोया में 331 के संयुक्त स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता जो एशियाई खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता में भारत का छठा पदक है। स्कीट स्पर्धा में प्रत्येक निशानेबाज को 125 अंकों में से अधिकतम अंक हासिल करने होते हैं। परिनाज़ और रायज़ा दोनों ने 125 में से 111 अंक, जबकि माहेश्वरी ने 109 अंक हासिल करके पोडियम स्थान प्राप्त किया। भारत इस तरह से निशानेबाजी में अब तक चार रजत और दो कांस्य पदक जीत चुका है।
9 Asian Games 2026: पुरुष बैडमिंटन टीम को ब्रॉन्ज मेडल

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है। सेमीफाइनल मुकाबले में बुधवार को चीन के खिलाफ भारत को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारत का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। हालांकि, इसके बावजूद भारतीय टीम ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रही। यह दूसरा मौका है जब भारत ने एशियन गेम्स में बैडमिंटन में पोडियम पर जगह बनाई है। भारत का पिछला मेडल एशियन गेम्स 2023 में आया था, जहां सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष डबल्स में गोल्ड मेडल जीता था। क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान को हराकर भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी और पुरुष टीम इवेंट में देश के लिए अपना पहला एशियन गेम्स मेडल पक्का किया था।
10 अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस

बधिर लोगों के मानवाधिकारों को सुनिश्चित करने में सांकेतिक भाषा के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए 23 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस मनाया जाता है। इसके लिए इस वर्ष का विषय है “बधिर लोगों के मानवाधिकारों की घोषणा”। विश्व बधिर संघ भी 27 सितंबर तक बधिर लोगों का अंतर्राष्ट्रीय सप्ताह मना रहा है जिसमें समावेशी शिक्षा, सुलभता, बधिर संस्कृति और भागीदारी पर ध्यान केंद्रित किया गया है। यह दिन इस वर्ष इसलिए भी खास है क्योंकि यह विश्व बधिर संघ की 75वीं वर्षगांठ और ‘दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन’ को अपनाए जाने के 20 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2017 में 23 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस घोषित किया था।