1 भारत को अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन की काउंसिल में दोबारा चुना गया

भारत को अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) की काउंसिल के पार्ट-II में दोबारा चुना गया है। यह चुनाव 27 सितंबर 2025 को मॉन्ट्रियल में आयोजित 42वें आईसीएओ असेंबली सत्र के दौरान हुआ। गौरतलब है कि पार्ट-II में वे देश शामिल होते हैं जो अंतरराष्ट्रीय वायु नेविगेशन की सुविधाएं प्रदान करने में अहम योगदान देते हैं। इस बार भारत को साल 2022 की तुलना में अधिक वोट मिले, जो सदस्य देशों के बीच उसकी नेतृत्व क्षमता और वैश्विक विमानन क्षेत्र में योगदान पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। भारत आईसीएओ का संस्थापक सदस्य है और 1944 से लगातार 81 वर्षों से काउंसिल में अपनी उपस्थिति बनाए हुए है। भारत आईसीएओ के सुरक्षित, टिकाऊ, लैंगिक-समावेशी और संतुलित अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन के मिशन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आईसीएओ असेंबली हर तीन साल में होती है और इसमें शिकागो कन्वेंशन के 193 हस्ताक्षरकर्ता देश शामिल होते हैं। इन 193 सदस्य देशों द्वारा चुनी गई 36-सदस्यीय काउंसिल तीन साल की अवधि के लिए आईसीएओ की गवर्निंग बॉडी के रूप में काम करती है।

दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने मंगलवार को कैशलेस दिल्ली डेंटल काउंसिल कार्यालय और भारत के पहले ‘केंद्रीय ऊतक बैंक’ का उद्घाटन किया। मौलाना आजाद दंत चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एमएआईडीएस) में शुरू किये गए दोनों केंद्रों ने देश में स्वास्थ्य सेवा और दंत चिकित्सा शिक्षा में नये मानक स्थापित किए हैं। दिल्ली डेंटल काउंसिल (डीडीसी), जो राष्ट्रीय राजधानी में दंत चिकित्सकों के पंजीकरण और नैतिकता की देखरेख करती है, कैशलेस ‘‘वी-ऑफिस’’ प्रणाली शुरू करने वाली भारत की पहली राज्य डेंटल काउंसिल बन गई है। यह बैंक मरीजों को प्रतिरोपण के लिए ऊतक उपलब्ध कराएगा, जिससे बाजार से ऐसी सामग्री खरीदने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। यह ऊतक बैंक पुनर्निर्माण सर्जरी के लिए हड्डी और त्वचा के प्रत्यारोपण प्रदान करेगा, जिससे ये मरीजों के लिए अधिक किफायती और सुलभ हो जाएँगे। वी-ऑफिस दंत चिकित्सकों के पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए एक पूरी तरह से डिजिटल, कैशलेस प्रणाली पेश करता है, जिससे यह भारत में ऐसी सेवा प्रदान करने वाला पहला राज्य दंत परिषद बन जाता है।

भारत में जन्मी मादा चीता मुखी वयस्कता तक पहुँचने वाली भारत में जन्मी पहली शावक बन गई। 30 सितंबर, 2025 को मुखी 915 दिन की हो गई, जो इस कार्यक्रम के जन्म से वयस्कता तक के पहले सफल संक्रमण का प्रतीक है। मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई चीता ज्वाला के गर्भ से जन्मे मुखी के जीवित बचे रहने को शावकों की उच्च मृत्यु दर और आवास अनुकूलन की चुनौतियों को लेकर चिंताओं के बीच एक महत्त्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मुखी, ज्वाला के 29 मार्च, 2023 को जन्मे चार शावकों में से एक थी। दुर्भाग्य से, उसके तीन भाई-बहनों की अत्यधिक गर्मी के कारण मृत्यु हो गई, जो भारत के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों के लिए एक आवर्ती खतरा है। हालाँकि, मुखी न केवल जीवित रही, बल्कि फली-फूली – स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल ढलते हुए और वयस्कता तक पहुँचते हुए। प्रोजेक्ट चीता 17 सितंबर, 2022 को शुरू किया गया था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया से आठ चीतों को कुनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ा था। यह एक बड़े मांसाहारी जानवर का दुनिया का पहला अंतरमहाद्वीपीय स्थानांतरण था, जिसका उद्देश्य देश में चीतों के विलुप्त होने के 70 साल से भी ज़्यादा समय बाद उन्हें भारत में फिर से लाना था। फरवरी, 2023 में, दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते आए, जिससे आयातित चीतों की कुल संख्या 20 हो गई।
4 राइट्स लिमिटेड और एतिहाद रेल में सहयोग समझौता

5 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति अंगरक्षक को हीरक जयंती रजत बिगुल और ध्वज प्रदान किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति अंगरक्षक (पीबीजी) को हीरक जयंती रजत बिगुल और ध्वज प्रदान किया। यह सम्मान 1950 में पीबीजी के रूप में नामित होने के बाद से 75 वर्षों की गौरवशाली सेवा के सम्मान में दिया गया। उन्होंने पीबीजी को उनकी पेशेवर उत्कृष्टता और उत्कृष्ट सैन्य परंपराओं के लिए बधाई दी। इस अवसर पर 2022 में सेवानिवृत्त कमांडेंट चार्जर अश्व ‘विराट’ भी उपस्थित था। राष्ट्रपति अंगरक्षक दल ने सेवानिवृत्ति के बाद विराट को गोद ले रखा है, जो अंगरक्षक दल और उनके घोड़ों के बीच स्नेह बंधन का अनूठा प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 जनवरी 2022 को गणतंत्र दिवस परेड में इस घोड़े की पीठ थपथपाई थी।

एशियन डेवलपमेंट बैंक (ए़डीबी) ने मंगलवार अनुमान जारी कर कहा कि 2025 (वित्त वर्ष 26) और 2026 (वित्त वर्ष 27) में भारत की वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत पर रह सकती है। इस वर्ष और अगले वर्ष के लिए एडीबी की ओर से एशिया और प्रशांत क्षेत्र की विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के लिए विकास दर को 0.1 प्रतिशत से लेकर 0.2 प्रतिशत से कम कर दिया गया है। इसकी वजह टैरिफ के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में उतार-चढ़ाव आना है।
7 HQ Integrated Defence Staff ने मनाया अपना 25वां स्थापना दिवस

8 RBI ने रेपो रेट में कोई कटौती नहीं की, FY26 GDP ग्रोथ अनुमान बढ़ाकर 6.8% किया

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की ओर से बुधवार को मौद्रिक नीति कमेटी (MPC) बैठक के फैसलों का ऐलान किया। केंद्रीय बैंक ने रेपो रेटो को 5.50 प्रतिशत पर स्थिर रखा है। साथ ही, मौद्रिक नीति के रुख को ‘न्यूट्रल’ रखा है। रेपो रेट के अलावा, केंद्रीय बैंक ने स्टैंडिग डिपॉजिट फैसिलिटी (SDF) 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखा है, जबकि मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) को 5.75 प्रतिशत पर स्थिर रखा है। इससे पहले अगस्त की एमपीसी बैठक में भी आरबीआई ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया था। 2025 की शुरुआत से अब तक केंद्रीय बैंक रेपो रेट को एक प्रतिशत कम कर चुका है, जिसमें फरवरी में 0.25 प्रतिशत, अप्रैल में 0.25 प्रतिशत और जून में 0.50 प्रतिशत की कटौती शामिल है।
9 कांगो गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति जोसेफ कबीला को मृत्युदंड

कांगो गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति जोसेफ कबीला को युद्ध अपराध और राजद्रोह के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड की सजा सुनाई गई। उन पर विद्रोही समूह एम-23 का समर्थन करने का आरोप है जिसने देश के पूर्वी हिस्से में तबाही मचाई थी। पूर्व राष्ट्रपति ने आरोपों से इनकार करते हुए मामले को मनमाना बताया और कहा कि अदालतों का इस्तेमाल उत्पीड़न के लिए किया जा रहा है। उनका वर्तमान ठिकाना अज्ञात है।
10 योगेश खातुनिया ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ-56 स्पर्धा में रजत पदक जीता

योगेश खातुनिया ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ-56 स्पर्धा में रजत पदक जीता। दो बार के पैरालंपिक रजत पदक और अर्जुन पुरस्कार विजेता योगेश ने फ़ाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 42 दशमलव चार-नौ मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। ब्राज़ील के क्लॉडनी बतिस्ता ने 45 दशमलव छह-सात मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, ग्रीस के कॉन्स्टेंटिनोस त्ज़ोनिस ने कांस्य पदक हासिल किया।
11 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 : कोलंबिया की 16 वर्षीय एंजी निकोल मेजिया ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में चल रही विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कोलंबिया की 16 वर्षीय एंजी निकोल मेजिया मोरालेस ने अपने पहले ही मैच में सभी को चौंका दिया। उन्होंने महिलाओं की टी38 100 मीटर स्पर्धा में 12.34 सेकंड का समय निकालकर नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एंजी की यह पहली विश्व चैंपियनशिप रेस थी, लेकिन उनकी दौड़ देखने के बाद ऐसा लग रहा था जैसे वह वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रही हों। उनके प्रदर्शन को देखकर न केवल दर्शक बल्कि प्रतियोगी भी हैरान रह गए।
12 विश्व स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस

30 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस मनाया गया। यह दिन भाषा विशेषज्ञों के कार्यों को मान्यता देने का एक अवसर है। यह राष्ट्रों को एक साथ लाने, संवाद, समझ और सहयोग को आसान बनाने, विकास में योगदान देने और विश्व शांति तथा सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्ष 2017 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने राष्ट्रों को जोड़ने और शांति, समझ और विकास को प्रोत्साहन देने में भाषा विशेषज्ञों की भूमिका पर एक प्रस्ताव पारित किया। इसके अंतर्गत 30 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस के रूप में घोषित किया गया।
13 वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह दिल्ली के एम्स अस्पताल में 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिसंबर 1931 में लाहौर में जन्मे विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके थे। वे 1972 से 1975 तक दिल्ली जनसंघ के अध्यक्ष रहे और इसके बाद दो बार भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष (1977-80 और 1980-84) के पद पर भी रहे।