भारत ने यूनेस्को की संभावित सूची में 7 नए स्थल जोड़े

0
24

1 भारत ने यूनेस्को की संभावित सूची में 7 नए स्थल जोड़े

भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर की मान्यता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 12 सितंबर 2025 को, यूनिसे्को में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल ने घोषणा की कि सात नए स्थलों को यूनिसे्को विश्व धरोहर स्थलों की अस्थायी सूची (Tentative List) में शामिल किया गया है। इस कदम के साथ भारत की इस सूची में कुल प्रविष्टियाँ 69 हो गई हैं, जिनमें 49 सांस्कृतिक, 3 मिश्रित और 17 प्राकृतिक धरोहर स्थल शामिल हैं। अस्थायी सूची का उद्देश्य किसी स्थल को अंतिम विश्व धरोहर सूची के लिए नामांकित करने से पहले उसकी पहचान और महत्व को प्रमाणित करना है, जिससे वैश्विक स्तर पर स्थल की उत्कृष्ट सार्वभौमिक मूल्य की मान्यता मिलती है। सातों नए स्थल प्राकृतिक धरोहर श्रेणी में शामिल किए गए हैं, जो भारत की पारिस्थितिक और भूवैज्ञानिक विविधता को दर्शाते हैं:

  1. डेक्कन ट्रैप्स (पंचगनी और महाबलेश्वर, महाराष्ट्र) – प्राचीन ज्वालामुखी क्षेत्र, महत्वपूर्ण भूवैज्ञानिक संरचनाओं के साथ।
  2. सेंट मैरीज़ द्वीप समूह की भूवैज्ञानिक धरोहर (उदुपी, कर्नाटक) – अद्वितीय स्तंभाकार बेसाल्टिक लावा संरचनाओं के लिए प्रसिद्ध।
  3. मेघालयन युग की गुफाएँ (ईस्ट खासी हिल्स, मेघालय) – मेघालयन भूवैज्ञानिक युग से जुड़ी गुफाओं का जाल।
  4. नागा हिल ओफियोलाइट (किफ़िरे, नागालैंड) – प्राचीन महासागरीय क्रस्ट का दुर्लभ भूवैज्ञानिक रूप।
  5. एर्रा मट्टी डिब्बालु (विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश) – लाल रेत की टीलों का महत्व पूर्ण भू-आकृतिक स्थल।
  6. तिरुमला हिल्स (तिरुपति, आंध्र प्रदेश) – जैव विविधता और सांस्कृतिक महत्व से समृद्ध।
  7. वर्कला क्लिफ (वर्कला, केरल) – जीवाश्म समृद्ध तलछटों वाली तटीय लाल लेटराइट चट्टान।

2 अमित खरे उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन के सचिव नियुक्त

सरकार ने 14 सितम्बर 2025 को सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी अमित खरे को उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन का सचिव नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति पदभार संभालने की तिथि से तीन वर्षों के लिए होगी। अमित 12 अक्टूबर 2021 से प्रधानमंत्री के सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। वह प्रधानमंत्री कार्यालय में सामाजिक क्षेत्र से संबंधित मामलों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के निर्माण और कार्यान्वयन की कोर टीम का भी हिस्सा रहे हैं।यह निर्णय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा अनुमोदित किया गया। यह नियुक्ति राधाकृष्णन के उपराष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण के कुछ दिनों बाद हुई है।

3 डाक विभाग और बीएसएनएल ने देश भर में मोबाइल कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए

डाक विभाग और भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने देश भर में मोबाइल कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए नई दिल्ली में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देना, ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल सेवाओं का विस्‍तार करना और डिजिटल इंडिया की भावना को बल देना है। इससे देश के सुदूर इलाकों में दूरसंचार सेवाएं अधिक सुलभ तथा किफायती बनेंगी। इसके अंतर्गत, देश में एक लाख 65 हज़ार से अधिक डाकघरों में बी एस एन एल सिम कार्डों की बिक्री की जायेगी।

4 ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2025 के अंतर्गत एक नई श्रेणी शुरू करने की घोषणा की है

ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2025 के अंतर्गत एक नई श्रेणी शुरू करने की घोषणा की है। इस श्रेणी का नाम कंटेंट क्रिएटर और प्रभावशाली व्यक्तियों के लिए राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार है। विद्युत मंत्रालय ने कहा है कि इस पहल का उद्देश्य डिजिटल मीडिया के जरिये ऊर्जा दक्षता, संरक्षण और सतत जीवन पद्धतियों के बारे में जागरूकता फैलाना है। इसका लक्ष्‍य कंटेंट क्रिएटर और प्रभावशाली व्यक्तियों के प्रभाव से ऊर्जा-कुशल व्यवहार को बढ़ावा देना और लोगों को अपने रोजमर्रा के जीवन में ऊर्जा की बचत के लिए प्रेरित करना शामिल है। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों की स्थापना 1991 में की गई थी।

5 नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने भूतापीय ऊर्जा पर राष्ट्रीय नीति की शुरूआत की है

15 सितंबर, 2025 को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने भू-तापीय ऊर्जा पर अपनी पहली राष्ट्रीय नीति अधिसूचित की, जिसके तहत देश भर में 10,600 मेगावॉट क्षमता वाले 381 गर्म झरनों की पहचान की गई है। भारत में दस भूतापीय प्रांतों की पहचान की गई है। इनमें हिमालय, कैम्बे बेसिन, अरावली, महानदी बेसिन और गोदावरी बेसिन शामिल हैं। भारत में भूतापीय ऊर्जा की अनुमानित क्षमता लगभग 10 गीगावाट है। भूतापीय ऊर्जा पर राष्ट्रीय नीति का लक्ष्य भारत के नेट-ज़ीरो और नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों के साथ भूतापीय ऊर्जा को एकीकृत करना है। इसमें बिजली उत्पादन, अंतरिक्ष हीटिंग और कूलिंग, कृषि, पर्यटन और विलवणीकरण सहित विविध अनुप्रयोगों की गुंजाइश है। यह नीति हाइब्रिड भू-तापीय सौर संयंत्रों जैसी उन्नत प्रणालियों के अनुसंधान एवं विकास और परित्यक्त तेल कुओं के पुनर्निर्माण को प्रोत्साहित करती है। यह स्थानीय नवाचार, संयुक्त उद्यमों और तेल एवं गैस अवसंरचना के पुनर्प्रयोजन पर ज़ोर देती है। इसका उद्देश्य भू-तापीय क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास के लिए एक मज़बूत सार्वजनिक-निजी पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।

6 भारत और मोजाम्बिक के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नौसेना का पहला स्क्वाड्रन मोज़ाम्बिक पहुंचा

भारत और मोजाम्बिक के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नौसेना का पहला स्क्वाड्रन मोज़ाम्बिक पहुँच गया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार स्‍क्‍वाड्रन में शामिल आईएनएसटीआईआर, आईएनएस शार्दुल, आईएनएस सुजाता और आईसीजीएस सारथी मापुटो पहुँच गए। इस स्‍क्‍वाड्रन का नेतृत्‍व कैप्टन तिजो के. जोसेफ कर रहे थे। उनका स्‍वागत मोज़ाम्बिक नौसेना और रक्षा सलाहकार ने किया।

7 पीएमएवाई-शहर 2.0 : अंगीकार 2025 के साथ शहरी आवासों की कमी को दूर करना

पीएमएवाई-शहरी 2.0 की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 17 सितंबर 2025 को पीएमएवाई-यू आवास दिवस के रूप में एक राष्ट्रव्यापी समारोह मनाया जाएगा। पीएमएवाई-शहरी 2.0 के अंतर्गत आवेदन सत्यापन और आवास निर्माण कार्य में तेज़ी लाने के लिए दो महीने का राष्ट्रव्यापी अभियान अंगीकार 2025 शुरू किया गया है। यह अभियान घर-घर जागरूकता अभियान, आवास शिविरों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से 5,000 से अधिक शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को कवर करेगा। पीएमएवाई-शहरी 2.0 के अंतर्गत अतिरिक्त 1.47 लाख पक्के मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिससे स्वीकृत घरों की कुल संख्या 8.56 लाख हो गई है। हाशिए पर रहने वाले समुदायों के लिए महत्वपूर्ण आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें अनुसूचित जाति के लिए 32,551, अनुसूचित जनजाति के लिए 5,025 और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) परिवारों के लिए 58,375 आवास शामिल हैं। 4 सितंबर से 31 अक्टूबर, 2025 तक, सरकार ने अंगीकार 2025 नाम का एक बड़ा राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है, जो “सभी के लिए आवास” के वादे को सीधे लोगों के घर तक पहुंचा रहा है। पीएमएवाई-शहरी 2.0 द्वारा समर्थित, यह सिर्फ एक नीतिगत प्रयास नहीं है। यह एक जन आंदोलन है, जिसमें जागरूकता, जवाबदेही और कार्रवाई का समान रूप से समावेश है। PMAY-U 2.0 1 सितंबर 2024 से पाँच वर्षों में शहरी क्षेत्रों में किफायती आवास के लिये राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों/PLI के माध्यम से 1 करोड़ शहरी गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगा।

8 पीएम मोदी के जन्मदिन पर नमो ऐप ने शुरू किया ‘सेवा पर्व 2025’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर नमो ऐप पर ‘सेवा पर्व 2025’ नामक विशेष 15 दिवसीय डिजिटल स्वयंसेवा अभियान की शुरुआत की गई है। यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक चलेगा और इसका उद्देश्य पीएम मोदी की सेवा भावना और उनके जीवनभर की राष्ट्र प्रथम प्रतिबद्धता को सम्मानित करना है। सेवा पर्व 2025 के तहत नमो ऐप पर कई इंटरैक्टिव अनुभव उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें 15 तरह के सेवा कार्य शामिल हैं, जैसे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के तहत पेड़ लगाना, रक्तदान करना और स्वच्छ भारत अभियान में भाग लेना। हर सेवा कार्य को पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को अपनी सेल्फी अपलोड करनी होगी। सबसे अधिक सक्रिय यूजर्स को ‘सेवा लीडरबोर्ड’ पर सम्मानित किया जाएगा और उन्हें व्यक्तिगत प्रमाणपत्र भी मिलेगा।

9 डब्ल्यूटीओ की रिपोर्ट : 2040 तक एआई से वैश्विक व्यापार में 40% की बढ़ोतरी की उम्मीद

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सिर्फ तकनीक का भविष्य नहीं बल्कि वैश्विक व्यापार और अर्थव्यवस्था का भी नया इंजन बन सकता है। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने अपनी वार्षिक विश्व व्यापार रिपोर्ट 2025 में कहा है कि एआई के व्यापक इस्तेमाल से 2040 तक वैश्विक व्यापार में लगभग 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में भी 12 से 13 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, एआई व्यापार लागत घटाने, उत्पादकता बढ़ाने और देशों को कच्चे माल, सेमीकंडक्टर्स तथा इंटरमीडिएट इनपुट जैसे एआई-इनेबल गुड्स तक पहुंच दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा। वर्ष 2023 में इन वस्तुओं का वैश्विक व्यापार 2.3 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर का था।

10 अमेरिका, दक्षिण कोरिया, जापान ने फ्रीडम एज सैन्य अभ्यास शुरू किया

अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान ने 15 सितम्बर 2025 को संयुक्त रूप से अपना हवाई और नौसैनिक अभ्यास “फ़्रीडम ऐज” (Freedom Edge) दक्षिण कोरिया के जेजू द्वीप के पास शुरू किया। यह बड़े पैमाने का सैन्य अभ्यास उत्तर कोरिया के बढ़ते परमाणु और मिसाइल खतरों के खिलाफ त्रिपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। जहाँ तीनों देश इसे निवारक (deterrence) कदम बता रहे हैं, वहीं प्योंगयांग ने इसे उकसावे की कार्रवाई कहा है।

11 RBI ने भारतीय बैंक नोटों पर माइक्रोसाइट लॉन्च की

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने भारतीय बैंक नोटों पर एक विशेष माइक्रोसाइट लॉन्च की है, जिसका उद्देश्य जनता में नोटों की डिज़ाइन और सुरक्षा विशेषताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह पोर्टल indiancurrency.rbi.org.in पर उपलब्ध है और इसे नोटों से जुड़ी सभी विश्वसनीय जानकारी का वन-स्टॉप डेस्टिनेशन बनाया गया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब नकली नोटों की समस्या और नोटों के विनिमय से जुड़े सवाल आम जनता के बीच महत्वपूर्ण बने हुए हैं।

12 डॉ. सिमा बहूस ने संयुक्त राष्ट्र महिला में अपना दूसरा कार्यकाल शुरू किया

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 11 सितंबर 2025 को जोर्डन की वरिष्ठ राजनयिक डॉ. सीमा सामी बहूस को दूसरी बार यूएन वीमेन (UN Women) की कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया। उनकी पुनर्नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब संगठन अपने 2026–2029 की रणनीतिक योजना को लागू करने की तैयारी कर रहा है।

13 कोटक811 वैश्विक ऐप डाउनलोड में तीसरे स्थान पर पहुंचा

भारतीय डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए, कोटक महिंद्रा बैंक का Kotak811 ऐप वर्ष 2025 की पहली छमाही में दुनिया का तीसरा सबसे अधिक डाउनलोड किया गया बैंकिंग ऐप बन गया है। Sensor Tower की रिपोर्ट के अनुसार, Kotak811 को इस अवधि में 1.6 करोड़ से अधिक डाउनलोड्स मिले, जिससे इसने SBI Yono ऐप (1.4 करोड़ डाउनलोड्स के साथ चौथे स्थान पर) को पीछे छोड़ दिया। यह Kotak811 के लिए साल-दर-साल 250% की तेज़ वृद्धि को दर्शाता है, जो इस अवधि में वैश्विक स्तर पर सबसे तेज़ रही। पहले दो स्थान ब्राज़ील के NuBank और ब्रिटेन के Revolut ने हासिल किए।

14 गिरि और वैशाली ने 2025 फिडे ग्रैंड स्विस खिताब जीता

उज़्बेकिस्तान के समरकंद में 4-15 सितंबर तक आयोजित 2025 FIDE ग्रैंड स्विस और महिला ग्रैंड स्विस में, नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरि और भारतीय ग्रैंडमास्टर वैशाली रमेशबाबू चैंपियन बनकर उभरे। उनकी जीत ने न केवल उन्हें ट्रॉफी और शीर्ष पुरस्कार राशि दिलाई, बल्कि प्रतिष्ठित 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए भी क्वालीफाई कराया, जो विश्व शतरंज चैंपियनशिप के अगले दावेदारों का निर्धारण करते हैं। गिरी ने आखिरी दौर में जीएम हैंस नीमान को हराकर स्पष्ट पहला स्थान और $90,000 का शीर्ष पुरस्कार जीता।पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहे और अंतिम राउंड में शीर्ष 7 बोर्ड्स में अकेले विजेता बने। भारतीय ग्रैंडमास्टर वैशाली रमेशबाबू ने जीएम कतेरीना लग्नो पर टाईब्रेक्स से बढ़त लेकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता।

15 सैमुअल उमटीटी ने 31 साल की उम्र में फुटबॉल से संन्यास लिया

फ्रांस के 2018 फीफा विश्व कप विजेता डिफेंडर सैमुअल उमटीटी (Samuel Umtiti) ने 15 सितंबर 2025 को मात्र 31 वर्ष की आयु में पेशेवर फुटबॉल से सेवानिवृत्ति की आधिकारिक घोषणा कर दी। कभी यूरोप के सर्वश्रेष्ठ सेंटर-बैक्स में गिने जाने वाले उमटीटी का करियर घुटनों की लगातार चोटों के कारण बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिसने उनके खेल जीवन को समय से पहले समाप्त कर दिया। यह घोषणा उन्होंने एक भावुक सोशल मीडिया वीडियो के ज़रिए की, जिसमें उमटीटी ने अपने करियर के दौरान सहयोग देने वाले क्लबों और प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

16 हैदराबाद मुक्ति दिवस

केंद्र सरकार के तत्वावधान में सिकंदराबाद के परेड मैदान में बुधवार को ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साल 1948 में निजाम शासन के तहत पूर्ववर्ती हैदराबाद रियासत के 17 सितंबर को भारतीय संघ में विलय की सालगिरह के रूप में यह आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर हैदराबाद रियासत को भारतीय संघ में एकीकृत करने में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए देश के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाता है।

17 विश्व रोगी सुरक्षा दिवस 2025

विश्व रोगी सुरक्षा दिवस (World Patient Safety Day) हर वर्ष 17 सितंबर को मनाया जाता है। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की एक वैश्विक पहल है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, सुरक्षा और भरोसे को बढ़ावा देना तथा चिकित्सीय त्रुटियों को कम करना है। 2025 की थीम “हर नवजात और हर बच्चे के लिए सुरक्षित देखभाल”।