मंत्रिमंडल ने 2035 तक भारत के कार्बन उत्सर्जन को 47 प्रतिशत तक कम करने की प्रतिबद्धता को मंजूरी दी

0
24

1 मंत्रिमंडल ने 2035 तक भारत के कार्बन उत्सर्जन को 47 प्रतिशत तक कम करने की प्रतिबद्धता को मंजूरी दी

मंत्रिमंडल ने वर्ष 2031 से 2035 की अवधि के लिए भारत के राष्ट्रीय निर्धारित योगदान को मंजूरी दे दी है। इससे संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा संधि और पेरिस समझौते के तहत देश की प्रतिबद्धता और महत्वाकांक्षा और मजबूत होगी। साथ ही सतत विकास और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से निपटने की न्‍यायसंगत जिम्‍मेदारी भी प्रदर्शित होगी। मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत वर्ष 2035 तक 2005 के स्तर की तुलना में अपने जीडीपी की कार्बन उत्सर्जन तीव्रता को 47 प्रतिशत तक कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। फरवरी 2026 तक देश ने 52.57 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता हासिल कर ली है, जिससे लक्ष्य को निर्धारित समय से पांच वर्ष पहले ही पूरा कर लिया गया है। अब इस लक्ष्य को बढ़ाकर 2035 तक स्थापित विद्युत क्षमता में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी गैर-जीवाश्य ईंधन स्रोतों से प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

2 भारतीय विदेश सेवा अधिकारी पेरियासामी कुमारन ब्रिटेन में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त

 

भारतीय विदेश सेवा अधिकारी पेरियासामी कुमारन को ब्रिटेन में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने इसकी घोषणा की। 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी श्री कुमारन वर्तमान में विदेश मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे।

3 ओईसीडी का अनुमान: भारत की जीडीपी वृद्धि दर 2025-26 के लिए 7.6%, 2026-27 के लिए 6.1% और 2027-28 के लिए 6.4%

आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) ने भारत की जीडीपी वृद्धि दर 2025-26 के लिए 7.6%, 2026-27 के लिए 6.1% और 2027-28 के लिए 6.4% आंकी है। इससे देश विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। ओईसीडी की अंतरिम आर्थिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूती की परीक्षा ले रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य से माल ढुलाई रुकने और कुछ ऊर्जा अवसंरचनाओं के बंद होने या क्षतिग्रस्त होने से ऊर्जा की कीमतों में उछाल आया है। इससे ऊर्जा तथा उर्वरक जैसी अन्य महत्वपूर्ण वस्तुओं की वैश्विक आपूर्ति भी बाधित हुई है। इससे लागत बढ़ रही है, मांग पर दबाव पड़ रहा है और मुद्रास्फीति का दबाव भी बढ़ रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन की विकास दर 2025 में 5.0% से घटकर 2026 में 4.4% और 2027 में 4.3% रहने का अनुमान है।

4 डेनमार्क की पीएम मेटे फ्रेडरिक्सन ने हार के बाद इस्तीफा दिया

26 मार्च को डेनमार्क की पीएम मेटे फ्रेडरिक्सन ने आम चुनाव में हार के बाद पद से इस्तीफा दे दिया। बुधवार को मतगणना में उनकी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी को 179 में से महज 38 सीटें मिलीं। हालांकि, किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ। मेटे जून 2019 से डेनमार्क की प्रधानमंत्री थीं और 2022 में दोबारा सत्ता में लौटी थीं। मेटे 41 साल की उम्र में डेनमार्क की सबसे युवा पीएम बनी थीं। मेटे 2001 में 24 साल की उम्र में डेनिश पार्लियामेंट में इलेक्टेड हुईं। 2011 में मेटे रोजगार मंत्री और 2015 में कानून मंत्री बनीं। मेटे को स्कूली दिनों में हकलाहट की समस्या थी, जिसकी वजह से उन्हें स्कूल में बच्चे परेशान किया करते थे। कॉस्मेटिक कंपनियों द्वारा जानवरों पर टेस्टिंग के विरोध में मेटे ने मेकअप प्रोडक्ट इस्तेमाल करना छोड़ दिया था।

5 शनि ग्रह पर 11 नए चंद्रमा मिले

ताइवान के एस्ट्रोनॉमर्स ने शनि ग्रह (Saturn) की परिक्रमा करते हुए 11 नए चंद्रमाओं की खोज की है। अब शनि के उपग्रहों की कुल संख्या 285 हो गई है। इसके अलावा बृहस्पति (Jupiter) पर भी चार नए चंद्रमाओं की पहचान हुई है। अब बृहस्पति के चंद्रमा की संख्या 101 हो गई है। नए खोजे गए चंद्रमा अनियमित उपग्रह हैं, जिसका अर्थ है कि वे छोटे हैं ( लगभग 3 किमी व्यास में), दूर भी हैं और उनकी कक्षाएं ज्यादा वाइडर भी हैं। शनि (Saturn) पर 285 ज्ञात चंद्रमा हैं और 11 नए चंद्रमा मिलने के बाद शनि ग्रह ‘मून किंग’ बन गया है। बृहस्पति (Jupiter) पर 101 चंद्रमा हैं और चार नए चंद्रमाओं की खोज के साथ बृहस्पति ने पहली बार 100 से ज्यादा चंद्रमा का इतिहास रचा है। अन्य ग्रह जैसे यूरेनस (28), नेपच्यून (16), मंगल (2) और पृथ्वी (1) पर चंद्रमा की संख्या स्थिर है। वहीं बुध (मरक्यूरी) और शुक्र (वीनस) के पास अपना कोई चंद्रमा नहीं है। ताइवान के सीनिका इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोनमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स को लीड करने वाले एडवर्ड एस्टोन की टीम ने ये चांद खोजे हैं।

6 इंग्लैंड चर्च की पहली महिला आर्चबिशप ऑफ कैंटरबरी बनीं साराह मुल्लाली

25 मार्च को साराह मुल्लाली ने इंग्लैंड के चर्च की पहली महिला आर्चबिशप ऑफ कैंटरबरी का पद संभाला। साराह ने 2,000 लोगों के सामने कैंटरबरी कैथेड्रल में 13वीं सदी के सेंट ऑगस्टीन चेयर को संभाला। इस समारोह में प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी कैथरीन और ब्रिटेन पीएम कीर स्टार्मर और धार्मिक नेता शामिल हुए। साराह एंग्लिकन कम्युनिटी के आध्यात्मिक प्रमुख के रूप में काम करेंगी। इसके दुनिया भर में लगभग 85 मिलियन सदस्य हैं। जनवरी 2025 में सेंट पॉल कैथेड्रल में हुए समारोह में साराह मुल्लाली को कैंटरबरी के 106वें आर्कबिशप का पद दिया गया था। 1,400 साल के इतिहास में पहली बार किसी महिला को आर्चबिशप का पद दिया गया है। जस्टिन वेल्बी उनसे पहले बिशप के पद पर थे। उनके खिलाफ शिकायत के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।

7 डी.पी.आई.आई.टी. ने उद्यमियों को सहयोग देने के लिए क्राफ्टन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग तथा आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डी.पी.आई.आई.टी.) ने देश भर में स्टार्टअप, नवप्रवर्तकों और उद्यमियों को सहयोग देने के लिए क्राफ्टन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है। मंत्रालय ने कहा कि इसका उद्देश्य मनोरंजन, ऑनलाइन गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, मीडिया और ए.आई आधारित प्रौद्योगिकियों के विकास को बढ़ावा देना है।

8 राष्ट्रीय आवास बैंक ने गृह सुगम पोर्टल की शुरूआत की

राष्ट्रीय आवास बैंक ने किफायती आवास वित्तपोषण प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए गृह सुगम पोर्टल की शुरूआत की है। यह पोर्टल रक्षा और सरकारी कर्मियों को उनकी तैनाती के स्थान से ही, गृह ऋण प्राप्त करने में मदद करेगा। वित्त मंत्रालय ने बताया कि यह पोर्टल डिजिटल ऋण को अपनाकर, वित्तीय समावेशन को गति देगा। मंत्रालय ने कहा कि यह पोर्टल आवास ऋणों तक बेहतर पहुंच के माध्यम से गृह स्वामित्व को बढ़ावा देगा, जिससे किफायती और टिकाऊ आवास वित्तपोषण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

9 बांग्लादेश मना रहा 56वां स्वतंत्रता और राष्ट्रीय दिवस

 

बांग्लादेश अपना 56वां स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय दिवस मना रहा है, 26 मार्च, 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान से स्वतंत्रता की घोषणा की थी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन और प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने ढाका के बाहरी इलाके सावर में स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।