महज 21 साल की उम्र में शेफाली वर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रचा इतिहास

0
19

1 महज 21 साल की उम्र में शेफाली वर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रचा इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा 22 वर्ष की उम्र से पहले सर्वाधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। शेफाली ने अब तक अपने करियर में 92 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 26.73 की औसत से 2,299 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 12 अर्धशतक निकले हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 22 वर्ष की उम्र से पहले 10 अर्धशतक लगाए थे। आयरलैंड की गैबी लुईस भी 10 अर्धशतकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भारत की जेमिमा रोड्रिग्स सात अर्धशतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

2 पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू को अटल स्मृति न्यास सोसाइटी का अध्यक्ष चुना गया

पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू को नई दिल्ली में अटल स्मृति न्यास सोसाइटी का अध्यक्ष चुना गया है। सोसाइटी के संस्थापक सदस्य राम बहादुर राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य सदस्यों से परामर्श के बाद श्री नायडू का नाम इस पद के लिए प्रस्तावित किया था। श्री नायडू ने विजय कुमार मल्होत्रा का स्थान लिया है, जिनका हाल ही में निधन हो गया था। अध्यक्ष के रूप में, श्री नायडू अब सोसाइटी के मामलों के प्रबंधन के लिए शासी निकाय तथा कार्यकारी समिति का गठन करेंगे।

3 प्रधानमंत्री युवा लेखक मार्गदर्शन योजना के तीसरे चरण के परिणाम घोषित, 43 युवा लेखकों का चयन

प्रधानमंत्री युवा लेखक मार्गदर्शन योजना-पीएम-युवा के तीसरे चरण के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अखिल भारतीय प्रतियोगिता के माध्यम से 43 युवा लेखकों का चयन किया गया है। यह योजना शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय पुस्तक ट्रस्ट द्वारा चलाई जाती है और राष्ट्र निर्माण में युवा लेखकों के योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है। चयनित सभी लेखक 30 वर्ष से कम आयु के हैं और इनका चयन 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में किया गया है, जिससे देश भर में व्यापक भाषाई प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होता है। चयनित 43 लेखकों में से 19 महिलाएं और 24 पुरुष हैं। इस योजना का उद्देश्य विभिन्न भारतीय भाषाओं में लेखन को प्रोत्साहित करके समावेशी साहित्यिक विकास को बढ़ावा देना है। चयनित पुस्तक प्रस्तावों को प्रख्यात विद्वानों के छह महीने के मार्गदर्शन में पुस्तकों के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक लेखक को प्रति माह पचास हजार रुपये की छात्रवृत्ति और प्रकाशित पुस्तक पर 10 प्रतिशत की आजीवन रॉयल्टी प्राप्त होगी। पीएम-युवा योजना के तीसरे चरण के विषयों में राष्ट्र निर्माण में भारतीय प्रवासी समुदाय का योगदान, भारतीय ज्ञान प्रणाली और आधुनिक भारत के निर्माता शामिल हैं।

4 DRDO ने पूरे किए नेक्स्ट जनरेशन आकाश मिसाइल के यूज़र ट्रायल्स

 

भारत ने अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने आकाश नेक्स्ट जेनरेशन (आकाश-एनजी) मिसाइल प्रणाली के उपयोगकर्ता मूल्यांकन परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कर लिए हैं। इन सफल परीक्षणों से आधुनिक, स्वदेशी वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली को शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जो विभिन्न हवाई खतरों का मुकाबला करने में सक्षम है। आकाश-एनजी (नेक्स्ट जेनरेशन) मिसाइल मौजूदा आकाश वायु रक्षा प्रणाली का उन्नत संस्करण है। इसे दुश्मन के विमानों, ड्रोनों और अन्य हवाई खतरों से ऊंचाई और दूरी की एक विस्तृत श्रृंखला में बेहतर सुरक्षा प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

5 भारतीय नौसेना का प्राचीन पाल विधि से निर्मित अग्रणी नौकायन पोत– आईएनएसवी कौंडिन्य अपनी पहली यात्रा पर रवाना होगा

भारत की प्राचीन जहाज निर्माण और समुद्री परंपराओं को पुन: साकार करते हुए, भारतीय नौसेना का प्राचीन पाल विधि से निर्मित पोत, आईएनएसवी कौंडिन्य 29 दिसंबर 2025 को अपनी पहली समुद्री यात्रा पर रवाना होगा। यह पोत गुजरात के पोरबंदर से ओमान के मस्कट तक की यात्रा करते हुए प्रतीकात्मक रूप से उन ऐतिहासिक समुद्री मार्गों का पुनर्मूल्यांकन करेगा जिन्होंने सहस्राब्दियों से भारत को व्यापक हिंद महासागर दुनिया से जोड़ा है। इसे प्राचीन भारतीय पोतों के चित्रण से प्रेरणा लेते हुए पूरी तरह से पारंपरिक सिलाई-तख्ता तकनीक का उपयोग करके निर्मित किया गया है। समकालीन पोतों के विपरीत, इसके लकड़ी के तख्तों को नारियल के रेशे की रस्सी से सिला गया है और प्राकृतिक राल से सील किया गया है। यह भारत के तटों और हिंद महासागर में प्राचीन समय में प्रचलित पोत निर्माण की परंपरा को दर्शाता है। यह परियोजना का शुभारंभ संस्कृति मंत्रालय, भारतीय नौसेना और होडी इनोवेशन्स के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन के माध्यम से किया गया था। यह भारत द्वारा स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों को पुनः खोजने और उन्हें पुन: निर्मित करने के प्रयासों का एक हिस्सा है। मास्टर शिपराइट श्री बाबू शंकरन के मार्गदर्शन में पारंपरिक शिल्पियों द्वारा निर्मित और भारतीय नौसेना एवं शैक्षणिक संस्थानों द्वारा व्यापक अनुसंधान, डिजाइन और परीक्षण के सहयोग से, यह पोत पूरी तरह से समुद्र में यात्रा करने योग्य और महासागर में नौकायन में सक्षम है। इस पोत का नाम पौराणिक नाविक कौंडिन्य के नाम पर रखा गया है, जिनके बारे में माना जाता है कि उन्होंने प्राचीन काल में भारत से दक्षिण पूर्व एशिया तक की यात्रा की थी।

6 कैबिनेट ने दिल्ली मेट्रो की फेज V (A) परियोजना के हिस्से के रूप में तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी दी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली मेट्रो के फेज-V (ए) परियोजना के हिस्से के रूप में तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी दी है: 1. आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (9.913 किमी), 2. एरोसिटी से आई.जी.डी. एयरपोर्ट टी-1 (2.263 किमी) और 3. तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज (3.9 किमी)। यह 16.076 किलोमीटर लंबी परियोजना राष्ट्रीय राजधानी के भीतर कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएगी। दिल्ली मेट्रो के फेज-V (ए) की कुल लागत 12014.91 करोड़ रुपये है, जिसे भारत सरकार, दिल्ली सरकार और अंतरराष्ट्रीय वित्त पोषण एजेंसियों द्वारा वित्तपोषित किया जाएगा। सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर सभी कर्तव्य भवनों को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे इस क्षेत्र के कार्यालय जाने वालों और आगंतुकों को सीधे ऑफिस तक पहुंचने में आसानी होगी। इस कनेक्टिविटी से दैनिक आधार पर लगभग 60,000 कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और 2 लाख आगंतुकों को लाभ होगा। ये कॉरिडोर प्रदूषण और जीवाश्म ईंधन के उपयोग को और कम करेंगे, जिससे जीवन जीने की सुगमता में वृद्धि होगी।

7 ओडिशा कैबिनेट ने ‘बारापुत्र ऐतिहासिक ग्राम योजना’ को दी मंजूरी

ओडिशा कैबिनेट ने बुधवार को कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिनमें ‘बारापुत्र ऐतिहासिक ग्राम योजना’ को लागू करने का निर्णय भी शामिल है। इस योजना का उद्देश्य राज्य के महान सपूतों को सम्मानित करना है, जिसके तहत उनके जन्मस्थलों को स्थानीय विरासत केंद्रों (लोकल हेरिटेज सेंटर्स) के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने मूर्त और अमूर्त विरासत के संरक्षण, समुदाय-आधारित सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा देने और राज्य में स्थानीय विरासत परिसंपत्तियों के सृजन के उद्देश्य से ‘बारापुत्र ऐतिहासिक ग्राम योजना’ को एक संरचित और बजट-समर्थित पहल के रूप में लागू करने का निर्णय लिया है। सरकार ‘बारापुत्रों’ के आवासीय घरों को विरासत संग्रहालयों के रूप में विकसित और संरक्षित करेगी। इसके साथ ही इंटरप्रिटेशन सेंटर, पुस्तकालय, सम्मेलन कक्ष, ओपन-एयर थिएटर, बच्चों के पार्क और अन्य सहायक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। इसके अलावा, बारापुत्रों की स्मृति में मूर्तियां और स्मारक भी स्थापित किए जाएंगे।

8 WHO की नई गाइडलाइंस: गंभीर HIV की पहचान के लिए CD4 टेस्ट जरूरी

 

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने HIV से पीड़ित लोगों में बीमारी की गंभीर स्थिति की पहचान के लिए CD4 टेस्ट को सबसे ज़रूरी जांच बताया है। WHO ने इसे अपनी 2025 की नई गाइडलाइंस में शामिल किया है। WHO के अनुसार, जब किसी व्यक्ति का CD4 काउंट 200 सेल्स/mm³ से कम हो जाता है, तो उसे एडवांस्ड HIV डिज़ीज माना जाता है। यही स्थिति AIDS से होने वाली मौतों का सबसे बड़ा कारण है। यह समस्या उन देशों में भी बनी हुई है जहाँ HIV की जांच और इलाज की अच्छी व्यवस्था है। WHO ने कहा कि 5 साल से कम उम्र के सभी HIV संक्रमित बच्चों को एडवांस्ड HIV माना जाएगा, जब तक उन्होंने एक साल से ज्यादा समय तक ART (एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी) नहीं ली हो और उनकी हालत स्थिर न हो। नई गाइडलाइंस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गंभीर HIV मरीजों की जल्दी पहचान हो, समय पर इलाज शुरू हो और अस्पताल से छुट्टी के बाद भी उनकी सही देखभाल हो सके। अगर किसी जगह CD4 टेस्ट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो डॉक्टर मरीज की क्लिनिकल जांच (लक्षणों के आधार पर) से भी एडवांस्ड HIV की पहचान कर सकते हैं। CD4 टेस्ट से यह भी पता लगाया जा सकता है कि मरीज को कौन-सी अतिरिक्त दवाएं देनी जरूरी हैं या बंद की जा सकती हैं। इसके अलावा WHO ने HIV से पीड़ित Kaposi’s Sarcoma (एक दुर्लभ कैंसर) के मरीजों के इलाज के लिए कुछ खास दवाओं की भी सिफारिश की है।

9 केंद्र ने राज्यों को अरावली पर्वतमाला में नए खनन पट्टे देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया

केंद्र ने राज्यों को अरावली पर्वतमाला में किसी भी प्रकार के नए खनन पट्टे देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया हैं। यह दिल्ली से गुजरात तक फैली संपूर्ण अरावली पर्वतमाला को अवैध खनन से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि यह प्रतिबंध संपूर्ण अरावली भूभाग पर समान रूप से लागू होता है और इसका उद्देश्य अरावली की अखंडता को बनाए रखना है। इन निर्देशों का उद्देश्य गुजरात से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक फैली सतत भूवैज्ञानिक श्रृंखला के रूप में अरावली पर्वतमाला की रक्षा करना और सभी अनियमित खनन गतिविधियों पर रोक लगाना है। मंत्रालय ने भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद को संपूर्ण अरावली में अतिरिक्त क्षेत्रों और ज़ोन की पहचान करने का भी निर्देश दिया है जहां खनन प्रतिबंधित होना चाहिए।

10 ‘मोदी युग में भारत का आर्थिक सशक्तिकरण’ पुस्तक का उपराष्ट्रपति ने किया विमोचन

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद प्रोफेसर (डॉ.) सिकंदर कुमार द्वारा लिखित पुस्तक ‘मोदी युग में भारत का आर्थिक सशक्तिकरण’ का बुधवार को उपराष्ट्रपति एन्क्लेव, नई दिल्ली में विमोचन किया। यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 11 वर्षों के कार्यकाल के दौरान आर्थिक क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों पर आधारित है।

11 बिहार ने रचा क्रिकेट इतिहास, ‘लिस्ट ए’ का बनाया सबसे बड़ा स्कोर

बिहार क्रिकेट टीम ने रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबले में इतिहास रच दिया है। बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 574 रन बनाए। यह लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, कप्तान साकिबुल गनी और आयुष लोहारुका की शतकीय पारियों की बदौलत टीम ने यह रिकॉर्ड कायम किया। पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 84 गेंदों पर 15 छक्कों और 16 चौकों की मदद से 190 रन की विस्फोटक पारी खेली। इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर तमिलनाडु के नाम था, जिसने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 2 विकेट पर 506 रन बनाए थे।

12 विराट कोहली का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, लिस्ट-A क्रिकेट में पूरे किए 16 हजार रन

विराट कोहली ने एक बार फिर क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करते हुए उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में 16,000 रन पूरे कर लिए हैं। यह उपलब्धि कोहली ने दिल्ली और आंध्र प्रदेश के बीच खेले गए मुकाबले में हासिल की। 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जैसे ही उन्होंने अपना पहला रन बनाया, वैसे ही उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 16,000 लिस्ट-A रन पूरे करने वाले कोहली दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ सचिन तेंदुलकर के नाम थी। वहीं, दुनिया भर में ऐसा करने वाले वह नौवें खिलाड़ी हैं, जिनमें रिकी पोंटिंग, कुमार संगकारा और सर विवियन रिचर्ड्स जैसे दिग्गज भी शामिल हैं। कोहली ने आखिरी बार विजय हजारे ट्रॉफी 2010-11 सीजन में खेली थी, जब वे दिल्ली टीम के कप्तान भी थे। इसके बाद करीब एक दशक तक वह इस टूर्नामेंट में नहीं खेले। ऐसे में उनकी वापसी को लेकर काफी उत्साह था और उन्होंने वापसी करते ही यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया। वनडे क्रिकेट में भी कोहली का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वह वनडे इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 308 मैचों में 14,557 रन बनाए हैं और उनका औसत 58.46 का है। इसके साथ ही उनके नाम वनडे में 53 शतक दर्ज हैं। कोहली अब लिस्ट-A क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के 60 शतकों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच चुके हैं। उनके नाम फिलहाल 57 शतक हैं।