1 राजस्थान का अलवर 81 वन्यजीव प्रजातियों के साथ एक बड़ा बायोलॉजिकल पार्क विकसित करेगा

राजस्थान अपने वन्यजीव पर्यटन में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ने जा रहा है। अलवर जिले के कटी घाटी क्षेत्र में एक नया जैविक पार्क (Biological Park) विकसित किया जाएगा। यह पार्क वन्यजीव संरक्षण, पशु देखभाल और पर्यटन—तीनों को एक ही स्थान पर जोड़ने वाला होगा। इसके पूरा होने पर यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का अपनी तरह का पहला जैविक पार्क बन जाएगा, जिसमें सफारी, रेस्क्यू सेंटर और अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय की सुविधाएँ होंगी। प्रस्तावित जैविक पार्क का निर्माण अलवर जिले में कटी घाटी और जैसमंद के बीच किया जाएगा। यह लगभग 100 हेक्टेयर भूमि में फैला होगा। इसमें से करीब 30 प्रतिशत क्षेत्र चिड़ियाघर के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि शेष 70 प्रतिशत क्षेत्र हरित क्षेत्र रहेगा, ताकि प्राकृतिक वातावरण बना रहे। अलवर जैविक पार्क में 81 विभिन्न प्रजातियों के 400 से अधिक वन्यजीव रखे जाएंगे। यहाँ पर्यटक शेर, चीता और भारत में पाई जाने वाली विभिन्न प्रजातियों के बाघों को देख सकेंगे। इसके अलावा अफ्रीका से लाए गए जिराफ भी यहाँ का प्रमुख आकर्षण होंगे, जो इस पार्क को क्षेत्र में विशिष्ट बनाएंगे।
2 गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि ईयू नेता

भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। 77वें गणतंत्र दिवस के आयोजन समारोह में यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उर्सुला ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान बताया। बता दें, ईयू के दोनों बड़े नेता भारत पहुंचे हुए हैं, जहां 27 जनवरी को 16वें ईयू-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, जिसकी मेजबानी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस मौके पर दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते का ऐलान भी हो सकता है। यूरोपीय देश परंपरागत तौर पर अमेरिका के करीब रहे हैं। ईयू-यूएस मिलकर वैश्विक आर्थिक उत्पादन के 40 फीसदी से ज्यादा और विश्व व्यापार के लगभग एक तिहाई हिस्से के साझेदार हैं। हालांकि, अमेरिकी सत्ता में राष्ट्रपति ट्रंप की वापसी के बाद से ‘टैरिफ बम’ ने अंतरराष्ट्रीय संबंधों को प्रभावित किया है। आज यूरोप यूएस से इतर भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने के लिए उत्साहित है और वह एक स्थिर साझेदार के रूप में भारत की ओर उम्मीद की नजरों से देख रहा है।
3 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कर्तव्य पथ पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को किया अशोक चक्र से सम्मानित

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच्च शांति कालीन वीरता सम्मान ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा की और 2025 में अपनी स्पेस फ्लाइट पूरी की थी। विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद वह अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने थे। इस मिशन के दौरान उन्होंने असाधारण साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया, जिसके लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। अंतरिक्ष में अपने प्रवास के दौरान शुक्ला ने कई वैज्ञानिक प्रयोग किए और कृषि से जुड़े परीक्षण भी किए। उन्होंने अंतरिक्ष में मेथी और मूंग के बीज को सफलतापूर्वक उगाया, जो भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
4 गणतंत्र दिवस परेड: सेना ने किया ‘बैटल एरे’ फॉर्मेट का प्रदर्शन

गणतंत्र दिवस परेड में सोमवार को पहली बार भारतीय सेना ने ‘बैटल एरे’ फॉर्मेट का प्रदर्शन किया। ‘बैटल एरे’ यानी रणभूमि व्यूह रचना। इसके माध्यम से दिखाया गया कि कैसे जंग के समय सेना आगे बढ़ती है, हमला कैसे किया जाता है और कैसे दुश्मन को जवाब देते हैं। कर्तव्य पथ पर यह सब कुछ एक ही जगह देखने को मिला। यहां ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की झलक भी दिखाई दी। यह पूरा प्रदर्शन ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की सफलता को भी एक गर्व भरा सलाम था। वहीं सेना के खास टैब्लो ने एक इंटीग्रेटेड ऑपरेशंस सेंटर को दिखाया। यहां से पूरी जंग की योजना बनती है। इसमें दिखाया गया कि कैसे रियल-टाइम में टारगेट तय होते हैं, हमला होता है और ‘सुदर्शन चक्र’ जैसी वायु रक्षा से देश की सुरक्षा होती है। वहीं इसमें हवाई घटक भी शामिल रहे। रेकी एलिमेंट में 61 कैवलरी एक्टिव कॉम्बैट यूनिफॉर्म में रही। इसके बाद हाई मोबिलिटी रिकोनिसेंस व्हीकल था, जो भारत का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन किया गया आर्मर्ड लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल है। हवाई सहायता के रूप में स्वदेशी ध्रुव एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर और इसका आर्म्ड वर्जन रुद्र प्रहार फॉर्मेशन था। इसके बाद कॉम्बैट एलिमेंट्स यानी युद्ध में अग्रणी भूमिका निभाने वाले टैंक आए। इनमें टी-90 भीष्म और मेन बैटल टैंक अर्जुन सलामी मंच के सामने से गुजरे। वहीं अपाचे एएच-64 ई और प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर से इन्हें हवाई सहायता मिली। अन्य मैकेनाइज्ड कॉलम में बीएमपी-2 इन्फेंट्री कॉम्बैट व्हीकल, साथ में नाग मिसाइल सिस्टम (ट्रैक्ड) एमके-2 शामिल रही।
5 नई दिल्ली: लाल किले में हुआ राष्ट्रीय संस्कृति और पर्यटन महोत्सव भारत पर्व 2026 का उद्घाटन

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली के लाल किले में छह दिवसीय राष्ट्रीय संस्कृति और पर्यटन महोत्सव भारत पर्व 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि यह महोत्सव भारत की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से लोगों को विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की संस्कृति को जानने का अवसर मिलेगा। श्री बिरला ने कहा कि यह पहल देश की पर्यटन क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस आयोजन में 34 राज्य पर्यटन मण्डप, 24 केंद्रीय मंत्रालयों के स्टॉल और देशभर के प्रमुख संस्थान और संगठन भाग ले रहे हैं।
6 ओडिशा ने गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर पूरी तरह बैन लगा दिया

ओडिशा राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने गुटखा, पान मसाला तथा तंबाकू या निकोटीन युक्त सभी उत्पादों पर सख्त प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। इस नई अधिसूचना का उद्देश्य इन उत्पादों के दुरुपयोग को रोकना और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह प्रतिबंध निर्माण, बिक्री, भंडारण, परिवहन और वितरण—सभी पर लागू होगा। इसके साथ ही ओडिशा सुप्रीम कोर्ट के देशव्यापी निर्देशों के पूर्ण अनुपालन वाला राज्य बन गया है। ओडिशा में वर्ष 2013 से तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लागू था। हालाँकि, नई अधिसूचना में पहले मौजूद अस्पष्टताओं को दूर कर राज्यभर में सख्त और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। स्वास्थ्य सचिव अस्वथी एस. के अनुसार, यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप गुटखा और पान मसाला पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
7 लखनऊ बना यूपी का पहला ‘जीरो फ्रेश वेस्ट डंप’ शहर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ बहुत तेजी से विकसित हो रहा है। लगभग 40 लाख की आबादी और करीब 7.5 लाख दुकानें, कार्यालय एवं प्रतिष्ठान होने के कारण रोज़ाना कचरे का प्रबंधन एक बड़ी चुनौती है। इस चुनौती से निपटने के लिए लखनऊ नगर निगम (LMC) ने एक आधुनिक एवं वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली अपनाई है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित करना है। लखनऊ में हाल ही में शिवरी साइट पर तीसरे ताज़ा कचरा प्रसंस्करण संयंत्र की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही लखनऊ उत्तर प्रदेश का पहला शहर बन गया है, जहाँ 100% ताज़े नगर निगम कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जा रहा है। इस उपलब्धि के कारण लखनऊ को ‘ज़ीरो फ्रेश वेस्ट डंप’ शहर का दर्जा मिला है, यानी अब नया कचरा खुले में नहीं डाला जाता। नया शिवरी संयंत्र प्रतिदिन 700 मीट्रिक टन कचरा प्रसंस्करित कर सकता है। पहले से मौजूद दो संयंत्रों के साथ मिलकर अब लखनऊ की कुल कचरा प्रसंस्करण क्षमता 2,100 मीट्रिक टन प्रतिदिन हो गई है।यह क्षमता शहर में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे के बराबर है, जिससे सभी अपशिष्ट का पर्यावरण-सुरक्षित उपचार सुनिश्चित होता है।
8 नोवाक जोकोविच 400 ग्रैंड स्लैम मैच जीतने वाले पहले खिलाड़ी

सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने ग्रैंड स्लैम में सिंगल्स कैटेगरी का 400वां मैच जीता। वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। जोकोविच ने जारी ऑस्ट्रेलियन ओपन में 102वीं जीत दर्ज की और रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी की। जोकोविच सबसे ज्यादा 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं। उनके नाम लगातार 428 हफ्तों तक वर्ल्ड नंबर 1 रैंकिंग पर रहने का भी रिकॉर्ड है।
9 उड़िया सिंगर अभिजीत मजूमदार का निधन

25 जनवरी 2026 को ओडिशा के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर अभिजीत मजूमदार का निधन हो गया। उन्होंने भुवनेश्वर के AIIMS अस्पताल में अंतिम सांस ली। अभिजीत 54 वर्ष के थे और पिछले कई महीनों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। अभिजीत को उड़िया फिल्म इंडस्ट्री का ‘मेलोडी किंग‘ माना जाता था। अभिजीत ने संगीत के क्षेत्र में 3 दशकों से ज्यादा समय तक योगदान दिया। 1991 में अभिजीत ने अपने करियर की शुरुआत संबलपुरी संगीत से की थी। अभिजीत ने 700 से ज्यादा गाने तैयार किए, जिनमें फिल्मों के गाने, प्राइवेट एल्बम और भजन शामिल हैं। श्रीमान सूरदास, लव स्टोरी, बहन श्रीदेवी, सुंदरगढ़ रा सलमान खान, बलुंगा टोका, मिस्टर मजनू और गोलमाल लव जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अभिजीत ने संगीत दिया।