राजस्थान नवंबर में करेगा ‘टूर दे थार’ एंड्योरेंस साइकिलिंग इवेंट की मेजबानी

0
32

 

1 राजस्थान नवंबर में करेगा ‘टूर दे थार’ एंड्योरेंस साइकिलिंग इवेंट की मेजबानी

राजस्थान नवंबर में एंड्योरेंस साइकिलिंग इवेंट टूर दे थार की मेजबानी करेगा। 23 नवंबर को बीकानेर जिले के नोरंगदेसर में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्‍मेलन में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने दैनिक जीवन में साइकिलिंग को अपनाने पर ज़ोर दिया क्योंकि यह शारीरिक फिटनेस और स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है और प्रदूषण का समाधान भी देता है। श्री मांडविया ने कहा कि उनके लिए साइकिल चलाना फैशन नहीं बल्कि एक जुनून है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों में साइकिलिंग के प्रति जुनून को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर स्थिरता और रेगिस्तानी परिदृश्य की थीम पर आधारित टूर_दे_थार जर्सी और आयोजन के लोगो का भी अनावरण किया गया। यह आयोजन देश और दुनिया भर के साइकिल चालकों को थार रेगिस्तान की चुनौती का अनुभव करने और मानवीय दृढ़ संकल्प की शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित करता है।

2 वेव एक्‍स ने मीडिया, एनिमेशन और मनोरंजन क्षेत्र को सहायता देने के लिए देशभर में 7 इनक्‍यूबेशन सेंटर की शुरुआत की घोषणा की

स्‍टार्टअप को प्रोत्‍साहन देने के मंच वेव एक्‍स ने मीडिया, एनिमेशन और मनोरंजन क्षेत्र को सहायता देने के लिए देशभर में सात इनक्‍यूबेशन सेंटर की शुरुआत की घोषणा की है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि यह केन्‍द्र भारतीय जनसंचार संस्‍थान -आईआईएमसी दिल्‍लीजम्‍मूओडिशा के ढेंकानालकेरल के कोट्टायम और महाराष्‍ट्र के अमरावती तथा पुणे में भारतीय फिल्‍म और टेलिविजन संस्‍थान तथा कोलकाता के सत्‍यजीत रे फिल्‍म और टेलिविजन संस्‍थान में स्‍थापित किए जाएंगे। मंत्रालय ने बताया है कि इन इनक्‍यूबेशन तंत्र की शुरुआत से स्‍टार्टअप्‍स को फिल्‍म निर्माण, गेम के विकास और संपादन के लिए उन्‍नत सुविधाएं उपलब्‍ध हो सकेंगी। ये नए केन्‍द्र मुंबई के इंडियन इन्‍सटीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्‍नोलॉजी के समान बुनियादी ढांचा और शुरुआती चरण की सुविधाएं उपलब्‍ध कराएंगे। वेव एक्‍स के अंतर्गत काम कर रहे स्‍टार्टअप को दूरदर्शन, आकाशवाणी, भारतीय फिल्‍म और टेलिविजन संस्‍थान, पत्र सूचना कार्यालय, प्रकाशन विभाग और इलेक्‍ट्रोनिक मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर मीडिया ईकाइयों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा।

3 नागालैंड विश्वविद्यालय के चार संकाय सदस्यों को प्रतिष्ठित ‘विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची’ में शामिल किया गया

नागालैंड विश्वविद्यालय के चार संकाय सदस्यों को प्रतिष्ठित ‘विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची’ में शामिल किया गया है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और एल्सेवियर द्वारा तैयार इस सूची में 22 वैज्ञानिक क्षेत्रों और 174 उप- क्षेत्रों में सर्वोच्च वैश्विक प्रभाव वाले शोधकर्ता शामिल हैं। इन सदस्यों में रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर अंबरीश सिंह, वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर जोगिंदर सिंह, कृषि अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी के प्रोफेसर प्रभाकर शर्मा और जैव प्रौद्योगिकी के प्रोफेसर प्रणव कुमार प्रभाकर शामिल हैं। प्रोफेसर अंबरीश और प्रोफेसर प्रणव कुमार को वैश्विक वैज्ञानिक प्रगति में उनके आजीवन योगदान के सम्मान में, विशिष्ट करियर-लॉन्ग टॉप 2% श्रेणी में भी शामिल किया गया है।

4 विज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने 2,277 करोड़ रुपये की सीएसआईआर योजना को दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने बुधवार को वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसंधान विभाग (DSIR) और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की नई योजना “कैपेसिटी बिल्डिंग एंड ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट” को मंजूरी दी। इस योजना पर 2021-22 से 2025-26 की अवधि के लिए कुल 2,277.397 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि पंद्रहवें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत की गई है। इस योजना का क्रियान्वयन सीएसआईआर द्वारा किया जाएगा और इसमें देशभर के अनुसंधान एवं विकास संस्थान, राष्ट्रीय प्रयोगशालाएं, राष्ट्रीय महत्व के संस्थान, उत्कृष्टता संस्थान और विश्वविद्यालय शामिल होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य युवा शोधकर्ताओं को मजबूत मंच प्रदान करना है, ताकि वे अकादमिक जगत, उद्योग और राष्ट्रीय आरएंडडी प्रयोगशालाओं में करियर बना सकें। यह पहल विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, मेडिकल और गणित (STEMM) क्षेत्रों में नए अवसर खोलेगी। इस योजना के तहत शोधकर्ताओं को देश के प्रख्यात वैज्ञानिकों और प्रोफेसरों से मार्गदर्शन मिलेगा।

5 हरियाणा में 25 सितंबर को लॉन्च होगी ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’

हरियाणा सरकार महिलाओं के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहारा देकर और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना की शुरुआत पंचकूला से होगी और साथ ही पूरे हरियाणा के अन्य जिलों में भी इसे लागू किया जाएगा। राज्य के अलग-अलग जिलों में कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी इस योजना की शुरुआत में शामिल होंगे।