1 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शांति विधेयक को मंजूरी दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के शीतकालीन सत्र में पारित सतत परमाणु ऊर्जा उपयोग और विकास, भारत रूपांतरण विधेयक, 2025 – शांति विधेयक को स्वीकृति दे दी है। इस विधेयक में नागरिक परमाणु क्षेत्र से जुड़े सभी कानूनों को समाहित किया गया है। साथ ही इस क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी का भी प्रावधान किया गया है। विधेयक के तहत परमाणु ऊर्जा अधिनियम, 1962 और नागरिक परमाणु क्षति दायित्व अधिनियम, 2010 को निरस्त कर दिया गया है, जिन्हें भारत में नागरिक परमाणु क्षेत्र के विकास में बाधक माना जा रहा था।
2 विकसित भारत- जी राम जी बिल 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दी मंज़ूरी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन-ग्रामीण विकसित भारत- जी राम जी बिल, 2025 को मंज़ूरी दे दी है। संसद ने इसे शीतकालीन सत्र के दौरान पास किया था। यह एक्ट ग्रामीण परिवारों के लिए हर वित्तीय वर्ष में वैधानिक मज़दूरी रोज़गार गारंटी को 125 दिन तक बढ़ाता है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने बताया कि यह ग्रामीण रोज़गार नीति में बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्रालय ने आगे बताया कि यह कानून सशक्तिकरण, समावेशी विकास, विकास पहलों के तालमेल और सभी जरूरतमंद लोगों को लाभ देने को बढ़ावा देता है। विकसित भारत- जी राम जी एक्ट महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी एक्ट -मनरेगा 2005 की जगह लाया गया है।
3 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने असम के नामरूप में असम वैली उर्वरक और रसायन कंपनी लिमिटेड की अमोनिया-यूरिया उर्वरक परियोजना की आधारशिला रखी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने असम के डिब्रूगढ़ जिले के नामरूप में असम वैली उर्वरक और रसायन कंपनी लिमिटेड की अमोनिया-यूरिया उर्वरक परियोजना की आधारशिला रखी। इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह चाओलुंग सुखापा और महावीर लछित बोडफुकन जैसे महान नायकों की भूमि है। उन्होंने भीमबर देउरी, शहीद कुशल कुंवर, मोरन राजा बोदूसा, मालती मेम, इंदिरा मीरी, स्वर्गदेव सरबानंदा सिंह और वीर सती साधनी के योगदान को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने असम के डिब्रूगढ़ जिले के नामरूप में ब्रह्मपुत्र घाटी उर्वरक निगम लिमिटेड (बीवीएफसीएल) के मौजूदा परिसर में नए ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया उर्वरक परियोजना का भूमिपूजन किया। किसानों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, 10,600 करोड़ रुपये से अधिक के अनुमानित निवेश वाली यह परियोजना असम और पड़ोसी राज्यों की उर्वरक आवश्यकताओं को पूरा करेगी, आयात पर निर्भरता कम करेगी, पर्याप्त रोजगार सृजित करेगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगी। यह औद्योगिक पुनरुद्धार और किसान कल्याण की आधारशिला है।
4 समझौता ज्ञापन के माध्यम से भारत-नीदरलैंड संयुक्त व्यापार और निवेश समिति बनाने की घोषणा की

भारत और नीदरलैंड्स ने अपने आर्थिक साझेदारी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए संयुक्त व्यापार एवं निवेश समिति (Joint Trade and Investment Committee – JTIC) की स्थापना की है। इस निर्णय को एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर के माध्यम से औपचारिक रूप दिया गया, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश सहयोग के लिए एक समर्पित संस्थागत ढांचा तैयार करना है। संयुक्त व्यापार एवं निवेश समिति (JTIC) भारत और नीदरलैंड्स के बीच आर्थिक संबंधों की समीक्षा, मार्गदर्शन और विस्तार के लिए एक द्विपक्षीय तंत्र के रूप में कार्य करेगी। यह समिति—व्यापार प्रवाह को सुदृढ़ करने, द्विपक्षीय निवेश को प्रोत्साहित करने, आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित होगी। JTIC का उद्देश्य अस्थायी बैठकों से आगे बढ़कर नियमित और संस्थागत संवाद सुनिश्चित करना है।
5 भारत और नीदरलैंड ने गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएमएचसी) पर सहयोग करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

भारत और नीदरलैंड ने समुद्री विरासत के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएमएचसी) के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और डच विदेश मंत्री डेविड वैन वील के बीच द्विपक्षीय बैठक के दौरान समझौते ज्ञापन का आदान-प्रदान हुआ। यह समझौता ज्ञापन पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के तहत विकसित किए जा रहे एनएमएचसी और एम्स्टर्डम स्थित राष्ट्रीय समुद्री संग्रहालय को साथ लाता है। समझौते के तहत, दोनों पक्ष समुद्री संग्रहालयों के डिजाइन, क्यूरेशन और संरक्षण में ज्ञान, विशेषज्ञता और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान पर सहयोग करेंगे। यह साझेदारी संयुक्त प्रदर्शनियों, अनुसंधान परियोजनाओं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों को भी सुगम बनाएगी साथ ही आगंतुकों के अनुभव, शिक्षा और जन जागरूकता बढ़ाने के लिए नए पहलुओं का पता लगाएगी। लोथल स्थित एनएमएचसी की भारत की 4,500 साल पुरानी समुद्री विरासत को प्रदर्शित करने वाले विश्व स्तरीय धरोहर परिसर के रूप में परिकल्पना की गई है। एम्स्टर्डम स्थित संग्रहालय के साथ सहयोग से इसकी वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूती मिलने, समावेशी शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा मिलने और विद्यार्थियों, स्थानीय समुदायों और वंचित समूहों के लिए किफायती पहुंच सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
6 इसरो बुधवार को संचार उपग्रह Blue Bird Block-2 का प्रक्षेपण करेगा

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो बुधवार को संचार उपग्रह ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 का प्रक्षेपण करेगा। यह अमरीका की एएसटी स्पेसमोबाइल कंपनी का उपग्रह है, जो एलवीएम-3-एम-6 रॉकेट के जरिए पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजा जाने वाला अब तक का सबसे बड़ा वाणिज्यिक उपग्रह होगा। यह ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रहों की अगली पीढ़ी है, जिसे अंतरिक्ष से सीधे सामान्य मोबाइल स्मार्ट फोन को सेल्यूलर ब्राडबैंड कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसरो द्वारा विकसित लांच व्हिकल मार्क-3 – एलवीएम-3 एक तीन चरणीय प्रक्षेपण यान है। इसका उपयोग पहले चन्द्रयान-2 और चन्द्रयान-3 मिशनों के साथ-साथ वनबेव के दो अभियानों में 72 उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए किया जा चुका है। एलवीएम-3 ने पिछले महीने एम-5 सीएमएस-03 मिशन को भी सफलतापूर्वक पूरा किया था।
7 मिची बेंटहॉस अंतरिक्ष में जाने वाली पहली व्हीलचेयर यूज़र

अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजिन ने इतिहास रच दिया है। कंपनी के न्यू शेपर्ड रॉकेट से जर्मन एयरोस्पेस इंजीनियर माइकेला बेंटहाउस (मिची बेंटहाउस) पहली व्हीलचेयर उपयोगकर्ता बन गईं, जो अंतरिक्ष की सीमा कार्मन लाइन (100 किलोमीटर ऊंचाई) को पार कर गईं। यह उड़ान 20 दिसंबर 2025 को टेक्सास के वेस्ट टेक्सास लॉन्च साइट से हुई। NS-37 मिशन में छह यात्री सवार थे. लगभग 10 मिनट की इस सबऑर्बिटल उड़ान में यात्रियों को कुछ मिनटों के लिए भारहीनता (वेटलेसनेस) का अनुभव हुआ और पृथ्वी का अद्भुत नजारा दिखा। मिची बेंटहाउस एक जर्मन एयरोस्पेस और मेकाट्रॉनिक्स इंजीनियर हैं। वह 2024 से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) में यंग ग्रेजुएट ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं।वर्ष 2018 में माउंटेन बाइकिंग दुर्घटना के कारण उन्हें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद से वह व्हीलचेयर का उपयोग कर रही हैं।
8 ISRO ने RESPOND बास्केट 2025 लॉन्च किया

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने RESPOND Basket 2025 जारी किया है, जिसके तहत देशभर के विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से अनुसंधान प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य शैक्षणिक अनुसंधान को ISRO की वर्तमान और भविष्य की अंतरिक्ष मिशन आवश्यकताओं के साथ जोड़ना है, ताकि उन्नत वैज्ञानिक शोध सीधे राष्ट्रीय अंतरिक्ष लक्ष्यों में योगदान दे सके। RESPOND Basket 2025, ISRO तथा अंतरिक्ष विभाग (Department of Space – DoS) के अंतर्गत विभिन्न केंद्रों द्वारा चिन्हित मिशन-उन्मुख अनुसंधान समस्या विवरणों (Problem Statements) का एक संकलन है। ये समस्या विवरण ISRO की तत्काल परिचालन आवश्यकताओं और दीर्घकालिक अनुसंधान एवं विकास (R&D) प्राथमिकताओं से सीधे जुड़े हुए हैं। इस पहल के तहत सामान्य या सैद्धांतिक शोध के बजाय व्यावहारिक और अनुप्रयोग-आधारित अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाता है, जिसे वास्तविक अंतरिक्ष मिशनों में लागू किया जा सके।
9 आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 23–24 दिसंबर, 2025 को ‘पेसा महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा

पंचायती राज मंत्रालय द्वारा पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम, 1996 (पेसा) के लागू होने की वर्षगांठ के अवसर पर लोक संस्कृति के उत्सव के रूप में दो दिवसीय ‘पेसा महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 23 और 24 दिसंबर, 2025 को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित होगा। पेसा अधिनियम की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 24 दिसंबर को ‘पेसा दिवस’ भी मनाया जाएगा। आंध्र प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री श्री कोनिदाला पवन कल्याण महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में पंचायत प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और सांस्कृतिक कलाकारों सहित सभी 10 पेसा राज्यों से लगभग 2,000 प्रतिनिधियों के भाग लेने की आशा है। पेसा से संबंधित कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय गतिविधियों का शुभारंभ 24 दिसंबर, 2025 को किया जाएगा। इनमें सूचना के प्रभावी प्रसार और पेसा के कार्यान्वयन की निगरानी के लिए पेसा पोर्टल, राज्यों में कार्यान्वयन की प्रगति का आकलन करने हेतु पेसा संकेतक, जागरूकता बढ़ाने व जमीनी स्तर पर क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनजातीय भाषाओं में पेसा पर प्रशिक्षण मॉड्यूल तथा हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले पर आधारित एक ई-पुस्तक शामिल है, जिसमें क्षेत्र के पारंपरिक ज्ञान, संस्कृति एवं विरासत का दस्तावेजीकरण किया गया है।
10 फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल्स’ अभियान की पहली वर्षगांठ पुद्दुचेरी में मनाई गई

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की पहल फिट इंडिया के संडेज ऑन साइकिल्स अभियान की पहली वर्षगांठ पुद्दुचेरी में मनाई गई। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया के नेतृत्व में युवाओं और विद्यार्थियों की साइकिल रैली को पुद्दुचेरी की उप-राज्यपाल के. कैलाशनाथन और मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने रवाना किया। रैली का उद्देश्य साइक्लिंग के लाभ के प्रति जन-जागरूकता बढाना है। आयोजन में, पुद्दुचेरी विधानसभा के अध्यक्ष आर. सेल्वम और गृहमंत्री ए. नमस्सिवयम भी उपस्थित थे।
11 जम्मू-कश्मीर को अपना पहला Gen Z पोस्ट ऑफिस मिला

जम्मू-कश्मीर ने सार्वजनिक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। AIIMS विजयपुर परिसर में प्रदेश के पहले ‘जेन Z पोस्ट ऑफिस’ का शुभारंभ किया गया है। यह पहल डाक विभाग (India Post) की उस बदलती सोच को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य डाक सेवाओं को डिजिटल, सुलभ और युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप बनाना है। इसके साथ ही AIIMS विजयपुर देश का पहला AIIMS बन गया है, जहाँ जेन Z पोस्ट ऑफिस स्थापित किया गया है। जेन Z पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन 17 दिसंबर 2025 को AIIMS विजयपुर में किया गया।