1 राष्ट्रपति ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 127 वीरता पुरस्कारों, 40 विशिष्ट सेवा पुरस्कारों और 290 मेंशन-इन-डिस्पैचेज को मंजूरी दी

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों के लिए 127 वीरता पुरस्कार और 40 विशिष्ट सेवा पुरस्कारों को मंजूरी दी है। ये हैं: 04 कीर्ति चक्र; 15 वीर चक्र; 16 शौर्य चक्र; 02 बार टू सेना पदक (वीरता); 58 सेना पदक (वीरता); 06 नौसेना पदक (वीरता); 26 वायु सेना पदक (वीरता); 07 सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक; 09 उत्तम युद्ध सेवा पदक और 24 युद्ध सेवा पदक। राष्ट्रपति ने 290 मेंशन-इन-डिस्पैच को भी मंजूरी दी है – भारतीय सेना के 115 कर्मी, भारतीय नौसेना के 05, भारतीय वायु सेना के 167 और सीमा सड़क विकास बोर्ड (बीआरडीबी) के
2 पीएम मोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा, ‘नया भारत’ थीम के साथ देश मना रहा 79वां स्वतंत्रता दिवस

देश आज 15 अगस्त को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मना रहा है, इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया। उनके साथ फ्लाइंग ऑफिसर राशिका शर्मा ने झंडा फहराने में सहयोग किया। झंडा फहराने के बाद भारतीय वायुसेना के दो Mi-17 हेलिकॉप्टरों से पुष्प वर्षा हुई। एक हेलीकाॅप्टर ने राष्ट्रीय ध्वज और दूसरे ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का झंडा लहराया। इन हेलिकॉप्टरों को विंग कमांडर विनय पूनिया और विंग कमांडर आदित्य जायसवाल ने उड़ाया।
3 सरकार ने देश के प्रति विशिष्ट सेवा के लिए 1000 से अधिक कर्मियों को वीरता एवं सेवा पदक प्रदान करने की घोषणा की

स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन, गृह रक्षक, नागरिक सुरक्षा और सुधार सेवाओं के कुल 1090 कर्मियों को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। गृह मंत्रालय ने बताया कि 233 कर्मियों को वीरता पदक, 99 कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और 758 कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जानकारी दी है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोलह बहादुर सीमा प्रहरियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनके अदम्य साहस और अद्वितीय पराक्रम तथा दृढ़ संकल्प के लिए वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
4 पंचायतों के लिए एआई प्रोत्साहन: केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह आज नई दिल्ली में ‘सभासार’ का शुभारंभ करेंगे

पंचायती राज मंत्रालय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) संचालित बैठक विवरण तैयार करने वाले उपकरण सभासार का शुभारंभ करने जा रहा है। इसे ग्राम सभा या अन्य पंचायत बैठकों की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग से इन बैठकों की मुख्य बिंदुओं व निर्णयों को स्वचालित रूप से तैयार करने के लिए विकसित किया गया है। इसका शुभारंभ नई दिल्ली में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी.सिंह बघेल की उपस्थिति में होगा। सभासार, उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण (एनएलपी) तकनीकों का उपयोग करके मौखिक चर्चाओं को लिपिबद्ध करता है, प्रमुख निर्णयों और कार्य-बिंदुओं की पहचान करता है और सुव्यवस्थित बैठक विवरण तैयार करता है। सरकार के राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन, भाषिणी के साथ एकीकृत यह उपकरण वर्तमान में 13 भारतीय भाषाओं में काम करता है, जिससे सभी भाषाई पृष्ठभूमि वाले पंचायत पदाधिकारियों के लिए समावेशिता और पहुंच सुनिश्चित होती है। भविष्य में अन्य भाषाओं की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी। पंचायती राज मंत्रालय ने सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से 15 अगस्त 2025 को होने वाली विशेष ग्राम सभाओं की बैठकों का विवरण तैयार करने के लिए सभासार टूल का उपयोग करने का आग्रह किया है। पहले चरण में त्रिपुरा की सभी 1194 ग्राम पंचायतें (पारंपरिक स्थानीय निकायों सहित) इन विशेष ग्राम सभाओं की बैठकों का विवरण तैयार करने के लिए इस टूल का उपयोग करेंगी।
5 भारतीय जलयात्रियों ने समुद्र तल से 5,000 मीटर नीचे तिरंगा फहराया

पहली बार, भारतीय जल यात्रियों ने समुद्र तल से 5,000 मीटर नीचे जाकर भारतीय ध्वज फहराया। पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि 5 और 6 अगस्त, 2025 को दो भारतीय जलयात्रियों ने अटलांटिक महासागर में 4,025 मीटर और 5,002 मीटर की गहराई तक समुद्र में सफलतापूर्वक अभियान चलाए – यह पहली बार है जब भारत ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय जल यात्री – राजू रमेश, वरिष्ठ वैज्ञानिक और कमांडर जतिंदर पाल सिंह (सेवानिवृत्त) – ने लगभग सात घंटे की कुल अवधि के लिए पहला गोता पूरा किया, और सतह पर सुरक्षित वापसी से पहले बहुमूल्य अनुभव और प्रेक्षण क्षमता एकत्र की। यह अभियान फ्रांसीसी समुद्री अनुसंधान संस्थान, आईएफआरईएमईआर के साथ एक सहयोगी वैज्ञानिक गतिविधि के रूप में, आईएफआरईएमईआर के पनडुब्बी नौटाइल पर सवार होकर, अटलांटिक महासागर के गहरे पानी में किया गया। यह रिकॉर्ड-तोड़ गोता भारत के समुद्रयान मिशन के तहत प्रारंभिक कार्य की प्रस्तावना है, जिसका उद्देश्य 2027 तक स्वदेशी रूप से विकसित पनडुब्बी मत्स्य-6000 में तीन जलयात्रियों को 6,000 मीटर की गहराई तक भेजना है।
6 उत्तराखंड सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती में 10% क्षैतिज आरक्षण को मंजूरी दी

उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने सेना से लौटने के बाद पूर्व अग्निवीरों को सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रिमंडल ने इसे मंजूरी दी। यह आरक्षण राज्य सरकार के अधीन सेवाओं में समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों से संबंधित है। पूर्व अग्निवीरों को सीधी भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट दी जाएगी। इसके अलावा, उन्हें अधिकतम आयु सीमा में भी छूट दी जाएगी। उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक, 2025 को भी मंजूरी दी, जिसमें अवैध धर्मांतरण पर अंकुश लगाने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं। संशोधनों में कठोर दंड, धर्मांतरण के डिजिटल प्रचार पर प्रतिबंध और पीड़ितों की सुरक्षा के लिए कड़े उपाय शामिल हैं।
7 यार्ड 3027 (इक्षक) नौसेना को सौंपा गया

यार्ड 3027 (इक्षक) – चार सर्वेक्षण पोत (बड़े) श्रेणी के जहाजों में तीसरा, जिसे नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने 102वें जहाज के रूप में संचालित किया है, का निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई), कोलकाता द्वारा किया गया है। युद्धपोत निरीक्षण टीम की देखरेख में इसे 14 अगस्त 2025 को नौसेना को सौंप गया। इस श्रेणी के पहले जहाज, आईएनएस संध्याक, को 3 फरवरी 2024 को और दूसरे जहाज, आईएनएस निर्देशक, को 18 दिसंबर 2024 को कमीशन किया गया था। चार बड़े सर्वेक्षण पोतों के लिए अनुबंध पर 30 अक्टूबर 2018 को हस्ताक्षर किए गए थे। एसवीएल जहाजों को गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई), कोलकाता द्वारा भारतीय शिपिंग रजिस्टर के वर्गीकरण नियमों के अनुसार डिजाइन और निर्मित किया गया है। इस जहाज का उद्देश्य बंदरगाहों और उनके पहुंच मार्गों का पूर्ण पैमाने पर तटीय और गहरे पानी में हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण करना है साथ ही, नौवहन चैनलों और मार्गों का निर्धारण करना है।
8 सरकार ने भारत की दीर्घकालिक संप्रभु क्रेडिट रेटिंग को ‘बीबीबी-‘ से ‘बीबीबी‘ तक उन्नत करने का स्वागत किया

सरकार ने एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स द्वारा भारत की दीर्घकालिक सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग को ‘बीबीबी-’ से ‘बीबीबी’ और इसकी अल्पकालिक रेटिंग को ‘ए-3’ से ‘ए-2’ करने के निर्णय का स्वागत किया है, जिसमें एक स्थिर दृष्टिकोण शामिल है। एसएंडपी ने पिछली बार जनवरी 2007 में भारत की रेटिंग को ‘बीबीबी-’ में अपग्रेड किया था, इसलिए, यह रेटिंग अपग्रेड 18 साल के अंतराल के बाद आया है।
9 खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के शुभंकर और लोगो का श्रीनगर में अनावरण

जम्मू – कश्मीर में श्रीनगर में पहली बार आयोजित होने वाले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स महोत्सव के शुभंकर का अनावरण किया गया। हिमालयन किंगफिशर इन खेलों को शुभंकर है। यह खेल महोत्सव 21 से 23 अगस्त, 2025 तक शहर की प्रतिष्ठित डल झील में आयोजित किया जाएगा। यह वाटर स्पोर्ट्स महोत्सव विस्तारित खेलो इंडिया कैलेंडर का हिस्सा है। इस वर्ष मई में दीव में पहली बार खेलो इंडिया बीच गेम्स का आयोजन किया गया था। केआईडब्ल्यूएसएफ का आयोजन केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के सहयोग से जम्मू और कश्मीर खेल परिषद द्वारा किया जाएगा। मार्च में गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों की बर्फीली स्पर्धाओं की मेजबानी के बाद, यह जम्मू और कश्मीर के लिए दूसरा खेलो इंडिया आयोजन होगा। केआईडब्ल्यूएसएफ में पदक स्पर्धाओं के रूप में रोइंग, कैनोइंग और कयाकिंग शामिल होंगे। प्रदर्शन स्पर्धाओं में वाटर स्कीइंग, शिकारा रेस और ड्रैगन बोट रेस शामिल होंगी। खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 से अधिक एथलीटों के श्रीनगर में आने की उम्मीद है।
10 हरियाणा के मुक्केबाजों ने सब जूनियर मुक्केबाजी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में टीम खिताब जीता

हरियाणा की युवा मुक्केबाज़ ब्रिगेड ने ग्रेटर नोएडा में सब-जूनियर, अंडर-15 लड़के और लड़कियों की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में ओवरऑल टीम खिताब अपने नाम कर लिया। हरियाणा के मुक्केबाज़ों ने कौशल, शक्ति और निरंतरता का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सर्विसेस से आगे निकलकर शीर्ष स्थान हासिल किया। लड़कों के वर्ग में, हरियाणा ने 4 स्वर्ण, 2 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर टीम का खिताब जीता, जबकि सर्विसेस ने 5 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य पदक जीते। उत्तर प्रदेश ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक के साथ पोडियम स्थान हासिल किया। हरियाणा की अगुवाई रवि सिहाग और संचित जयानी की क्लीन स्वीप जीत के साथ-साथ सभी भार वर्गों में शानदार पोडियम फिनिश ने की। लड़कियों की टीम ने भी इसी सफलता को दोहराया और गरिमा, प्रिंसी, सुनैना, जीविका और राधिका शर्मा सहित कई वर्गों में चैंपियन बनाए। सर्विसेज ने नव्या और निशालिनी मुथुकुमार जैसे स्वर्ण पदक विजेताओं के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि महाराष्ट्र ने रिया शिंदे और ओवी अदवंत की शानदार जीत के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
11 नौसेना ने सशस्त्र बल अंतर सेवा स्क्वैश चैम्पियनशिप जीती

भारतीय नौसेना ने चंडीगढ़ स्थित भारतीय वायु सेना के बेस रिपेयर डिपो में खेले गए फाइनल मैच में भारतीय वायु सेना को 2-1 से हराकर सशस्त्र सेना अंतर सेवा स्क्वैश चैंपियनशिप 2025-26 जीत ली। 10-14 अगस्त, 2025 तक आयोजित इस चैंपियनशिप में चार टीमें – आर्मी रेड, आर्मी ग्रीन, वायु सेना और भारतीय नौसेना – शामिल थीं। इसका उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप में सेवा स्क्वैश टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन करना था।
12 चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स शतरंज: विंसेंट कीमर ने रचा इतिहास, राउंड शेष रहते खिताब हासिल किया

शतरंज में, जर्मन ग्रैंडमास्टर विंसेंट कीमर ने क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2025 का खिताब एक राउंड शेष रहते जीत लिया है और इस आयोजन के इतिहास में पहले एकल चैंपियन बन गए हैं। 20 वर्षीय कीमर ने डच ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वैन फॉरेस्ट के साथ ड्रॉ खेलकर यह खिताब हासिल किया, जबकि अन्य परिणामों ने उनकी जीत की पुष्टि की। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें पहली बार लाइव रेटिंग में दुनिया के शीर्ष 10 में भी जगह दिलाई। चैलेंजर्स में, ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम, ग्रैंडमास्टर हरिका द्रोणावल्ली को हराकर 6.5 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। ग्रैंडमास्टर अभिमन्यु पुराणिक और ग्रैंडमास्टर लियोन ल्यूक मेंडोंका क्रमशः जीत और ड्रॉ के बाद केवल आधा अंक पीछे हैं।