1 राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत चयनित स्टार्टअप ने भारत के सबसे शक्तिशाली क्वांटम कंप्यूटरों में से एक लॉन्च किया
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) द्वारा समन्वित राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत चयनित आठ स्टार्टअप्स में से एक, बेंगलुरु स्थित क्यूपीआईएआई ने विश्व क्वांटम दिवस के अवसर पर 25 सुपरकंडक्टिंग क्यूबिट्स क्षमता वाले भारत के सबसे शक्तिशाली क्वांटम कंप्यूटरों में से एक को लॉन्च करने की घोषणा की। क्यूपीआईएआई-इंडस, क्वांटम कंप्यूटर को लॉन्च किया गया है और ये देश का पहला फुल-स्टैक क्वांटम कंप्यूटिंग सिस्टम है। इसमें उन्नत क्वांटम हार्डवेयर, स्केलेबल कंट्रोल और ट्रांसफॉर्मेटिव हाइब्रिड कंप्यूटिंग के लिए अनुकूलित सॉफ्टवेयर का संयोजन किया गया है। यह उन्नत क्वांटम प्रोसेसर, अगली पीढ़ी के क्वांटम-एचपीसी सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म और एआई-एन्हांस्ड क्वांटम समाधानों को एकीकृत करता है।
2 श्रम और रोजगार मंत्रालय ने नई दिल्ली में भोजन का ऑनलाइन ऑडर देने और आपूर्ति करने वाली एक कंपनी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र ने नई दिल्ली में दूसरे रक्षा साहित्य महोत्सव – कलम और कवच का आयोजन किया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सुरक्षा, कूटनीति और विकास के लिए रणनीतिक रूपरेखा तैयार करने पर केंद्रित था। इसमें भूमि, वायु, समुद्र, साइबर और अंतरिक्ष सहित विशिष्ट प्रौद्योगिकियों को अपनाने और संचालन के विविध क्षेत्रों में हुई प्रगति को भी शामिल किया गया।
3 तेलंगाना सरकार ने भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए भू भारती पोर्टल शुरू किया
तेलंगाना सरकार ने भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन को सरल, पारदर्शी और जनता के लिए सुलभ बनाने के लिए भू भारती पोर्टल का शुभारंभ किया है। इस पोर्टल को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने 14 अप्रैल 2025 को डॉ भीम राव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर किया था। यह पोर्टल के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पिछली बीआरएस सरकार द्वारा पेश किए गए धरणी पोर्टल की जगह लेगा। धरणी पोर्टल को पिछली बीआरएस सरकार ने 2 नवंबर, 2020 को कृषि भूमि पंजीकरण और म्यूटेशन के लिए एक एकीकृत मंच के रूप में पेश किया था। भू भारती पोर्टल को हैदराबाद में स्थित शिल्प कला वेदिका में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुभारंभ किया। राज्य सरकार ने शुरुआत में चार मंडलों – खम्मम, मुलुगु, कोडंगल और कामारेड्डी में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर भू भारती पोर्टल शुरू किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार मंडल राजस्व अधिकारी 1 मई 2025 तक भूमि संबंधी मुद्दों को हल करने के लिए इन मंडलों के प्रत्येक राजस्व गाँव का दौरा करेंगे। राज्य सरकार का इरादा 2 जून 2025 तक, तेलंगाना के स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे राज्य में भू भारती पोर्टल शुरू करने का है।
4 78वां हिमाचल दिवस समारोह समूचे हिमाचल प्रदेश में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया
78वां हिमाचल दिवस समारोह समूचे हिमाचल प्रदेश में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। हिमाचल प्रदेश का गठन 15 अप्रैल 1948 को तीस छोटी-बड़ी रियासतों को मिलाकर किया गया था।
5 राष्ट्रपति निवास मशोबरा में उद्यान उत्सव
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से सटे मशोबरा में ऐतिहासिक राष्ट्रपति निवास मशोबरा में मंगलवार से छह दिवसीय उद्यान उत्सव का आगाज हो रहा है। प्रकृति प्रेमियों और देश भर के पर्यटकों के लिए यह उत्सव 20 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। खास बात यह है कि इस दौरान आम जनता के लिए राष्ट्रपति निवास में प्रवेश पूरी तरह से नि:शुल्क रहेगा। राष्ट्रपति निवास के प्रबंधक संजू डोगरा ने बताया कि इस बार उद्यान उत्सव में 35 से अधिक किस्मों के रंग-बिरंगे फूलों की खूबसूरत प्रदर्शनी लगाई गई है।
6 ऑबर्नडेल में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2025 चरण 1 में भारत चौथे स्थान पर
भारतीय तीरंदाजों ने तीरंदाजी विश्व कप 2025 के पहले चरण में चार पदकों- एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य– के साथ अपना अभियान समाप्त किया। भारत पदक तालिका में मैक्सिको, चीन और अमेरिका के बाद चौथे स्थान पर रहा। 2025 तीरंदाजी विश्व कप का पहला चरण 8-13 अप्रैल 2025 तक संयुक्त राज्य अमेरिका के फ्लोरिडा के ऑबर्नडेल शहर में आयोजित किया गया था। ऋषभ यादव और ज्योति सुरेखा वेन्नम की जोड़ी ने कम्पाउंड मिश्रित टीम प्रतियोगिता में भारत के लिए एकमात्र स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में चीनी ताइपे (ताइवान) के आई-जौ हुआंग और चीह-लुन चेन की जोड़ी को हराया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन, धीरज बोम्मादेवरा, तरुणदीप राय और अतनु दास की भारतीय पुरुष रिकर्व टीम वांग यान, ली झोंगयुआन और काओ वेनचाओ की चीनी टीम से हार गई और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। धीरज बोम्मादेवरा ने पुरुषों की रिकर्व स्पर्धा में स्पेन के एंड्रेस टेमिनो को 6-4 से हराकर कांस्य पदक जीता। ऋषभ यादव, अभिषेक वर्मा और ओजस देवताले ने पुरुषों की कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
7 नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन ने पेरिस में फ्रीस्टाईल शतरंज ग्रैंड स्लैम 2025 का खिताब जीता
विश्व के नम्बर एक शतरंज खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन ने फ्रांस के पेरिस में फ्रीस्टाईल शतरंज ग्रैंड स्लैम 2025 का खिताब जीता। उन्होंने अमरीका के ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामूरा को हराया। कार्लसन को दो लाख अमरीकी डॉलर और नाकामूरा को एक लाख चालीस हजार अमरीकी डॉलर मिले। इसके अलावा इतालवी-अमरीकी फैबियानो कारूआना ने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में जर्मन ग्रैंडमास्टर विन्सेंट कीमर को हराकर एक लाख अमरीकी डॉलर की राशि जीती। भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगाईसी ने फ्रांस के मैक्सिम वचिएर-लाग्रेव को हराया और 50 हजार अमरीकी डॉलर के पुरस्कार के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया। अर्जुन 17 अप्रैल से ग्रेनके फ्रीस्टाइल शतरंज ओपन में खेलेंगे।
8 पंजाब ने 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर नेशनल चैंपियनशिप जीती
पंजाब ने 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर नेशनल चैंपियनशिप जीत ली है। फाइनल मुकाबले में पंजाब ने मध्य प्रदेश को 4-1 से पराजित किया। इससे पहले तीसरे-चौथे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने मणिपुर को 5-1 से शिकस्त दी।
9 भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया
भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान शानदार बल्लेबाजी करने के लिए आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द् मंथ चुना गया है। अय्यर ने अंतिम तीन मैच में 57 दशमलव तीन-तीन के औसत से कुल 172 रन बनाए। वे टूर्नामेंट के दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 48 दशमलव 60 के औसत से कुल 243 रन बनाए। महिला वर्ग में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉल को मार्च महीने के लिए प्लेयर ऑफ द् मंथ चुना गया है।
10 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में पोमोना के फेयरग्राउंड में क्रिकेट अस्थायी स्पर्धा के रूप में खेला जाएगा
2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में पोमोना के फेयरग्राउंड में विशेष रूप से निर्मित स्थल पर क्रिकेट अस्थायी स्पर्धा के रूप में खेला जाएगा। ओलंपिक आयोजन समिति ने कल इसकी घोषणा की। पोमोना दक्षिणी कैलिफोर्निया में स्थित है जो लॉस एंजिल्स से पचास किलोमीटर दूर है। यह टूर्नामेंट पुरूष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं में छह-छह टीमों के साथ टी-ट्वेंटी प्रारूप में खेला जाएगा। एक सदी से अधिक समय बाद ओलंपिक्स में वापसी करने वाला यह खेल अंतिम बार पेरिस में सन-1900 में क्रिकेट खेला गया था। लॉस एंजिल्स ओलंपिक्स गेम्स 2028 में चौदह से तीस जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे।
11 निशानेबाजी: भारत की सुरुचि सिंह ने पेरू में आईएसएसएफ विश्व कप अभियान के पहले दिन स्वर्ण, मनु भाकर ने रजत पदक जीता
लीमा में आयोजित आई.एस.एस.एफ. विश्व कप अभियान में पहले दिन भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए निशानेबाजी में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में युवा सनसनी सुरुचि सिंह ने ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को एक दशमलव तीन अंकों से हराकर स्वर्ण पदक जीता। 18 वर्षीय सुरुचि ने फाइनल में 243 दशमलव 6 के शानदार स्कोर के साथ लगातार दो विश्व कप खिताब अपने नाम किये। वहीं, पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सौरभ चौधरी ने कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में मजबूत वापसी की। दो वर्षों में यह उनका पहला व्यक्तिगत आई.एस.एस.एफ. पदक है।
12 हिंदी की प्रख्यात लेखिका और आलोचक निर्मला जैन का निधन
हिंदी की प्रख्यात लेखिका और आलोचक निर्मला जैन का निधन हो गया है। वे 93 वर्ष की थीं। ‘दिल्ली शहर दर शहर’ (संस्मरण) और ‘ज़माने में हम’ (आत्मकथा) जैसी यादगार कृतियों के लिए उन्हें अपार ख्याति मिली। उन्हें हिन्दी अकादमी’ के ‘साहित्यकार सम्मान’ सहित ‘सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार’, ‘रामचन्द्र शुक्ल पुरस्कार से नवाज़ा जा चुका है।