वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया

0
17

1 वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया

वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि इस बार कुल 12 लाख बीस हजार करोड़ रुपए पूंजीगत व्‍यय के रूप में आवंटित किए गए हैं, जो कुल सकल घरेलू उत्‍पाद का चार दशमलव चार प्रतिशत है। यह पिछले 10 वर्षों का सर्वाधिक आवंटन है। इसका उद्देश्‍य ढांचागत सुधारों और आर्थिक विकास को और बल प्रदान करना है। वित्तमंत्री ने कहा कि सरकार को आशा है कि 2026-27 में राजकोषीय घाटा कुल सकल घरेलू उत्‍पाद का चार दशमलव तीन प्रतिशत रहेगा, जो मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए अनुमानित चार दशमलव चार प्रतिशत से कम है। देश का रक्षा बजट ₹6.81 लाख करोड़ से बढ़ाकर ₹7.85 लाख करोड़ कर दिया। यानी कुल डिफेंस बजट में 15.2% की बढ़ोतरी हुई है। हेल्थ केयर के लिए 1 लाख करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। साथ ही कैंसर की 17 दवाओं से आयात शुल्क हटाया गया। 15 हजार सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्‍स बनाई जाएंगी। देश के हर जिले में 1 गल्‍र्स हॉस्‍टल बनाने की घोषणा की गई। 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर्स की घोषणा की गई। 3 आयुर्वेदिक AIIMS खोले जाने की घोषणा हुई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारत ऑरेंज इकोनॉमी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देगा। उन्होंने यह भी बताया कि आयुष सेक्टर को भी नया आयाम मिलेगा। ऑरेंज इकोनॉमी पर उन्होंने बताया कि एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) सेक्टर देश का एक तेजी से उभरता हुआ उद्योग है। संसद में बजट पेश करते समय वित्त मंत्री ने कहा कि यह वह क्षेत्र है जिसमें वर्ष 2030 तक लगभग 20 लाख पेशेवरों की आवश्यकता होगी। शिक्षाविदों के अनुसार ऑरेंज इकोनॉमी के तहत रचनात्मकता, संस्कृति, डिजिटल कंटेंट और इनोवेशन आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

2 बजट 2026 में लखपति दीदी योजना का विस्तार; ग्रामीण महिलाएं बनेंगी उद्यम की मालिक, ‘शी मार्ट्स’ की घोषणा

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026 में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार अब महिलाओं को केवल कर्ज से जुड़ी आजीविका तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें अपने खुद के उद्यम की मालिक बनने में मदद करेगी। वित्त मंत्री ने बताया कि इस पहल के तहत ‘सेल्फ-हेल्प एंटरप्रेन्योर मार्ट्स’ यानी ‘शी मार्ट्स’ स्थापित किए जाएंगे। ये सामुदायिक स्वामित्व वाले रिटेल आउटलेट होंगे, जो क्लस्टर-स्तरीय फेडरेशन के भीतर काम करेंगे। इन्हें बेहतर और नवाचारपूर्ण वित्तीय सहायता के जरिए समर्थन दिया जाएगा ताकि महिलाएं उद्यमिता के अगले कदम पर बढ़ सकें।

3 एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया ने पूर्वी वायुसेना कमान के एओसी-इन-सी का पदभार संभाला

वायुसेना मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया ने नई दिल्ली में पूर्वी वायुसेना कमान के वायुसेना अधिकारी कमान-इन-चीफ का पदभार ग्रहण किया। उन्हें जून 1988 में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान विभाग में कमीशन प्राप्त हुआ था। वायुसेना अधिकारी मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सु-30 एमकेआई के सभी वेरिएंट उड़ाने में कुशल हैं। उन्हें वायु सेना पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया गया है।

4 तमिल समुदाय में थाईपुसम का पर्व

थाईपुसम एक हिंदू पर्व है जो हर साल जनवरी और फरवरी के बीच तमिल महीने थाई के दौरान दक्षिण भारत में बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है. यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र कार्तिकेय जिन्हें दक्षिण भारत में भगवान मुरुगन के नाम से पूजा जाता है, उनकी पूजा के लिए समर्पित है. थाईपुसम का पर्व मुख्य रूप से दक्षिण भारत में तमिल समुदाय द्वारा मनाया जाता है. इसके अलावा जिन देशों में तमिल समुदाय रहते हैं, जैसे – मॉरीशस, सिंगापुर और मलेशिया आदि देशों में भी इसे मनाया जाता है. थाईपुसम को थाईपूसम, थापुसम, थाईपूयम तथा थाईप्पूयम आदि नामों से भी जाना जाता है. दक्षिण भारत में भगवान मुरुगन को स्कंद, सुब्रह्मण्य, सन्मुख आदि नामों से भी उनके भक्त पूजते हैं. थाईपुसम को बुराई पर अच्छाई के पर्व के रूप में जाना जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार पौराणिक काल में एक ‘सूरपद्मन’ नामक एक शक्तिशाली असुर था. जिसने अपने तप बल से तमाम तरह की शक्ति हासिल करके तीनों लोक में कोहराम मचा रखा था. सूरपद्मन से परेशान होकर देवी-देवताओं ने अपनी व्यथा भगवान शिव के सामने रखी. इसके बाद भगवान शिव और माता पार्वती की संतान के रूप में भगवान मुरुगन का जन्म हुआ.

5 भारतीय विदेश व्‍यापार संस्‍थान ने टाइम्स बी-स्कूल रैंकिंग 2026 में पहला स्थान प्राप्‍त किया

भारतीय विदेश व्‍यापार संस्‍थान (आईआईएफटी) ने टाइम्स बी-स्कूल रैंकिंग 2026 में देश के सर्वश्रेष्ठ बिजनेस स्कूल के रूप में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक व्यवसाय पर विशेष ध्यान देने वाले प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान के रूप में इसकी स्थिति को और मजबूत करता है। आईआईएफटी भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संस्थान है। इसके परिसर दिल्ली, कोलकाता, काकीनाडा और गिफ्ट सिटी में स्थित है। 1963 में स्थापित, भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (आईआईएफटी) भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन एक डीम्ड विश्वविद्यालय है। आईआईएफटी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और व्यवसाय के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान के रूप में उत्कृष्ट एमबीए कार्यक्रम, कार्यकारी शिक्षा और डॉक्टरेट अनुसंधान प्रदान करता है। यह वैश्विक वाणिज्य और व्यापार नीति में भारत के विकास में योगदान देता है।

6 असम की मुख्यमंत्री एति कोली दुति पात योजना

असम राज्य ने अपने चाय बागान समुदायों के लिए एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी कदम उठाते हुए एक नई वित्तीय सहायता योजना की घोषणा की है। असम सरकार ने मुख्यमंत्री एति कोली दूती पात योजना (Mukhya Mantrir Eti Koli Duti Paat Scheme) की शुरुआत की है, जिसके तहत राज्य भर के चाय बागान श्रमिकों को एकमुश्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह पहल असम की अर्थव्यवस्था में चाय श्रमिकों के ऐतिहासिक योगदान को मान्यता देती है और चाय उत्पादक क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और समावेशी विकास को मजबूत करने का लक्ष्य रखती है। एति कोली दूती पात योजना के तहत ₹300 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जाएगी। इसके अंतर्गत 6 लाख से अधिक चाय बागान श्रमिकों को ₹5,000 की एकमुश्त सहायता दी जाएगी।

7 पेचोरा मिसाइल प्रणाली का डिजिटलीकरण

भारत ने रक्षा आधुनिकीकरण की दिशा में एक और मजबूत कदम उठाया है। जनवरी 2026 में भारतीय वायुसेना की पेचोरा मिसाइल प्रणाली, जिसे 1970 के दशक में शामिल किया गया था, को स्वदेशी उन्नयन के माध्यम से पूरी तरह डिजिटाइज़ कर दिया गया। इस आधुनिकीकरण से इसकी परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और इसकी सेवा अवधि भी बढ़ाई गई है। पेचोरा एक सतह-से-आकाश मिसाइल (SAM) प्रणाली है, जिसे 1970 के दशक में भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। यह मूल रूप से रूसी मूल की प्रणाली है और लगभग पाँच दशकों से भारत की वायु रक्षा संरचना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।अपनी मज़बूती और विश्वसनीयता के लिए जानी जाने वाली यह प्रणाली निम्न से मध्यम ऊँचाई पर उड़ने वाले शत्रु विमानों को मार गिराने के लिए डिज़ाइन की गई थी। हालाँकि, तेज़ी से हुए तकनीकी विकास के कारण इसके कई एनालॉग घटक पुराने हो गए थे, जिससे इसे परिचालन रूप से प्रासंगिक बनाए रखने के लिए व्यापक आधुनिकीकरण आवश्यक हो गया। इस आधुनिकीकरण कार्यक्रम को बेंगलुरु-स्थित निजी रक्षा कंपनी अल्फा डिज़ाइन टेक्नोलॉजीज़ (Alpha Design Technologies) ने अंजाम दिया। कंपनी ने 25 सितंबर 2020 को इस उन्नयन कार्य के लिए ₹591.3 करोड़ का अनुबंध किया था।

8 प्रमित झावेरी सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट का ट्रस्टी पद छोड़ेंगे

31 जनवरी को सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रमित झावेरी ने ट्रस्टी पद छोड़ने की ऐलान किया। उन्होंने टाटा ट्रस्ट के अध्यक्ष नोएल टाटा को लिखा की उनका कार्यकाल खत्म होने पर दोबारा उनके नाम पर विचार न किया जाए। 56 वर्षीय प्रमित का कार्यकाल 11 फरवरी 2026 को खत्म हो रहा है। इसके बाद वे सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी का पद छोड़ देंगे। 2019 में सिटी बैंक के CEO पद से रिटायर होने के बाद प्रमित ने फरवरी 2020 में सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट जॉइन किया था। प्रमित ने 1987 में सिटी इंडिया जॉइन किया था और 2010 से 2019 तक सिटी बैंक इंडिया के CEO रहे। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) की स्थापना 1932 में हुई थी। टाटा ट्रस्ट की शुरुआत लोगों की मदद जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार में मदद के लिए की गई थी। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट, सर रतन टाटा ट्रस्ट के साथ, टाटा ग्रुप की होल्डिंग यूनिट टाटा संस में हिस्सेदारी रखती है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी बोर्ड में नोएल टाटा, वेणु श्रीनिवासन, विजय सिंह, जिमी एन टाटा, जहांगीर एचसी और डेरियस खंबाटा शामिल हैं।

9 कार्लोस अल्काराज़ ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स में जीत के साथ अपना करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया

विश्व में पहले नंबर पर काबिज स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स का खिताब जीत लिया है। खिताबी मुकाबले में अल्काराज ने सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से हराया। इस जीत के साथ, 22 वर्षीय कार्लोस अल्काराज करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। प्रतियोगिता में एलिना रायबाकिना ने एरिना सबालेंका को हराकार महिला सिंगल्‍स का खिताब अपने नाम किया था।

10 भारत की देविका सिहाग ने थाईलैंड मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला सिंगल्‍स का खिताब जीता

भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी देविका सिहाग ने थाईलैंड मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंग्लस का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में मलेशिया की गोह जिन वेई के मैच के बीच से हट जाने के बाद देविका ने पहला बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 खिताब जीता। हरियाणा की रहने वाली 20 वर्षीय खिलाड़ी देविका तब 21-8, 6-3 से आगे चल रही थी, जब विश्व में 68वें नंबर की खिलाड़ी और दो बार की विश्व जूनियर चैंपियन गोह ने हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण मुकाबले से हटने का फैसला किया। देविका ने पिछले कुछ समय से शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने अगस्त 2025 में मलेशिया इंटरनेशनल में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता था।

11 अंतरराष्ट्रीय ज़ेबरा दिवस

अंतरराष्ट्रीय ज़ेबरा दिवस हर वर्ष 31 जनवरी को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पृथ्वी के सबसे विशिष्ट जानवरों में से एक ज़ेब्रा के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। अपनी काली-सफेद धारियों के लिए प्रसिद्ध ज़ेबरा आज जंगलों में गंभीर खतरों का सामना कर रहा है। यह दिवस ज़ेबरा प्रजातियों को आवास क्षति, अवैध शिकार और घटती आबादी से बचाने की तात्कालिक आवश्यकता को रेखांकित करता है। इस अवसर पर दुनिया भर के लोगों को ज़ेब्रा संरक्षण को समझने और इस प्रतिष्ठित अफ्रीकी जीव को बचाने के प्रयासों का समर्थन करने के लिए प्रेरित किया जाता है।

12 कनाडाई-अमेरिकी अभिनेत्री कैथरीन ओ’हारा का निधन

30 जनवरी को कनाडाई मूल की अमेरिकन एक्ट्रेस कैथरीन ओ हारा का 71 साल की उम्र में निधन हो गया। कैथरीन को जन्म से एक दुर्लभ हृदय रोग था, जिसे डेक्स्ट्रोकार्डिया विद साइटस इनवर्सस कहा जाता है। कैथरीन का दिल सीने के दाहिने हिस्से में था। वहीं, बाकी अंग बांई ओर थे। ओ’हारा को होम अलोन और बीटलजुइस फिल्मों में अपनी मुख्य भूमिकाओं के लिए सबसे ज़्यादा जाना जाता था। 2020 में कैथरीन को टीवी शो ‘शिट्स क्रीक’ के लिए एमी अवॉर्ड मिला था। कैथरीन का करियर 1970 के दशक में टोरंटो में सेकेंड सिटी कॉमेडी ग्रुप के साथ शुरू हुआ था। 2017 में उन्हें ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ कनाडा का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला था।