वैज्ञानिक फ्रांसिस हाल्जेन को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा

0
0

1 वैज्ञानिक फ्रांसिस हाल्जेन को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा

बेल्जियम में जन्मे वैज्ञानिक फ्रांसिस हाल्जेन को आइसक्यूब न्यूट्रिनो वेधशाला में योगदान और खगोलीय स्रोतों से आने वाले उच्च ऊर्जा वाले न्यूट्रिनो की खोज के लिए भौतिकी का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। 82 वर्षीय फ्रांसिस हाल्जेन ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों की एक टीम का नेतृत्व किया, जिसने दक्षिणी ध्रुव पर आइसक्यूब नामक न्यूट्रिनो डिटेक्टर विकसित किया। इससे ब्रह्मांड के अध्ययन में सहायता मिलेगी। न्यूट्रिनो बेहद छोटे और लगभग भारहीन कण होते हैं, जो तारों और अंतरिक्ष में होने वाली अन्य घटनाओं से पैदा होते हैं। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने स्टॉकहोम में पुरस्कार की घोषणा की। इस पुरस्कार के अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख स्वीडिश क्रोनर यानी करीब 12 लाख अमरीकी डॉलर की राशि दी जाती है।

2 सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को वायुसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया

सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को वायुसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वे 31 अक्टूबर को कार्यभार संभालेंगे। वे एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लेंगे। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वायुसेना में कई महत्वपूर्ण परिचालन और रणनीतिक पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। इनमें मुख्यालय इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में सीआईएससी और सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पद शामिल है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने 1 जुलाई 2026 को भारतीय वायु सेना में उप प्रमुख का पदभार ग्रहण कर लिया था। एयर मार्शल को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एयर मार्शल दीक्षित एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं। उन्हें तीन हजार पांच सौ घंटे से अधिक विमान उड़ाने का अनुभव है।

3 कैबिनेट ने SME ग्रोथ फंड के लिए 10,000 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता को दी मंजूरी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को SME ग्रोथ फंड (SGF) की स्थापना के लिए भारत सरकार की ओर से 10,000 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता को मंजूरी दे दी। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे और मध्यम उद्यमों (SME) को विकास-उन्मुख पूंजी उपलब्ध कराकर उन्हें विनिर्माण, सेवा, प्रौद्योगिकी और नवाचार-संचालित क्षेत्रों में ‘चैंपियन’ कंपनियों के रूप में उभरने में सक्षम बनाना है। यह फैसला केंद्रीय बजट 2026-27 के पैरा 28 में की गई घोषणा का हिस्सा है। बजट में पूरे MSME इकोसिस्टम को इक्विटी, लिक्विडिटी और पेशेवर सहायता देने का लक्ष्य रखा गया था। अभी तक मौजूद ज्यादातर फंड शुरुआती चरण के या सूक्ष्म (माइक्रो) उद्यमों पर केंद्रित हैं। छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए दीर्घकालिक इक्विटी ग्रोथ कैपिटल की कमी बनी हुई थी। SME ग्रोथ फंड इसी संरचनात्मक कमी को दूर करने के लिए लाया गया है।

 

4 ITLA बनेगा परिवहन और लॉजिस्टिक्स प्लानिंग का शीर्ष संस्थान

 

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिवहन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में रिसर्च, प्लानिंग, परियोजना मूल्यांकन, निगरानी और प्रभाव आकलन को मजबूत करने के लिए Integrated Transport & Logistics Authority (ITLA) की स्थापना को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। ITLA एक Special Purpose Vehicle (SPV) के रूप में काम करेगा और परिवहन तथा लॉजिस्टिक्स से जुड़े विभिन्न मंत्रालयों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन को बढ़ावा देगा। ITLA एकीकृत परिवहन और लॉजिस्टिक्स प्लानिंग, रिसर्च, परियोजना मूल्यांकन, मॉनिटरिंग, पॉलिसी सपोर्ट और डेटा एनालिटिक्स के लिए राष्ट्रीय शीर्ष संस्थान के रूप में काम करेगा। ITLA 10 साल या उससे अधिक की अवधि को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक नेशनल ट्रांसपोर्ट मास्टर प्लान तैयार करेगा। इसमें सड़क, रेलवे, बंदरगाह और शिपिंग, सिविल एविएशन, इनलैंड वाटरवेज, कोस्टल शिपिंग, अर्बन मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, ITLA परिवहन मंत्रालयों की करीब 5 साल की सेक्टोरल योजनाओं और वार्षिक योजनाओं का मूल्यांकन करेगा, ताकि वे नेशनल ट्रांसपोर्ट मास्टर प्लान के अनुरूप हों और मल्टी-मॉडल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिले। ITLA केंद्र सरकार की 500 करोड़ रुपये या उससे अधिक लागत वाली इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का तकनीकी मूल्यांकन भी करेगा। इन परियोजनाओं का वित्तीय मूल्यांकन मौजूदा वित्तीय मूल्यांकन व्यवस्था के तहत ही जारी रहेगा। ITLA 500 करोड़ रुपये या उससे अधिक की परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की निगरानी करेगा। साथ ही, समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित व्यवस्था उपलब्ध कराएगा और परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उनके प्रभाव का आकलन भी करेगा। Authority एक National Transport Data Repository (NTDR) भी तैयार करेगी। इसके लिए GSTN e-way bill, FASTag, Vahan, GPS आधारित सिस्टम, अर्बन ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और अन्य संबंधित डेटाबेस से परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े डेटा जुटाए जाएंगे। इस डेटा का इस्तेमाल फ्रेट फ्लो और Origin-Destination (O-D) एनालिटिक्स समेत अन्य विश्लेषण के लिए किया जाएगा। ITLA National Logistics Policy 2022 की समीक्षा और अपडेट में सलाह और सहायता देगा।

 

5 रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने स्‍वदेशी हाई-एल्टीट्यूड प्लेटफ़ॉर्म फ़्लाइट का सफल परीक्षण किया

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने स्‍वदेशी हाई-एल्टीट्यूड प्लेटफ़ॉर्म फ़्लाइट का सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह परीक्षण वायु सेना, सैन्य विमानयोग्यता और प्रमाणन केंद्र’, नागर विमानन महानिदेशालय, भारतीय एयरपोर्ट प्राधिकरण और अन्य नागरिक प्राधिकरणों के साथ मिलकर किया गया। मंत्रालय ने बताया कि समुद्र तल से 21 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंचने के बाद, फ़्लाइट ने 30 मिनट से अधिक तक 20 किलोमीटर की ऊंचाई बनाए रखी। इस हाई-एल्टीट्यूड प्लेटफॉर्म को डीआरडीओ की लैब, एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (एडीआरडीई), आगरा द्वारा डिजाइन और विकसित किया जा रहा है। इस प्रणाली को लंबे समय तक स्ट्रेटोस्फीयर में काम करने में सक्षम एक एरियल प्लेटफॉर्म के तौर पर विकसित किया जा रहा है, जिससे कई तरह की निगरानी और मॉनिटरिंग की जा सकेगी।

 

6 नौसेना के बेड़े में शामिल हुआ सूर्या

 

भारतीय नौसेना के बेड़े में ‘सूर्या’ शामिल किया गया है। यह भारतीय नौसेना के लिए बनाया गया फ्लीट सपोर्ट शिप-1 है।  मंगलवार को इसका जलावतरण किया गया। सूर्या की मौजूदगी से नौसेना की पहुंच और क्षमता मजबूत होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सूर्या को नौसेना में शामिल किया। इसी अवसर पर हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में नए उन्नत स्लिपवे और 300 टन क्षमता वाले गोलियथ क्रेन का उद्घाटन किया गया। साथ ही एक और फ्लीट सपोर्ट शिप के निर्माण के लिए कील (शुरुआत) भी रखी गई।

 

7 स्वदेशी पैराशूट ने पास की परीक्षा, भारतीय जवानों ने 16 हजार फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग

 

आसमान में 16 हजार फीट की ऊंचाई और नीचे लद्दाख का बेहद ऊंचा व चुनौतीपूर्ण इलाका, इसी ऊंचाई से भारतीय जवानों ने छलांग लगाकर स्वदेशी पैराशूट की क्षमता को परखा है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी डीआरडीओ ने उन्नत उच्च-ऊंचाई पैराशूट विकसित किया है। लद्दाख में इसकी पहली वास्तविक छलांग सफलतापूर्वक कराकर डीआरडीओ ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। यह परीक्षण लद्दाख के न्योमा स्थित मुध ड्रॉप जोन में हुआ। इसे देश के सबसे ऊंचाई वाले पैराशूट छलांग क्षेत्रों में गिना जाता है। छलांग 16,000 फीट की ऊंचाई से लगाई गई। करीब 15,500 फीट पर पैराशूट खोला गया और अंत में सैनिक ने 13,700 फीट की ऊंचाई पर सुरक्षित उतरकर इस परीक्षण को सफल बनाया। आगरा स्थित एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट द्वारा डिजाइन और विकसित एडवांस्ड हाई-एल्टीट्यूड पैराशूट बड़ी संख्या में पैराट्रूपर्स ड्रॉप के लिए स्टैटिक लाइन पैराशूट सिस्टम है। इस तकनीक में पैराशूट विमान से जुड़ी एक स्थिर रस्सी – स्टैटिक लाइन – के माध्यम से स्वचालित रूप से तुरंत खुल जाता है। यह प्रणाली मुख्य रूप से सैन्य अभियानों और पैराट्रूपर्स द्वारा सामूहिक युद्धक छलांगों के लिए उपयोग की जाती है। इस प्रणाली का निर्माण कानपुर की ऑर्डनेंस पैराशूट फैक्ट्री ने किया है।

8 रक्षा मंत्रालय ने ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर की खरीद के लिए 660 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के जहाजों के लिए ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर की खरीद के लिए ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड के साथ 660 करोड़ रुपये से अधिक का अनुबंध किया है। स्वदेशी निर्मित, विकास और निर्माण श्रेणी के अंतर्गत यह अनुबंध नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया। मंत्रालय ने कहा कि यह परियोजना तीन वर्षों की अवधि में रोजगार सृजित करेगी।

 

9 तंजानिया में 153वीं आईपीयू सभा में भारत की सक्रिय भागीदारी, हरिवंश के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने की अहम बैठकें

 

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल तंजानिया के अरुशा में आयोजित 153वीं अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) सभा में भाग ले रहा है। सभा के पहले दिन 5 अक्टूबर 2026 को भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विभिन्न समितियों, क्षेत्रीय समूहों और मंचों की बैठकों में भाग लेकर भारत का पक्ष रखा तथा विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। तंजानिया की संसद ने 153वीं आईपीयू सभा के औपचारिक उद्घाटन समारोह का आयोजन किया। तंजानिया गणराज्य की राष्ट्रपति डॉ. सामिया सुलुहू हसन ने समारोह को संबोधित किया और 153वीं आईपीयू सभा के शुभारंभ की घोषणा की।

10 भूपेंद्र यादव COP31 से पहले प्री-COP बैठक में शामिल होने फिजी पहुंचे

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव मंगलवार को फिजी के नाडी पहुंचे। वह ऑस्ट्रेलिया और फिजी की सह-मेजबानी में होने वाली प्री-COP बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक अगले महीने तुर्की में होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा सम्मेलन (UNFCCC) के COP31 से पहले आयोजित की जा रही है। भूपेंद्र यादव COP31 के एजेंडे से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों के दौरान वह जलवायु परिवर्तन से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों पर भारत का पक्ष रखेंगे। पिछले महीने यादव ने नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन एवं ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने फिजी में होने वाली प्री-COP बैठक और तुर्की में होने वाले COP31 की प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा की थी। क्रिस बोवेन UNFCCC के तहत COP31 वार्ताओं के अध्यक्ष की भूमिका भी निभा रहे हैं।