वैश्विक सुधार रैंकिंग में भारत 25 पायदान की छलांग लगाकर 57वें स्थान पर पहुंचा

0
14

1 वैश्विक सुधार रैंकिंग में भारत 25 पायदान की छलांग लगाकर 57वें स्थान पर पहुंचा

भारत संरचनात्मक और प्रतिस्पर्धा-समर्थक सुधारों की वैश्विक रैंकिंग में 25 स्थान ऊपर चढ़कर 82वें से 57वें स्थान पर पहुंच गया है। कॉम्पिटर फाउंडेशन द्वारा जारी इंडियाज नेक्स्ट ग्रोथ फ्रंटियर: रिड्यूसिंग एंटी-कॉम्पिटिटिव मार्केट डिस्टॉर्शंस टू बिल्ड ऑन इंडियाज 2010-2023 रिफॉर्म प्रोग्रेस शीर्षक वाली रिपोर्ट में यह बात कही गई है। रिपोर्ट 2010 और 2023 के बीच देश के सुधार पथ की जांच करते हुए, अपने बाजार विकृति प्रदर्शन सूचकांक के तहत भारत के प्रदर्शन का आकलन करती है, और बाजार विकृतियों को कम करने और प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने में निरंतर प्रयासों में सुधार का श्रेय देती है। रिपोर्ट तीन व्यापक स्तंभों- संपत्ति अधिकारों की सुरक्षा, घरेलू प्रतिस्पर्धा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में बाजार की विकृतियों का मूल्यांकन करती है। इसमें वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आई बी सी), नियामकीय वातावरण में सुधार और व्यापार सुविधा प्रणाली के आधुनिकीकरण जैसे सुधारों पर प्रकाश डाला गया है। यह प्रतिस्पर्धा, निवेश की स्थिति, डिजिटल बाजारों और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता और भागीदारी को प्रभावित करने वाली बाहरी नियामक बाधाओं से संबंधित विकास की भी जांच करता है।

2 पर्यटन मंत्रालय और इंडिगो के बीच ‘अतुल्य भारत पहल’ को बढ़ावा देने के लिए समझौता

 

पर्यटन मंत्रालय और इंडिगो ने ‘अतुल्य भारत पहल’ को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत के पास एक असाधारण पर्यटन गाथा है जिसे सरकार और इंडिगो मिलकर दुनिया के सामने पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता ज्ञापन ‘अतुल्य भारत’ की शुरुआत का प्रतीक है जो इंडिगो के व्यापक वैश्विक नेटवर्क का लाभ उठाकर देश के अद्वितीय सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, प्राकृतिक और स्वास्थ्य पर्यटन स्थलों को विश्‍व के लाखों पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

3 दूरसंचार विभाग और मध्य प्रदेश सरकार के बीच भारत के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के लिए समझौता

 

दूरसंचार विभाग और मध्य प्रदेश सरकार ने नई दिल्ली में भारत के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के प्रथम चरण की स्थापना के लिए ग्वालियर में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस पहल का उद्देश्य दूरसंचार उपकरणों और संबद्ध प्रौद्योगिकियों के लिए विश्व स्तरीय विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है। यह समझौता स्वदेशी दूरसंचार विनिर्माण को बढ़ावा देगा, निवेश आकर्षित करेगा, रोजगार सृजित करेगा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भारत की प्रगति को मजबूत करेगा।

4 इन्वेस्ट इंडिया और एशिया प्रशांत चिकित्सा प्रौद्योगिकी संघ के बीच समझौता

 

राष्ट्रीय निवेश प्रोत्साहन और सुविधा एजेंसी इन्वेस्ट इंडिया ने नई दिल्ली में एशिया प्रशांत चिकित्‍सा प्रौद्योगिकी संघ के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने कहा कि समझौता ज्ञापन का उद्देश्य भारत के चिकित्सा प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश, नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार और वैश्विक चिकित्सा प्रौद्योगिकी उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करना है। मंत्रालय ने कहा कि इस साझेदारी से घरेलू विनिर्माण को मजबूती मिलेगी, स्थानीय मूल्यवर्धन को प्रोत्साहन मिलेगा, व्यापार सुगमता बढ़ेगी और वैश्विक चिकित्सा प्रौद्योगिकी मूल्य श्रृंखलाओं के साथ एकीकरण गहरा होगा।

5 भारतीय नौसेना को मिला दूसरा स्वदेशी डाइविंग सपोर्ट वेसल ‘निपुण’

भारतीय नौसेना को गुरुवार को स्वदेशी रक्षा निर्माण के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली। हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (एचएसएल) द्वारा निर्मित दूसरा डाइविंग सपोर्ट वेसल (डीएसवी) ‘निपुण’ विशाखापट्टनम में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। करीब 75% स्वदेशी सामग्री से निर्मित यह पोत गहरे समुद्र में डाइविंग, खोज एवं बचाव अभियानों की क्षमता को उल्लेखनीय रूप से मजबूत करेगा। निपुण’ का डिजाइन और निर्माण इंडियन रजिस्टर ऑफ शिपिंग (आईआरएस) के वर्गीकरण मानकों के अनुरूप किया गया है। संस्कृत शब्द ‘निपुण’ का अर्थ दक्ष, सक्षम और पारंगत होता है। इस पोत में आधुनिक डाइविंग उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से यह डीप सी सैचुरेशन डाइविंग जैसे जटिल और लंबी अवधि के अभियानों को अंजाम दे सकता है। इसके अलावा, इसमें साइड डाइविंग स्टेज की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे विभिन्न प्रकार के समुद्री डाइविंग ऑपरेशन अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।

6 दीनदयाल पोर्ट प्राधिकरण बना देश का सर्वश्रेष्ठ नॉन-कंटेनर पोर्ट, जीता इंडिया मैरीटाइम अवॉर्ड 2026

दीनदयाल पोर्ट प्राधिकरण (डीपीए), कांडला को इंडिया मैरीटाइम अवॉर्ड 2026 में ‘बेस्ट पोर्ट ऑफ द ईयर (नॉन-कंटेनराइज्ड)’ श्रेणी का पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह सम्मान बंदरगाह के उत्कृष्ट प्रदर्शन और परिचालन दक्षता के लिए दिया गया। मुंबई में डेली शिपिंग टाइम्स द्वारा आयोजित समारोह में दीनदयाल पोर्ट प्राधिकरण के ट्रैफिक मैनेजर रत्न शेखर राव ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अलावा, वाडीनार स्थित ऑफशोर ऑयल टर्मिनल ने भी 24 घंटे में 5,09,101 मीट्रिक टन तरल कार्गो का संचालन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी गई।

 7 Google ने भारत में ‘जेमिनी स्पार्क’ लॉन्च किया

30 जुलाई को टेक कंपनी Google ने भारत में अपना नया AI एजेंट ‘जेमिनी स्पार्क’ लॉन्च किया। ये एक 24/7 पर्सनल AI असिस्टेंट है, जो यूजर्स के रोज के कामों में मदद करेगा और ये 3.6 मॉडल पर आधारित है। ये यूजर के इंटरेस्ट्स के आधार पर लोकल इवेंट्स ढूंढ सकता है और ऑटो मैटिकली Google डॉक फाइल में डिटेल्स एड कर सकता है। ये यूजर्स के लिए थर्ड-पार्टी एप्स से इंफॉर्मेशन रिट्रीव कर सकता है और स्पेसिफिक टॉपिक्स पर अलर्ट्स भेज सकता है। ये यूजर्स के लिए मीटिंग नोट्स और इंपॉर्टेंट ईमेल्स को ऑटोनॉमसली समराइज कर सकता है। ये Google के क्लाउड पर चलेगा, जिससे फोन लॉक या लैपटॉप बंद होने पर भी काम जारी रख सकता है। जेमिनी स्पार्क’ Gmail, डॉक्स, शीट्स और अन्य Google वर्कस्पेस सेवाओं से सीधे जुड़ सकता है। फिलहाल जेमिनी स्पार्क Google AI Pro और Google AI Ultra सब्सक्रिप्शन लेने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। जेमिनी स्पार्क विशेष रूप से भारतीय बाजार और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। ये AI टूल एजुकेशन, बिजनेस और पर्सनल ग्रोथ बेहतर करने के काम आ सकता है। Google ने इसके साथ ही सेल्फी वीडियो साइन-इन फीचर भी पेश किया है। Google के मुताबिक Gemini Spark यूजर्स ज्यादा बड़े टास्क वाले कामों से पहले उनसे परमिशन मांगेगा।

8 IIT गांधीनगर ने इंडियन AI रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन के साथ MoU किया

30 जुलाई को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गांधीनगर (IIT गांधीनगर) ने भारत के प्रमुख AI रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (IAIRO) के साथ MoU साइन किया। इस MoU के तहत दोनों संस्थान मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(AI) रिसर्च, इनोवेशन और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ाने पर काम करेंगे। इस MoU का उद्देश्य AI सेक्टर में जॉइंट रिसर्च करना और PhD स्टूडेंट्स को को-सुपरविजन देना है। इस MoU के बाद दोनों संस्थान मिलकर नेशनल और इंटरनेशनल रिसर्च ग्रांट के लिए काम करेंगे। इसके तहत AI से जुड़े शॉर्ट-टर्म कोर्स, सर्टिफिकेट प्रोग्राम, सेमिनार, कार्यशाला और सम्मेलन आयोजित करना। इसमें IIT गांधीनगर के रिसर्चर IAIRO के वैज्ञानिकों को ट्रेनिंग देंगे, जबकि IAIRO के एक्सपर्ट्स IITGN में टीचिंग और रिसर्च में सहयोग करेंगे।

9 ग्लासगो राष्‍ट्रमंडल खेल: भारोत्तोलन में लवप्रीत सिंह ने रजत और डिस्कस थ्रो में सीमा कालीरमन ने कांस्य पदक जीता

ग्लासगो राष्‍ट्रमंडल खेल में भारतीय भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने पुरुषों के 110 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि सीमा कलीरामना ने महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक हासिल किया। आठवें दिन ऑस्ट्रेलिया 110 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बना रहा। वहीं, भारत 17 पदकों के साथ 10वें स्थान पर रहा। भारत के पदकों में तीन स्वर्ण, 10 रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। लवप्रीत ने स्नैच में गेम्स रिकॉर्ड बनाया और मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। न्यूजीलैंड के डेविड लिटी ने 389 किलोग्राम भार के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ्स ने 356 किलोग्राम भार के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया। महिलाओं के डिस्कस थ्रो में सीमा कलीरामना ने 58 दशमलव छह-पांच मीटर के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि उनकी हमवतन निधि रानी चौथे स्थान पर रहीं। जमैका की समंथा हॉल ने 61 दशमलव छह-छह मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60 दशमलव छह-सात मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया।

10 अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत की निकिता सहरावत ने रजत पदक जीता

अजरबैजान के बाकू में अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप में भारतीय पहलवान निकिता सहरावत ने रजत पदक जीता, जबकि कामना बाबुल और गरिमा ने महिला वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किए। 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में निकिता को अमरीका की एपेनेसा एलिसन से शून्‍य-छह से हार का सामना करना पड़ा। 49 किलोग्राम वर्ग में तीसरे स्थान के लिए हुए प्ले-ऑफ मुकाबले में कामना बाबुल ने रूस की इरिना त्सीदीवा को 3-2 से हराया। 73 किलोग्राम वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में गरिमा ने स्पेन की पाउला बेनैक्सा पेरेज़ को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया।

11 हॉकी इंडिया ने बदला खिलाड़ियों की जर्सी का रंग

हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की जर्सी के रंग को बदलने को लेकर पूर्व कप्तान वीरेन रस्किन्हा द्वारा उठाए गए सवाल पर सफाई पेश की है। हॉकी इंडिया ने बताया है कि मैदान और जर्सी का रंग एक जैसा होने से खिलाड़ियों के खेल और दृश्यता पर असर पड़ रहा था। गौरतलब है कि सोमवार को हॉकी इंडिया ने एफआईएच विश्व कप से पहले भारतीय टीम की नई जर्सी को लॉन्च किया। जर्सी का रंग नीले से बदलकर ऑरेंज कर दिया गया है और इसके साथ ही जर्सी के डिजाइन में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। इसको लेकर ही पूर्व कप्तान वीरेन रस्किन्हा ने नाराजगी जाहिर की थी।

12 वरिष्ठ भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय किक्रेट से लिया संन्यास

वरिष्ठ भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय  क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। रहाणे 2023 में अंतिम बार वेस्ट इंडीज दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल हुए थे। वनडे अंतरराष्ट्रीय में उनका आखिरी मैच 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ था। 38 वर्षीय रहाणे ने 2013 से शुरू अपने करियर में कुल 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। रहाणे को 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत दिलाने वाले कप्तान के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में उन्होंने युवा टीम का नेतृत्व करते हुए भारत को ऐतिहासिक श्रृंखला विजय दिलाई थी।

13 GOT फेम टॉम चैडबोन का निधन

30 जुलाई को ब्रिटिश एक्टर टॉम चैडबोन का निधन हो गया। वे 80 साल के थे। टॉम ने गेम ऑफ थ्रोन्स (GOT), डॉक्टर हू जैसी लोकप्रिय फिल्मों और टीवी सीरीज में काम किया है। टॉम ने महशूर सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स में हाई सेप्टॉन मेनार्ड का किरदार निभाया था। टॉम ने 2006 की जेम्स बॉन्ड फिल्म कसीनो रॉयल में भी उन्होंने अभिनय किया। टॉम ने अपने एक्टिंग करियर में लगभग 5 दशकों तक काम किया। उन्होंने 100 से ज्यादा टीवी और फिल्म प्रोजेक्ट्स में काम किया।