व्यक्तिगत इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने में केरल सबसे आगे

6
14

1 व्यक्तिगत इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने में केरल सबसे आगे

2025 में केरल ने शीर्ष ईवी-बिक्री वाले राज्यों में व्यक्तिगत चार-पहिया ईवी अपनाने की सबसे अधिक हिस्सेदारी दर्ज की। घरेलू स्तर पर मजबूत मांग और सहायक नीतियों के कारण राज्य ने बड़े औद्योगिक राज्यों को पीछे छोड़ा। 2025 में केरल के मध्यम वर्गीय परिवारों ने बड़ी संख्या में निजी चार्जिंग बॉक्स लगाए, जिससे इलेक्ट्रिक कारों का स्वामित्व और संचालन आसान हुआ। घरेलू स्तर पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के इस विस्तार ने केरल को शीर्ष दस ईवी राज्यों में व्यक्तिगत चार-पहिया ईवी अपनाने में सबसे आगे पहुंचा दिया। अन्य राज्यों में जहां ईवी वृद्धि मुख्य रूप से फ्लीट या व्यावसायिक वाहनों से प्रेरित है, वहीं केरल की सफलता व्यक्तिगत स्वामित्व पर आधारित है, जो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में उपभोक्ताओं के बढ़ते भरोसे और दीर्घकालिक लागत बचत को दर्शाती है। केरल 2019 में ईवी नीति घोषित करने वाले शुरुआती भारतीय राज्यों में शामिल था। इस नीति का मुख्य फोकस चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रोत्साहन और जागरूकता पर रहा।

2 देश को मिली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात

भारत के रेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक ट्रेन हावड़ा और गुवाहाटी के बीच चलेगी और पूर्वोत्तर तथा पूर्वी भारत के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएगी। पूरी तरह वातानुकूलित इस ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 823 यात्रियों के एक साथ यात्रा करने की क्षमता है। ट्रेन की सबसे खास बात यह है कि यह लगभग 958 से 968 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 14 घंटे में तय करेगी, जो मौजूदा ट्रेनों के मुकाबले करीब 2.5 से 3 घंटे कम समय है। इसकी अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है, जिससे भविष्य में इसे और तेज बनाया जा सकेगा। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन में आरएसी यानी वेटिंग सीट का कोई प्रावधान नहीं रखा गया है, ताकि यात्रियों को पूरी तरह आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।

3 भारत में नदी और मुहाना क्षेत्र में पाई जाने वाली डॉल्फ़िन के व्यापक क्षेत्र के आकलन का दूसरा अभियान बिजनौर से शुरू किया गया

पिछले वर्ष मार्च में गुजरात के गिर में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) में प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा पहले दौर के गणना अनुमान के परिणाम जारी किए जाने के बाद अब देश में डॉल्फ़िन के संरक्षण को आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर से प्रोजेक्ट डॉल्फ़िन के तहत नदी एवं मुहाना क्षेत्र में पाई जाने वाली डॉल्फ़िन का दूसरा व्यापक अनुमान शुरू किया। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने पिछले वन्यजीव सप्ताह के दौरान देहरादून में डॉल्फ़िन की अखिल भारतीय गणना और उसके गणना प्रोटोकॉल के दूसरे चरण का शुभारंभ किया था। इस कार्यक्रम का समन्वय भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), देहरादून द्वारा राज्य वन विभागों और सहयोगी संरक्षण संगठनों डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया, आरण्यक और वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के सहयोग से किया जा रहा है। गंगा नदी डॉल्फिन के अलावा सर्वेक्षण में सिंधु नदी डॉल्फिन और इरावदी नदी डॉल्फिन की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही उनके आवास की स्थिति खतरों और उनसे संबंधित संरक्षण-प्राथमिकता वाले जीवों का भी अध्ययन किया जाएगा। पिछले राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण (2021-23) में भारत में लगभग 6,327 नदी डॉल्फ़िन की गणना कर उनकी संख्‍या दर्ज की गईं, जिनमें गंगा, यमुना, चंबल, गंडक, घाघरा, कोसी, महानंदा और ब्रह्मपुत्र नदियों में पाई जाने वाली गंगा नदी डॉल्फ़िन और ब्यास नदी में पाई जाने वाली सिंधु नदी डॉल्फ़िन की अपेक्षाकृत कम संख्‍या शामिल है। उत्तर प्रदेश और बिहार में इनकी संख्या सबसे अधिक थी, उसके बाद पश्चिम बंगाल और असम का स्थान था जो डॉल्फ़िन के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए गंगा बेसिन के महत्व को दर्शाता है।

4 विंग्स इंडिया 2026

एशिया के सबसे बड़े नागर विमानन कार्यक्रम ‘विंग्स इंडिया 2026’ का औपचारिक शुभारंभ, भारत तथा विदेश के कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में, नागर विमानन मंत्री श्री राममोहन नायडू के नेतृत्व में एक भव्य उद्घाटन समारोह के साथ किया जाएगा। यह शुभारंभ हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर 28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय वैश्विक विमानन सम्मेलन की शुरुआत का प्रतीक होगा। “इंडियन एविएशन: पेविंग द फ़्यूचर – फ्रॉम डिज़ाइन टु डेप्लॉयमेंट, मैन्यूफैक्चरिंग टु मेंटिनेंस, इंक्ल्यूसिविटी टु इनोवेशन एण्ड सेफ़्टी टु सस्टेनेबिलिटी” विषय पर आधारित, विंग्स इंडिया 2026 भारत के तीव्र गति से विस्तार पाते विमानन परिदृश्य, उसकी बढ़ती वैश्विक उपस्थिति तथा विनिर्माण, सेवाओं, नवाचार और स्थायी विमानन समाधानों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने के उसके विज़न को रेखांकित करेगा।

5 पोंडुरु खादी को जीआई टैग मिला

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के अंतर्गत खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने पोंडुरु खादी को जीआई टैग प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। आंध्र प्रदेश की सुप्रसिद्ध पोंडुरु खादी को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्रदान किया गया है। भौगोलिक संकेतक रजिस्ट्री द्वारा इसका पंजीकरण खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के पक्ष में किया गया है। यह जीआई मान्यता इस दुर्लभ हस्तकारी वस्त्र को कानूनी संरक्षण प्रदान करती है और इसकी विशिष्ट प्रामाणिकता को सुरक्षित रखती है। पोंडुरु खादी आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के पोंडुरु गाँव में तैयार किया जाने वाला एक पारंपरिक हस्तनिर्मित सूती कपड़ा है, जिसे स्थानीय लोग पटनुलु कहते हैं। यह कपड़ा पहाड़ी कपास, पुनासा कपास और लाल कपास से बनाया जाता है, जो इसी क्षेत्र में उगाई जाती हैं। कपास की सफाई, कताई और बुनाई की पूरी प्रक्रिया हाथों से की जाती है, जिससे सदियों पुराना पारंपरिक कौशल सुरक्षित रहता है। इसकी सबसे अनोखी विशेषता यह है कि कपास की सफाई के लिए वालुगा मछली के जबड़े की हड्डी का उपयोग किया जाता है, जो विश्व में केवल यहीं देखने को मिलता है। पोंडुरु खादी अपनी अत्यधिक उच्च धागा संख्या (यार्न काउंट), लगभग 100-120, के लिये जाना जाता है, जो इसकी बेहद बारीक गुणवत्ता को दर्शाती है।

6 प्रधानमंत्री विश्वकर्मा हाट 2026 का आयोजन 18 से 31 जनवरी तक नई दिल्ली के दिल्ली हाट में किया जाएगा

भारत सरकार का सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत कारीगरों और शिल्पकारों को समर्पित एक प्रदर्शनी, पीएम विश्वकर्मा हाट 2026 का आयोजन कर रहा है। यह प्रदर्शनी 18 से 31 जनवरी 2026 तक दिल्ली हाट, आईएनए, नई दिल्ली में होगी और सुबह 10:30 बजे से रात 10:00 बजे तक जनता के लिए खुला रहेगी। केंद्रीय एमएसएमई मंत्री श्री जीतन राम मांझी एमएसएमई राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे की उपस्थिति में इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। पीएम विश्वकर्मा हाट 2026 का उद्देश्य भारत की समृद्ध पारंपरिक शिल्पकला विरासत का उत्सव मनाना और उसे प्रदर्शित करना है, साथ ही कारीगरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, हितधारकों और आम जनता के सामने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करने और उनका विपणन करने के लिए एक प्रमुख मंच प्रदान करना है।

7 मारुति सुजुकी गुजरात के खोराज में 35000 करोड़ रुपये के निवेश से एक विशाल नया वाहन निर्माण संयंत्र करेगी स्थापित

मारुति सुजुकी गुजरात के खोराज में 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश से एक विशाल नया वाहन निर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में गांधीनगर में गुजरात सरकार और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के बीच निवेश पत्र विनिमय समारोह आयोजित किया गया। 1,750 एकड़ भूमि में फैले इस नए संयंत्र में चार इकाइयां होंगी, जिनमें से प्रत्येक की क्षमता 2 लाख 50 हजार कारों की होगी, जिससे कुल उत्पादन प्रति वर्ष 10 लाख यूनिट तक पहुंच जाएगा। कंपनी की योजना है कि वित्तीय वर्ष 2029 तक पहले संयंत्र से उत्पादन शुरू करने की है।

8 भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर के चांगी नौसेना बेस पर पहुंचा

भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (1टीएस), जिसमें आईएनएस तीर, आईएनएस शार्दुल, आईएनएस सुजाता और भारतीय तटरक्षक जहाज सारथी शामिल हैं, 15 जनवरी 2026 को चांगी नेवल बेस, सिंगापुर पहुंचा। स्क्वाड्रन दक्षिण पूर्व हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में प्रशिक्षण तैनाती पर है। यह तैनाती इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि वर्ष 2026 को ‘दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संघ (आसियान) – भारत समुद्री सहयोग वर्ष 2026’ के रूप में मनाया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान, भारतीय नौसेना और सिंगापुर गणराज्य की नौसेना (आरएसएन) के कर्मी क्षमता बढ़ाने और समुद्री सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई बंदरगाह से संबंधित कार्यों और पेशेवर बातचीत में शामिल होंगे। दोनों नौसेनाओं के प्रशिक्षुओं के बीच व्यवस्थित प्रशिक्षण का आदान-प्रदान, संयुक्त योग सत्र और खेल आयोजनों की एक भी योजना बनाई गई है। सांस्कृतिक बातचीत में सिंगापुर में प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भारतीय नौसेना बैंड द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। ये जहाज स्कूली बच्चों के प्रवास के दौरान उनके दौरे के लिए खुले रहेंगे। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने आगमन पर 1टीएस के प्रशिक्षुओं के साथ बातचीत की।

9 डीजीसीए ने इंडिगो पर लगाया 22 करोड़ रुपये का जुर्माना

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो पर 22 करोड़ 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना पिछले साल दिसंबर की शुरुआत में इंडिगो द्वारा बड़े पैमाने पर उड़ानों के समय में देरी करने और उन्‍हें रद्द करने के मामले में लगाया गया है। 3 से 5 दिसंबर के बीच 2 हजार 507 उड़ानें रद्द होने और 1 हजार 852 उड़ानों में देरी होने के कारण विभिन्न हवाई अड्डों पर तीन लाख से अधिक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा था।

10 प्रवीण वशिष्ठ केंद्रीय सतर्कता आयोग के सतर्कता आयुक्त नियुक्त

केंद्र सरकार ने देश के भ्रष्टाचार-रोधी तंत्र को और सशक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रवीण वशिष्ठ को केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) में सतर्कता आयुक्त (Vigilance Commissioner) नियुक्त किया गया है। उन्होंने 16 जनवरी 2026 को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया।

11 GAIL ने महाराष्ट्र गैस पाइपलाइन के लिए 694 किमी की ऐतिहासिक परियोजना पूरी की

भारत ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने महाराष्ट्र में एक अनोखी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना को पूरा किया है। यह 694 किलोमीटर लंबी मुंबई–नागपुर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन लगभग पूरी तरह एक एक्सप्रेसवे के किनारे मात्र 3 मीटर चौड़े कॉरिडोर में बिछाई गई है। यह देश की पहली ऐसी परियोजना है, जो यह दर्शाती है कि एकीकृत योजना के तहत परिवहन कॉरिडोर को उपयोगिता (यूटिलिटी) कॉरिडोर के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। गेल ने समृद्धि महामार्ग के किनारे बने 3 मीटर चौड़े यूटिलिटी स्ट्रिप में निर्मित मुंबई–नागपुर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (MNPL) को पूरा कर लिया है। इस परियोजना को पीएम गति शक्ति के अंतर्गत एकीकृत अवसंरचना विकास का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। 694 किमी लंबी इस पाइपलाइन में से लगभग 675 किमी (करीब 96%) हिस्सा केवल 3 मीटर चौड़े कॉरिडोर में बिछाया गया है। सामान्यतः गैस पाइपलाइन के लिए 20–30 मीटर चौड़ी जगह की आवश्यकता होती है, लेकिन इस परियोजना में 24 इंच व्यास की उच्च क्षमता वाली पाइपलाइन को फुटपाथ जितनी जगह में स्थापित किया गया।

12 RBI का बड़ा कदम: बैंकिंग शिकायतों के लिए बनेगा CRPC

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने वित्तीय प्रणाली में उपभोक्ता अनुभव को बेहतर बनाने के लिए शिकायत निवारण ढांचे में एक बड़ा सुधार घोषित किया है। इसके तहत RBI अब इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम के अंतर्गत शिकायतों के निपटान के लिए एक केंद्रीकृत केंद्र स्थापित करेगा। यह नई व्यवस्था देशभर के उपभोक्ताओं के लिए तेज़, पारदर्शी और सुलभ शिकायत निवारण सुनिश्चित करेगी। भारतीय रिज़र्व बैंक ने सेंट्रलाइज़्ड रिसीट एंड प्रोसेसिंग सेंटर (CRPC) की स्थापना की घोषणा की है, जो 1 जुलाई 2026 से इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम के तहत लागू होगा। ऑनलाइन दर्ज शिकायतें सीधे RBI के Complaint Management System (CMS) पोर्टल पर पंजीकृत होंगी। ईमेल या डाक से प्राप्त शिकायतें पहले CRPC द्वारा जांची जाएंगी। स्वीकार्य शिकायतों को आगे RBI ओम्बड्समैन या डिप्टी ओम्बड्समैन द्वारा निपटाया जाएगा।

 

13 मार्च में ‘भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026’ का होगा आयोजन

 

‘भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह विद्युत और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी होगा, जो 19 से 22 मार्च तक राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में तकनीक विकसित करने वाली कंपनियां, बुनियादी ढांचा तैयार करने वाले संगठन, नए विचार लाने वाले नवाचारकर्ता और नीतिगत फैसले लेने वाले अधिकारी एक ही मंच पर एकत्र होंगे।

14 इंडिया पोस्ट ने पहला ONDC ऑर्डर डिलीवर किया

भारत के डाक नेटवर्क ने डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पहली बार डाक विभाग ने ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से बुक किए गए एक ऑनलाइन ऑर्डर की सफल डिलीवरी की है। यह उपलब्धि पारंपरिक डाक सेवाओं से आगे बढ़कर भारत पोस्ट की भूमिका को दर्शाती है और भारत के डिजिटल कॉमर्स व लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को मजबूत करने में उसके बढ़ते महत्व को रेखांकित करती है। डाक विभाग ने 15 जनवरी 2026 को ONDC के तहत लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर (LSP) के रूप में अपना पहला ऑनलाइन ऑर्डर सफलतापूर्वक डिलीवर किया। पहला ऑनलाइन कंसाइनमेंट 13 जनवरी 2026 को बुक किया गया था, जिसे दो दिनों के भीतर सफलतापूर्वक डिलीवर कर दिया गया। यह ऑर्डर उद्यमवेल (UdyamWell) द्वारा दिया गया था, जो ग्रामीण उद्यमियों को समर्थन देने वाली एक ONDC-सक्षम पहल है। यह सफल लेनदेन दर्शाता है कि डाक विभाग आधुनिक डिजिटल कॉमर्स वातावरण में एक सक्षम लॉजिस्टिक्स पार्टनर के रूप में कार्य करने के लिए तैयार है, जहां वह अपने व्यापक भौतिक नेटवर्क को तकनीक-आधारित प्रक्रियाओं के साथ जोड़ रहा है।

15 यमन के प्रधानमंत्री ने इस्तीफा दिया, विदेश मंत्री को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया

यमन की प्रेसिडेंशियल लीडरशिप काउंसिल (Presidential Leadership Council – PLC) ने प्रधानमंत्री सलेम बिन ब्रेक का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और देश के विदेश मंत्री शाया मोहसेन ज़िंदानी को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। सऊदी समर्थित नेतृत्व परिषद ने इस सप्ताह की शुरुआत में दिए गए सलेम बिन ब्रेक के इस्तीफे को औपचारिक रूप से मंजूरी दी।