व्यापार सूचकांकों का आधार वर्ष बदलकर 2022-23 किया गया

0
16

1 व्यापार सूचकांकों का आधार वर्ष बदलकर 2022-23 किया गया

भारत सरकार ने भारत के मर्चेंडाइज ट्रेड इंडेक्स (Merchandise Trade Indices) का आधार वर्ष 2012-13 से बदलकर 2022-23 कर दिया है। यह घोषणा 20 फरवरी 2026 को की गई। इस संशोधन का उद्देश्य व्यापार आंकड़ों की प्रासंगिकता, विश्वसनीयता और विश्लेषणात्मक उपयोगिता को बेहतर बनाना है, ताकि नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत को अधिक सटीक जानकारी मिल सके। यह संशोधन वाणिज्यिक खुफिया और सांख्यिकी महानिदेशालय (DGCI&S) द्वारा किया गया, क्योंकि पिछले दशक में अर्थव्यवस्था और वैश्विक व्यापार पैटर्न में बड़े संरचनात्मक बदलाव हुए हैं। आधार वर्ष बदलना एक मानक सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिससे आर्थिक संकेतक सटीक और अद्यतन बने रहते हैं। समय के साथ व्यापार पैटर्न बदलते हैं, इसलिए पुराना आधार वर्ष वर्तमान वास्तविकताओं को सही ढंग से नहीं दर्शा पाता। अब 2022-23 को नया आधार वर्ष बनाने से नीति-निर्माताओं को निर्यात-आयात प्रदर्शन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर अधिक यथार्थवादी और समकालीन दृष्टिकोण मिलेगा।

2 IPC ने प्रतिबंध हटाया: रूसी और बेलारूसी खिलाड़ी मिलान-कोर्टिना 2026 में भाग लेंगे

कई वर्षों के प्रतिबंधों के बाद, अंतर्राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (IPC) ने आधिकारिक रूप से मिलान-कोर्टिना 2026 शीतकालीन पैरालंपिक के लिए रूसी खिलाड़ियों पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है। अब रूस और बेलारूस के खिलाड़ी अपने राष्ट्रीय ध्वज के तहत प्रतिस्पर्धा करेंगे, और यदि वे पदक जीतते हैं तो उनके राष्ट्रीय गान भी बजाए जाएंगे।यह 2022 के बाद एक बड़ा बदलाव है, जब यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई के कारण रूस पर प्रतिबंध लगाया गया था। तब से रूस और बेलारूस के खिलाड़ी केवल तटस्थ (Neutral) प्रतिभागियों के रूप में बिना राष्ट्रीय प्रतीकों के भाग ले सकते थे।

3 पीएम मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और शहरी परिवहन को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों को बड़ा बढ़ावा मिला है। पीएम मोदी ने मेरठ पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद, पीएम मोदी शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पहुंचे और मेट्रो व ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही आरआरटीएस के शेष खंडों का उद्घाटन भी किया, जिनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर का हिस्सा और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है। 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ, नमो भारत भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएंगे। कॉरिडोर की शुरुआती स्टेशन सराय काले खान, इस उद्घाटन के साथ शुरू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। रैपिड रेल मेरठ के मोदीपुरम से शुरू होकर दिल्ली के सराय काले खां तक जाएगी। परियोजना पर दिल्‍ली मेट्रो और RRTS नेटवर्क की कुल लंबाई 743 किमी हो गई है।

4 राष्ट्रपति भवन में मनाया जाएगा ‘राजाजी’ उत्सव

राष्ट्रपति भवन में फ़रवरी 23 को राजाजी उत्सव मनाया जाएगा। अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्वतंत्र भारत के पहले गवर्नर-जनरल सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा राष्ट्रपति भवन के केंद्रीय प्रांगण में ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस की प्रतिमा की जगह स्थापित की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने सी. राजगोपालाचारी को उन नेताओं में से एक बताया जिन्होंने सत्ता को पद नहीं बल्कि सेवा का रूप माना। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्वतंत्रता के बाद भी ब्रिटिश प्रशासकों की प्रतिमाओं को राष्ट्रपति भवन में रहने दिया गया, जबकि भारत के महानतम सपूतों को स्थान नहीं दिया गया। राजाजी उत्सव के दौरान 24 फरवरी से 1 मार्च तक सी. राजगोपालाचारी पर एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

5 उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने कॉफी टेबल बुक ‘अटल बिहारी वाजपेयी: द इटरनल स्टेट्समैन’ का विमोचन किया

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में श्री विजय गोयल द्वारा लिखित कॉफी टेबल बुक ‘अटल बिहारी वाजपेयी: द इटरनल स्टेट्समैन’ का विमोचन किया। ये किताब अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन, सुशासन, कूटनीतिक दृष्टि और साहित्यिक जीवन पर चित्र और दस्‍तावेजों पर आधारित है। उपराष्‍ट्रपति राधाकृष्‍णन पूर्व पीएम वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान 12वें और 13वें लोकसभा में सदस्‍य थे।

6 जिम्बाब्वे ने दीर्घकालिक असर वाली एचआईवी-एड्स निरोधक दवाई लेनाकापैविर का वितरण किया शुरू

जिम्बाब्वे ने दीर्घकालिक असर वाली एचआईवी-एड्स निरोधक दवाई लेनाकापैविर का वितरण शुरू कर दिया है। यह इंजेक्‍शन के माध्‍यम से दी जाती है। पिछले दो दशकों में जिम्‍बाब्‍वे में एचआईवी से हजारों लोगों की मौत हुई है। जिम्‍बाब्‍वे ऐसा पहला देश है, जो नागरिकों को वर्ष में दो बार इंजेक्शन देकर सुरक्षा प्रदान कर रहा है। पहले चरण में यह दवाई 46 हजार पांच सौ अधिक जोखिम वाले लोगों को प्रदान की जाएंगी। वहीं, छह महीने बाद दूसरा चरण शुरू होगा। जिम्बाब्वे में युवा महिलाओं और गर्भवती या स्तनपान कराने वाली माताओं जैसे उच्च जोखिम वाले लोगों को यह इंजेक्शन नि:शुल्‍क दिया जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि एचआईवी की यह लंबे समय तक असर करने वाली दवा नए संक्रमणों की गति को धीमा कर देगी। लेनाकापैविर को कैलिफोर्निया स्थित बायोफार्मास्युटिकल कंपनी गिलियड साइंसेज ने विकसित किया है। इसे वैश्विक कोष और संयुक्त राज्य अमरीका के राष्ट्रपति की एड्स राहत आपातकालीन योजना का सहयोग प्राप्त है।

7 केंद्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी ने भारत के डिजिटल कौशल आंदोलन में तेजी लाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान “बढना है तो यहां जुड़ना है” की शुरुआत एसआईडीएच के माध्यम से की

भारत के डिजिटल कौशल इकोसिस्टम को बढ़ाने के लिए और विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के लिए एक बड़े प्रयास में, कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के अवसर पर “बढना है तो यहां जुड़ना है” नामक एक राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान शुरू किया। यह अभियान अपने राष्ट्रव्यापी आउटरीच के अंतर्गत महान अभिनेता अमिताभ बच्चन को साथ लाता है। इनकी स्थायी लोकप्रियता और व्यापक सार्वजनिक अपील से कौशल, रोजगार और आजीवन सीखने के लिए देश के एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) में जागरूकता तथा भागीदारी को और मजबूत करने की उम्मीद है। अभियान का उद्देश्य एसआईडीएच तक पहुंच का और विस्तार करना है।

8 एनआईईएलआईटी अमरावती में भारत का पहला समर्पित क्वांटम और एआई विश्वविद्यालय परिसर स्थापित करेगा।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में, भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अधीन राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) ने 20 फरवरी, 2026 को आंध्र प्रदेश सरकार के साथ अमरावती में भारत का पहला समर्पित क्वांटम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विश्वविद्यालय परिसर स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू, भारत सरकार के एमईआईटीवाई के सचिव श्री एस. कृष्णन, एनआईईएलआईटी के महानिदेशक डॉ. एम.एम. त्रिपाठी और अमरावती क्वांटम वैली के एपीएसक्‍यूएम के मिशन निदेशक श्री सी.वी. श्रीधर की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया। इस ढांचे के तहत, आगामी अमरावती पहल को क्वांटम और एआई पर केंद्रित एक विशेष विश्वविद्यालय परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा, जो पूरी तरह से अत्याधुनिक क्षेत्रों के लिए समर्पित होगा। एनआईईएलआईटी के डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी इकोसिस्टम के अंतर्गत स्थित, अमरावती परिसर भारत का पहला संस्थागत रूप से समर्पित शैक्षणिक केंद्र होगा जो पूरी तरह से क्वांटम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित होगा।

9 वारी एनर्जीज़ आंध्र में 8,000 करोड़ रुपये के निवेश से लिथियम-आयन बैटरी गीगाफैक्ट्री लगाएगी

स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए, आंध्र प्रदेश ने वारी एनर्जीज़ द्वारा ₹8,175 करोड़ के निवेश से भारत की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड लिथियम-आयन बैटरी गीगाफैक्ट्री हासिल की है। यह प्रोजेक्ट अनकापल्ली जिले के रामबिल्ली में बनाया जाएगा और इससे लगभग 3,000 सीधी नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। 16 GWh प्रोडक्शन कैपेसिटी के साथ, यह फैसिलिटी भारत के बैटरी मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत करेगी और स्ट्रेटेजिक एनर्जी स्टोरेज सेक्टर में इम्पोर्ट पर निर्भरता कम करेगी। इस परियोजना को आंध्र प्रदेश राज्य निवेश संवर्धन बोर्ड से सैद्धांतिक (in-principle) मंजूरी मिल चुकी है।

10 हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी के खानापारा में ‘वृंदावनी वस्त्र’ सांस्कृतिक संग्रहालय परियोजना की आधारशिला रखी

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी के खानापारा में ‘वृंदावनी वस्त्र’ प्रदर्शित के लिए सांस्कृतिक संग्रहालय परियोजना की आधारशिला रखी। इस सांस्कृतिक संग्रहालय में 16वीं शताब्दी का ऐतिहासिक वृंदावनी वस्त्र रखा जाएगा, जिसे परंपरागत रूप से वैष्णव संत-विद्वान श्रीमंत शंकरदेव से संबंधित माना जाता है। इस वस्त्र में भगवान कृष्ण के जीवन के दृश्य चित्रित हैं और इसे असमिया बुनाई और भक्ति कला की उत्कृष्ट कृति माना जाता है। यह वर्तमान में लंदन स्थित ब्रिटिश संग्रहालय के संग्रह में है। अगले वर्ष 2027 से शुरू होने वाली 18 महीने की प्रदर्शनी के लिए असम सरकार और ब्रिटिश संग्रहालय ने पिछले वर्ष इस कलाकृति को असम लाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

11 राज्य कैबिनेट ने बिहार में महत्वाकांक्षी एयरपोर्ट परियोजना को दी स्वीकृति

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट ने सारण जिले के सोनपुर में एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना उत्तर बिहार के लिए एक बड़ा बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) प्रोत्साहन मानी जा रही है। 4,200 मीटर लंबा रनवे एयरबस A380 जैसे बड़े विमानों के संचालन में सक्षम होगा। यह हवाई अड्डा हाजीपुर और दुमरिया के बीच 4,228 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा और इसे वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह परियोजना भूमि क्षेत्र के लिहाज से बिहार का सबसे बड़ा और देश के प्रमुख बड़े हवाई अड्डों में से एक होगा। 4.2 किमी लंबा रनवे वाइड-बॉडी और लंबी दूरी के विमानों के लिए उपयुक्त होगा। राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण के लिए ₹1,302 करोड़ आवंटित किए हैं, और प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से साइट क्लीयरेंस मिल चुकी है, और इस प्रस्ताव का उल्लेख केंद्रीय बजट में भी किया गया था।

12 लार्सन एंड टूब्रो व्योमा ढोलेरा SIR में 250 मेगावाट ग्रीन एआई डेटा सेंटर का अध्ययन करेगा

गुजरात सरकार ने India AI Impact Summit 2026 के दौरान Larsen & Toubro की व्योमा इकाई (L&T Vyoma) के साथ ढोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (SIR) में 250 मेगावाट क्षमता वाला ग्रीन एआई-रेडी डेटा सेंटर स्थापित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। ₹25,000 करोड़ के प्रस्तावित निवेश वाला यह प्रोजेक्ट भारत में एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और सतत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह समझौता गुजरात के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और एलएंडटी की व्योमा इकाई के बीच नई दिल्ली में आयोजित समिट के दौरान ‘इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एक्टिविटी’ के अंतर्गत हुआ।

13 रेलवे हुआ स्मार्ट! शिकायत निवारण और भीड़ प्रबंधन के लिए एआई-सक्षम ऐप्स की शुरुआत

भारतीय रेलवे ने शिकायत निवारण, टिकट कन्फर्मेशन की भविष्यवाणी, हाउसकीपिंग सेवाओं और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए सात प्रमुख यात्री-उन्मुख एप्लिकेशनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को एकीकृत किया है। इस पहल का नेतृत्व रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) ने किया, जिसे नई दिल्ली में आयोजित AI India Summit 2026 के दौरान प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इन नए एआई-सक्षम ऐप्स का उद्देश्य देशभर में यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना, शिकायतों का त्वरित समाधान करना और ट्रेन संचालन को अधिक कुशल बनाना है। Indian Railways के एआई-सक्षम ऐप्स में अब कई उन्नत सुविधाएँ शामिल की गई हैं, जो यात्री सेवाओं को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाती हैं।
RailMadad – एआई शिकायतों को उनकी तात्कालिकता और प्रकार के आधार पर वर्गीकृत कर प्राथमिकता तय करता है।
RailOne – प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) वाले टिकट की कन्फर्मेशन प्रतिशत का अधिक सटीक पूर्वानुमान लगाता है।
Coach Mitra – ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सेवाओं में एआई सहायता प्रदान करता है (वर्तमान में 74 ट्रेनों में संचालित)।

14 हरशरण कौर त्रेहन PSPCL की पहली महिला डायरेक्टर (कमर्शियल) बनीं

हरशरण कौर त्रेहन को पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (PSPCL) में निदेशक (वाणिज्यिक) नियुक्त किया गया है। 20 फरवरी 2026 को जारी इस नियुक्ति के साथ वे PSPCL के बोर्ड स्तर तक पहुँचने वाली पहली महिला तकनीकी विशेषज्ञ (टेक्नोक्रेट) बन गई हैं। उन्होंने पटियाला स्थित निगम मुख्यालय में दो वर्ष के कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण किया, जो भारत के सार्वजनिक क्षेत्र की विद्युत उपयोगिताओं में महिला नेतृत्व के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

15 माइक्रोसॉफ्ट Xbox की CEO बनीं आशा शर्मा

21 फरवरी को माइक्रोसॉफ्ट ने अपने गेमिंग डिविजन Xbox की CEO के तौर पर भारतीय मूल की आशा शर्मा को नियुक्‍त किया। इंडियन-अमेरिकन आशा शर्मा माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की एग्जिक्‍यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और CEO के तौर पर सत्‍य नडेला को रिपोर्ट करेंगी। आशा ने टेक्नोलॉजी, प्रोडक्ट और ऑपरेशन के क्षेत्र में लगभग 15 साल तक लीडरशिप रोल्स पर काम किया है। आशा ने मिनेसोटा यूनिवर्सिटी के कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से पढ़ाई की है और 2011 में माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ी थीं। साल 2017 में आशा ने मेटा में बतौर वाइस प्रेसिडेंट प्रोडक्ट और इंजीनियरिंग जॉइन किया। यहां उन्‍होंने मैसेजिंग और इंस्टाग्राम डायरेक्ट के हेड ऑफ प्रोडक्ट की भूमिका निभाई।