‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ में अपग्रेड होंगे दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक

0
12

1 ‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ में अपग्रेड होंगे दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक

दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद रेखा सरकार अब एक्शन मोड में काम कर रही है। इस बीच दिल्ली सरकार ने 553 मौजूदा मोहल्ला क्लीनिकों को ‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ (यू-एएएम) में अपग्रेड करने का फैसला किया है। इसके अलावा भाजपा सरकार ने दिल्लीवासियों को बड़ी राहत देते हुए 500 रुपये की दर पर सालाना 10 गैस सिलेंडर और होली व दीपावली पर दो मुफ्त गैस सिलेंडर देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इस बैठक में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के कार्यान्वयन, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (एचडब्ल्यूसी)/आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम), दिल्ली के लोगों के लिए आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन योजना (पीएम-बीएचआईएम), आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) और प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) को लागू करने पर जोर दिया गया था।

2 उदयपुर में दूसरा अखिल भारतीय राज्य जल मंत्रियों का सम्मेलन 2025 आयोजित

दूसरा अखिल भारतीय राज्य जल मंत्रियों का सम्मेलन 18 और 19 फरवरी 2025 को उदयपुर, राजस्थान में आयोजित किया गया था। यह सम्मेलन 5 और 6 जनवरी 2023 को भोपाल, मध्य प्रदेश में आयोजित पहले अखिल भारतीय राज्य जल मंत्रियों के सम्मेलन की दूसरी कड़ी थी। सम्मेलन का आयोजन देश की दीर्घकालिक जल सुरक्षा रणनीति को प्राप्त करने और विकसित भारत@2047 के दृष्टिकोण में योगदान करने के लिए रणनीतियों और ठोस कार्य योजनाओं पर चर्चा करने के लिए किया गया था। द्वितीय अखिल भारतीय राज्य जल मंत्री सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय जल मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया था। दूसरे अखिल भारतीय राज्य जल मंत्री सम्मेलन का विषय – भारत @2047 – एक जल सुरक्षित राष्ट्र– था।

3 अमरीकाः भारतीय-मूल के काश पटेल ने एफबीआई के 9वें निदेशक के रूप में शपथ ली

अमरीका में भारतीय मूल के काश पटेल ने आधिकारिक तौर पर संघीय जांच ब्यूरो-एफबीआई के नौवें निदेशक के रूप में शपथ ले ली है। सीनेट ने उनकी नियुक्ति 51-49 वोटों के साथ मंजूरी दी, जिसमें दो रिपब्लिकन ने उनके विरोध में मतदान किया। काश पटेल ने क्रिस्टोफर रे का स्थान लिया, जिन्होंने राष्‍ट्रपति जो बाइडन प्रशासन में इस्तीफा दिया था।

4 भारत की पूर्णिमा देवी बर्मन को टाइम पत्रिका द्वारा “वुमन ऑफ द ईयर” पुरस्‍कार के लिए नामित किया गया

भारतीय जीवविज्ञानी और वन्यजीव संरक्षणवादी पूर्णिमा देवी बर्मन को टाइम पत्रिका द्वारा “वुमन ऑफ द ईयर” पुरस्‍कार के लिए नामित किया गया है। यह पुरस्‍कार विभिन्‍न क्षेत्रों में असाधारण कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है। 45 वर्षीय पूर्णिमा देवी इस सूची में एकमात्र भारतीय महिला है। असम की पूर्णिमा देवी लुप्तप्राय स्थानीय हरगिला पक्षी की रक्षा में अपने असाधारण प्रयासों के लिए जानी जाती हैं। 13 महिलाओं की सूची में फ्रांस की अभिनेता निकोल किडमैन और गिसेले पेलिकॉट भी शामिल हैं।

5 अधिकतम गिद्धों वाला राज्य बना मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश अधिकतम गिद्धों वाला राज्य बन गया है। वन विभाग की राज्य स्तरीय गणना में गिद्धों की संख्या बढ़कर 12 हजार 981 हो गई है।

6 मध्य प्रदेश के खजुराहो में 51वें खजुराहो नृत्य महोत्सव में 139 कलाकारों ने 24 घंटे 9 मिनट 26 सेकेंड तक लगातार नृत्य कर विश्व रिकॉर्ड बनाया

मध्य प्रदेश के खजुराहो में 51वें खजुराहो नृत्य महोत्सव में 139 कलाकारों ने 24 घंटे 9 मिनट 26 सेकेंड तक लगातार नृत्य कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा था कि शास्त्रीय नृत्य ईश्वर की आराधना के लिए बनाए गए हैं।

7 देश के पहले वर्टिकल बाइफेशियल सौर संयंत्र का नई दिल्ली में उद्घाटन

नई दिल्ली में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के ओखला विहार मेट्रो स्टेशन पर देश के पहले वर्टिकल बाय-फेशियल सौर संयंत्र का उद्घाटन किया गया। सौर संयंत्र का उद्घाटन केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया। मनोहर लाल खट्टर ने डीएमआरसी के खैबर पास मेट्रो डिपो में 1 मेगावाट की छत पर सौर स्थापना का भी उद्घाटन किया।

8 भारतीय रिजर्व बैंक ने सिटी बैंक पर 29 लाख रुपये का मौद्रिक जुर्माना लगाया

भारतीय रिजर्व बैंक ने ऋण सूचना कंपनियों को ऋण सूचना प्रस्तुत करने से संबंधित कुछ निर्देशों का अनुपालन न करने के लिए सिटी बैंक पर 29 लाख रुपये का मौद्रिक जुर्माना लगाया है। बैंक ने आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड पर छह लाख बीस हजार रुपये का मौद्रिक जुर्माना भी लगाया। यह कंपनी ऋण सूचना कंपनियों को कुछ उधारकर्ताओं की घरेलू आय की जानकारी प्रदान करने में विफल रही थी।

9 तुर्किये में डब्ल्यूटीटी फीडर कप्पाडोसिया टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत के आकाश पाल और पोयमंती बैस्य ने मिक्‍स डबल्‍स का रजत पदक जीता

तुर्किये में डब्ल्यूटीटी फीडर कप्पाडोसिया टेबल टेनिस चैंपियनशिप में, भारत के आकाश पाल और पोयमंती बैस्य ने मिक्‍स डबल्‍स का रजत पदक जीत लिया। फाइनल में आकाश और पोयमंती की जोडी को चीन की ज़ू फ़ेई और हान फीयर की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने सात-ग्‍यारह, ग्‍यारह-पांच, ग्‍यारह-छह, ग्‍यारह-आठ से हराकर पहला स्‍थान हासिल किया।

10 निशानेबाज मनु भाकर,2024 बीबीसी वर्ष की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर को यूनाइटेड किंगडम के ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) द्वारा 2024 भारतीय स्पोर्टवुमेन ऑफ द ईयर नामित किया गया है। 2020 में, मनु भाकर ने बीबीसी का इमर्जिंग एथलीट ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता था। बीबीसी इंडियन स्पोर्टवुमेन ऑफ द ईयर की स्थापना 2019 में बीबीसी द्वारा की गई थी, और यह एक कैलेंडर वर्ष में भारतीय महिला खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित करता है। पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों के लिए नामांकित व्यक्तियों का चयन,एक प्रतिष्ठित भारतीय खेल पत्रकारों और विशेषज्ञों के पैनल के द्वारा किया जाता है। अंतिम विजेताओं का चयन सार्वजनिक मतदान के माध्यम से किया जाता है।

11 किरियन जैक्वेट ने 2025 दिल्ली ओपन एटीपी चैलेंजर टेनिस प्रतियोगिता जीता

फ्रांस के किरियन जैक्वेट ने 2025 दिल्ली ओपन एटीपी चैलेंजर टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन के बिली हैरिस को 6-4, 6-2 से हराकर भारत में अपना लगातार दूसरा एकल खिताब जीता। 2025 चेन्नई ओपन चैलेंजर टेनिस प्रतियोगिता में जीत के बाद किरियन जैक्वेट का यह लगातार दूसरा चैलेंजर खिताब था। 1,00,000 अमेरिकी डॉलर का दिल्ली ओपन एक एटीपी 75 चैलेंजर प्रतियोगिता था जो 10-16 फरवरी 2025 तक नई दिल्ली के डीएलटीए के हार्ड कोर्ट सतह पर खेला गया था। दिल्ली ओपन के विजेता किरियन जैक्वेट ने 75 रैंकिंग अंक और पुरस्कार राशि के रूप में 14,200 अमेरिकी डॉलर मिले। हारने वाले फाइनलिस्ट बिली हैरिस ने 44 रैंकिंग अंक और 8,330 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि जीती।

12 अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस प्रत्येक वर्ष 21 फरवरी को मनाया जाता है। यह दिन भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के महत्व की याद दिलाता है तथा दुनिया भर में संकटग्रस्त भाषाओं की सुरक्षा की आवश्यकता पर जोर देता है। इस साल यूनेस्को “अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस का सिल्वर जुबली समारोह” थीम (Theme) पर अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मना रहा है। इस दिन कविताएं पढ़ने, अलग-अलग भाषाओं में कहानी सुनाने और सांस्कृतिक संगीत से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह सेलिब्रेशन यूनेस्को के पेरिस, फ्रांस हेडक्वार्टर्स में हो रहा है।