सरकार ने नए नागर विमानन नियम अधिसूचित किय़े

0
0

1 सरकार ने नए नागर विमानन नियम अधिसूचित किय़े

सरकार ने देश के नागर विमानन क्षेत्र के लिए नए नियम अधिसूचित किए हैं, जो लगभग नौ दशक पुराने ‘विमान नियम, 1937’ की जगह लेंगे। ‘भारतीय वायुयान नियम, 2026’ अगले वर्ष एक जनवरी से लागू होंगे। ये नियम विमानन क्षेत्र के विभिन्न पहलुओं के लिए एक नियामक ढांचा प्रदान करते हैं, जिनमें विमान का पंजीकरण, निर्माण, सुरक्षा प्रमाणन, रखरखाव, उड़ान संचालन, कर्मियों का लाइसेंसिंग और हवाई अड्डा संचालन शामिल हैं। नियमित हवाई सेवाएं संचालित करने वाली विमानन कंपनियों को परिचालन लागत सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हवाई किराया तय करना होगा और नागर विमानन महानिदेशालय-डीजीसीए को किराये का विवरण सौंपना होगा। इन प्रावधानों के अंतर्गत कोई असाधारण स्थिति पैदा होने पर केंद्र सरकार जनहित में हस्तक्षेप करते हुए लिखित निर्देश जारी कर सकती है।

2 भारतीय नौसेना के लिए 8 अगली पीढ़ी के कॉर्वेट युद्धपोत खरीदेगा रक्षा मंत्रालय, 53,800 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए अगली पीढ़ी के आठ कॉर्वेट युद्धपोतों की खरीद के लिए गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 53 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अन्‍तर्गत गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड पांच युद्धपोतों का निर्माण करेगा, जबकि गोवा शिपयार्ड लिमिटेड बाकी तीन युद्धपोत बनाएगा। मंत्रालय ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि पहली बार भारतीय नौसेना इन युद्धपोतों का डिजाइन तैयार करेगी और चुने गए रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम इनका निर्माण करेंगे। अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन युद्धपोतों में उन्नत मिसाइलें, हथियार और सेंसर प्रणाली लगी होंगी।

3 बोलीविया के राष्ट्रपति ने अल नीनो के प्रभावों से निपटने के लिए देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया

 

बोलीविया के राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज़ ने अल नीनो के प्रभावों से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की है। राष्ट्रपति पाज़ ने कहा कि इससे वित्तीय और मानव संसाधन जुटाने, सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और अंतरराष्ट्रीय सहायता हासिल करने के प्रयासों को मजबूत करने में मदद मिलेगी। राष्ट्रपति के अनुसार, बोलीविया में अब तक 63 समुदाय सूखे से प्रभावित हो चुके हैं। वहीं पशुओं के चारे की भारी कमी हो रही है। अल नीनो एक जलवायु घटना है। इसमें भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्सों में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है।

4 पश्चिमी सहारा में 35 साल पुराना संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन होगा समाप्त

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि पश्चिमी सहारा में 35 साल पुराना संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन समाप्त हो जाएगा। सुरक्षा परिषद ने इसके जनादेश को आगे नहीं बढ़ाया है। पश्चिमी सहारा में जनमत संग्रह के लिए संयुक्त राष्ट्र मिशन की स्थापना 1991 में की गई थी। इसका उद्देश्य युद्धविराम की निगरानी करना और आत्मनिर्णय के लिए जनमत संग्रह आयोजित करना था, लेकिन मतदाताओं की पात्रता को लेकर असहमति के कारण ऐसा कभी नहीं हो सका। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरेस ने बताया कि 1 नवंबर से इस मिशन को समाप्‍त की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिसके तहत मिशन की संपत्तियां उन देशों को लौटा दी जाएंगी जिन्होंने इसमें योगदान दिया था। है। 1991 में मोरक्को और पश्चिमी सहारा की स्वतंत्रता के लिए लड़ रहे पोलिसारियो फ्रंट के बीच संयुक्त राष्ट्र द्वारा कराए गए युद्धविराम समझौते के बाद मिनुरसो की स्थापना हुई थी। तब से, इस मिशन को युद्धविराम के कार्यान्वयन की निगरानी करने और क्षेत्र की भावी स्थिति पर जनमत संग्रह आयोजित करने का कार्य सौंपा गया है। हालांकि, जनमत संग्रह कभी आयोजित नहीं किया गया क्योंकि दोनों पक्ष मतदान के लिए पात्र व्यक्तियों के निर्धारण के मानदंडों पर सहमत नहीं हो सके। पश्चिमी सहारा पूर्व में स्पेन का उपनिवेश था। 1976 में मैड्रिड के इस क्षेत्र से हटने के बाद, मोरक्को ने पश्चिमी सहारा पर संप्रभुता का दावा किया, जबकि अल्जीरिया समर्थित पोलिसारियो फ्रंट ने एक स्वतंत्र राज्य स्थापित करने के लक्ष्य का लगातार पीछा किया।

5 खेत बचाओ अभियान – रबी 2026

 

खेत बचाओ अभियान (केबीए) – रबी 2026 एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जो 22 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लगभग 50 लाख किसानों लक्षित करते हुए 34 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों, 700 से अधिक जिलों तथा 50,000 गाँवों में मृदा स्वास्थ्य, उर्वरकों के संतुलित उपयोग और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है। इस अभियान की प्रमुख प्राथमिकताओं में संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, फसल विविधीकरण और जलवायु-अनुकूल कृषि शामिल हैं। इसके अंतर्गत केवीके और एटीएमए को शामिल करते हुए 4,150 टीमों के गठन की परिकल्पना की गई है, जिन्हें 12,000 से अधिक वैज्ञानिकों और एटीएमए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग प्राप्त होगा। इस पहल के तहत खेतों में 50,000 व्‍यावहारिक प्रदर्शन और 11,750 व्यवस्थित प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने का लक्ष्य है। मृदा स्वास्थ्य के महत्व को ध्यान में रखते हुए, खेत बचाओ अभियान (केबीए) – रबी 2026, “स्वस्थ धरा, समृद्ध किसान” की परिकल्पना 22 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले एक राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में की गई है। खेत बचाओ अभियान की शुरुआत देशव्यापी स्तर पर 1 जून 2026 को एक महीने तक चलने वाले अभियान के रूप में की गई थी।

6 भारत बना पहला कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियन

31 अक्टूबर को भारत ने अहमदाबाद में पहले कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में डबल टाइटल जीता। भारतीय पुरुष टीम फाइनल में श्रीलंका को 54-20 से हराकर पहली कॉमनवेल्थ चैंपियन बनी। महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पुरुष टीम ने लगातार 8 मुकाबले जीते, जबकि महिला टीम ने सभी 6 मैच अपने नाम किए। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 13 और महिला वर्ग की 10 टीमों ने हिस्सा लिया। पुरुष टीम के कप्तान सुरजीत सिंह थे। महिला टीम की कप्तान निधि शर्मा थी।

7 राइजिंग स्टार्स एशिया कप: तिलक वर्मा को मिली इंडिया ए की कमान

भारतीय टी20 टीम के उप-कप्तान तिलक वर्मा को एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। पुरुष चयन समिति ने 15 सदस्यीय टीम में आईपीएल के दो बार के विजेता कप्तान रजत पाटीदार को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में खेला जाएगा।

8 इटली के किमी एंटोनेली 20 साल की उम्र में बने फॉर्मूला-1 के सबसे युवा विश्व चैंपियन

इटली के किमी एंटोनेली ने मेक्सिको सिटी ग्रां प्री में तीसरा स्थान हासिल कर फॉर्मूला-वन कार रेस के इतिहास में सबसे कम उम्र में विश्व चैंपियन बनने का रिकॉर्ड बनाया है। 20 वर्षीय एंटोनेली ने मर्सिडीज के लिए अपना पहला ड्राइवर्स विश्व खिताब जीता। रेड बुल के मैक्स वर्स्टापेन ने रेस जीती जबकि फेरारी के लुईस हैमिल्टन दूसरे स्थान पर रहे। चाइनीज ग्रांप्रि की शुरुआत में एंटोनेली ने सात बार के चैंपियन लुइस हैमिल्टन को पछाड़ते हुए फॉर्मूला वन (एफ-1) इतिहास के दूसरे सबसे कम उम्र के रेस विजेता बने।

9 हॉकी के पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी धर्मपाल लाठर का निधन

31 अक्टूबर को हरियाणा के पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मास्टर धर्मपाल लाठर का निधन हुआ। उनकी उम्र 85 वर्ष थी। वह जींद जिले में शादीपुर गांव के निवासी थे। लाठर ने 1971 में हरियाणा टीम को गोल्ड मेडल दिलाया था। उन्होंने दो वर्षों तक हरियाणा हॉकी टीम की कप्तानी की। हॉकी में उनकी प्रतिभा और समर्पण को देखते हुए उन्हें राजकीय स्कूल में शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (PTI) के पद पर नौकरी मिली।

10 प्रख्यात न्यूरोसर्जन और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार महापात्रा का नई दिल्ली में निधन

प्रख्यात न्यूरो सर्जन और पद्मश्री से सम्मानित प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार महापात्र का दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। उड़ीसा के रहने वाले डॉ. महापात्र ने न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे एम्स भुवनेश्वर के संस्थापक निदेशक रहे और नई दिल्ली के एम्स में न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रमुख का दायित्व भी संभाला। श्री अशोक महापात्र को वर्ष 2017 में जुड़वां बच्चों को सफलतापूर्वक अलग करने वाले ऐतिहासिक ऑपरेशन का नेतृत्व करने के लिए विशेष पहचान मिली थी। वे लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक थे। श्री अशोक महापात्र भुवनेश्वर के शिक्षा ‘ओ’ अनुसंधान विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे। चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2025 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।