अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव गुजरात के अहमदाबाद में शुरू होगा

0
78

1. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने डिजिटल इंडिया पुरस्कार – 2022 प्रदान किए

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में डिजिटल इंडिया पुरस्कारों के सातवां संस्करण के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। डिजिटल इंडिया पुरस्कार सात श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य सरकारी संस्थाओं के साथ स्टार्ट-अप्स और जमीनी स्तर की डिजिटल पहलों को भी प्रेरित-प्रोत्साहित करना है। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम की परिकल्पना भारत को डिजिटल रूप से सशक्त समाज और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था में परिवर्तित करने के लिए की गई है। डिजिटल इंडिया पुरस्कार, नेशनल पोर्टल ऑफ इंडिया के तत्वावधान में स्थापित किए गए हैं। इस पोर्टल पर सरकारी संस्थाओं द्वारा सभी स्तरों पर दी जा रही सूचना और सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की एक प्रमुख पहल ई-नाम ने डिजिटल इंडिया पुरस्कार 2022 में डिजिटल नागरिक सशक्तिकरण श्रेणी में प्लेटिनम पुरस्कार जीता है। ई-नाम 22 राज्यों और 3 संघ राज्य क्षेत्रों में 1260 एपीएमसी मंडियों को एकीकृत करने वाला एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है ताकि 203 कृषि और बागवानी जिंसों के ऑनलाइन व्यापार की सुविधा मिल सके जिससे किसानों को उनकी उपज के लिए बेहतर लाभकारी मूल्य प्राप्त करने में सक्षम बनाया जा सके।

2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मणिपुर में कांगला नोंगपोक थोंग खुलने पर राज्‍य के लोगों को बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मणिपुर में कांगला नोंगपोक थोंग खुलने पर राज्‍य के लोगों को बधाई दी है। कांगला का पूर्वी द्वार मणिपुर के लोगों के लिए शांति, समृद्धि और प्रसन्‍नता का पथ माना जाता है। मणिपुर के मुख्‍यमंत्री एन. बीरेन सिंह के एक ट्वीट के जवाब में उम्‍मीद जताई कि शांति, समृद्धि और प्रसन्‍नता की भावना पूरे राज्‍य में बढ़ेगी। यह इम्फाल नदी के पूर्वी तट पर भ्रमण और सांस्कृत उत्सवों का स्थान है जिसे इम्फाल स्मार्ट सिटी लि द्वारा विकसित किया गया है।

3. वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन राजस्‍थान के कोटा में क्रेडिट आउटरीच प्रोग्राम में शामिल होंगी

वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन राजस्‍थान के कोटा का दौरा करेंगी। वे क्रेडिट आउटरीच प्रोग्राम में हिस्सा लेंगी और कोचिंग कर रहे विद्यार्थियों के साथ बातचीत करेंगी। इस दौरान 31 हजार से अधिक लाभार्थियों को एक हजार 407 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण दिया जाएगा। ये ऋण सरकार की कल्याणकारी योजनाओं- प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्व- सहायता ग्रुप क्रेडिट लिंकेज, किसान क्रेडिट कार्ड, स्टैंड अप इंडिया योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत दिए जाएंगे। विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्‍करण और जन सेवाओं से जुड़े उद्यमियों को भी अपनी वित्‍तीय स्थिति सुदृढ़ बनाने का अवसर दिया जायेगा। पशुपालकों के लिए पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से एक लाख 60 हजार रुपये तक का ऋण सुनिश्चित किया गया है। रेहड़ी-पटरी वाले दुकानदारों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के जरिए 10 हजार रुपए और निर्माण तथा सेवा क्षेत्र में कार्यरत छोटे उद्यमियों को 50 हजार रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

4. अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव गुजरात के अहमदाबाद में शुरू होगा

अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव 8 जनवरी से गुजरात के अहमदाबाद में शुरू हो रहा है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत साबरमती रिवरफ्रंट पर इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। गुजरात पर्यटन द्वारा इसका आयोजन जी-20 की विषय-वस्‍तु ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्‍य‘ के अनुरूप किया जा रहा है। यह आयोजन अहमदाबाद के अतिरिक्‍त सूरत, वडोदरा, राजकोट, द्वारका, सोमनाथ, धोरडो और केवड़िया में भी किया जा रहा है।

5. भारत- जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास वीर गार्जियन-2023 12 जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक रहेगा जारी।

भारत और जापान इस महीने की 12 तारीख से जापान के हयाकुरी सैन्‍य हवाई अड्डे पर भारतीय वायु सेना और जापान एयर सेल्‍फ डिफेंस फोर्स संयुक्‍त सैन्‍य अभ्‍यास वीर गार्जियन-2023 के लिए तैयार है। यह संयुक्‍त अभ्‍यास 26 जनवरी तक जारी रहेगा और इसका उद्देश्‍य दोनों देशों के बीच वायु रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है। भारतीय दस्‍ते में चार सुखोई एम. के. आई., दो सी-17 और एक आई. एल. 78 लड़ाकू विमान शामिल होंगे। जापान की ओर से चार एफ.- टू और चार एफ.- 15 युद्धक विमान रहेंगे।

6. कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव का प्रतीक-चिह्न और शुभंकर जारी किया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कर्नाटक में हुबली और धारवाड़ में इस महीने की 12 से 16 तारीख़ तक आयोजित हो रहे राष्ट्रीय युवा महोत्सव का प्रतीक-चिह्न और शुभंकर जारी किया। इस अवसर पर केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर तथा केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी वर्चुअली मौजूद थे। रेल बोर्ड ने घोषणा की है कि धारवाड़ आने वाली सभी ट्रेनों में प्रतिभागियों के लिए विशेष डिब्बे लगाए जाएंगे। 26वें युवा महोत्सव का विषय है– विकसित युवा – विकसित भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 जनवरी को महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। पांच दिन चलने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में देशभर से सात हजार पांच सौ प्रतिभागी शामिल होंगे।

7. अमरीका में केविन मैकार्थी संसद के निचले सदन-हाउस ऑफ रेप्रेसेंटेटिव्स के अध्‍यक्ष बने

अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी के नेता केविन मैकार्थी संसद के निचले सदन-हाउस ऑफ रेप्रेसेंटेटिव्स के अध्‍यक्ष बन गए हैं। उनका चयन पिछले 160 वर्षों की सबसे लंबी निर्वाचन प्रक्रि‍या से हुआ। 57 वर्षीय श्री मैकार्थी को 216 मत प्राप्‍त हुए। वे सदन की कार्यवाही की अध्‍यक्षता करेंगे और राष्‍ट्रपति पद के लिए दूसरे प्रबल दावेदार होंगे। श्री मैकार्थी का चयन चार दिन से भी अधिक समय तक चले 15 दौर के मतदान के बाद हुआ।

8. दिल्ली में इंडिया गेट पर एस्ट्रो टूरिज्म – अ स्काई गेजिंग इवेंट का आयोजन का

दिल्ली में इंडिया गेट पर एस्ट्रो टूरिज्म – अ स्काई गेजिंग इवेंट का आयोजन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद् ने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम और लाइब्रेरी के सहयोग से किया है। संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसका उद्घाटन करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम लोगों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में सहायक होगा। कार्यक्रम में, खगोल विशेषज्ञों के साथ वार्ता, प्रदर्शनी, खगोलीय वस्तुओं से संबंधित कथाएं, चंद्रमा के क्रेटर को दूरबीन से देखने का अनुभव, फोटोग्राफिक पैनल प्रदर्शनी और एस्ट्रो-फोटोग्राफी शामिल हैं। तीन दिन का यह कार्यक्रम सभी आयु वर्ग के बच्चों के लिए सीखने का एक अच्छा अवसर है।

9. 23 जनवरी को नेहरू स्टेडियम में सैन्य टैटू और आदिवासी नृत्य महोत्सव – ‘आदि शौर्य – पर्व पराक्रम का’ आयोजित किया जाएगा

गणतंत्र दिवस समारोह 2023 के हिस्से के रूप में और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती (जिसे पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है) को मनाने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा संगीतमय प्रस्तुति तथा जनजातीय नृत्य महोत्सव ‘आदि शौर्य – पर्व पराक्रम का‘ 23 एवं 24 जनवरी, 2023 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि दो दिन चलने वाले उत्सव में सशस्त्र बलों के शौर्य और भारत की जनजातीय संस्कृति के विशिष्ट सौंदर्य का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में सैन्य टैटू – पैरामोटर ग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, हॉर्स शो, मोटर साइकिल प्रदर्शनी, वायु सैनिक ड्रिल, नौसेना बैंड और देश भर के आदिवासी कलाकारों के पारंपरिक नृत्य का प्रदर्शन भी किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि महोत्सव का उद्देश्य देश के शूरवीरों के बलिदान को याद करना और उस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाना है जिसके कारण भारत इतना अनूठा और विविधतापूर्ण है। महोत्सव का लक्ष्य नेताजी सुभाष चंद्र बोस के शौर्य के प्रति सम्मान प्रकट करना, भारत की सच्ची भावना को अपनाना और सशक्त तथा समृद्ध भारत के निर्माण का पुनः संकल्प लेना है। रक्षा मंत्रालय और जनजातीय कार्य मंत्रालय इस महोत्सव का आयोजन संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

10. देश का पहला कोयला गैसीकरण आ‍धारित तलचर उर्वरक संयंत्र अगले वर्ष अक्‍टूबर में हो जाएगा शूरू

केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री डॉक्‍टर मनसुख मांडविया ने कहा है कि ओडिशा में देश का पहला कोयला गैसीकरण आ‍धारित तलचर उर्वरक संयंत्र अगले वर्ष अक्‍टूबर में तैयार हो जायेगा। केन्‍द्रीय मंत्री ने अपनी ओडिशा यात्रा के दूसरे दिन तलचर में संयंत्र के निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के बाद यह जानकारी दी।

11. संस्कृति मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय ने संगीत और नाट्य परम्परा पर ‘धारा’ का आयोजन किया

संस्कृति मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय ने 5-6 जनवरी, 2023 को तमिलनाडु के तंजावुर में एसएएसटीआरए (मान्य विश्वविद्यालय) में ब्रहाट, प्राच्यम और संगम टॉक्स के सहयोग से संगीत और नाट्य परम्परा पर ‘धारा’ का आयोजन किया। ‘धारा’ आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में जागरूकता पैदा करने, संरक्षित करने और भारतीय ज्ञान प्रणाली के कई डोमेन को बढ़ावा देने के लिए सम्मेलनों की एक श्रृंखला है। आयोजन का उद्देश्य हमारी नाट्य कला की परंपराओं को पुनर्जीवित करने और लोकप्रिय बनाने के लिए एक विजन डॉक्यूमेंट 2047 बनाना है और इस इकोसिस्टम के सामने आने वाली चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान करना है।

12. ओडिशा का जगा मिशन वर्ल्ड हैबिटेट अवार्ड्स 2023 से सम्‍मानित

ओडिशा का जगा मिशन (Jaga Mission) वर्ल्ड हैबिटेट अवार्ड्स 2023 के विजेताओं में से एक है। यह पुरस्कार वर्ल्ड हैबिटेट द्वारा प्रदान किया जाता है और इसे यूएन- हैबिटेट के साथ साझेदारी में आयोजित किया जाता है। वर्ल्ड हैबिटेट संयुक्त राष्ट्र के सार्वजनिक सूचना विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त एक चैरिटी संगठन है। जगा मिशन ओडिशा में सबसे बड़ी भू-स्वामित्व और झुग्गी उन्नयन योजना है तथा विश्व में सबसे बड़ी योजनाओं में से एक है। वर्ष 2017 से जगा मिशन का उद्देश्य शहरी गरीबों के रहन-सहन में सुधार करना और सामाजिक समानता को बढ़ावा देना है। इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना का नेतृत्त्व ओडिशा सरकार के आवास और शहरी विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है एवं इसका उद्देश्य ओडिशा को भारत का पहला झुग्गी-मुक्त राज्य बनाना है।

13. नीलगिरी रिजर्व: लुप्तप्राय एशियाई हाथी के लिए एक इष्टतम निवास स्थान

नीलगिरी भू-परिदृश्य, विविध जलवायु और वनस्पति से परिपूर्ण, जैव विविधता में समृद्ध है और विश्वभर में लुप्तप्राय एशियाई हाथी की सबसे बड़ी एकल आबादी वाला क्षेत्र है। हालाँकि एक अध्ययन में पाया गया कि नीलगिरी बायोस्फीयर रिज़र्व अब लुप्तप्राय एशियाई हाथी के लिये आदर्श आवास (तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल) नहीं रहा। मानव बस्तियों के विकास और कृषि की बहुलता के कारण हाथियों का आवागमन प्रभावित हुआ है, इस कारण इन्हें उप-इष्टतम आवास माने जाने वाले पहाड़ी क्षेत्रों तक ही सीमित रखा है। इन उप-इष्टतम आवासों में इस आकार के जानवरों के लिये खतरनाक क्षेत्रों के कारण उनके जीवित रहने की संभावना कम हो जाती है। अध्ययन से पता चला है कि जब बाधाओं का निर्माण किया जाता है, विशेष रूप से ढलान वाले क्षेत्रों में, तो उनका संचलन अवरुद्ध हो जाता है जिसके चलते जीन प्रवाह कम हो जाता है। यह अंततः इन लुप्तप्राय प्रजातियों के विलुप्त होने के जोखिम को बढ़ा सकता है।

14. आंध्र प्रदेश फाइटोरिड तकनीक का प्रयोग कर देश का सबसे बड़ा तरल अपशिष्ट उपचार संयंत्र के साथ जल उपचार में एक सार्थक कदम उठाने के लिये तैयार

तिरुपति नगर निगम (MCT), आंध्र प्रदेश फाइटोरिड तकनीक का प्रयोग कर देश का सबसे बड़ा तरल अपशिष्ट उपचार संयंत्र के साथ जल उपचार में एक सार्थक कदम उठाने के लिये तैयार है। फाइटोरिड तकनीक वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) के राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग अनुसंधान संस्थान (NEERI) द्वारा विकसित की गई है। भारत में विभिन्न प्रकार के बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट जल के लिये इसका उपयोग तेज़ी से किया जा रहा है। प्रौद्योगिकी में एक निर्मित आर्द्रभूमि शामिल है जिसे विशेष रूप से नगरपालिका, शहरी, कृषि और औद्योगिक अपशिष्ट जल के उपचार हेतु डिज़ाइन किया गया है। यह तकनीक बिना बिजली, न्यूनतम रखरखाव, कम श्रमशक्ति और मुख्य रूप से स्वतः निर्भर रहकर कार्य करती है।

15. रत्न एवं आभूषण परिषद के चेयरमैन चुने गए संयम मेहरा

अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (GJC) के सदस्यों ने दो साल (2023-24) की अवधि के लिए संयम मेहरा को उद्योग निकाय का चेयरमैन और राजेश रोकड़े को वाइस चेयरमैन चुना है। जीजेसी विनिर्माताओं, थोक विक्रेताओं, खुदरा विक्रेताओं, वितरकों, प्रयोगशालाओं, रत्न विज्ञानियों, डिजाइनरों और संबद्ध सेवा प्रदाताओं समेत उद्योग से जुड़े 6,00,000 से अधिक लोगों एवं कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। मेहरा ने एक बयान में कहा कि हम उद्योग के सभी लंबित मुद्दों को लेकर सरकार के साथ संपर्क में रहेंगे और चीजों को अनुकूल बनाने के लिए उसके साथ मिलकर काम करेंगे।

16. मध्य प्रदेश के राज्यपाल द्वारा होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ एके द्विवेदी की पुस्तक ‘ह्यूमन एनाटॉमी’ का विमोचन

मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने समारोह में हिंदी मानव शरीर रचना विज्ञान में एक चिकित्सा पुस्तक ‘ह्यूमन एनाटॉमी’ का विमोचन किया, जो डॉ एके द्विवेदी द्वारा लिखित चिकित्सा शिक्षा से संबंधित सभी पाठ्यक्रमों के मेडिकल छात्रों के लिए एक बहुत ही उपयोगी पुस्तक है। डॉ एके द्विवेदी इंदौर के प्रोफेसर और एचओडी फिजियोलॉजी एसकेआरपी गुजराती होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज इंदौर के होम्योपैथिक डॉक्टर हैं और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद, आयुष मंत्रालय (भारत सरकार) में वैज्ञानिक सलाहकार बोर्ड के सदस्य हैं।

17. तमिलनाडु सरकार ने ऑक्टेव 2023 का उद्घाटन किया

तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने कहा कि समय के साथ पूर्वोत्तर को लेकर देश का नजरिया बदल गया है और वे राज्य अब भारत की विकास गाथाओं का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने ऑक्टेव 2023 का उद्घाटन करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर राज्य अब “उभरते भारत की कहानियों” का हिस्सा हैं, क्योंकि वे देश के अन्य क्षेत्रों के समान विकास और प्रगति की क्षमताओं और आकांक्षाओं के साथ बुदबुदा रहे हैं। दक्षिण क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, तंजावुर के तत्वावधान में, यहाँ उत्तर पूर्व भारत की स्वदेशी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करने के लिए।

18. बंधन बैंक ने ‘जहाँ बंधन, वहाँ ट्रस्ट’ अभियान शुरू किया

बंधन बैंक ने बैंक के ब्रांड एंबेसडर सौरव गांगुली के साथ ‘जहाँ बंधन, वहाँ ट्रस्ट’ अभियान शुरू किया। ‘जहाँ बंधन, वाहन ट्रस्ट’ अभियान की कल्पना लियो बर्नेट ऑर्चर्ड द्वारा की गई थी, जिसे अगस्त 2022 में बंधन बैंक की रचनात्मक एजेंसी के रूप में लाया गया था। अभियान उस ‘विश्वास’ पर जोर देता है जो ब्रांड एक बैंक के रूप में सात वर्षों की अवधि में और पिछले दो दशकों में बैंक से पहले के विभिन्न अवतारों में अर्जित करने में सक्षम रहा है। यह अभियान गांगुली के करियर की उपमा का उपयोग करता है, जो 7 साल पहले बैंक शुरू होने के तुरंत बाद बैंक के ग्राहक बन गए थे।

19. अमेरिका ने मधुमक्खियों के लिए दुनिया के पहले टीके के उपयोग को मंजूरी दी

अमेरिका ने मधुमक्खियों के लिए दुनिया के पहले टीके के उपयोग को मंजूरी दे दी है। यह अमेरिकी फुल ब्रूड रोग से होने वाली मौतों को रोकने के लिए बनाया गया था। यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (यूएसडीए) ने बायोटेक कंपनी डालन एनिमल हेल्थ द्वारा विकसित मधुमक्खियों के लिए दुनिया के पहले टीके के लिए सशर्त लाइसेंस दिया है। यह टीका शुरू में वाणिज्यिक मधुमक्खी पालकों के लिए उपलब्ध होगा और इसका उद्देश्य बैक्टीरियम पैनीबैसिलस लार्वा के कारण होने वाली अमेरिकी फुल ब्रूड बीमारी से बचाव करना है।

20. राष्‍ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली पोर्टल ने 75 हजार से अधिक स्‍वीकृतियां देकर बनाया नया रिकार्ड

केंद्र, राज्‍य और केंद्रशासित प्रदेशों की विभिन्‍न स्‍वीकृतियों के लिये राष्‍ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली पोर्टल द्वारा 75 हज़ार से अधिक स्‍वीकृतियाँ प्रदान कर एक नया रिकॉर्ड बनाया गया है। इस पोर्टल पर अब तक 157 देशों के कुल 4 लाख 20 हज़ार विज़िटर्स से स्‍वीकृति संबंधी आवेदन प्राप्त हुए हैं। 1 लाख 50 हज़ार से अधिक निवेशकों ने अपने विशिष्‍ट व्‍यापार मामलों हेतु स्‍वीकृतियों की जानकारी के संदर्भ में एकल खिड़की मॉड्यूल का उपयोग किया। 1 लाख 23 हज़ार से अधिक आवेदनों में से कुल 75 हज़ार 599 स्‍वीकृतियाँ प्रदान की गई हैं। इनमें से 57 हज़ार से अधिक स्‍वीकृतियों की अनुमति वाणिज्‍य मंत्रालय द्वारा दी गई है, जबकि उपभोक्‍ता कार्य मंत्रालय ने 17 हज़ार से अधिक स्‍वीकृतियों की अनुमति दी है। राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली, सरकार से व्‍यापार संबंधी सभी स्‍वीकृतियों हेतु आवेदन के लिये एकमात्र माध्‍यम है, जहाँ से विभिन्‍न मंत्रालयों और विभागों द्वारा आवेदनों पर स्‍वीकृति दी जाती है।

21. जम्मू-कश्मीर के पीपुल्स एंटी-फासिस्ट-फ्रंट- पी.ए.एफ.एफ. और उसके सभी प्रमुख संगठनों आतंकवादी संगठन घोषित

केंद्र सरकार ने गैर-कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर के पीपुल्स एंटी-फासिस्ट-फ्रंट- पी.ए.एफ.एफ. और उसके सभी प्रमुख संगठनों को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। पीपुल्स एंटी-फासिस्ट-फ्रंट 2019 में प्रतिबंधित आतंकी गुट जैश-ए-मोहम्मद के छद्म संगठन के रूप में सामने आया था। गृह मंत्रालय ने कहा है कि यह फ्रंट भारतीय सुरक्षा बलों, राजनेताओं, और जम्मू-कश्मीर में काम कर रहे अन्य राज्य के नागरिकों को लगातार धमकियां देता रहा है। गृह मंत्रालय ने कहा कि पी.ए.एफ.एफ. अन्य संगठनों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर और भारत के अन्य प्रमुख शहरों में आतंकी हमले करने और सोशल मीडिया के ज़रिए साजिश रचने में शामिल है। इससे पहले, केंद्र ने बृहस्पतिवार को एक अन्य आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट-टी.आर.एफ. को प्रतिबंधित कर दिया था। सरकार ने वर्तमान में पाकिस्तान में रह रहे, लश्कर-ए-तैयबा के अरबाज़ अहमद मीर को भी आतंकवादी घोषित किया है। मीर पिछले वर्ष मई में कुलगाम में स्कूल शिक्षिका रजनी बाला की हत्या का मुख्य आरोपी है।

22. बैंक लोकपाल के पास एटीएम कार्ड की सर्वाधिक शिकायतें

बैंक लोकपाल को 01 अप्रैल से 11 नवंबर, 2021 के दौरान ग्राहकों से सबसे ज्यादा एटीएम-डेबिट कार्ड और मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग से जुड़ी शिकायतें मिलीं। आरबीआई ने हाल ही में जारी रिपोर्ट में कहा कि लोकपाल योजना-उपभोक्ता शिक्षा और संरक्षण प्रकोष्ठ के तहत 2021-22 के दौरान मिली शिकायतों की संख्या 2020-21 के मुकाबले 9.39 फीसदी बढ़कर 4,18,184 पहुंच गईं। इनमें 3,04,496 शिकायतों का प्रबंधन आरबीआई के 22 लोकपाल कार्यालयों ने किया।

23. भारत के लिए 1901 के बाद 2022 पांचवां सबसे गर्म साल: IMD

देश में 1901 के बाद से साल 2022 को पांचवा सबसे गर्म वर्ष दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 1901 से ही मौसम संबंधी रिकॉर्ड रखना शुरू किया था। मौसम विभाग कार्यालय ने 2022 के दौरान भारत की जलवायु पर दिए एक बयान में कहा कि जमीन की सतह का वार्षिक औसत तापमान लंबी अवधि के औसत से 0.51 डिग्री सेल्सियस अधिक था, जो कि 1981-2010 की अवधि का औसत तापमान है। हालांकि, यह 2016 में भारत में दर्ज किए गए अधिकतम गर्म दिनों से कम था जब औसत तापमान 0.71 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया था। वर्ष 2022 की सर्दियों के मौसम – जनवरी से फरवरी के दौरान अखिल भारतीय स्तर पर औसत तापमान -0.04 डिग्री सेल्सियस की विसंगति के साथ सामान्य था। मॉनसून के पहले मार्च से मई के दौरान तापमान 1.06 डिग्री सेल्सियस की विसंगति के साथ सामान्य से अधिक था।

24. ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज बेलिंडा क्लार्क ने अपनी मूर्ति का अनावरण किया

सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) के परिसर में ऑस्ट्रेलिया (Australia Women Cricket Team) की पूर्व महिला कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज बेलिंडा क्लार्क (Belinda Clark) ने अपनी मूर्ति का अनावरण किया है। स्टेडियम के वॉक ऑफ ऑनर में उनकी एक कांस्य की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके साथ बेलिंडा पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिनकी प्रतिमा है। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुरुवार को तीसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन से पहले इस प्रतिमा का अनावरण किया गया।

25. एफआईएच ने जेएसडब्ल्यू को बनाया विश्व कप का साझेदार

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने आगामी ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला के लिए भारतीय कंपनी समूह जेएसडब्ल्यू को अपना वैश्विक साझेदार बनाया है। एफआईएच ने हाल ही में इसकी घोषणा की। जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल ने इस साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि हॉकी विश्व कप भारत में आयोजित हो रहा है। हॉकी एक ऐसा खेल है जो हर भारतीय के दिल में है और इसे उसी राज्य (ओडिशा) में होते हुए देखना जिसने हमारे देश में इस खेल को पुनर्जीवित किया है, इसे और भी खास बनाता है।

26. जयदेव उनादकट ने रणजी ट्रॉफी में मैच के पहले ही ओवर में हैट्रिक लेकर रचा इतिहास

सौराष्ट्र की टीम के कप्तान जयदेव उनादकट ने रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में इतिहास रच दिया है। दिल्ली के खिलाफ मैदान पर गेंदबाजी करने उतरे जयदेव उनादकट ने मैच के पहले ही ओवर में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया है। उनादकट ने पहले ही ओवर में तीन विकेट झटक कर दिल्ली की टीम को मजबूत शुरुआत करने से रोक दिया है। वो इस डोमेस्टिक टूर्नामेंट में मैच के पहले ओवर में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। जयदेव ने दिल्ली के खिलाफ पहली पारी में 12 ओवर में 39 रन देकर 8 विकेट लिए।

27. इटली के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी जियानलुका वियाली का निधन

इटली के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी जियानलुका वियाली का 58 साल की उम्र में निधन हो गया है। जियानलुका वियाली को साल 2017 में कैंसर का पता चला था। कैंसर के कारण ही उनका निधन हुआ है। अपने फुटबॉल करियर में उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। जियानलुका वियाली ने अपने करियर में इटली की नेशनल टीम के लिए कुल 59 मैच खेले। साल 1985 से 1992 तक इटली की टीम के लिए खेलते हुए जियानलुका वियाली ने कुल 16 गोल किए थे।