उच्‍चतम न्‍यायालय ने इच्‍छा मृत्‍यु की प्रक्रिया को सरल किया

0
70

1. उच्‍चतम न्‍यायालय ने इच्‍छा मृत्‍यु की प्रक्रिया को सरल किया

उच्चतम न्यायालय ने इच्छामृत्यु के बारे में अपने 2018 के आदेश में संशोधन किया है। न्यायालय ने मरणासन्न रोगियों से लाइफ सपोर्ट हटाने की प्रक्रिया को रोगियों, उनके परिवारों और डॉक्टरों के लिए कम बोझिल बनाने का प्रावधान किया है। उच्चतम न्यायालय ने उस शर्त को हटा दिया जिसमें एक गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को लाइफ स्पोर्ट से हटाने के लिए मजिस्ट्रेट की स्वीकृति अनिवार्य थी। न्यायमूर्ति के.एम. जोसेफ की अध्यक्षता वाली पांच-न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने कहा कि दस्तावेज़ पर अब “लिविंग विल” पर दो साक्ष्यों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए जाएंगे। पीठ ने यह भी कहा कि गवाह और नोटरी इस बात की तसल्ली करेंगे कि दस्तावेज़ को स्वेच्छा से और बिना किसी दबाव या प्रलोभन या मजबूरी के और सभी की पूरी समझ के साथ निष्पादित किया गया है। अग्रिम निर्देश के रूप में लिविंग विल एक कानूनी दस्तावेज है जो एक व्यक्ति अपनी इच्छाओं को व्यक्त करने में असमर्थ होने की स्थिति में करना चाहता है या नहीं करना चाहता है। इच्छामृत्यु, दर्द या पीड़ा खत्म करने के लिए जानबूझकर किसी व्यक्ति का जीवन समाप्त करने की प्रक्रिया है।

2. पहली मेड इन इंडिया सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन लॉन्च

राष्ट्रीय बालिका दिवस और सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश की पहली मेड इन इंडिया सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन ‘सर्ववैक’ को लॉन्च कर दिया है। महिलाओं को अपनी चपेट में लेने वाला सर्वाइकल कैंसर दूसरी सबसे घातक बीमारी है। सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन ‘सर्ववैक’ सीरम इंस्टीट्यूट, डिपार्टमेंट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी (DBT), बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल (BIRAC) और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के बीच सहयोग से बनाई गई है। इस वैक्सीन के उत्पादन में कंपनी को करीब छह से सात साल का समय लगा है। सीरम इंस्टीट्यूट को भारतीय औषधि महानियंत्रक (DCGI) से वर्ष 2022 में सर्वाइकल कैंसर का टीका विकसित करने के लिए बाजार प्राधिकरण प्राप्त हुआ था।

3. आकाशवाणी समाचार सेवा प्रभाग को मतदाता जागरूकता के लिए विशिष्‍ट योगदान के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया

निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्‍ली में मानकशा केन्‍द्र में आयोजित 13वें राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम के अवसर पर राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2022 के लिए राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार प्रदान किए। आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग को मतदाता जागरूकता में उल्‍लेखनीय योगदान के लिए मीडिया श्रेणी में राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार दिया गया। आकाशवाणी समाचार की महानिदेशक डॉ. वसुधा गुप्‍ता ने यह पुरस्‍कार प्राप्‍त किया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का इस वर्ष का विषय है- ‘Nothing Like Voting, I Vote For Sure’.

4. भारतीय सेना खरीदेगी रोबोटिक खच्चर और जेटपैक सूट

भारतीय सेना ने अगली परिवर्तनकारी छलांग लगाते हुए विशेष परिस्थितियों में तैनाती के लिए हाईटेक सामान जेटपैक सूट और रोबोट खच्चर खरीदने का फैसला किया है। इसके लिए सेना ने इमरजेंसी पॉवर के तहत मिले पैसों को खर्च करने का निर्णय लिया है। भारतीय सेना ने अपनी सूची में हाईटेक उपकरण शामिल करने के लिए 100 रोबोटिक खच्चर और 48 जेट पैक सूट खरीदने के लिए टेंडर जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, जहां रोबोटिक खच्चर के दम पर सैनिक ज्यादा भार उठा सकेंगे तो वहीं, जेट पैक सूट्स के दम पर वो 50 किमी की रफ्तार से दौड़ भी लगा सकते हैं। इससे भारतीय सैनिकों की मोबिलिटी में जबरदस्त इजाफा होगा।

5. दिल्ली के लाल किले में छह दिवसीय ‘भारत पर्व’ का आयोजन

गणतंत्र दिवस समारोह के अन्तर्गत 26 जनवरी से 31 जनवरी तक दिल्ली के लाल किले में छह दिवसीय मेगा इवेंट भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने बताया है कि इस दौरान गणतंत्र दिवस परेड की कुछ बेहतरीन झांकियां दिखाई जाएंगी। इसके अलावा क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के साथ-साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सांस्कृतिक मंडलों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन, 65 हस्तकला स्टाल के साथ एक अखिल भारतीय फूड कोर्ट और शिल्प बाजार का भी आयोजन किया जाएगा। दो साल के अंतराल के बाद लाल किले के सामने प्रत्यक्ष रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान देखो अपना देश, एक भारत श्रेष्ठ भारत, जी-20 और मिशन लाइफ की ब्रांडिंग और प्रचार भी किया जाएगा।

6. 43 लोगों को मिलेंगे जीवन रक्षा पदक श्रृंखला के पुरस्कार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 43 लोगों को जीवन रक्षा पदक श्रृंखला पुरस्कार – 2022 प्रदान करने की स्वीकृति दी है। इनमें से 7 लोगों को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, 8 लोगों को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 28 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा। चार व्यक्तियों को मरणोपरांत सम्मानित किया जा रहा है। गृह मंत्रालय ने बताया है कि ये पुरस्कार किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में सराहनीय कार्य करने के लिए प्रदान किए जाते हैं।

7. राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हुए अग्निशमन कर्मी और होमगार्ड

इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर अग्निशमन सेवा कर्मियों तथा होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा कर्मियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। गृह मंत्रालय के अनुसार 47 कर्मियों को अग्निशमन सेवा पदक प्रदान किए गए। इनमें से दो कर्मियों को उनकी वीरता और साहस प्रदर्शन के लिए अग्निशमन सेवा पदक प्रदान किया गया। सात कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए अग्निशमन सेवा पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर 55 जवानों को होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा पदक से भी नवाजा गया। एक कर्मी को वीरता और साहसिक कार्य के लिए वीरता पदक प्रदान किया गया।

8. वैश्विक स्तर पर डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए इंडिया स्टैक डेवलपर सम्मेलन का आयोजन हुआ

भारत अपने डिजिटल सामानों को अपनाने के लिए नए कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में डिजिटलीकरण को अधिक सक्षम बनाने के लिए इंडिया स्टैक डेवलपर सम्मेलन 25 जनवरी, 2023 को नई दिल्ली में आयोजित हुआ। पूरी दुनिया में भारत के डिजिटल व्यवस्था को अपनाने के तरीकों और डिजिटल के अंतर्गत भविष्य में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए भारत में पहली बार इंडिया स्टैक डेवलपर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

9. तीसरा वार्षिक ऑरेंज फेस्टिवल 2023 कोहिमा में शुरू

नागालैंड में तीसरा वार्षिक ऑरेंज फेस्टिवल 2023 कोहिमा जिले के रुसोमा गांव में शुरू हो गया। दो दिन के इस महोत्सव का आयोजन बागवानी, कृषि, ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन विभाग और कोहिमा स्मार्ट सिटी के सहयोग से किया जा रहा है।

10. भारत-मिस्र के बीच 5 करार पर हुए हस्ताक्षर

पीएम मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने बुधवार द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों ने आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया। भारत-मिस्र ने अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 12 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक ले जाने का निर्णय भी लिया। इसी क्रम में भारत और मिस्र के बीच पांच करार पर हस्ताक्षर किए गए हैं। दोनों देश द्विपक्षीय राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्षों के उत्सव भी मना रहे हैं। इस अवसर को चिह्नित करने के लिए एक डाक टिकट भी जारी किया गया। द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने हैदराबाद हाउस में संयुक्त प्रेस वक्तव्य दिया। इसमें प्रधानमंत्री ने राजनीतिक, सुरक्षा, रक्षा, ऊर्जा और आर्थिक क्षेत्रों को शामिल करते हुए रणनीतिक साझेदारी के लिए भारत-मिस्र संबंध के उन्नयन की घोषणा की। दोनों नेताओं की उपस्थिति में भारत और मिस्र ने साइबर सुरक्षा, संस्कृति, सूचना प्रौद्योगिकी, युवा मामलों पर सहयोग और प्रसारण के क्षेत्र में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।

11. प्रसार भारती और मिस्र के बीच हुआ करार

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और मिस्र के विदेश मंत्री समीह हसन शौकरी ने सामग्री विनिमय, क्षमता निर्माण और सह-उत्पादन के क्षेत्र में बुधवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता प्रसार भारती अपने डीडी इंडिया चैनल की पहुंच का विस्तार करने के प्रयासों का हिस्सा है, ताकि अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, सामाजिक विकास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से देश की प्रगति को प्रदर्शित किया जा सके। यह करार तीन साल के लिए वैध होगा, नवीनतम तकनीकों में दोनों प्रसारकों के अधिकारियों के सह-निर्माण और प्रशिक्षण की सुविधा भी प्रदान करेगा। प्रसार भारती वर्तमान में प्रसारण के क्षेत्र में सहयोग और सहयोग के लिए 39 विदेशी प्रसारकों के साथ समझौता किया है।

12. जम्मू-कश्मीर में वीरता पुरस्कार से सम्मानित वीरों के भत्तों में बढ़ोतरी

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में प्रशासनिक परिषद ने वीरता पुरस्‍कारों से सम्‍मानित प्रदेश के सैनिकों के वार्षिक भत्‍ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। मुद्रास्‍फीति के कारण अन्‍य राज्‍यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों के वीरता पुरस्‍कारों से सम्‍मानित वीरों के भत्‍ते में वृद्धि की गई थी। इसे देखते हुए जम्‍मू-कश्‍मीर प्रशासन ने भी वार्षिक भत्‍ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। संशोधित दर के अनुसार परमवीर चक्र विजेता को एक लाख 25 हजार रूपये की बजाय अब एक लाख 75 हजार रूपये मिलेंगे। अशोक चक्र, महावीर चक्र और कीर्ति चक्र विजेता को डेढ लाख रूपये और वीर चक्र विजेता को 75 हजार रूपये वार्षिक भत्‍ता मिलेगा।

13. विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन को उच्चतम प्लेटिनम रेटिंग के साथ ‘हरित रेलवे स्टेशन प्रमाणपत्र’ प्रदान किया गया

ईस्ट कोस्ट रेलवे के अंतर्गत आने वाले विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन को हरित अवधारणाएं अपनाने के लिए इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) द्वारा उच्चतम प्लेटिनम रेटिंग के साथ ‘हरित रेलवे स्टेशन प्रमाणपत्र‘ से सम्मानित किया गया है, इस पहल को अपनाने से प्रतिकूल पर्यावरणीय प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। दिनांक 24.01.23 को विशाखापत्तनम में आयोजित एक समारोह में डीआरएम/वाल्टेयर अनूप सत्पथी ने आईजीबीसी विशाखापत्तनम चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. एस विजयकुमार से प्रमाणपत्र प्राप्त किया।

14. एआईएम – नीति आयोग, सीबीएसई और इंटेल इंडिया ने टिंकरिंग एवं एआई को मुख्यधारा में लाकर शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने हेतु परस्पर सहयोग किया

अटल इनोवेशन मिशन – नीति आयोगकेन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – शिक्षा मंत्रालय, और इंटेल इंडिया ने एआई एवं टिंकरिंग जैसे भविष्य के कौशल को औपचारिक पाठ्यक्रम में शामिल करके शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए परस्पर सहयोग किया है। इस कदम का व्यापक उद्देश्य युवाओं के लिए तकनीकी एकीकरण की गति बढ़ाने, देश में भविष्य के कौशल के मामले में व्याप्त अंतर को पाटने की जरूरत और भारत को एआई के लिए तैयार करने की दिशा में मौजूदा बुनियादी ढांचे (एटीएल, आदि) को अधितकम उपयुक्त बनाने हेतु एनईपी 2020 के मार्गदर्शन को अनुकूल करना है। साथ में, उन्होंने सितंबर 2022 में स्कूली पाठ्यक्रम में एआईओटी के एकीकरण की शुरुआत की और एक प्रायोगिक कार्यक्रम की पहल की।